जमशेदपुर : जुगसलाई में थर्ड लाइन को लेकर टाटा पिगमेंट के पास पुराने अंडरब्रिज पर नया सबवे बनाने का काम लगभग खत्म हो गया, जहां 15 अक्टूबर से वाहनों का आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। (जारी…)
मालूम हो कि पुराने अंडर ब्रिज को ब्लॉक कर आरवीएनएल ने वहां पर दो नया बॉक्स लगाया है ताकि थर्ड लाइन के लिए चौड़ाई बढ़ सके। निर्माण कार्य के सुपरवाइजर ने बताया कि अभी सड़क का काम चल रहा है। जिसके समाप्त होते ही लोगों के लिए पुराने अंडर ब्रिज को फिर से खोल दिया जाएगा।
जमशेदपुर : शनिवार को सरदार शैलेन्द्र सिंह की तस्वीर वायरल होने और उसका विरोध होने के बाद भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू की भी एक तस्वीर को वायरल किया जा रहा है और एक न्यूज़ पोर्टल द्वारा इसे प्रकाशित भी किया गया है। जिसके बाद भाजपा नेता सोमू सरदार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि मेरी तस्वीर को कुछ लोगों द्वारा वायरल किया जा रहा है और एक न्यूज़ पोर्टल द्वारा उसे चलाया जा रहा है जिसके लिए मैं साइबर थाना में शिकायत दर्ज करते हुए मानहानि का दावा करूंगा। (जारी…)
उन्होंने कहा कि मेरी निजी जीवन की तस्वीरों को फेसबुक के माध्यम से निकाल कर इस तरह का कार्य करना गलत है। मेरी जिस तस्वीर को वायरल किया जा रहा है उसमें देश की महामहिम राष्ट्रपति सह झारखण्ड प्रदेश की पूर्व राज्यपाल मौजूद हैं और देश की प्रथम नागरिक को तस्वीर में लाल घेरे से घेरने जैसा कृत्य अमर्यादित है। इसको लेकर भी मैं प्रशासन से अपील करते हुए दोषियों को सजा दिलाने हेतु शिकायत दर्ज करूंगा क्योंकि यह भारत के गौरव के साथ एक तरह का खिलवाड़ है। (जारी…)
भाजपा नेता सोमू सरदार ने यह भी कहा कि अपने गुनाहों को छिपाने के लिए दूसरों पर कीचड़ उछालना आसान होता है। मेरी जिस तस्वीर को वायरल किया जा रहा है वह लगभग 4 साल पुरानी है और एक साल पहले धामी जी के आवाज़ उठाने पर गुरुओं की तस्वीर भेंट स्वरूप देने पर रोक लगाई गई और उसकी जगह स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) दिए जाने की बात कही गयी। मेरी तस्वीर उससे पहले की है। उन्होंने यह भी कहा कि हम राजनीतिक जीवन जीने वाले लोग हैं हमें गुरुद्वारा के साथ साथ मंदिर, मस्जिद, चर्च सभी जगहों पर जाना होता है और अज्ञानतावश हमसे इस तरह की गलती हुई होगी जिसके लिए मैं क्षमा याचना करता हूँ, किन्तु जो हमारे पंथ एवं समाज के प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनकी तस्वीर वायरल हो रही है यदि वो इस तरह की गलती करते हैं तो यह माफी लायक नहीं है। पूरे समाज को सही और गलत का राह दिखाने के लिए उन्हें हमारा प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है और वही गलत करें तो फिर माफी की कोई गुंजाइश नहीं रहती है। (जारी…)
उन्होंने यह भी बताया कि वह जिला प्रशासन से अपील करेंगे कि जिस जिस मोबाइल के जरिये उनकी तस्वीर को वायरल किया गया है उस पर त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने न्यूज़ चलाने वाले पोर्टल के विषय में कहा कि न्यूज़ पोर्टल dailydose और उनके मालिक गुरदीप सलूजा ने किस हक़ से बिना मेरा बयान लिए इस तरह की न्यूज़ चलाई है उसको लेकर भी मैं उन्हें नोटिस जारी करूँगा और प्रशासन से यथासंभव कार्रवाई करने की माँग करूँगा।
