जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया किया है वहीं 19 चोरी के वाहन को भी भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सरगना बर्मामाइंस राजीव भगत उर्फ आड़ू , राजन दास, टेल्को महानंद बस्ती निवासी रोनित दीप उर्फ पोलियो, विशाल दास और शंभू पासवान शामिल है. आरोपियों के पास से पुलिस ने एक मास्टर चाबी भी बरामद की है जिसे चोरी करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था.
जानकारी देते हुए सिटी एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि बीते दिनों साकची से एक स्कूटी की चोरी कर ली गई थी जिसे गाड़ाबासा के पास से बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से राजीव को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने अन्य लोगों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में जानकारी मिली कि बाइक चोरी करने के बाद सभी विशाल, रोनित और शंभू के पास तीन से पांच हजार में गिरवी रख देते थे. इसी बीच विशाल, रोनित और शंभू चोरी के वाहन को ज्यादा दामों में बेचकर रुपए को आपस में बांट लेते थे. अब तक 30 से 40 बाइक को बेच दिया गया है.
भाजपा जमशेदपुर महानगर ने रविवार को एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 56वीं पुण्यतिथि ‘समर्पण दिवस’ के रूप में मनायी. साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अमर रहे, भारत माता की जय से कार्यालय परिसर गुंजायमान रखा. इसके बाद जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची पश्चिम मंडल अंतर्गत जेल चौक स्थित दीनदयाल भवन में दीनदयाल उपाध्याय के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया.
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पंडित जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित करने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारक थे. समाज के कमजोर तबके के उत्थान के लिए वे हमेशा संघर्षरत रहे. उनकी एकात्मक मानववाद की दृष्टि निर्धनता और अशिक्षा को दूर कर समाज के सभी स्तरों पर समानता स्थापित करने की रही है. उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के कल्याण के लिए हितग्राही मूलक योजनाएं लगातार चला रही हैं. उन्होंने कहा कि हम सभी को पं दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की नि:स्वार्थ रूप से सेवा करनी है. उन्होंने कहा कि उनके सिद्धांतों और विचारधारा को साकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
संगठन की गतिविधियों को संचालित करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘समर्पण दिवस’ के मौके पर सहयोग राशि समर्पित की. इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बंद लिफाफे के माध्यम से सहयोग निधि में अपना अंशदान समर्पित किया. पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को भाजपा महानगर अंतर्गत सभी 28 मंडलों में मनाया गया. इस दौरान मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, नीरज सिंह, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राकेश सिंह, पप्पू सिंह, नीलू मछुआ, राजीव सिंह, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, नारायण पोद्दार, कौस्तव रॉय, राजीव रंजन सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, अमित अग्रवाल, बिनोद राय, बजरंगी पांडेय, अजय सिंह, हलदर नारायण साह, दशरथ चौबे, हरिकिशोर तिवारी, पुरुषोत्तम मिश्रा, अप्पा राव, विजय तिवारी, अमिताभ सेनापति, अमरजीत सिंह राजा, अभिमन्यु सिंह, अमित सिंह, शैलेश गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव, शशांक शेखर, दिलीप पासवान, अमर सिंह, दीपक सिंह, ऋषव सिंह, नरेंद्र सिंह पिंटू, अभिषेक डे, रामप्रसाद जायसवाल, रमेश विश्वकर्मा, संजीत चौरसिया, महेंद्र प्रसाद, अतुल प्रभात, मुकेश कुमार, सोनू सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
जमशेदपुर : सुवर्ण वणिक समाज के केंद्रीय, जिला एवं शाखा कमेटियों के सौजन्य से रविवार को समाज के बाराद्वारी स्थित भवन में आयोजित ऐतिहासिक 16वॉ रक्तदान शिविर में 503 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष रक्तदाताओं में उत्साह एवं रुझान देखा गया.
शिविर को सफल बनाने में समाज के 200 से अधिक समर्पित कैडर, भीवीडीए जमशेदपुर एवं रोटरी क्लब जमशेदपुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बड़ी संख्याओं में पति – पत्नी, पिता – पुत्र, पिता – पुत्री, मां – बेटा एवं मां – बेटियों के द्वारा जोड़ियां में रक्तदान के साथ-साथ जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी श्री विकास सिंह के द्वारा बड़ी उत्साह के साथ किया गया रक्तदान भी आज के रक्तदान शिविर का मुख्य आकर्षण रहा।
सुबह से शाम तक चली इस शिविर में कदमा शाखा से आए समाज के समर्पित महिलाओं द्वारा रक्तदाताओं का पूर्ण रूप से सहयोग किया गया. आयोजन को सफल बनाने में समाज के बाहर के सैकड़ो हितैषी मित्रों का भी सराहनीय योगदान रहा है। शिविर का शुभारंभ कुलदेवी श्री श्री मां बाघेश्वरी देवी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया. बाराद्वारी स्थित समाज के भवन में आयोजित ऐतिहासिक शिविर को लेकर समाज के नई पीढ़ी के प्रगतिशील युवाओं में काफी उत्साह का माहौल देखा गया.
