जमशेदपुर : रेड एफ ने शहर की एक प्रमुख जगह, कदमा गणेश पूजा ग्राउंड में वीकेंड रेड लोन कार्निवल का आयोजन किया। रेड एफ एम द्वारा आयोजित रेड लोन कार्निवल को ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
जिसमें फेयरडील हुंडई, ASL मोटर्स, बेबको टोयोटा, बालाजी ऑटो वर्क्स, मोटर वर्ल्ड नेक्सा एरिना, पेबको मोटर्स एरिना, हीरो, बजाज, उत्कल किआ और इलेक्ट्रोक्राफ्ट इलेक्ट्रॉनिक्स (नंबर 1 शोरूम) जैसे कई ब्रांड अपने खूबसूरत कारों को प्रदर्शित कर रहे हैं। साल के आखिर के ऑफर्स के तहत भारी छूट दे रहे हैं।
रेड एफ एम ने लोगों से अपील की है कि जो नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं वह कदमा गणेश पूजा ग्राउंड एक बार जरूर आएं और ऑफर्स को जानकर उसका फायदा लें। यह मेला 19 दिसंबर से 21 दिसंबर तक चलेगा।
तिलैया थाना क्षेत्र की जरगा पंचायत स्थित वृन्दाहा वॉटरफॉल घूमने गए एक नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ दो मनचलों ने मारपीट की, छेड़खानी की और MMS बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 4600 रुपये ऐंठ लिए. पीड़ित छात्र ने गुरुवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है. नाबालिग छात्र अपनी कक्षा की सहपाठी छात्रा के साथ बाइक पर वॉटरफॉल घूमने गया था. लौटते समय दो युवकों ने बाइक रोक ली, चाबी निकाल ली और हथियार दिखाकर शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर करने लगे.
उन्होंने इसका वीडियो बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये मांगे. मित्रों से मांगकर 4635 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए तो मनचले छोड़ दिया. तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि छानबीन जारी है, आरोपियों की तलाश हो रही है.
जमशेदपुर : माँ आकर्षिनी विकास समिति ट्रस्ट, चिलकु के सदस्यों द्वारा पर्यटन सह नगर विकास खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को 15 जनवरी 2026 को आने का दिया न्योता। माँ आकर्षिनी शक्ति पीठ का निकाश सह सौन्दर्यकरण कराने के लिए पूर्व में मंत्री से मिलकर निम्नलिखित मांग रखी गई थी, जो इस प्रकार है—
(1) लाइट की व्यवस्था – गंदपुर गेट से मुख्य पुजारी के घर तक स्ट्रीट लाइट। (2) मेला मैदान में 2 हाई मास्क लाइट एवं गेट हाउस में 1 हाई मास्क लाइट। (3) पहाड़ी के ऊपर तक पानी की व्यवस्था तथा पूरे मैदान में जगह-जगह पानी टेप की व्यवस्था। (4) ऊपर तक सीढ़ियों के किनारे स्ट्रीट लाइट लगाना। (5) सीढ़ियों के ऊपर 50-50 फीट में सेड की व्यवस्था। (6) सीढ़ियों के दोनों तरफ रेलिंग की व्यवस्था। (7) पहाड़ी के ऊपर यात्री सेड (40×60)। (8) पुराने गेस्ट हाउस का मरम्मत तथा दोनों तरफ सेड को व्यवस्था। (9) माँ आकर्षणी गेस्ट हाउस का मरम्मत एवं रंगाई पुताई (10) माँ आकर्षणी गेट हाउस में लाइट, फर्नीचर, बेड, डी.जी की व्यवस्था।
मंत्री के निर्देशानुसार 28 सितंबर 2025 को सरायकेला उपायुक्त महोदय ने निरीक्षण करने आए,तथा माँ आकर्षणी विकास समिति ट्रस्ट के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किए एवं जिला से एक टीम भेज कर सारा रिपोर्ट लिए एवं आश्वस्त किए कि जल्द से जल्द काम करने के लिए। इसके लिए आज मंत्री जी को अपने निवास स्थान स्मार्ट सिटी रांची में भेंट करके आभार सह धन्यवाद प्रकट किए साथ ही 15 जनवरी 2026 अखंड यात्रा में आने के लिए न्योता भी दिया गया।
उपस्थित सदस्यों के नाम— सुधीर कुमार मंडल– (उपाध्यक्ष, माँ आकर्षणी विकास समिति ट्रस्ट), प्रभाकर मंडल– सचिव, कंचन कुमार चौहान, सुधांशु शेखर चौहान, हेमंत कुमार मंडल– सदस्य, सपन कुमार मंडल, केशव प्रधान, लक्ष्मण गांगुली, लखन लाल महतो, सुधीर मण्डल इत्यादि थे।
चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा चौक से डोबो जाने वाले मार्ग पर रविवार को गीतिलबेड़ा नदी किनारे एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मृतका की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत नदी में डूबने से हुई होगी. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है और मृतका की पहचान कराने का प्रयास जारी है. घटनास्थल पर किसी भी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
545 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, कर्मियों के बकाया वेतन के साथ पीएफ व ग्रेच्युटी का होगा भुगतान
लगभग 25 साल से बंद पड़ी केबुल कंपनी (इंकैब) के कर्मचारियों के लिए उम्मीद की एक नयी किरण जगी है. नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) ने वेदांता लिमिटेड के पुनरुद्धार प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. सोमवार को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया. अनुमान है कि दुर्गा पूजा से पहले अंतिम फैसला आ सकता है. यदि यह योजना अमल में आती है तो कंपनी को नया जीवन मिलेगा और सैकड़ों कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा.