जमशेदपुर : झारखंड हाईकोर्ट ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) क्षेत्र में नक्शा विचलन कर बने अवैध निर्माणों और अनियमितताओं की जांच के लिए तीन अधिवक्ताओं को एक आयोग के रूप में नियुक्त किया है, जो शहर का दौरा करेंगे और जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे. अदालत ने जिले के डीसी, कोल्हान आयुक्त के साथ-साथ एसएसपी को निर्देश दिया कि अधिवक्ताओं को सभी सहयोग और सहायता प्रदान करें. (जारी…)
अधिवक्ताओं के आयोग का पैनल अपने दौरे की तारीख की पूर्व सूचना जिले के डीसी, जमशेदपुर अक्षेस को देंगे. उनके परिवहन, रहने और अन्य संबद्ध खर्च जमशेदपुर अक्षेस वहन करेगा. इस बीच न्यायालय की रजिस्ट्री को जवाबी हलफनामे, पूरक हलफनामे, अंतरिम आवेदन आदि सहित डब्ल्यूपी (पीआईएल) की प्रतियां तीन प्रतियों में तैयार करने और अधिवक्ताओं के आयोग को सौंपने का भी निर्देश दिया गया।
राकेश झा की ओर से दायर की गयी है जनहित याचिका
19 सितंबर को झारखंड हाईकोर्ट में साकची निवासी राकेश झा की ओर से दायर जनहित याचिका (2078/2019) पर मुख्य न्यायाधीश संजय मिश्रा और न्यायाधीश आनंद सेन की बेंच में सुनवाई हुई. खंडपीठ ने कहा कि उभय पक्षों की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं को सुनने के बाद हमारी राय है कि जमीनी स्तर से एक रिपोर्ट प्राप्त की जानी चाहिए. इसलिए पार्टियों की ओर से उठायी गयी दलीलों को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ताओं को एक आयोग के रूप में नियुक्त करते हैं. जो जमशेदपुर शहर का दौरा करेंगे और जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे. मामले की अगली सुनवाई 8 नवंबर 2023 को होगी. पिटीशनर के तरफ से अधिवक्ता अखिलेश श्रीवास्तव, रोहित सिन्हा, मंजरी सिन्हा और इमरान हसन ने जिरह की।
क्या है पूरा मामला
याचिकाकर्ता साकची निवासी राकेश झा ने जमशेदपुर अक्षेस, डीसी और टाटा स्टील के खिलाफ बिल्डिंग बाइलॉज 2016 का उल्लंघन करते हुए नक्शा पास करने, बिना कम्पलीशन और ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट जारी किये बिजली-पानी का कनेक्शन देने, बिल्डरों द्वारा नक्शा और स्वीकृत योजना का गंभीर उल्लंघन कर निर्माण करने, पार्किंग की जगह को कमर्शियल भवन (दुकान-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स) उद्देश्यों के लिए बेच देने मामले और रिट पिटीशन 1076 /2011 में अदालत के आदेशों का उल्लंघन करने के खिलाफ याचिका दायर की है।
इन चार बिंदुओं पर तीन सदस्यीय आयोग करेगा कार्य
◆ क्या भवनों के निर्माण में अनुमतियों, बिल्डिंग बाइलॉज 2016 (भवन उपनियमों) और स्वीकृत योजनाओं (नक्शा ) का बड़े पैमाने पर उल्लंघन हुआ है ? ◆ क्या प्रतिवादी संख्या 2 (उपायुक्त) और साथ ही प्रतिवादी नंबर 4 (जमशेदपुर अक्षेस ) आवासीय और वाणिज्यिक मकानों के निर्माण को नियंत्रित करने वाले नियमों के अनुपालन के लिए कोई कदम उठा रहे हैं ? ◆ क्या यातायात नियमों का कोई उल्लंघन हुआ है और क्या प्रत्येक बाजार के पास वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह है? अगर अनाधिकृत पार्किंग पायी गयी तो उसकी सूचना दी जाये। ◆ क्या रिट पिटीशन (पीआईएल ) 1076/2011 में पारित 28 फरवरी 2011 एवं 12 जुलाई 2011 के आदेशों का उत्तरदाताओं ने अनुपालन किया गया है अथवा नहीं? अदालत ने निर्देश दिया कि छह सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपी जाये।