पटना यूनिवर्सिटी के सभी छात्रावास में रविवार को सघन छापेमारी कर हर कमरे की तलाशी ली गई. यह छापेमारी सरस्वती पूजा के दौरान किसी तरह के हंगामे से निपटने के लिए पटना पुलिस ने की.
वहीं छापेमारी में पुलिस को कॉलेज के हथुआ हॉस्टल कैंपस के पास से बम भी बरामद हुआ. बम की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. तत्काल मौके पर जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंची. वहीं बम स्क्वायड की टीम ने बम को डिफ्यूज किया. इसके बाद से घटनास्थ्ल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई.
बम मिलने के बाद हॉस्टल पहुंची पुलिस बता दें कि हथुआ हॉस्टल कैंपस के पास बम मिलने से पुलिस जांच में जुट गई. हॉस्टल के समीप आखिर यह बम कहां से आया. इसे यहां रखने के पीछे का उद्देश्य क्या था इन सब सवालों को लेकर पुलिस जांच कर रही है. ऐसे में पुलिस बल ने हथुआ व पीजी हॉस्टल के हर एक कमरे की सघन तलाशी ली. इन दोनों हॉस्टलों में सरस्वती पूजा की तैयारी चल रही है. वहीं एक दिन पहले पुलिस टीम ने पटना कॉलेज के मिंटो व जैक्सन हॉस्टल की भी जांच की थी.
अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी ला कालेज के समीप हथुआ छात्रावास के मुख्य द्वार से दक्षिण में कूड़ादान में मिले देसी सुतली बम को पुलिस ने गंगा किनारे ले जाकर डिफ्यूज कर दिया. सुलतानगंज थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के हथुआ छात्रावास के मुख्य द्वार से दक्षिण में कूड़ादान में रविवार की दोपहर एक देसी सुतली बम बरामद हुआ. बरामद सुतली बम के बगल में एक काले रंग के बैग में एक बंडल सुतली, नौ पीस माचिस का डब्बा, 28 पीस पान मसाला का टीन का डब्बा पुलिस ने बरामद किया. एएसआइ विनीत कुमार सिंह ने हथुआ छात्रावास के अज्ञात छात्रों के विरूद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी किया है.
छात्रों को डीएसपी टाउन ने दी चेतावनी मिली जानकारी के अनुसार डीएसपी टाउन अशोक कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा को लेकर छात्रों को चेतावनी दी गई है कि किसी तरह की विधि व्यवस्था खराब होने पर इसके जिम्मेदार छात्र होंगे. कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सांस्कृतिक कार्यक्रम पर लगाई रोक पूजा के दौरान कॉलेज पसिर व हॉस्टल में सांस्कृतिक कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है. साथ ही डीएसपी टाउन ने बताया कि पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है. पूजा समाप्त होने तक थानाध्यक्षों को गश्ती बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया है.
असामाजिक तत्वों से होगी सख्ती गौरतलब हो कि सरस्वती पूजा के मौके पर पटना पुलिस के मौजूदगी में कई बार गोलीबारी, बमबाजी और मारपीट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं. इन मामलों में कई लोग पकड़े भी गए हैं, बावजूद इसके घटनाएं घट जाती हैं. हालांकि इस बार पुलिस का दावा है कि किसी भी असामाजिक तत्वों को सख्ती से निपटा जाएगा.
दो दिन पहले ही खोला गया है हॉस्टल बता दें कि पटना विश्वविद्यालय के पटना कॉलेज स्थित चारों हॉस्टलों को दो महीने के बाद फिर से खोल दिया गया है. इकबाल, नदवी, मिंटो और जैक्सन छात्रावास के खुलने के बाद अब छात्र लौटने लगे हैं. हॉस्टल खुलने के साथ ही छात्र सरस्वती पूजा की तैयारी में जुट गए हैं. बीते वर्ष 8 दिसंबर को पटना कॉलेज के मिंटो, जैक्सन, इकाबाल व नदवी हास्टल को सील कर दिया गया था. विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कदम हॉस्टल के छात्रों के बीच बमबाजी, गोलबारी, मारपीट के बाद उठाया था.
