तीसरी धारा न्यूज
7 अगस्त 2026, जमशेदपुर।
जमशेदपुर (ब्यूरो):
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), जमशेदपुर द्वारा सुंदरनगर क्षेत्र में मोबाइल वैन के माध्यम से एक विशेष विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान आम लोगों और स्कूली बच्चों को नालसा (NALSA) की निःशुल्क कानूनी सलाह एवं परामर्श योजनाओं के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति में काम आने वाले विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
डीएलएसए, जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के दिशा-निर्देशन में यह जागरूकता कार्यक्रम सुंदरनगर स्थित मध्य विद्यालय, जयपाल सिंह मुंडा इंस्टीट्यूट ऑफ एडुकेशन (इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल) तथा करनडीह में आयोजित किया गया।
बांटे गए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और अधिकार मित्रों ने उपस्थित लोगों को संकट के समय तुरंत मदद पाने के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए:
- निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श (NALSA): 15100
- चाइल्ड हेल्पलाइन (Child Helpline): 1098
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 100 / 112
- महिला उत्पीड़न/हिंसा हेल्पलाइन: 181
- साइबर क्राइम सेल: 1930
- एल्डर हेल्पलाइन (वरिष्ठ नागरिकों के लिए): 14567
कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
इस जागरूकता अभियान में लीगल एड डिफेंस कौंसिल की सदस्य रंजना पांडेय, पीएलवी (पारा लीगल वालंटियर) सह अधिकार मित्र दिलीप जायसवाल, सुनील पांडेय एवं अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वक्ताओं ने उपस्थित छात्रों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि कानूनी जानकारी के अभाव में कई बार लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। डीएलएसए का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता पहुंचाना है।
अभियान के दौरान पम्फलेट बांटकर लोगों को बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
तीसरी धारा न्यूज










