जमशेदपुर : जमशेदपुर में भाजपा नेता राजीव रंजन सिंह ने मानगो पुल जाम की समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों, ट्रैफिक पुलिस के जवानों और डीएसपी के साथ बैठक की और समस्या का समाधान निकालने के लिए पहल की।
उन्होंने बस स्टैंड गोलचक्कर से पैदल चलकर पुल के इस तरफ आकर समस्या के जड़ को समझा और ट्रैफिक पुलिस को बताया कि पुराने पुल को सिर्फ साकची से मानगो जाने के लिए वन वे होने के बाद भी दोनों तरफ से गाड़ी चल रही है, जिसे तत्काल रोकने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि पुल पार करने के बाद वर्कर्स कॉलेज के तरफ से पगडंडी की ओर से करीब सैकड़ों बाइक का आवागमन हो रहा है, उसे अविलंब बंद करने की जरूरत है। जनता की मांग पर ट्रैफिक की व्यवस्था को ठीक करने के लिए बैठक को सुकृति दे दी गई है और आगे की कार्ययोजना से संबंधित प्रतिवेदन एसएसपी और डीसी को सौंपी जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से रिटायर्ड डीएसपी मदन मोहन सिंह, समाजसेवी राजकुमार सिंह, आजाद सिंह, अभय किशोर, विश्वजीत सिंह, यशवीर सिंह, विनय सिंह, अर्जुन यादव, दिनेश गुप्ता, भारती जी एवं अन्य लोग सम्मिलित थे।
जमशेदपुर : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में अनुसूचित जनजाति से संबंधित मामलों व सभी विभागों के योजनाओं में प्रगति से संबंधित समीक्षा बैठकआयोजित की गई । जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल, डीएफओ श्री सबा आलम अंसारी, पीडी आईटीडीए श्री दीपांकर चौधरी, रूरल एसपी श्री ऋषभ गर्ग, एडीसी श्री योगेन्द्र प्रसाद समेत जिला स्तरीय अन्य विभागीय पदाधिकारी व बीडीओ, सीओ बैठक में मौजूद रहे।
माननीया सदस्य, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा क्रमवार सभी विभाग अंतर्गत संचालित केन्द्र एवं राज्य सरकार के योजनाओं में प्रगति की समीक्षा तथा योजनाओं में अनुसूचित जनजाति की भागीदारी से संबंधित चर्चा की गई। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का गठन अनुसूचित जनजातियों को शोषण के विरुद्ध सुरक्षा उपाय प्रदान करने के साथ-साथ उनके सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक हितों की रक्षा करने के लिए की गई है। समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन से स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत जिला अस्पताल और प्रखण्ड स्तरीय अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकों, जीएनएम, एएनएम आदि के प्रतिनियुक्ति की जानकारी ली गई। अस्पतालों में चिकित्सकों के विजिट का रोस्टर तैयार कर उसका अनुपालन कराये जाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी टीकाकरण का प्रशिक्षण दिये जाने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित सभी विद्यालय में पढ़ने वाले अनुसूचित जनजाति समुदाय के विद्यार्थियों की संख्या से संबंधित रिपोर्ट, शिक्षकों की संख्या आदि पर चर्चा की गई। कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने अनुसूचित जनजातियों के कल्याण व विकास के लिए कार्यान्वित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। आवासीय हॉस्टल में बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था हेतु यथोचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया। वहीं सामाजिक सुरक्षा विभाग को सभी सुयोग्य लाभुक को पेंशन की योजना से आच्छादित करने की बात कही गई।
पशुपालन विभाग अंतर्गत बीते वित्तीय वर्ष में वितरण किये बकरी, सूकर, मुर्गी, बत्तख तथा मत्स्य विभाग अंतर्गत अनुसूचित जनजाति लाभुकों के बीच बीज वितरण, मत्स्यपालकों द्वारा किये जानेवाले उत्पादन की समीक्षा की गई। कल्याण विभाग विभाग अंतर्गत कुल बांटे गये व्यक्तिगत और सामुदायिक पट्टों की जानकारी ली गई। मनरेगा, आवास, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत जल जीवन मिशन योजना समेत अन्य सभी विभागों के योजनाओं में प्रगति, अनुसूचित जनजाति की उनमें भागीदारी की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
पुलिस विभाग की समीक्षा में जिला अंतर्गत कुल थानों, अनुसूचित जनजाति के थानों, महिला थाना, एफआईआर की स्थिति, पुलिस पिकेट आदि की समीक्षा की गई । थाना एवं वाहनों की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर इंटर्नल ग्रिवांस सेल के माध्यम से आमजनों की समस्याओं पर त्वरित एवं उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
