तीसरी धारा न्यूज | राजनगर (सरायकेला-खरसावां) | 20 अगस्त 2026
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बायरासाई गांव के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।



तीखे मोड़ पर हुआ हादसा
- प्राप्त जानकारी के अनुसार, चाड़ीडीहा निवासी आकाश पात्रो, टीका राम सरदार (35 वर्ष), भोला सरदार (28 वर्ष) और हीरा गोप (36 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजनगर बाजार आए थे। शाम करीब 5 बजे वापस लौटने के दौरान बायरासाई गांव के पास तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।



अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद MGM रेफर
टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार गोप ने तत्परता दिखाते हुए प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद प्रशासनिक वाहन और ऑटो की मदद से सभी को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर स्थित MGM अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।



फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन व चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

तीसरी धारा न्यूज अपील: सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। मोड़ एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन की गति नियंत्रित रखें और ओवरलोडिंग से बचें। आपकी सजगता ही आपकी सुरक्षा है।
— तीसरी धारा न्यूज ब्यूरो











