तीसरी धारा न्यूज | 6 अगस्त 2026, जमशेदपुर
भारतीय रेलवे ने AC कोचों में RAC (Reservation Against Cancellation) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा है कि RAC टिकट धारकों को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह चादर, कंबल, तकिया और तौलिया समेत पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए।
4 अगस्त को सभी जोनल रेलवे को भेजा गया पत्र
4 अगस्त 2026 को रेलवे बोर्ड द्वारा सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को जारी किए गए पत्र में निर्देश दिया गया है कि AC चेयर कार को छोड़कर सभी AC श्रेणियों (1AC, 2AC, 3AC और 3-इकोनॉमी) में यात्रा कर रहे प्रत्येक RAC यात्री को बेडरोल किट देना अनिवार्य है।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया कि AC श्रेणियों के किराए में बेडरोल का शुल्क पहले से ही शामिल रहता है, इसलिए RAC यात्रियों को इस सुविधा से वंचित रखना नियमों के खिलाफ है। बोर्ड को विभिन्न माध्यमों से यह शिकायतें मिल रही थीं कि ट्रेन में RAC यात्रियों को या तो बेडरोल दिया ही नहीं जा रहा है या फिर अधूरा सामान दिया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
2009 के सर्कुलर का दिया गया हवाला
रेलवे बोर्ड ने अपने निर्देश में 23 सितंबर 2009 को जारी कमर्शियल सर्कुलर संख्या 50/2009 का हवाला देते हुए याद दिलाया कि यह नियम वर्षों से लागू है। बोर्ड ने कहा कि AC कोच में सफर करने वाले हर RAC यात्री को कन्फर्म यात्री की तरह ही समान सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं।
जानें किस कोच में कितने RAC यात्री होते हैं समायोजित
साल 2016 में रेल मंत्रालय द्वारा बढ़ाए गए कोटे के अनुसार, ट्रेनों के विभिन्न कोचों में RAC सीटों का आवंटन इस प्रकार होता है:
- थर्ड एसी (3AC): 4 साइड लोअर बर्थ के जरिए कुल 8 RAC यात्री।
- सेकेंड एसी (2AC): 3 साइड लोअर बर्थ के जरिए कुल 6 RAC यात्री।
- स्लीपर क्लास: 7 साइड लोअर बर्थ के जरिए कुल 14 RAC यात्री।
कैंसर मरीजों के लिए इमरजेंसी कोटा की सुविधा बरकरार
दूसरी ओर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में जानकारी दी कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों, विशेषकर कैंसर रोगियों को इलाज के लिए तत्काल यात्रा हेतु इमरजेंसी कोटा (EQ) उपलब्ध कराया जाता है, ताकि उन्हें यात्रा के लिए कन्फर्म टिकट आसानी से मिल सके।
तीसरी धारा न्यूज