आयोग की तीन सदस्यीय टीम के सदस्य
सीनियर अधिवक्ता राज नंदन सहाय, अधिवक्ता सुदर्शन श्रीवास्तव और अधिवक्ता पांडेय नीरज राय को नियुक्त किया गया है।
झारखण्ड : झारखंड में डेंगू के संक्रमित मरीजों की संख्या में एक बार फिर बड़ा इजाफा हुआ है। राज्य भर में शानिवार को 555 डेंगू के संदिग्ध मरीज मिले है। इनमें जांच के बाद 57 में डेंगू के पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा 376 संदिग्ध मरीज पूर्वी सिंहभूम जिले में मिले और जांच में 43 में डेंगू की पुष्टि हुई है। (जारी…)
डेंगू से आदित्यपुर बाबा आश्रम निवासी एमबीबीएस छात्र अवनिास झा (21) की शुक्रवार रात टीएमएच में मौत हो गई। वह कर्नाटक के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। अविनाश छुट्टी में घर आया हुआ था। इस दौरान वह डेंगू से पीड़ित हो गया, जिसके बाद टीएमएच में भर्ती कराया गया। (जारी…)
अविनाश के पिता आईएन झा औद्योगिक क्षेत्र की जेनिथ फॉर्जिंग कंपनी में काम करते हैं। अविनाश सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई भी जिनेथ कंपनी में काम करते हैं, जबकि बहन मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। इधर, पूर्वी सिंहभूम में शनिवार को डेंगू के 43 नए मरीज मिले हैं। (जारी…)
अबतक कुल 8138 संदिग्ध मरीजों की जांच 1079 में डेंगू की पुष्टि हुई है। वर्तमान में 258 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इनमें 14 आईसीयू और 244 नॉर्मल वार्ड में भर्ती हैं। शनिवार को 37 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। वहीं, सरायकेला जिले में अबतक डेंगू के 113 मरीज मिले हैं। इनमें 105 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 8 का इलाज चल रहा है।
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की ओर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत शहर के 145 जगहों पर सामूहिक स्वच्छता श्रमदान के तहत सफाई अभियान चलाया गया।मोहल्ले में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। (जारी…)
सामूहिक स्वच्छता श्रमदान में कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, सहायक नगर आयुक्त अकीब जावेद, अरविंद प्रसाद अग्रवाल, नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार, निर्मल प्रसाद सहित अन्य कर्मी आदि उपस्थित थे। यह अभियान बालीगुमा, कुंवरबस्ती, उलीडीह, दाईंगुट्टू, डिमना बस्ती, शंकोसाई, कालिकानगर, हिलव्यू कॉलोनी, पारडीह सहित अन्य जगहों पर अभियान चलाया गया।
जमशेदपुर : पूजनीय गांधी जी के 105 वीं जयंती के अवसर पर माननीय यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के आवाह्न पर बिरसा युवा मंच एवं वॉकिंग अलोंग यूथ के संयुक्त तत्वाधान में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कदमा रामनगर में भाजपा नेता सह अध्यक्ष बिरसा युवा मंच राजीव रंजन सिंह(सेवानिवृत आई.पी.एस) के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चला कर गांधी जी को स्वच्छंजलि दिया गया। (जारी…)
श्री सिंह ने कहा की स्वच्छता के लिए हमे जागरूक होना पड़ेगा,अपने दिनचर्या एवं अपनी आदत में स्वच्छता को शामिल करना होगा, स्वच्छता के लिए प्रतिदिन 30 मिनट भी अगर श्रमदान किया जाए,घर के बाद घर के साथ साथ गली, मोहल्ले,शहर एवं देश को स्वच्छ रखा जा सकता है। (जारी…)
