एक नई सोच, एक नई धारा

caa6c5df42e9af9be446b1d5a73b5c13e9232506ae04bd7f967cd5c86425dc51.0
गोलमुरी वाइन शॉप में एमआरपी से ज्यादा लिया जा रहा दाम, मचा बवाल, देखें वीडियो

जमशेदपुर : शहर भर में वाइन शॉप आज पूरी तरह से खुल गए हैं और नए कीमत भी लागू किए जा रहे हैं, लेकिन इन सब के बीच वाइन शॉप की मनमर्जी भी कीमतों के ऊपर चालू हो गई है। नए कीमत की शराब अभी दुकानों में आई भी नहीं और शराब विक्रेताओं ने उसकी कीमत भी बढ़ा दी है। इस मसले को लेकर आज गोलमुरी फूड प्लाजा के सामने स्थित शराब दुकान में रात्रि करीब 9:30 बजे भारी बवाल हुआ। ग्राहक द्वारा सिग्नेचर व्हिस्की की हॉफ खरीदा गया जिसपर अंकित मूल्य 520 रुपए थे और ग्राहक से 580 रुपए लिए गए। जिसके बाद ग्राहक एवं मौजूद अन्य ग्राहकों द्वारा बवाल काटा गया लेकिन शराब विक्रेता द्वारा कीमत बढ़ने की बात करते रहे जबकि ग्राहकों का कहना है कि नए कीमत पर जब बिक्री की जा रही है तो एमआरपी भी नई होनी चाहिए। ग्राहकों ने इसे सरासर लूट बताया है और कहा है कि यह दुकानदारों द्वारा मनमर्जी किया जा रहा है, प्रशासन को इस तरह के मनमर्जी करने और लूट मचाने वालों पर सख्ती बरतनी चाहिए। अब देखना है कि प्रशासन इस तरह के लूट को कैसे काबू करती है या शराब विक्रेताओं की मनमर्जी और लूट खसोट यूं ही चलती रहेगी।

पश्चिमी विधायक ने राजस्थान विद्या मंदिर उच्च विद्यालय के अतिरिक्त 6 कमरे के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
1001744400

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को साकची स्थित राजस्थान विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में अतिरिक्त 6 कमरे का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. उक्त योजना का क्रियान्वयन जिला योजना अनाबद्ध निधि के मद से 52 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा. इस मौके पर शिक्षा प्रतिनिधि एसपी सिंह और पवन सिंह, नीरज सिंह, धर्मेन्द्र प्रसाद, जिला परिषद के कनीय अभियंता विजय भूषण, विवेक पाण्डेय, झुना सिंह, सुनिल सिंह आदि मौजूद थे.

पति ने हथौड़े से दरवाजा तोड़कर पत्नी और बेटे पर किया हमला

जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रंकिणी मंदिर के पीछे टाटा स्टील द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए निर्मित ग्रीन एनक्लेव में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. 20 वर्षों के सुखी दांपत्य जीवन बिताने के बाद रिश्तो में आई दरार ने हिंसक रूप ले लिया. पूर्व में भी मणि भूषण तिवारी की पत्नी ने थाना सहित न्यायालय में अपने साथ हो रहे घरेलू हिंसा की शिकायत की है और यह मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं. इस लौहनगरी में पहले भी रिश्तों का कत्ल होता आया है, जहां घर की दीवारें खून से लाल होती रही हैं. पत्नी शिक्षण कार्य कर जीवन यापन कर रही है.इस दंपति के दो बच्चे हैं. बेटा नाबालिग है. बच्चों की पढ़ाई लिखाई सहित सारी जिम्मेदारी पत्नी के जिम्में है.

1001744379

टाटा स्टील कर्मचारी होते हुए भी और लगभग पौने दो लाख रुपए की तनख्वाह पाते हुए भी और साथ ही साथ दो निजी फ्लैटों के मालिक होकर उसका किराया उठाते हुए भी मणि भूषण तिवारी द्वारा बच्चों की परवरिश, शिक्षा सहित जीवन यापन के मूलभूत खर्चों के लिए भी एक पाई तक नहीं देना आश्चर्य पैदा करता है. मजबूरी में पत्नी ने आत्मनिर्भर होने और स्वालंबन की राह पकड़ी और शिक्षण कार्य में अपने आजीविका के अवसर तलाशे. पुरुष होने के अहंकार और अपना वर्चस्व रुपी आधिपत्य जमाने के प्रयास में यह हंसता खेलता परिवार खंडित होने की राह पर चल पड़ा. घरेलू हिंसा से शुरू हुई यह पटकथा थानों के चक्कर लगाते हुए न्यायालय के चौखट तक पहुंची.