वेदांता का प्रस्ताव : 545 करोड़ का निवेश वेदांता ने इंकैब को पुनर्जीवित करने के लिए 545 करोड़ रुपये का निवेश करने और कर्मचारियों को बकाया राशि चुकाने का प्रस्ताव दिया है. इस प्लान को इंकैब की कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स (सीओसी) ने 99 प्रतिशत मतों से मंजूरी दी थी. इंडियन केबल वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राम विनोद सिंह ने बताया कि एनसीएलटी से मंजूरी मिलने के बाद आइबीसी की धारा 53 के तहत कर्मचारियों को 24 महीने और ऑफिसर ग्रेड को 12 महीने का वेतन मिलेगा. साथ ही वेदांता ने पीएफ, ग्रेच्युटी और अन्य मदों में जमा राशि का अलग से भुगतान करने का आश्वासन भी दिया है.कंपनी का इतिहास : उत्थान से बंदी तक इंकैब (पूर्व नाम केबुल कंपनी) की स्थापना 1920 में हुई थी. यह कंपनी कभी करोड़ों की आमदनी करती थी, लेकिन आर्थिक संकट के कारण 1988 में इसका नाम बदलकर इंकैब इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर दिया गया. बाद में काशीनाथ तापुरिया और फिर मलेशियाई कंपनी लीडर यूनिवर्सल ने इसका अधिग्रहण किया.1999 में कंपनी प्रबंधन संकट में आया और दिसंबर 1999 तक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया. अप्रैल 2000 से कंपनी बंद है. बंदी के समय जमशेदपुर में 1850 और देशभर में 2500 कर्मचारी कार्यरत थे.फैक्ट फाइल
बंद होने के समय कर्मचारी (जमशेदपुर) : 1450 वर्तमान में जमशेदपुर में : लगभग 1292
रिटायरमेंट के बाद शेष : लगभग 900 पुणे : 180 कर्मचारी
कोलकाता : 60 कर्मचारी अन्य स्थान : 60 कर्मचारी
बंदी के समय संपत्ति (जमशेदपुर) : 120 करोड़ वर्तमान अनुमानित कीमत : लगभग 500 करोड़
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित एक आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्लांट में गुरुवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि प्लांट परिसर में खाना बनाने के दौरान यह हादसा हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में प्लांट के अंदर रखा अधिकांश सामान उसकी चपेट में आ गया. आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई.
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और झारखंड अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिसके कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान मानगो थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही.
आरओ प्लांट की देखरेख करने वाले टिंकू ने बताया कि वह प्लांट परिसर में खाना बना रहा था. उसी दौरान पास में रखे कपड़े और बेडशीट में अचानक आग लग गई. आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह तेजी से फैलती चली गई. जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया.
इस आगजनी की घटना में पानी की कई जार, मोटर, पाइप, बिजली के उपकरण समेत अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए. टिंकू के अनुसार, इस हादसे में करीब चार से पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक और व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.
जमशेदपुर : जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन आगामी 20-21 दिसंबर को होटल रमाडा में होगा. दो दिवसीय इस महोत्सव में कला, संगीत, मीडिया, लेखन और सिनेमा क्षेत्र की मशहूर हस्तियां भाग लेंगी. जानिए क्या है दो दिन के पूरे कार्यक्रम.