मौके पर अमित खंडेलवाल,बलविंदर सिंह कलसी,शैलेश कुमार,रमाकांत सिंह,घनश्याम गोशवामी,सरयू राम,नितेश राय,सुखदेव सिंह,राहुल भट्टाचार्य,पंकज लाल,दीपक अग्रवाल,चेतन गर्ग,अशोक सिंह मुंडा,अजय अग्रवाल,राजीव सहदेव,काशीनाथ सिंह एवं अन्य युवा शामिल थे।
जमशेदपुर : जमशेदपुर ही नहीं बल्कि देश के विद्वान साहित्यकार और कवि सरदार करम सिंह राही के निधन को भगवान सिंह ने अपूर्णीय क्षति बताया है। शनिवार को सीजीपीसी ने सुबह उनके निधन को एक युग का अंत बताया। भगवान सिंह ने कहा ता जीवन आदरणीय करम सिंह साहित्य की सेवा करते हुए कई लोगों के प्रेरणास्रोत रहे उनका जाना सिख कौम के लिये बहुत बड़ी क्षति है। महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला व अमरजीत सिंह ने कहा राही जी पूरे समाज को अपनी लेखनी से प्रेरित करते रहे। कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी सहित सीजीपीसी के सदस्यों के उनके निधन पर संवेदना प्रकट की है। (जारी…)
ज्ञात हो कि सिख साहित्य विद्वान करम सिंह रही का शनिवार को सौ वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वे टाटा स्टील के बड़े-बड़े पदों पर सेवा कर चुके हैं एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्वान साहित्यकार कवि के रूप में जाने जाते रहे हैं इन्होंने कई पुस्तकें भी लिखी है। वह अपने पीछे पुत्र अमृतपाल सिंह दो पुत्रियों सतविंदर कौर व सरबजीत कौर सहित भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं। उनके पुत्र अमृतपाल सिंह ने बताया है कि स्वर्गीय राही की शव यात्रा सोनारी स्थित उनके आवास से दो अक्टूबर को 10:30 बजे पार्वती घाट बिस्टुपुर के लिए निकलेगी।
जमशेदपुर : बिस्तुपुर स्थित छप्पन भोग मिठाई दुकान के प्रांगण में श्री राजीव रंजन सिंह, सेवानिवृत,सह भाजपा नेता के द्वारा भाजपा के युवा मोर्चा के सदस्य,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के युवा साथियों,एवं कुछ युवा एंटरप्रेन्योर के साथ चाय पर चर्चा का आयोजन किया गया। (जारी…)
जिसमें मुख्य रूप से इस विषय पर चर्चा कि गई कि आज का युवा पीढ़ी इतना तनावग्रस्त क्यों है और युवा स्वयं इसका क्या कारण मानते हैं और इस समस्या का क्या निदान सोचते हैं I इस कार्यक्रम में शामिल सभी युवाओं को 1 से 2 मिनट का समय बोलने को दिया गया l युवाओं के द्वारा बहुत ही संजीदगी से इस विषय पर अपना अपना विचार व्यक्त किया गया l (जारी…)
श्री सिंह ने कहा की युवाओं के साथ चर्चा पर कई सकारात्मक सुझाव आए है जिसे उनके तनाव को कम किया जा सके। दुर्गा पूजा के बाद स्कूल और कॉलेज के कार्यक्रम के माध्यम से तनाव को कम करने में मोटिवेट करेंगे।
युवाओं का मानना था की सोशल मीडिया से अधिक जुड़ाव, माता पिता एवं गार्जियन से भावनात्मक दूरी, माता पिताओं को अपने बच्चो से अधिक अपेक्षा एवं दवाब, बेरोजगारी, खुद के हुनर पर भरोसा करने के बजाए दूसरे को कॉपी करना, दूसरे के प्रगति से द्वेष की भावना,नैतिक मूल्यों से दूर होने जैसे समस्याओं को चिन्हित किया गया। (जारी…)
जिसमें मुख्य रूप से दिनेश शर्मा, अमित खंडेलवाल, सोनू ठाकुर, प्रताप सिंह, अखिलेश सिंह, सुखदेव सिंह, मिराज खान, राहुल कुमार, सुजीत पांडे, नितेश राय, बलविंदर सिंह कलसी, दीपक अग्रवाल, विक्की यादव, ॐ प्रकाश, अशोक सिंह मुंडा, चेतन गर्ग एवं अन्य युवा साथीगण सम्मिलित हुए।
