शीतलहर एवं ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य हित में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के आदेशानुसार जिले में संचालित कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में दिनांक 28.12.2025 से 31.12.2025 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश एहतियातन एवं जनहित में जारी किया गया है। संबंधित सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जमशेदपुर: जेम्को आजाद बस्ती स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में आज एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय में प्रतिनियोजन पर आए दो प्रशिक्षित सहायक आचार्य शिक्षकों, बत्ती बाला सिंह और अशोक कुमार दास के सम्मान में आयोजित किया गया था। शिक्षा विभाग के आदेशअनुसार, दोनों शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापित विद्यालयों में योगदान देने के लिए आज कार्य विर्मित होना था जिस कारण आज उनके प्रतिनियोजित विद्यालय द्वारा शिक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई। विदाई के अवसर पर दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के बच्चों ने भी भावुक होकर अपने शिक्षकों को विदा किया।
इसी बीच में विद्यालय में शिक्षकों की कमी को देखते हुए नए शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति के द्वारा जिला शिक्षा अधीक्षक को सूचित किया गया श्रीमान ने ध्यान आकर्षित करते हुए दो नए शिक्षकों को विद्यालय में पदस्थापित किया इसके तहत पूरे विद्यालय परिवार की ओर से जिला शिक्षा अधीक्षक महोदय का धन्यवाद दिया
इसी कड़ी में आज जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू का विद्यालय में आगमन हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विधायक को स्कूल की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया गया। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विद्यालय की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षक राकेश कुमार, करनदीप सिंह, अंजू वर्मा, रितु कुमारी, रोहित कुमार एवं अन्य सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शुभकामनाओं के साथ हुआ।
जमशेदपुर स्थित हिंदू पीठ के प्रांगण में तुलसी दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गणेश भगवान की संध्या आरती के साथ तुलसी माता की पूजन की गई, जिससे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। हिंदू धर्म में तुलसी को केवल एक पौधा नहीं बल्कि माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। शास्त्रों में मान्यता है कि जिस घर में तुलसी फलती फूलती है वहां निवास करने वाले लोगों में कोई बड़ा संकट नहीं आता हैं।
कार्यक्रम में हिंदू पीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह, महासचिव दिस बॉस, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, सुरक्षा प्रमुख सोमनाथ सिंह, ज्योत्सना सरकार, शिखा श्यामल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने मिलकर तुलसी माता की पूजा-अर्चना की और उनके चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
जमशेदपुर हिन्दुपीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा, “25 दिसंबर को हिंदू का बड़ा पर्व तुलसी दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें हमारी संस्कृति और परंपराओं की याद दिलाता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की, “हमारे पूर्वजों ने हमें एक समृद्ध विरासत दी है, जिसे हमें संजो कर रखना चाहिए।” भारत संतो के निर्देश पर चलने वाला देश है यहां सांटा का को स्थान नही है।
उन्होंने कहा कि तुलसी की नियमित पूजा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है, सुख समृद्धि बढ़ती है और परिवार में शांति बनी रहती है। साथ ही यह आध्यात्मिक और स्वास्थ्य दोनों दृष्टि से अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने हिन्दू युवाओं और बच्चों से अपील की है कि 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाने की जगह तुलसी दिवस मनाएं और बच्चों को भी तुलसी दिवस का महत्व समझाएं।
अरुण सिंह ने आगे कहा, “हिंदू की विरासत हमारी पहचान है, इसे हमें आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए और इसे जीवंत रखने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।”
कार्यक्रम का समापन सभी के द्वारा तुलसी माता के चरणों में दीप प्रज्वलन और भजन-कीर्तन के साथ हुआ। सभी ने एक-दूसरे को तुलसी दिवस की शुभकामनाएं दी गई।