20 जनवरी के सत्र
पहले दिन 20 दिसंबर का शुभारंभ युवा दिलों की धड़कन राहगीर के संघर्ष, राजेश जैस के फिल्मी डायलॉग, अभिषेक चौबे का बॉलीवुड सफर, मनोज सिन्हा का कार्टून कॉर्नर, मनीष पुष्कले की ब्रश, पद्म श्री भज्जू श्याम का कैनवास, पुनीता मिश्र के सोहराय और आकांक्षा सिंह के वर्ली आर्ट के साथ आपके हाथों का छाप होगा. यह कार्यक्रम सुबह सवा दस बजे से 11.30 बजे तक होगा. साढ़े ग्यारह बजे से महोत्सव का उदघाटन और सम्मान समारोह शुरू होगा, जिसमें डॉ.अंजुम शर्मा, व्योमेश शुक्ल, बाबुषा कोहली, डॉ.रविदत्त वाजपेयी, प्रोफेसर स्वाति पराशर, बीएल मित्तल, डॉ.मयंक मुरारी और अचल प्रियदर्शी भाग लेंगे.
उदघाटन समारोह के अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मंत्री योगेन्द्र प्रसाद, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, वरिष्ठ चित्रकार मनीष पुष्कले, लेखक और पत्रकार सोपान जोशी, डीएसडब्ल्यू, दिल्ली यूनिवर्सिटी डॉ.रंजन त्रिपाठी और फिल्म अभिनेता राजेश जैस होंगे. दोपहर बाद दो बजकर 20 मिनट से शाम साढ़े तीन बजे के बीच व्यापार और निवेश की समझ विषय पर एक सत्र होगा, जिसमें बनवारी लाल मित्तल मुख्य वक्ता होंगे.
इस सत्र का संचालन साहित्यकार विनोद दूबे करेंगे. साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच बदलता भारत, बदलती मीडिया कहानी विषयक सत्र होगा. इस सत्र के वक्ता डॉ.अंजुम शर्मा होंगे. शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच साइलेंट सिनेमा से ओटीटी तक विषय पर सत्र होगा, जिसमें फिल्म अभिनेता राजेश जैस और लेखक डीएन ओझा, डॉ.भारती गोरे होंगे. इस सत्र के सूत्रधार दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज के प्रोफेसर एमके पांडेय होंगे.
शाम साढ़े पांच से साढ़े छह बजे के बीच पद्म श्री विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें लक्ष्मण सिंह, सुंडाराम वर्मा, भज्जू श्याम, जमुना टुडू, डॉ.दमयंती बेसरा, चामी मुर्मू, डॉ.जानुम सिंह सोय, प्रेमलता अग्रवाल, शशाधर आचार्या, दीपिका कुमारी और छुटनी देवी शामिल हैं. साढ़े छह बजे से संवाद, साहित्य और लोकतंत्र विषय पर एक सत्र होगा, जिसमें राज्यसभा के सभापति हरिवंश का विशेष उदबोधन होगा. रात आठ बजे से दस बजे तक संगीत की महफिल सजेगी, जिसमें राहगीर का परफॉर्मेंस होगा. पहले दिन ही सरकारी गलियारों से ओटीटी तक-हिन्दी का बढ़ता दायरा, व्यंग्य की धार-राजनीति, समाज और सच, पूर्वोत्तर गीता ज्ञान यात्रा का शुभारंभ, भारत के सबसे रंगीन कोने से बातचीत, बोलचाला की भाषा में कविता-हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं की मिली जुली कविता सरीखे सत्र होंगे, जो ढ़ाई बजे से शाम साढ़े सात बजे के बीच होंगे. ये सारे सत्र क्रिस्टल हॉल में समानांतर चलेंगे.
दूसरे दिन का शुभारंभ बैक लॉन में सुबह 10 बजे से शुरू होगा. ब्रेकिंग न्यूज से रील्स तक-रिपोर्टिंग की असल रियलिटी नामक सत्र में एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन, इंडिया टूडे के डिप्टी एडिटर डॉ.अंजुम शर्मा और प्रभात खबर के पूर्व संपादक अनुज कुमार सिन्हा शामिल होंगे. पौने बारह बजे से 12 बजकर 25 मिनट तक सिकुड़ती नदियों की कहानी-जल संकट और जन भागीदारी पर डॉ.दिनेश कुमार मिश्र का व्याख्यान होगा. शब्द, समाज और सरोकार नामक सत्र 12 बजकर 25 मिनट से होगा, जिसमें लेखक और पत्रकार सोपान जोशी का व्याख्यान होगा. लंच के बाद दोपहर 2 बजकर 40 मिनट से साढ़े तीन बजे तक लकीरों में छुपा सच-हिन्दी कार्टून की ताकत सत्र में कार्टूनिस्ट आबिद सूरती और मनोज कुमार सिन्हा भाग लेंगे. अंत चेतना और स्व उत्थान-भारतीय साहित्य की दृष्टि के वक्ता वशिष्ठ चौधरी और रविदत्त वाजपेयी होंगे. शाम 4 बजकर 20 मिनट से स्क्रीन अनकट-निर्देशक और अभिनेता से बेबाक संवाद नामक सत्र को अभिनेता अभिषेक चौबे और पंकज झा संबोधित करेंगे. कहानी की कक्षा-शब्दों से लेकर पुस्तक तक का सफर विषयक सत्र को स्टोरीबाज दिव्यप्रकाश दूबे संबोधित करेंगे. रात साढ़े सात बजे से पद्मश्री गुलाबो सपेरा का मोहक कालबेलिया नृत्य होगा. इसी के साथ दूसरे दिन क्रिस्टल हॉल में कैनवास और ब्रश की जादुई क्लास, जहां रंगे बोलेंगे, गांधी और विनोबा-परिवार, समाज और राजनीति में सात्विकता के पथ प्रदर्शक, हिन्दी के प्रचार में जुटे समाज सेवियों का सम्मान, जल जंगल और जन भागीदारी, दर्शन की सीमाएं नहीं होती-एक गहन विचार यात्रा, शंकराचार्य से वीर सावरकर तक-धर्म, राष्ट्र और साहित्य, जब लगेगा गजल कविता का तड़का, तब बनेगा माहौल सत्र का समानांतर संचालन होगा.
