जमशेदपुर/डेस्क: लौहनगरी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2026 को वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटानगर स्टेशन के आसपास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और सिटी एसपी के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
तलाशी में मिला पिस्टल और कारतूस
स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पाया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ:
- 01 अवैध पिस्टल
- 01 जिंदा कारतूस
- 01 बैग
आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश गोराई उर्फ छोटू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सोनारी थाना क्षेत्र के मंदिर रोड का निवासी है और वर्तमान में सोनारी के ही मिलन नगर (बी ब्लॉक) में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर स्टेशन क्यों पहुंचा था और उसका अगला टारगेट कौन था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस घटना को लेकर बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल सदस्य:
सफल छापेमारी दल में बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक सरत कोरर, सुशील कुमार मिश्रा और सहदेव उरांव समेत अन्य पुलिसकर्मी मुख्य रूप से शामिल थे।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़