पंजाब के फिरोजपुर स्थित भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बसे एक छोटे से गांव का सितारा आज पूरे देश में चमक रहा है। मात्र 10 साल के नन्हे जांबाज श्रवण सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया है।
यह सम्मान उन्हें 26 दिसंबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में उनके अदम्य साहस और निस्वार्थ सेवा के लिए दिया गया। श्रवण उन 20 चुनिंदा बच्चों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी कम उम्र के बावजूद ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो बड़ों के लिए भी मिसाल है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025: सीमावर्ती गांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर
फिरोजपुर के सरहदी गांव चक तरां वाली के रहने वाले श्रवण सिंह की कहानी किसी फिल्मी नायक से कम नहीं है। सीमा के बिल्कुल करीब रहने वाले इस बालक ने साबित कर दिया कि देशभक्ति की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। जहां बड़े-बड़े लोग दुश्मन की हलचल और ड्रोन के खतरों से सहम जाते हैं, वहां श्रवण ने विपरीत परिस्थितियों में अपने साहस का लोहा मनवाया। आज उनकी इस बहादुरी ने उन्हें राष्ट्रीय मंच पर देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक का हकदार बना दिया है।
श्रवण सिंह ऑपरेशन सिंदूर: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बने सेना का कवच
मई 2025 में जब सीमा पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के चलते तनाव चरम पर था, तब श्रवण सिंह ने मानवता और सेवा की नई मिसाल पेश की। दुश्मन की ओर से लगातार ड्रोन घुसपैठ और हमलों की आशंका के बीच, यह नन्हा बालक अपनी परवाह किए बिना रोजाना सेना की चौकियों तक पहुंचता था। वह वहां तैनात जवानों के लिए दूध, लस्सी, चाय और बर्फ जैसी जरूरी चीजें लेकर जाता था। उनकी इस छोटी सी मदद ने मुश्किल वक्त में जवानों के मनोबल को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया।
सेना ने ली शिक्षा की जिम्मेदारी, बना युवाओं का आदर्श
श्रवण के जज्बे को सलाम करते हुए भारतीय सेना ने उन्हें पहले ही सम्मानित किया था और अब उनकी पूरी शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला किया है। श्रवण सिंह आज देश के उन लाखों युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो देश सेवा का सपना देखते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिया गया यह पुरस्कार न केवल श्रवण की बहादुरी का सम्मान है, बल्कि यह सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले हर उस नागरिक के साहस का प्रतीक है जो देश की रक्षा में सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
राष्ट्रपति के झारखंड आगमन और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा- व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है. सुरक्षा-व्यवस्था की मॉनिटरिंग सीनियर आइपीएस अधिकारी करेंगे. इसके साथ ही अलग- अलग जिलों में स्थानीय पुलिस स्तर से पुलिस अफसर और जवानों की तैनाती की जायेगी. पुलिस मुख्यालय ने 74 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति से संबंधित आदेश दिया है. कार्यक्रम और आगमन को लेकर रांची जिला में 17 डीएसपी की तैनाती होगी. राष्ट्रपति का कार्यक्रम 28,29 और 30 दिसंबर को निर्धारित है. रांची, जमशेदपुर और सरायकेला में यह प्रतिनियुक्त 26 दिसंबर से होगी, जबकि यह प्रतिनियुक्त 28 दिसंबर से कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए की गयी है.
जमशेदपुर जिला में कार्यक्रम को लेकर 20 डीएसपी की तैनाती होगी. सरायकेला- खरसावां में 12 डीएसपी की तैनाती होगी, जबकि गुमला जिला में कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए 24 डीएसपी की तैनाती की गयी है.
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अतिरिक्त पुलिस अफसरों की प्रतिनियुक्ति को लेकर जोनल आइजी की ओर से प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेजा गया था, जिसके आधार पर पुलिस मुख्यालय ने उक्त 74 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति संबंधित जिलों में की है.
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा, H1B वीजा, ऑस्ट्रेलिया टेरर अटैक और कनाडा में भारतीय छात्र की मौत मामले पर प्रतिक्रिया दी. बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के मामले को लेकर मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ जो हो रहा है वो चिंता का विषय है.
हम बांग्लादेश में हाल ही में एक हिंदू युवक की हत्या की निंदा करते हैं.