जमशेदपुर : सरदार शैलेन्द्र सिंह और स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान द्वारा झारखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्लाह खान को सम्मानित किया गया। जिसकी एक तस्वीर वायरल हो गयी। जिसमें अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्लाह खान को गुरुनानक देव जी की तस्वीर देकर सम्मानित किया जा रहा है और इस दौरान अध्यक्ष जी चप्पल पहनें हुए हैं और उनका सर भी नहीं ढंका है, साथ ही इस तस्वीर में उनके साथ सरदार शैलेन्द्र सिंह, स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रधान महेन्द्र सिंह और कई गणमान्य सिख उसमें मौजूद हैं। (जारी…)
इस तस्वीर के वायरल होते ही जमशेदपुर सिख समुदाय में एक रोष देखने को मिला और यह रोष सबसे ज्यादा सरदार शैलेन्द्र सिंह के खिलाफ देखने को मिला। इसका सबसे बड़ा कारण यह कहा जा रहा है कि सरदार शैलेंद्र सिंह कई गरिमामय पद पर रहें है और आज भी है और उनके होते हुए सिख धर्म की आस्था और मर्यादा के साथ खिलवाड़ हुआ है। इस बाबत तीसरी धारा न्यूज़ की तरफ से जमशेदपुर के कई गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधानों और सिख समाज के प्रबुद्ध लोगों से विचार लिए गए। देखें किसने क्या कहा –
सम्मानित करने से पहले सिख मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था – तारा सिंह
सोनारी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार तारा सिंह ने कहा कि सरदार शैलेंद्र सिंह द्वारा यह गलत कार्य हुआ है और इसका समर्थन नहीं किया जा सकता। उन्हें सम्मानित करने से पहले सिख मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए था। वह झारखण्ड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हैं और इससे पूर्व पटना हरमिंदर साहिब के वाईस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं तो इन्हें इसका ज्ञात होना चाहिए था। उन्होंने गलती की है और इसकी सजा तो उन्हें मिलनी चाहिए और उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए। अब इस पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी क्या एक्शन लेगी ये उनपर निर्भर करता है।
सीजीपीसी को उन्हें पद से निरस्त कर देना चाहिए – हरविंदर सिंह मंटू
साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान हरविंदर सिंह मंटू ने इस विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि गुरु की तस्वीर देकर उन्हें सम्मानित करना चाहिए जो उनका मान रख सके। जहाँ सिख समाज के सभी लोग नंगे पांव हैं वहीं अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष चप्पल पहने हुए हैं और सर भी ढंके नहीं है। यह बेहद निंदनीय है। इस मुद्दे पर सरदार शैलेन्द्र सिंह पर एक्शन होना चाहिए या नहीं इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सरदार शैलेन्द्र सिंह सिख समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनकी उपस्थिति में ऐसा कृत्य होना शर्मनाक है। उन्हें यह सोचना चाहिए था कि इससे समाज पर गलत प्रभाव जाएगा। उनपर जरूर एक्शन लिया जाना चाहिए और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को एक्शन लेते हुए उन्हें उनके पद से निरस्त कर देना चाहिए।
जिन्हें रक्षक बनाया है वह ऐसा कार्य करें तो यह शोभनीय नहीं है, माफी मांगनी चाहिए – जगदीश सिंह
