जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल को लेकर शिकायतें आये दिन सुनने में आ रही है, कभी डॉक्टरों को लेकर, कभी इलाज को लेकर और कभी वहाँ की व्यवस्था को लेकर। एमजीएम के विरुद्ध शिकायतों की फ़ेहरिस्त में एक शिकायत आज फिर जुड़ गई है। मामला एमजीएम अस्पताल के मोक्ष वाहन के कर्मी पर पैसे मांगने के आरोप का है। (जारी…)
बताया जा रहा है कि मुसाबनी के मरीज विजय पूर्ति की मौत के बाद उसके शव को मुसाबनी ले जाना था। उसके परिजनों ने बताया कि उनके मरीज के इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई है। शव को घर ले जाने के लिए मोक्ष वाहन केंद्र में गए, लेकिन वहां मौजूद कर्मी ने बताया कि मुसाबनी जाने का 3200 रुपये लगेगा। मरीज हरा कार्ड धारी था। कर्मी ने मुसाबनी जाने-आने का 68 किमी का 3200 रुपये मांगा, लेकिन परिजनों ने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। इलाज में खर्च हो गया। तब 2600 रुपये की मांग की गई। जबकि मोक्ष वाहन के लिए 9 रुपये प्रति किलोमीटर का दर निर्धारित है।
जमशेदपुर : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा, ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधारात्मक कार्य, सघन वाहन जांच, हिट एंड रन के मामले, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आदि की समीक्षा की गई. इस दौरान उपायुक्त ने ड्रिंक एंड ड्राइव तथा दो पहिया वाहनों में साइलेंसर मॉडिफिकेशन करने के मामले में सख्ती बरतने का निर्देश दिया. (जारी…)
ऐसे वाहन चालकों का तत्काल ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी निर्देश दिया.सड़क दुर्घटना के घायलों को मदद के लिए आगे आने वाले गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की बैठक में प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का निर्देश दिया गया. शहर में ऑटो चालकों की पहचान के लिए ड्रेस कोड का अनुपालन कराने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया. साथ ही ऑटो के दायीं साइड को बंद करने को कहा गया, ताकि सवारी दायीं तरफ से नहीं उतर सकें. (जारी…)
वहीं स्कूल बसों एवं वैन में सुरक्षा मानकों का अनुपालन हो रहा है या नहीं इसकी जांच करने, स्कूल एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा के प्रति नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाने का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर मुख्य रूप से डीडीसी मनीष कुमार, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, एसडीएम घाटशिला सत्यवीर रजक, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, डीपीआरओ रोहित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात अनिमेष गुप्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक निशु कुमारी, बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग राज्य में दवा खरीद में हुए घोटाले की लीपापोती करने में लगा है. यह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आदेश पर हो रहा है. इसे लेकर उन्होंने एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर ऊंची दर पर दवा की खरीद हुई थी. (जारी…)
इसे लेकर उन्होंने विधानसभा में सवाल उठाया था. स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में उनके प्रश्न का गलत उत्तर दिया और विधानसभा से तथ्य छिपाया. स्वास्थ्य मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि तीन सदस्यीय कमेटी मामले की जांच करेगी और 30 दिन में जांच रिपोर्ट देगी, लेकिन कई महीने बीत गये. जांच रिपोर्ट तो नहीं आई, उल्टे जांच समिति भंग कर दी गई. (जारी…)
इसके बाद जूनियर अधिकारियों की दूसरी समिति बनी. नई कमेटी को बने दो महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अबतक जांच रिपोर्ट का कोई पता नहीं है. सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि मामले की अपने स्तर से कार्रवाई करें. उन्होंने मामले को लेकर आरटीआई से मिली जानकारी की फोटोकॉपी भी स्पीकर को भेजा है.