इस महोत्सव में शहर के पांच साहित्यकारों को विद्यादीप वयोवृद्ध साहित्य गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा. इनके नाम हैं-डॉ.सी भास्कर राव, दिनेश्वर प्रसाद सिंह दिनेश, अरविंद विद्रोही, लक्ष्मी निधि और निर्मला ठाकुर. इनके अलावा डॉ.जूही समर्पिता, प्रसन्नजोत तिवारी, गोविंद दोदराजका, सुखदेव महतो, जयनंदन, हरि मित्तल, कमल किशोर अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, विजय शर्मा और टैगोर सोसायटी को विद्यादीप सम्मान से नवाजा जाएगा.
सरकारी एवं टाटा लीज की भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। भू-माफिया एवं असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण से न केवल सरकार के राजस्व को क्षति पहुंच रही है, बल्कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उक्त के मद्देनजर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा संबंधित मामलों में जांचोपरांत विधि सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त के आदेशानुसार अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु कुल 5 टीमों का गठन किया गया है। टीम-1 (जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए) एवं टीम-2 (जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए) में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी अवैध निर्माण कार्यों की पहचान करेंगे तथा चिन्हित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार बिजली एवं पानी के संयोजन विच्छेद की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
टीम-3 (जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए) एवं टीम-4 (जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए) में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी चिन्हित अवैध निर्माणों को नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत ध्वस्त/हटाने की नियमानुसार कार्रवाई करेंगे । वहीं टीम-5 को सड़क किनारे स्थित अतिक्रमण को निरंतर रूप से हटाने का निर्देश दिया गया है।
अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई से 48 घंटे पूर्व अधिसूचित क्षेत्र समिति एवं मानगो नगर निगम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं चिन्हांकन का कार्य किया जाएगा। कार्रवाई के उपरांत सभी प्रतिनियुक्त टीमें संबंधित पदाधिकारी के नेतृत्व में सप्ताह में नियमित रूप से कार्य करेंगी तथा निर्धारित शुल्क के साथ विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन उप नगर आयुक्त, अक्षेस, जमशेदपुर / मानगो नगर निगम को समर्पित करेंगी।
इसके अतिरिक्त, टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित लीज नवीकरण की भूमि पर अतिक्रमण की समीक्षा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय क्रॉस फंक्शनल टीम का गठन किया गया है, जो दिनांक 01.01.2026 से अगले आदेश तक कार्यरत रहेगी। क्रॉस फंक्शनल टीम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ क्षेत्रीय कर्मियों/पर्यवेक्षकों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में अतिक्रमण की जांच कराएं, अतिक्रमण हटाने/रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई का दैनिक प्रतिवेदन अपने माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर को समर्पित करें। साथ ही अंचल अधिकारी, जमशेदपुर को टाटा लीज क्षेत्र के अतिरिक्त सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने हेतु भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर एवं सख्ती से चलाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा संचालित सड़क परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क, एलिवेटेड कोरिडोर निर्माण के क्रम में अतिक्रमण, भूमि अधिग्रहण, विद्युत, पेयजल स्वच्छता, जूस्को आदि विभागो से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अंतर विभागीय अधिकारियों के साथ विद्युत लाइन, पेयजल पाइप लाइन शिफटिंग करने हेतु एक साप्ताह के अंदर संयुक्त स्थल निरीक्षण, आवश्यक सर्वे कर समस्या का समाधान निकाले। अतिक्रमण मामले पर कार्रवाई करते हुए स्वीकृत नाक्शा व डिजाईन के हिसाब से यथाशीघ्र काम प्रारंभ करने तथा जमीन अधिग्रहण मामले पर ससमय अनुमान्य मुआवजा राशि देने सहित गलत म्यूटेशन मामले पर अंचल निरीक्षक जमशेदपुर को गलत म्यूटेशन को