जमशेदपुर : तख्त श्री हजूर साहब प्रबंधन कमेटी कानून 2024 की आलोचना करने वाले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं शिरोमणि अकाली दल पर बरसते हुए अधिवक्ता कुलविंदर सिंह ने कहा है कि वे खुद दरियादिली क्यों नहीं दिखाते हैं? शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में देश के सभी राज्यों में बसे सिखों की किसी एक धार्मिक संस्था को प्रतिनिधित्व क्यों नहीं देते हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदधारियां का आलम तो यह है कि वे अधिकार के भूखे हैं। दूसरों को अधिकार नहीं देना चाहते हैं।
पंजाब राज्य से बाहर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तख्त श्री हजूर साहब प्रबंधन कमेटी नांदेड़ महाराष्ट्र एवं तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी पटना बिहार में तो शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रतिनिधित्व है परंतु शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इनमें से किसी को भी अपने कमेटी में प्रतिनिधित्व नहीं दे रखा है। पंच प्यारे पदेन सदस्य हैं परंतु उनसे अलग भी प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। एसजीपीसी को प्रतिनिधित्व के साथ पद भी चाहिए तभी यह कमेटी के हित में काम करते हैं, अन्यथा बैठकों से भी दूर रहते हैं।
अधिवक्ता कुलविंदर सिंह ने श्री अकाल तख्त साहब के जत्थेदार सिंह साहब ज्ञानी रघबीर सिंह को पत्र लिख आग्रह किया है कि पांच प्यारों की बैठक बुलाकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को आदेश दें कि देश के सभी राज्यों के सिख संस्थाओं का प्रतिनिधित्व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में दिया जाना चाहिए क्योंकि वह देश की सर्वोच्च सिख संसद है। यदि ऐसा होता है तब समझा जाएगा कि देश के सिखों के साझे हित के लिए उसकी आवाज उठती है अन्यथा यह समझा जाएगा कि वह दल विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए अपनी बातों को रखती है।
गिरिडीह : सरस्वती पूजा को लेकर रविवार को शांति समिति की बैठक थाना प्रभारी सन्नी सुप्रभात की अध्यक्षता में की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महेंद्र रविदास, जिप सदस्य पवन कुमार चौधरी, मुखिया गुरुसहाय रविदास, कांग्रेस यादव, जयराम यादव, इंद्रदेव यादव, नागेश्वर यादव, कन्हाय राम, सुधीर सिंह, एसआई राहुल चौबे, दीपक कुमार व समाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे.
थाना प्रभारी सन्नी सुप्रभात ने बताया कि सरस्वती पूजा में सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थान को शांति एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में सरकार के गाइड लाइन का पालन करते हुये मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि डीजे नहीं बजेगा. पूजा पंडाल में या विसर्जन जुलूस में ऐसा कोई काम नहीं करें, जिससे किसी की भावना आहत हो. समिति के सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरस्वती पूजा मनाने का प्रशासन को भरोसा दिलाया. प्रशासन द्वारा भी अपने स्तर से भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया गया. बीडीओ महेंद्र रविदास ने कहा कि पूजा स्थल पर डीजे पर प्रतिबंध है. उन्होंने पूजा कमेटियों से हुड़दंगियों पर नजर रखने एवं तुरंत सूचना देने की बात कही. उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस लिए पूजा की अनुमति नहीं दी जाएगी.
जमशेदपुर : घर तो घर भगवान के दर भी नहीं सुरक्षित। कदमा थाना अंतर्गत भाटिया बस्ती काली मंदिर के दान पेटी चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है. चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट में लगा ताला तोड़ा और परिसर में रखे दान पेटी की चोरी कर ली. दान पेटी घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर स्थित वर्कर्स फ्लैट परिसर में मिली. मंदिर के पुजारी बबलू पंडित को घटना की जानकारी तब हुई जब वे रविवार सुबह मंदिर पहुंचे. उन्होंने पाया कि मंदिर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ है और मंदिर में रखा दानपेटी गायब है. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना पाते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को क्षेत्र में पेट्रोलिंग नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में नशेड़ियों की संख्या बढती जा रही है जिससे इस तरह की घटनाएं भी बढ गई है.