जमशेदपुर : टाटा स्टील व टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) ने त्योहारी मौसम में जमशेदपुर सहित सरायकेला-खरसावां के उपभोक्ता को बिजली का बड़ा झटका दिया है।
बिजली दरों में इतने का हुआ है इजाफा
जमशेदपुर के उपभोक्ताओं की वर्तमान बिजली दर में फिक्सड चार्ज में न्यूनतम 10 रुपये से अधिकतम 25 रुपये जबकि एनर्जी चार्ज में प्रति यूनिट 10 पैसे से अधिकतम 55 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, सरायकेला-खरसावां के उपभोक्ताओं की वर्तमान बिजली दर फिक्सड चार्ज में न्यूनतम 10 रुपये से अधिकतम 45 रुपये एवं एनर्जी चार्ज प्रति यूनिट पांच पैसे से लेकर अधिकतम 20 पैसे तक बढ़ोतरी की गई है।
उपभोक्ताओं ने किया था पूरजोर विरोध
नई बढ़ोतरी एक अक्टूबर, 2023 से प्रभावी होगी। टाटा स्टील और जुस्को के उपभोक्ताओं की बिजली दर में बढ़ोतरी के लिए सात जुलाई को क्रमश: बिष्टुपुर चैंबर भवन और आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा जनसुनवाई हुई थी और दोनों ही स्थानों पर बढ़ोतरी का उपभोक्ताओं ने विरोध किया था।
इसके बावजूद दोनों ही स्थानों पर बिजली बढ़ोतरी को आयोग ने मंजूरी देते हुए अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है और इसे 1 अक्टूबर से लागू करने की बात भी कही है। जमशेदपुर में लगभग 51 हजार जबकि सरायकेला-खरसावां में लगभग 10 हजार उपभोक्ता हैं, जिन पर नई दर प्रभावी होने से आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के विभन्नि क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ओल्ड पुरुलिया रोड,आजाद नगर,जाकिरनगर, डिमना रोड, डिमना बस्ती आदि क्षेत्रों में निरीक्षण कर डेंगू के लार्वा की जांच की गई। (जारी…)
जांच में जिनके घर पर डेंगू का लार्वा या जलजमाव पाया गया उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जवाहरनगर रोड नंबर 9 में 10, 000 जुर्माना वसूला गया। घर के आस-पास गंदगी न फैलाने एवं जल जमाव नहीं करने की चेतावनी दी गई।
जमशेदपुर : भारतीय जनतंत्र मोर्चा बिरसानगर मंडल पूर्वी की ओर से स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया गया। अध्यक्ष शंकर कर्मकार के नेतृत्व में बिरसानगर मंडल पूर्वी जोन नंबर- 1 बी, जोन नंबर – 3, काली मंदिर के समीप, जोन नंबर- 3, नीलडीह स्कूल के समीप कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई की। इस दौरान मंडल कार्यकर्ताओं के द्वारा एंटी लार्वा का छिड़काव भी करवाया गया। (जारी…)
विदित हो की जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के दिशा निर्देश पर भाजमो के द्वारा दिनांक 15 अक्टूबर तक स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया जा रहा है और प्रत्येक दिन जमशेदपुर महानगर के अलग-अलग स्थानों पर भाजमो कार्यकर्ता भ्रमण कर गली मोहल्लों में गंदगी, कुड़े- कचड़े, नालियों का जल जमाव सहित अन्य का मुआयना करेंगे और तद्नुसार जेएनएसी एवं जुस्को को सुचित करेगे।
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टिनप्प्लेट अस्पताल में 23 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधक के विरुद्ध लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जिसकी सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया (जारी…)
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार टेल्को प्रेम नगर निवासी बिपिन राय की की 23 वर्षीय पुत्री निधि राय को बुखार की शिकायत के बाद मंगलवार 3 अक्टूबर को रात के करीब 7 बजे टिनप्प्लेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहाँ जरनल वार्ड में उसका इलाज हो रहा था लेकिन बुधवार की शाम तबियत बिगड़ने पर निधि को आईसीयू में भर्ती किया गया। जहाँ इलाज के दौरान आज दोपहर करीब 1.30 बजे के आसपास अस्पताल द्वारा परिजनों को बताया गया कि निधि की मृत्यु हो गई। (जारी…)
खबर सुनकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन दोषी डॉक्टर और नर्स पर करवाई की मांग कर रहे हैं। निधि के पिता बिपिन ने डॉक्टरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमने डॉक्टरों को रेफर करने के लिए भी कहा था लेकिन डॉक्टरों ने रेफर नहीं किया और आज उसकी मृत्यु हो गयी।
राँची : राँची सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत ने नेशनल शूटर तारा शाहदेव को प्रताड़ित करने के तीनों दोषियों रंजीत कोहली उर्फ रकिबुल हसन, हाईकोर्ट के बर्खास्त पूर्व रजिस्ट्रार (विजिलेंस) मुश्ताक अहमद और कोहली की मां कौशल रानी के खिलाफ सजा का एलान कर दिया है। सीबीआई कोर्ट ने रंजीत कोहली को IPC की धारा 120B, 376, 323, 298, 506 और 496 में दोषी पाया गया है। वहीं कौशल्या रानी को IPC की धारा 120B,298,506 और 323 में दोषी पाया गया है। मुश्ताक अहमद को IPC की धारा 120B और 298 में दोषी पाया गया है। (जारी…)
रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली को आजीवन कारावास का सजा दी गयी है। उस पर पचास हज़ार का जुर्माना लगा है। मुश्ताक अहमद को 15 साल सश्रम कारावास की सजा और पचास हजार जुर्माना, कौशल रानी को दस साल की सजा, पचास हजार का जुर्माना लगाया गया है। कोर्ट ने उक्त सभी को 30 सितंबर को दोषी करार दिया था जिसके बाद से ये न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई की ओर से केस साबित करने के लिए कुल 26 गवाह पेश किये गये। उन गवाहों और सीबीआई द्वारा पेश किये गये सबूतों के आधार पर कोर्ट ने रकिबुल हसन उर्फ रंजीत कोहली, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी को दोषी करार दिया था। (जारी…)