रिश्तो में जब अलगाव की चिंगारी भड़की तो पत्नी ने न्यायालय में घरेलू हिंसा और गुजारा भत्ता का मामला दर्ज करवाया, परंतु पौरुष के दर्प से कुंठित होकर मणि भूषण तिवारी कुछ भाड़े के तथाकथित समाजसेविकाओं को कदमा थाने की मौन सहमति से लेकर फ्लैट पहुंचे और दिनदहाड़े फ्लैट के दरवाजे को हथौड़े से तोड़कर हिंसा के नियत से फ्लैट में प्रवेश कर गए. नाबालिग बेटे ने कदमा थाना में लिखित शिकायत की परंतु सिक्कों की खनक के आगे नाबालिक बच्चे की फरियाद पर कोई कार्यवाही नहीं की गई. टाटा स्टील के लिए भी शर्मिंदगी का विषय है कि ऐसे कर्मचारियों के ऐसी हरकतों के कारण उनकी प्रतिष्ठा भी धूमिल होती है. वर्तमान स्थिति में पूरा परिवार दहशत में है और अगर खूनी संघर्ष होता है या कोई अनहोनी होती है तो पूर्ण रूप से इसकी जिम्मेदारी कदमा थाना और जमशेदपुर जिला प्रशासन की होगी.

IMG 20250902 220540
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षित शिक्षकों, सहायक आचार्यों और प्रयोगशाला सहायकों को सौंपा नियुक्ति पत्र, नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तरह खुलेंगे और विद्यालय

रांची : झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है. इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और इसके मिल रहे सकारात्मक परिणाम शिक्षा व्यवस्था को और उत्कृष्ट बनाने के लिए हमें प्रेरित कर रही है. हमारी कोशिश शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण- सह – मेधा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई- शिक्षा महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़े, इसमें राज्य के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. आप चाहे किसी भी क्षेत्र से जुड़े हों, अपने-अपने क्षेत्र में अहम योगदान कर राज्य को आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं. सामूहिक प्रयासों से ही झारखंड एक अग्रणी और मजबूत राज्य बनेगा.

1001744373

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है. इस दिशा में पहले से ही कई योजनाएं चल रही हैं और आने वाले दिनों में कई और कदम उठाए जाएंगे. हमारी कोशिश शिक्षा व्यवस्था को समग्र रूप से उत्कृष्ट बनाना है, ताकि विद्यालयों को संसाधनयुक्त बनाने के साथ वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा मिल सके. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नेतरहाट आवासीय विद्यालय को को- एजुकेशन करने की घोषणा की. अब इस विद्यालय में लड़कियों का भी नामांकन होगा. उन्होंने कहा कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर तीन और विद्यालय खोले जाएंगे. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय अब सीबीएसई से संबद्ध है और यहां विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर रहे हैं. इसके पीछे सरकार की यही कोशिश है कि सरकारी विद्यालय में पढ़ रहे बच्चे किसी भी मामले में निजी विद्यालयों के छात्रों से से पीछे नहीं रहें..

1001744370

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जमाना कंपटीशन का है. लेकिन, इसमें किसी न किसी कमी अथवा समस्या की वजह से सरकारी विद्यालय पीछे रह जाते थे. लेकिन, हमारी सरकार अब सरकारी विद्यालय को बेहतर करने का कार्य कर रही है. इस कड़ी में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खोले गए हैं. यहां बच्चों को निजी विद्यालयों की तरह शिक्षा दी जा रही है. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन के लिए होड़ मची है. कई निजी विद्यालय के बच्चे अब इन विद्यालयों में नामांकन करा रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकारी विद्यालय अब किसी भी मामले में निजी विद्यालयों से काम नहीं हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को विभिन्न माध्यम से प्रोत्साहित करने का काम हमारी सरकार कर रही है. इस कड़ी में बोर्ड के सभी टॉपर्स को सम्मान राशि के साथ लैपटॉप और मोबाइल फोन दे रहे हैं, ताकि वे और भी बेहतर तरीके से आगे की पढ़ाई कर सकें. .