उन्होंने कहा कि उम्मीद करते हैं कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अपने संबंधों को मज़बूत करने के पक्ष में है. हम बांग्लादेश में शांति और स्थिरता चाहते हैं. हमने लगातार बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और भागीदारी वाले चुनावों की मांग की है.
H1B वीजा पर क्या बोला मंत्रालय
रणधीर जायसवाल ने H1B वीजा पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार को देश के नागरिकों से कई शिकायतें मिली हैं, जिन्हें अपने वीजा अपॉइंटमेंट को रीशेड्यूल करने में दिक्कतें आ रही हैं. वीजा से जुड़े मुद्दे किसी भी देश के संप्रभु अधिकार क्षेत्र में आते हैं, हमने इन मुद्दों और अपनी चिंताओं को अमेरिकी पक्ष के सामने उठाया है.
कई लोग लंबे समय से फंसे हुए हैं
मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, कई लोग लंबे समय से फंसे हुए हैं, जिससे परिवारों के साथ-साथ उनके बच्चों की पढ़ाई में भी काफी दिक्कतें हुई हैं. भारत सरकार अपने नागरिकों को होने वाली दिक्कतों को कम करने के लिए अमेरिकी पक्ष के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है.
रणधीर जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया में बोंडी बीच आतंकी हमले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हम इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की कोशिशों के बारे में जानते हैं. अधिकारी इस मामले में दूसरे अधिकारियों के संपर्क में हैं. हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि जो लोग भारत में कानून की नजर में भगोड़े और वांटेड हैं, उन्हें वापस लाया जाए.
उन्होंने कहा, इसके लिए हम कई देशों से बात कर रहे हैं और प्रक्रियाएं जारी हैं. इसमें कानूनी पेचीदगियां हैं लेकिन हम उन्हें देश वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. ताकि वो यहां की अदालतों में मुकदमे का सामना कर सकें.
कनाडा में भारतीय छात्र की मौत का मामला
उन्होंने कहा, कनाडा में भारतीय छात्र की मौत पर कहा, हम उनके परिवार के संपर्क में हैं. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हम मौत के कारणों के बारे में स्थानीय अधिकारियों के भी संपर्क में हैं. दूतावास परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है.
भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हर बदलते दिन के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं. सिर्फ 14 साल की उम्र में ही वैभव ने क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है और कई रिकॉर्ड अपने नाम लिखवा लिये हैं.
क्रिकेट पिच पर उनकी इस शानदार सफलता के लिए ही अब उन्हें भारत सरकार की ओर से भी सम्मानित किया गया है. वैभव सूर्यवंशी को देश के सबसे बड़े बाल पुरस्कार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक खास कार्यक्रम में बिहार के इस होनहार बल्लेबाज को अपने हाथों से ये अवॉर्ड दिया.
क्रिकेट में उपलब्धियों के लिए वैभव का सम्मान
शुक्रवार 26 दिसंबर को जब विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम अपने दूसरे मैच के लिए मैदान पर थी, उसी वक्त इस टीम के सुपरस्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मौजूद थे. मौका था प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार सम्मान का. हर साल की तरह इस बार भी देशभर के कई युवाओं और बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए ये अवॉर्ड दिया गया, जिसमें किसी को उनकी बहादुरी के लिए तो किसी को खेल या संगीत या विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव को क्रिकेट की दुनिया में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. IPL में सबसे छोटे खिलाड़ी और सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने जैसी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति मुर्मु ने वैभव को ये अवॉर्ड दिया. जैसे ही वैभव का नाम अवॉर्ड के लिए पुकारा गया, पूरे विज्ञान भवन में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी. वैभव भी इस दौरान नांरगी रंग का ब्लेजर और सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए जर आए.
वैभव के भाई ने जताया गर्व
वैभव को मिला ये अवॉर्ड सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए भी बड़े गर्व का पल था और उनके भाई ने निसंकोच होकर इस पल को सबके साथ साझा किया. वैभव के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वैभव की अवॉर्ड लेते हुए फोटो पोस्ट की और लिखा, “हमारे लिए गर्व का पल है. हमारे देश की राष्ट्रपति के हाथों आज वैभव को बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. हमारी राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ भी की.”