रद् करने की कार्रवाई शुरू करने का निदेश दिया। बाबा तिलका माझी डिमना चौक मामले पर अनुमंडल पदाधिकारी को वार्ता कर समाधान निकालने हेतु निदेश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास एवं आवागमन सुदृढ़ीकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में सभी कार्य निर्धारित समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं। साथ हीं इस बात को सुनिश्चित किया जाय कि मूलभुत नागरिक सुविधायें सुचारू रूप से चलते रहे। इस बाबत सभी विभागों, एजेंसियों के पदाधिकारी आपसी समन्वय बना कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करें। बैठक में उपायुक्त के अलावे वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री सबा आलम अंसारी, अपर उपायुक्त श्री भागीरथ प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्रीमति गुंजन कुमारी सिन्हा, एसडीओ धालभूम श्री चंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग व जूस्को के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित मौजूद थे।
धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों एवं विकास योजनाओं का भौतिक निरीक्षण उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान द्वारा किया गया। निरीक्षण के क्रम में धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित नरसिंहगढ़ +2 उच्च विद्यालय में संचालित लैब का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित लैब कोऑर्डिनेटर द्वारा लैब में उपलब्ध समस्त उपकरणों की जानकारी विस्तृत रूप से दी गई। उप विकास आयुक्त द्वारा लैब में उपलब्ध सभी उपकरणों की सूची का विधिवत संधारण रजिस्टर में करने का निर्देश दिया गया।
लैब कोऑर्डिनेटर द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को ऐप डेवलपमेंट एवं कोडिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि विद्यार्थियों का उपस्थिति रजिस्टर संधारित किया जाए, साथ ही प्रत्येक कक्षा की स्टिल फोटोग्राफी अथवा छोटे-छोटे वीडियो क्लिप तैयार कर प्रत्येक माह के अंत में प्रखंड विकास अधिकारी, धालभूमगढ़ को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्यालय के शिक्षक अंबिका दास को अटल टीनकेरिंग लैब का नोडल शिक्षक नियुक्त करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत उप विकास आयुक्त द्वारा धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत मनरेगा एवं ग्रामीण/अबुआ आवास योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया गया। ग्राम कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ में मनरेगा योजना अंतर्गत लाभुक जोबा सिंह, मंगला सिंह एवं मनोरंजन सिंह की क्रमशः आम बागवानी एवं मिश्रित बागवानी योजनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बागवानी में इंटरक्रॉपिंग, नियमित पटवन, घास सफाई, पेस्टीसाइड का छिड़काव एवं मृत पौधों के प्रतिस्थापन हेतु प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी पंचायत में अबुआ आवास योजना अंतर्गत 12 लाभुक के निर्माणाधीन आवासों का भौतिक निरीक्षण किया गया। सभी लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के अगले क्रम में पंचायत जुगीशोल में लाभुक गणेश महतो एवं हेमंत महतो की मनरेगा योजना अंतर्गत मिश्रित बागवानी का निरीक्षण किया गया तथा बागवानी कार्यों में इंटरक्रॉपिंग, नियमित सिंचाई, घास सफाई एवं पेस्टीसाइड छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी ग्राम में अबुआ आवास योजना अंतर्गत लाभुक विजय महतो, प्रभाती महतो, सुकरू सिंह एवं पोस्टू कर्मकार के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया एवं सभी आवासों को ससमय पूर्ण करने हेतु संबंधित पंचायत सचिव एवं प्रखंड समन्वयक, आवास योजना (ग्रामीण) को निर्देशित किया गया।
पंचायत जुगीशोल, ग्राम पाण्डुदा में दीदी बाड़ी योजना अंतर्गत लाभुक दुलारी सोरेन एवं धनमानी सोरेन के कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाभुकों द्वारा सेम, करेला, साग, लौकी एवं लहसुन की खेती की जा रही है। साथ ही ग्राम पाण्डुदा में अबुआ आवास योजना अंतर्गत लाभुक सुहागी मुर्मू एवं संध्या देवी के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर संबंधित पंचायत सचिव एवं प्रखंड समन्वयक, आवास योजना (ग्रामीण) को आवास शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।