जेम्को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह ने इस कृत्य को बेहद ही दुःखद बताते हुए कहा कि उस तस्वीर को देख कर काफी दुख हुआ और सबसे बड़ी बात यह है कि सीजीपीसी के चेयरमैन उस तस्वीर में मौजूद है। इस पर सीजीपीसी को संज्ञान लेना चाहिए। उम्मीद है कि सीजीपीसी इस पर संज्ञान लेते हुए जो फैसला करेगी वह जमशेदपुर के संगत के हित में होगा। उन्होंने इस बाबत जेम्को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हाजी हिदायतुल्लाह खान द्वारा सिख समाज से माफी मांगने की माँग करते हुए कहा है कि जिस तरफ वह मस्जिद में चप्पल पहन के और नंगे सर नहीं जाते हैं उसी प्रकार उन्हें अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष होने के नाते सिख धर्म का भी मान रखना चाहिए था। जिन्हें हमारा रक्षक बनाया गया है वह ऐसा कार्य करें यह शोभनीय नहीं है इसलिए उन्हें पूरे सिख समाज से माफी मांगना चाहिए और पुनः इस तरह की कोई घटना घटित नहीं होगी इसका आश्वासन देना चाहिए।
शैलेन्द्र सिंह सिख कौम से माफी माँगे और उन्हें सार्वजनिक मंच से बोलने नहीं दिया जाए – कुलविंदर सिंह
बारीडीह गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान कुलविंदर सिंह ने इस बाबत रोष जताते हुए कहा कि शैलेंद्र सिंह को सिख कौम से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कौम और पंथ को शर्मिंदा किया है। उन्हें यदि किसी को सम्मानित करना है तो उन्हें उन्हें सिख रिवायत और मर्यादा बता देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि तस्वीर में मौजूद किसी भी शख्स को सिख मर्यादा से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि इस बात को वह सीधे श्री अकाल तख्त साहिब के सिंह साहब जत्थेदार जी को भेजूंगा। जहां वह इस पर फैसला करें कि जब पूर्व कार्यवाहक प्रधान जैसा शख्शियत यह करेगा तो आम सिख क्या करेंगे। उन्होंने केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह से अपील की है कि जब तक उनका मामला निपट नहीं जाता, उन्हें सार्वजनिक मंच से बोलने नहीं दिया जाए।
कुछ प्रधान इस मुद्दे पर बोलने से बचते नज़र आये
इस मसले पर जब 10 नम्बर बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर से उनकी राय जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और अभी वह इस पर कुछ भी कह नहीं सकते। उन्होंने बोला कि यह पंथ का मामला है और इस पर बिना सोचे समझे कुछ कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमारा पंथ कुछ कहे और हम कुछ कहे यह सही नहीं होगा इसलिए इस मामले में अभी कुछ नहीं कह सकता हूँ। वहीं सीतारामडेरा के नवनियुक्त प्रधान हरजिंदर सिंह ने भी मीटिंग में होने का हवाला देते हुए इस मामले में कुछ नहीं कहा।
इस बाबत जब और लोगों से पूछा गया कि कुछ गुरुद्वारों के प्रधान इस मामले में अपने विचार नहीं दे रहें है इस पर उनका क्या राय है तो ज्यादातर लोगों का यह कहना था कि गुरुद्वारा के प्रधान के रूप में सिख समाज के प्रतिनिधित्व करने वाले जब पंथ का अपमान हो और वह कुछ न कहे तो उन्हें प्रधान के पद पर आसीन होने का अधिकार भी नहीं है। धर्म और समाज के हित मे सही और गलत का पहचान नहीं करने वाले, एक औहदे पर होते हुए भी मसलों से अनभिज्ञ रहने वाले, किसी भी तरह का बहाना बनाकर पंथ से आगे रहकर निजी स्वार्थ हित और निजी रिश्तों को निभाने वाले सिख समाज के सबसे बड़े दुश्मन है और ऐसे लोग के प्रतिनिधित्व में समाज का विकास कभी भी नहीं हो सकता है, सिर्फ निजी विकास हो सकता है।