तीसरी धारा न्यूज
जमशेदपुर | 06 अगस्त 2026
जमशेदपुर: उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी जेम्को आजादबस्ती में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के पूर्व छात्रों और हाल ही में विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त हुए ओमप्रकाश तांती (सहायक शिक्षक), रामाशंकर सिंह (सहायक शिक्षक) तथा सुनील प्रकाश (भारतीय रेलवे) के सम्मान में आयोजित हुआ।
उल्लेखनीय है कि इन तीनों पूर्व छात्रों ने वर्ष 1977-78 में इसी विद्यालय से कक्षा 6 और 7 उत्तीर्ण की थी, जब यह ‘मध्य विद्यालय कालीमाटी’ के नाम से जाना जाता था। यहीं से अपनी बुनियादी शिक्षा पूरी करने के बाद दोनों शिक्षकों ने शिक्षा जगत में बच्चों के भविष्य को संवारने में अपना जीवन समर्पित किया। इनमें से रामाशंकर सिंह गत 31 जुलाई 2026 को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेल्डीह-बी (बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम) से सेवानिवृत्त हुए हैं।
छात्रों को दिया मार्गदर्शन, सेवा का दिया भरोसा
समारोह के दौरान रामाशंकर सिंह और उनके साथियों ने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा किए तथा विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और बच्चों को आश्वस्त किया कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समय-समय पर विद्यालय आकर अपनी नि:शुल्क सेवाएं और शैक्षणिक मार्गदर्शन देते रहेंगे।
शॉल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह ने सेवानिवृत्त शिक्षक रामाशंकर सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके सुखद व स्वस्थ भावी जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षक राकेश कुमार सिंह, शिक्षिका कंचन कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
– तीसरी धारा न्यूज