मामले को लेकर मंदिर के पुजारी बबलू पंडित ने बताया कि वे सुबह मंदिर खोलने पहुंचे थे तभी इस घटना की जानकारी हुई. बबलू पंडित ने बताया कि दानपेटी को एक साल से नहीं खोला गया था. दान पेटी में 90 हजार रुपये होने का अनुमान है. इधर, शिकायत मिलते हुए कदमा पुलिस हरकत में आई और आस-पास लगे सीसीटीवी फूटेज की जांच की.
जमशेदपुर : सांसद विद्युतवरण महतो सहित झारखंड के 13 सांसदों ने रेल मंत्री से मिलकर मांग की कि झारखंड का अपना रेलवे जोन होना चाहिए। इस सिलसिले में रेल मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में सांसदों ने रेल मंत्री से मांग की कि झारखंड में अत्याधुनिक सेवाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस समेत राजधानी एवं इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसे ट्रेनों का परिचालन हो रहा है और वृहद स्तर पर राज्य में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास जारी है।
इसके साथ ही रेलवे को मालगाड़ियों से प्राप्त हो रहे राजस्व में झारखंड का विशिष्ट योगदान है। हम सभी का मानना है कि तमाम सुविधाओं और अत्यधिक रेल ट्रैफिक होने के कारण झारखंड का अपना अलग रेलवे जोन होना उचित होगा। हमें विश्वास है कि अलग रेलवे जोन बनाने से रेलवे के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। राज्य का सर्वांगीण विकास होगा और रेल प्रबंधन बेहतर व सरल बनेगा। इस जोन के लिए राज्य की राजधानी रांची उपयुक्त होगी। इस महत्वपूर्ण मामले पर संज्ञान लेते हुए जनहित में उचित कार्रवाई करने की कृपा करें।
ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वालों में सांसद विद्युतवरण महतो के अलावा जयंत सिन्हा, अर्जुन मुंडा, आदित्य प्रसाद, समीर उरांव, सुनील सोरेन, सुनील कुमार सिंह, दीपक प्रकाश, बीडी राम, सुदर्शन भगत, अन्नपूर्णा देवी, चंद्र प्रकाश चौधरी एवं संजय सेठ शामिल हैं।
पटना : बिहार समेत देशभर में चर्चित प्रख्यात साहित्यकार पद्मश्री डॉ. उषा किरण खान का रविवार को पटना के एक अस्पताल में निधन हो गया है. डॉ. उषा किरण खान के निधन से साहित्य जगत के क्षेत्र में शोक ली लहर है. डॉ. उषा किरण खान हिंदी और मैथिली की प्रसिद्ध रचनाकार थी. उषा किरण खान को मैथिली उपन्यास भामती के लिये साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था.
पूर्व आईपीएस रामचंद्र खान की पत्नी डॉ. उषा किरण खान मूल रूप से दरभंगा के लहेरियासराय की रहने वाली थीं. मिली जानकारी के अनुसार डॉ. उषा किरण खान का रविवार को पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि डॉ. उषा किरण खान कुछ दिनों से थी अस्वस्थ चल रही थीं. उन्हें इलाज के लिए पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
झारखंड पर दो दिन भारी रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि सूबे में 11 फरवरी से दो दिन तक मौसम बेहद खराब रहेगा। मौसम विभाग की ओर से इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। खासकर किसानों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कुछ छिटपुट जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी कमोबेश ऐसी ही स्थितियां देखी जा सकती हैं। इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम…
IMD के मुताबिक, मौजूदा वक्त में दक्षिण गुजरात पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यही नहीं कर्नाटक तट से लेकर विदर्भ होते हुए दक्षिण गुजरात तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ और झारखंड में मौसम दो दिनों तक खराब रहेगा। इसके कारण 11 से 13 फरवरी के दौरान झारखंड और 11 और 12 तारीख को छत्तीसगढ़ में छिटपुट गरज के साथ छिटपुट बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ और झारखंड दोनों ही राज्यों में लगातार दो दिन तक आंधी पानी और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 11 तारीख को पश्चिमी मध्य प्रदेश में जबकि 11 से 13 फरवरी के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यदि देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो पंजाब और हरियाणा में रविवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे रहा। आईएमडी के मौसम बुलेटिन के अनुसार, बठिंडा पंजाब में सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 11 और 12 फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ में और 11 फरवरी को विदर्भ में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। 11 और 12, 15 और 16 फरवरी को ओडिशा में जबकि 11 फरवरी को तेलंगाना में और 12 से 14 फरवरी के दौरान दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है।