1001744365

वहीं, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को शत प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जा रही है. इसके साथ गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्सेज को करने के लिए 15 लाख रुपए तक का शिक्षा लोन बिना किसी गारंटी के देने की व्यवस्था है. इसके अलावा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की राशि में व्यापक इज़ाफा किया गया है, ताकि बच्चों को पढ़ाई में ज्यादा से ज्यादा सहूलियत हो सके. इस दिशा में आने वाले दिनों में कई और नए कदम उठाए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न बोर्ड के टॉपर्स को रिजल्ट प्रकाशन के तुरंत बाद सम्मान राशि उपलब्ध करायी जाएगी, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई हेतु नामांकन में आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़े. विद्यार्थियों को मिलने वाली सम्मान राशि का समय पर सदुपयोग हो , इसके लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने समारोह में 33 नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक, 909 सहायक आचार्य ( गणित और विज्ञान) और 33 प्रयोगशाला सहायकों में कुछ को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया. .

1001744372

जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 10 वीं तथा 12 वीं के टॉपर्स को 3 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ लैपटॉप और स्मार्टफोन प्रदान किया गया. जैक बोर्ड के टॉपर्स को स्कूटी भी मिली. सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस के 10 वीं तथा 12 वीं के टॉपर्स को लैपटॉप और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. 10 वीं बोर्ड परीक्षा में शत- प्रतिशत रिजल्ट देने वाले विद्यालय भी हुए सम्मानित. राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थी सम्मानित किए गए. विद्यालय प्रमाणीकरण योजना अंतर्गत स्वर्ण श्रेणी में सफल विद्यालयों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह एवं राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन मौजूद थे.

1001744371
सांसद ने लिया क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का निरीक्षण, ली जानकारी

जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर प्रधान डाकघर का दौरा किया और पासपोर्ट सेवा केंद्र के बारे में जानकारी प्राप्त की. वरिष्ठ डाकपाल शंकर कुजुर ने आदर और सम्मान के साथ उन्हें अपने कक्ष में बैठाकर उनकी पासपोर्ट सेवा केन्द्र में उपलब्ध सेवाओं से अवगत कराया. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के सहायक अधीक्षक प्रकाश कुमार मिंज द्वारा उन्हें पूरी जानकारी दी गई, जो वर्तमान में सत्यापन अधिकारी के रूप में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में पदस्थापित हैं.

1001744364

इस दौरान, सांसद की सादगी और उनके द्वारा खुद डाकघर आकर जानकारी लेने की पहल ने सभी को प्रभावित किया. उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के प्रयासों से रांची के बाद पहला डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र जमशेदपुर में खोला गया था, जिसका उद्घाटन 19 मार्च 2017 को सांसद बिद्युत बारन महतो द्वारा किया गया था. इस दौरे ने न केवल डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के महत्व को उजागर किया, बल्कि इसके द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में भी जागरूकता बढ़ाई. वरिष्ठ डाकपाल शंकर कुजुर द्वारा दिखाए गए आदर और सम्मान ने सांसद को संतुष्ट किया और डाकघर के कर्मचारियों को भी प्रेरित किया.

कपाली पुलिस ने ब्राउन शुगर पेडलर को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने नामजद ब्राउन शुगर पेडलर जम्बो महतो (23) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. आरोपी कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया का निवासी है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि तमोलिया और आसपास के इलाकों में कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी. हाल ही में रामू चौक पर हुई छापेमारी में पुलिस ने 21 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ मोहम्मद सरफराज शेख को गिरफ्तार किया था. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है.

1001744321

ओपी प्रभारी ने बताया कि उस कार्रवाई के बाद से ही पुलिस मुख्य पेडलर जम्बो महतो की तलाश कर रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम ने उसे भी धर दबोचा. आरोपी को कपाली ओपी लाकर पूछताछ की गई और बाद में न्यायालय में पेश किया गया. अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. धीरंजन कुमार ने कहा कि नशे का कारोबार समाज को खोखला कर रहा है. ऐसे में इस धंधे में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की सख्ती आगे भी जारी रहेगी और नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है. स्थानीय लोगों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलने चाहिए.

सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक पूर्णिमा साहू ने किया दो योजनाओं का किया शिलान्यास
1001744315

जमशेदपुर : जमशेदपुर अक्षेस की ओर से जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामाधीन बगान में दो योजनाओं का मंगलवार को शिलान्यास हुआ. सांसद विद्युत वरण महतो एवं जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने नारियल फोड़कर योजनाओं का विधिवत् शिलान्यास किया. इन योजनाओं के तहत करीब 5.27 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं नाले का निर्माण किया जाना है. सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि काफ़ी दिनों से लोगों की मांग थी. आज शिलान्यास हो गया है, जल्द ही इसका उद्घाटन भी किया जाएगा. उन्होंने संवेदक को गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्य करने की हिदायत दी.