जमशेदपुर : मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार के प्रवेश पथ पर स्थित विकास गुप्ता की राशन के दुकान की बीती रात चोरों ने ताला और कुंडी काटकर नगद रुपया एवं घरेलू उपयोगी सामान लेकर फरार हो गए। विकास गुप्ता सुबह अपनी दुकान खोलने आए तो वह देखकर दंग हो गए दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी कटर के द्वारा काटा हुआ था, दुकान के भीतर सारा सामान अस्त व्यस्थ पड़ा हुआ था एवं गल्ला में रखा हुआ पैसा गायब था।
चोरों का शिकार हुए विकास गुप्ता ने मामले की जानकारी भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दिया सूचना मिलते ही मानगो बाजार विकास गुप्ता की दुकान जाकर यथा स्थिति से अवगत हुए। विकास सिंह को विकास गुप्ता ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वह रात के समय अपने दुकान में अच्छी तरह से ताला लगाकर सारा सामान भीतर रखकर अपने घर चले जाते हैं। महाजन को देने के लिए दुकान के ही गल्ले में उन्होंने लगभग बीस हजार रुपए रखे हुए थे, सुबह जब दुकान खोलने आए तो देख की दुकान के मुख्य द्वार का ताला काटा गया है साथ ही भीतर का सामान पूरा बिखरा हुआ है। गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखा हुआ पूरा रुपया को लेकर भाग गए हैं इसके साथ ही घरेलू उपयोगी सामान जिसकी कीमत लगभग दस हजार रुपए होगी वह भी कर लेकर भाग गए हैं।
मौके में पहुंचे विकास सिंह ने इसकी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को देते हुए बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल सर चढ़कर बोल रहा है अवैध नशे की कारोबार दिन पर दिन अपना पर पसारते जा रहे हैं जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
मानगो छोटा पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चालक नशे की हालत में बस को लेकर छोटे पुल पर जा घुसा। इस दौरान थोड़ी देर के लिए पुल पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हालांकि वह बस को पुल से निकालकर डिमना चौक की ओर चला गया। इस दौरान बस ने एक कार और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने बस का पीछा किया और डिमना चौक के पास उसे पकड़ लिया। लोगों ने बस चालक श्रवण कुमार की पिटाई भी कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को थाना ले गई।
पूरा झारखंड सर्द हवाओं की चपेट में है। तापमान लगातार गिर रहा है। इसके कारण कनकनी में भी इजाफा हो रहा है। गुरुवार को गुमला राज्य में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को दिन के दौरान चल रही बर्फीली हवा की रफ्तार से अधिकतम पारा 17.4 डिग्री पर आ गया है।
इस बीच, शुक्रवार को भी राज्य के 12 जिलों रांची, खूंटी, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा में शीतलहर चलने के आसार हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। रांची में तीन डिग्री तक पारा गिर गिर सकता है। इससे कनकनी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, रांची, मेदिनीनगर, गढ़वा, कोडरमा आदि जिलों में दिन में भी कनकनी रही। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे के दौरान हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, खूंटी में 6, लातेहार में 7.9, सिमडेगा में 7.9 और मेदिनीनगर में 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पूरे राज्य में ठंड बढ़ रही है। सर्द हवा चलने के कारण तापमान में कमी आ रही है। राज्य के पश्चिमी भाग के जिलों में शीतलहर के असर हैं। शुक्रवार को भी गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
कांके क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम ठंडा रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा की गति 3.3 किमी प्रतिघंटे रिकॉर्ड की गई, भारी कुहासा और ठंडी हवा चलने के कारण मौसम ठंड रहा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक रमेश कुमार के अनुसार न्यूनतम तापमान ठंड रहा शीतलहरी और ठंड रहेगी। मैकलुस्कीगंज में लगातार तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान छह डिग्री रहा। सुबह साढ़े पांच बजे गोर्डन गेस्ट हाउस में बॉबी गोर्डन ने अपने घर लगे तापमान यंत्र में मापा। वहीं अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा।