तीसरी धारा न्यूज | सरायकेला | 22 अगस्त 2026
सुबह-सुबह बच्ची को विषैले नाग ने काटा
सरायकेला जिले के खरसावां प्रखंड अंतर्गत रूगड़ीसाई (बीटापुर) गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के निवासी राजेश देवगम की 13 वर्षीय पुत्री संतोषी देवगम को एक जहरीले नाग सांप ने डस लिया। सांप के काटते ही परिजनों में हड़कंप मच गया, लेकिन उन्होंने बिना घबराए तुरंत कदम उठाया।
अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों का सराहनीय योगदान
घटना की जानकारी मिलते ही कंचन चौहान ने परिजनों को तुरंत बच्ची को अस्पताल ले जाने का सुझाव दिया। इसके बाद सुमित चौधरी की तत्परता और सहयोग से बच्ची को बिना समय गंवाए सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया। सदर अस्पताल के डॉ. नकुल चौधरी से तत्काल संपर्क कर त्वरित प्राथमिक उपचार शुरू करवाया गया।




चिकित्सकों की देखरेख में खतरे से बाहर बच्ची
अस्पताल के डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज लगातार जारी है। ससमय चिकित्सा मिलने के कारण फिलहाल संतोषी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सा टीम उसके स्वास्थ्य और रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है।



झाड़-फूंक छोड़ तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील
घटना के बाद मानवाधिकार सहायता संघ महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने ग्रामीणों से अपील की कि सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक या अंधविश्वास में पड़कर कीमती समय बर्बाद न करें। मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं ताकि सही समय पर डॉक्टरी इलाज से जान बचाई जा सके।


तीसरी धारा न्यूज — सच की रफ्तार, हर खबर पर नजर।