क्राइम : सिदगोड़ा में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विद्या पति नगर रोड नंबर 1 में सोमवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित की पहचान करनदीप सिंह (30) के रूप में हुई है पीड़ित ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि घटना 1 सितम्बर की रात की है.

1001744312

वह अपने घर के पास खड़ा था, तभी हप्ता रोड और सिंधु रोड निवासी लखन सिंह, आयुष और बाबरी उर्फ भगना वहां पहुंचे. आरोप है कि तीनों ने मिलकर लाठी, रॉड और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से करनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर पर गहरी चोट आई. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर पर कई टांके लगाए करनदीप ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही ऐसी घटनाएं माहौल खराब कर रही हैं. उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

jamshedpur jharkhand india 14 may 260nw 1734767573

रांची। झारखंड में आज से नई उत्पाद नीति (Jharkhand Excise Policy 2025) लागू हो गई है। इसके साथ ही शराब की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब राज्यभर में विदेशी शराब पहले से सस्ती हो गई है, जबकि देशी और भारत में बनी विदेशी शराब (IMFL) की कीमतों में इजाफा हुआ है।

नई दरों के अनुसार, रॉयल सैल्यूट अब 20,000 की जगह 13,400 रुपये में मिलेगी। इसी तरह रॉयल ब्रासक्ला सिंगल मॉल्ट 17,500 से घटकर 11,900 रुपये और ग्लेनलिवे 5,400 से घटकर 4,100 रुपये में उपलब्ध होगी। वहीं चिवास रीगल और ब्लैक लेबल में करीब 900 रुपये तक की कमी आई है। वाइन प्रेमियों के लिए भी राहत है क्योंकि जेकब्स क्रीक अब 1,250 रुपये में मिल रही है, जो पहले 1,650 रुपये की थी।

1001741475

दूसरी ओर, भारत में बनी विदेशी शराब और देसी ब्रांड महंगे हो गए हैं। रॉयल स्टैग और ऑफिसर्स च्वाइस अब 780 रुपये में मिलेंगे, जबकि पहले ये 670 रुपये के थे। वहीं ब्लैक डॉग, 100 पाइपर्स और विलियम लॉसन 200-250 रुपये तक महंगे हो गए हैं। इसके अलावा बकार्डी और गोल्फर शॉट 100 रुपये और एंटीक्विटी ब्लू व ब्लेंडर्स प्राइड 150 रुपये ज्यादा में मिलेंगे।

नई नीति लागू होने के बाद साफ है कि विदेशी शराब के शौकीनों को राहत मिलेगी, जबकि देशी और भारतीय ब्रांड पसंद करने वालों की जेब पर अब ज्यादा बोझ पड़ेगा।

उपायुक्त ने मुसाबनी प्रखंड के गोहला पंचायत में वेजिटेबल फार्मिंग कलस्टर का किया निरीक्षण

जमशेदपुर : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने क्षेत्र भ्रमण के क्रम में मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत गोहला पंचायत के देवली गांव में संचालित वेजिटेबल फार्मिंग कलस्टर का निरीक्षण किया। यह फार्मिंग कलस्टर जेएसएलपीएस के सहयोग से संचालित है, जिसके माध्यम से स्थानीय किसान सब्ज़ी उत्पादन, दलहन खेती तथा पशुपालन को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं।

1001741434

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि सब्जी उत्पादन के साथ-साथ वे दाल (अरहर एवं मूंग) की खेती भी कर रहे हैं, किंतु प्रसंस्करण की सुविधा नहीं होने से बाजार में उचित लाभ नहीं मिल पाता। किसानों ने दाल प्रसंस्करण हेतु मशीन एवं उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से यथोचित पहल की जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा सके और किसानों को बेहतर आमदनी मिल सके।

IMG 20250901 WA0023

उपायुक्त ने किसानों को सुझाव दिया कि वे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का गठन करें, ताकि सरकारी योजनाओं से मिलने वाले सहयोग, अनुदान एवं प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं संगठित रूप में उन्हें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने तकनीकी सहयोग, उन्नत बीज, जैविक खेती तथा विपणन की संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे खेती में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रयोग कर उत्पादन बढ़ाया जा सके। साथ ही सब्जी एवं दाल उत्पादन के विपणन हेतु संगठित चैनल से जोड़ने पर बल दिया।

इस अवसर पर प्रभारी जिला योजना पदाधिकारी श्री सुदीप्त राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुसाबनी सुश्री अदिति गुप्ता, डीपीएम जेएसएलपीएस श्री सुजीत बारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।

error: Content is protected !!