दो जुलाई 2018 को रकिबुल हसन उर्फ रंजीत कोहली, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी के खिलाफ आरोप गठित किया था। रांची के हिंदपीढ़ी थाना में दर्ज प्राथमिकी 742/2014 को सीबीआई ने वर्ष 2015 में टेक ओवर किया था। सीबीआई की दिल्ली ब्रांच ने इस मामले में कांड संख्या RC/ 9S/15 दर्ज किया था। रंजीत कोहली उर्फ रकिबुल हसन, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी पर सोची समझी साजिश के तहत तारा शाहदेव के साथ मारपीट करने, धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था, जो कोर्ट के फैसले के बाद अब प्रमाणित हो गया है। (जारी…)
आरोपों के मुताबिक, 7 जुलाई 2014 को तारा शाहदेव और रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली की शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। लेकिन शादी के दूसरे दिन यानी 8 जुलाई को रकिबुल और मुश्ताक अहमद ने तारा को इस्लाम धर्म के मुताबिक निकाह करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव देना शुरू किया। शादी के कुछ दिनों बाद तारा जब मुश्ताक अहमद के घर इफ्तार पार्टी में गयी तो उसने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। सीबीआई ने जो अहम गवाह कोर्ट में पेश किये उसमें तारा शाहदेव, दिवंगत पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, काजी जान मोहम्मद, ब्लेयर अपार्टमेंट के निवासी, झारखंड पुलिस की तत्कालीन सब इंस्पेक्टर दीपिका कुमारी (जिन्होंने तारा को रेस्क्यू किया था), केस आईओ (जांच पदाधिकारी) हरीशचंद्र सिंह और सीबीआई की केस आईओ सीमा पहूजा शामिल थे। सीबीआई की ओर से वरीय लोक अभियोजक प्रियांशु सिंह ने इस मामले में पक्ष रखा।
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में जल्द ही सीनियर सिटीजन व दिव्यांग के लिए अलग से काउंटर होगा। सीनियर सिटीजन और दिव्यांग मरीज को भीड़ से बचाने के लिए यह योजना बनी है ताकि उन्हें पर्ची बनाने के लिए ज्यादा देर कतार नहीं लगना पड़े। (जारी…)
मालूम हो कि एमजीएम अस्पताल में अभी महिला व पुरुष के लिए अलग से काउंटर हैं जबकि सीनियर सिटीजन एवं दिव्यांग के लिए भी पहले अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था थी, जिसे बंद कर दिया गया। लेकिन कई संगठनों ने एमजीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. रविन्द्र कुमार को ज्ञापन देकर सीनियर सिटीजन और दिव्यांग के लिए अतिरिक्त काउंटर की मांग उठाई है।
जमशेदपुर : राष्ट्रीय सिख सभा के राष्ट्रीय संयोजक कुलविंदर सिंह ने तख्त हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, पूर्व महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन,वर्तमान सदस्य राजा सिंह एवं सरदार गुरविंदर सिंह से बिहार के हालिया जातिगत सर्वे से सबक लेने की सलाह दी है। कुलविंदर सिंह के अनुसार जिन्हें सतगुरु महाराज ने गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली तख्त श्री हरमंदिर साहिब जी पटना साहिब के प्रबंधन की जिम्मेवारी दी है उन्हें पंथिक तौर पर महान बनने की जरूरत है। उन्हें अपना हृदय विशाल करने की जरूरत है। (जारी…)
पंथ की चढ़दी कला एवं कौम की एकता के लिए अपनी भागीदारी, जिम्मेदारी, उत्तरदायित्व निर्वहन करने की जरूरत है। बिहार में मात्र 14753 सिख हैं और उससे नवंबर 2000 में अलग हुए झारखंड अर्थात दक्षिण बिहार निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम चार अथवा 5 लाख सिख आबादी है। इस बड़ी आबादी को उनके धार्मिक अधिकार से वंचित करने का प्रयास कहीं से भी संवैधानिक तौर पर और नैतिक तौर पर उचित नहीं ठहराया जा सकता है। (जारी…)
सरदार जगजीत सिंह सोही,सरदार महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन, सरदार राजा सिंह, सरदार गुरविंदर सिंह खुद की महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए दक्षिण बिहार निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान स्वरूप को खत्म करने के लिए हर जोड़-तोड़ और गैर कानूनी उपाय कर रहे हैं। यदि बिहार की सिख संगत को भागीदारी देना चाहते हैं तो ईमानदारी से दिल पर हाथ रखकर बोलें कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, चीफ खालसा दीवान, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, उत्तर प्रदेश सिख प्रतिनिधि बोर्ड, कोलकाता ऐतिहासिक बड़ा बाजार गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधि को मनोनीत करने की व्यवस्था के खिलाफ क्यों नहीं हाई कोर्ट जाते हैं। (जारी…)
फिर इतनी ही नैतिकता है तो कस्टोडियन सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश पटना द्वारा मनोनीत किए जाने वाले तीन सिख प्रतिनिधि की व्यवस्था का विरोध क्यों नहीं करते हैं। कुलविंदर सिंह ने प्रबंधन कमेटी को चेताया है कि वे दिल बड़ा करें और पुरानी व्यवस्था के अनुसार जल्द से जल्द चुनाव कराने की शुरुआत करें।उनकी तिकड़म बाजी काम नहीं आएगी और कानूनी तथा संवैधानिक तौर पर उनकी झोली में हार ही आएगी।