बैठक के पूर्व उन्होने बिष्टुपुर स्थित वीमेंस कॉलेज छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली । हॉस्टल में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधा पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक में निदेशक एनईपी श्री अजय साव, मानगो नगर निगम के अपर आयुक्त श्री रंजीत लोहरा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री राजेन्द्र गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला श्री सच्चिदानंद महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी बीडीओ, सीओ, तकनीकी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में सिद्धो-कान्हू कृषि एव वनोपज जिला सहकारी संघ लि. के निदेशक पर्षद की बैठक आहूत की गई। बैठक में स्थानीय कृषि एवं वनोपज आधारित प्रसंस्करण इकाइंयां स्थापित कर स्थानीय उत्पाद को पहचान एवं बाजार तथा किसानों के समृद्धि के लिए खासकर काजू प्रोसेसिंग यूनिट, बांस से संबंधित लघु उद्योग यूनिट तथा टॉमेटो सॉस प्रोसेसिंग यूनिट अधिष्ठापन हेतु डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाते हुए विभाग को प्रस्ताव बढ़ावने का निर्देश दिया गया।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि वनोपज के अन्तर्गत काजू, बांस, इमली एवं महुआ तथा कृषि उत्पाद अन्तर्गत धान, टमाटर एंव सब्जियों का बहुतायत मात्रा में जिले में उत्पादन होता है। ऐसे में जरूरी है कि किसानों के हित को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाते हुए सहकारी संघ के माध्यम से सभी के समृद्धि की दिशा में कार्य किया जाए।
सिद्धो-कान्हों कृषि एव वनोपज जिला सहकारी संघ लि० के कार्यालय के संचालन हेतु उपस्कर क्रय हेतु 16 लाख रू. का अनुमोदन किया गया। इसके अलावे कार्यालय संचालन हेतु भवन आवंटन एवं उसके रखरखाव पर चर्चा की गई । साथ ही दैनिक कार्यों के सम्पादन हेतु स्थानीय व्यवस्था के तहत स्वीकृत पदों के तहत अधिकारियों, कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हेतु विभाग से पत्राचार करने का निदेश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया। इसके अलावे स्थापना मद के व्यय की भी चर्चा की गई।
बैठक में सिद्धो-कान्हू कृषि एंव वनोपज जिला सहकारी संघ लि० में शामिल कुल 20 लैम्पस सदस्यों के अलावे मुटुरखाम लैम्पस, प्रखण्ड-चाकुलिया को नये सदस्य के रूप सदस्यता के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया।
बैठक में पीडी आईटीडीए श्री दीपांकर चौधरी, अपर उपायुक्त श्री योगेन्द्र प्रसाद, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्रीमती आशा टोप्पो समेत पर्षद के सदस्य उपस्थित रहे।
जमशेदपुर : अपने सामाजिक कार्यों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले शहर के चर्चित समाजसेवी एवं सामाजिक संस्था कोशिश एक मुस्कान लाने की के संरक्षक शिव शंकर सिंह ने बोल बम ग्रुप के कांवरिया जत्थे को आज टाटानगर रेलवे स्टेशन से सम्मानपूर्वक भगवा अंगवस्त्र पहनाकर बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर धाम के लिए रवाना किया। श्रद्धालुओं के मंगलमय यात्रा और सकुशल वापसी की कामना की।
जमशेदपुर : कांग्रेस के प्रवक्ता डाक्टर अजय कुमार के द्वारा राष्ट्रवादी संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के ऊपर गलत आरोप लगाना यह मानसिक दिवालियापन का धोत्तक है। शायद डाक्टर अजय कुमार आरएसएस के पाठशाला में नहीं पढ़े है इसलिए इस प्रकार की बाते करना पागलपन ही है। उक्त बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कही।
श्री सिंह ने कहा कि डाक्टर अजय अब अपने आका को खुश करने के लिए आरएसएस को निशाना बनाकर मुस्लिम तुष्टिकरण और इसायितीकरण को खुश कर रहे है। डॉ अजय जी को यह मालूम होना चाहिए पंडित नेहरू भी आरएसएस के कैंप में जब गए थे तो उन्होंने आरएसएस के सुचिता, अनुशासन, लगन, त्याग, तपस्या एवं निष्ठा को देखकर प्रभावित हो गए थे।
अभय सिंह ने कहा कि जब-जब देश में संकट की घड़ी आई तब तब निस्वार्थ होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता अपनी जान की बाजी लगाकर भारत माता की सेवा की है। जब तत्कालीन कांग्रेस की सरकार में 1962 का युद्ध में भारत की नेहरू सरकार ने आर एस एस से सेवा भाव के लिए मदद मांगी, तब संघ के कार्यकर्ता निस्वार्थ होकर अपनी जान की बाजी लगाकर उस समय सेवा एवम मदद की थी।
जब जब देश में भूकंप आया तब तब आरएसएस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, गलियों पर घूम घूम कर भिक्षाटन कर जरूरतमंदो की मदद की। रोगियों को दवा देने की बात हो या कोई सेवा हो वे लोग काम में लगे रहे। यहां तक की श्रीमती इंदिरा गांधी की सरकार के समय 1971 के युद्ध में जब भारत-पाकिस्तान युद्ध हुआ था उस समय भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के त्याग, तपस्या को दुनिया ने देखा था। तो उस समय श्रीमती इंदिरा गांधी भी उनकी इस निष्ठा से प्रसन्नचित होकर उन्होंने संघ के कार्यकर्ताओं का गुणगान किया था, लेकिन आज वह कांग्रेस बिल्कुल परिवर्तन की ओर है।
डॉ अजय कुमार को अभय सिंह ने सलाह देते हुए कहा कि आप कम से कम संघ के द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों के संस्कार संस्कृति को एक बार जाकर के गहरा अध्ययन कर ले तब आपको पता चलेगा कि संघ की पौध क्या है, संघ का बीज क्या है ? बड़ा दुर्भाग्य है की जो आईपीएस ऑफिसर कल तक अपने गुणगान की बखान करवाता था, आज वही आईपीएस ऑफिसर जब नेता बन गए तो अपने स्वार्थ सिद्धि के लिए वे संघ को गाली देकर श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी को खुश करने के लिए परेशान है ।
मैं डॉक्टर अजय कुमार से पूछना चाहता हूं आप बांग्लादेशी घुसपैठ के सवाल पर आपकी क्या राय है ?
आप पहले धर्म परिवर्तन जो आज पूरे देश के साथ साथ झारखंड में तेजी के साथ हो रहा है उस पर अपनी राय को व्यक्त करें ?
गौ हत्या का बूचड़खाना चले कि बंद हो इस पर अपनी राय दें ?
लव – जेहाद जबरदस्ती लोग कर रहे हैं उस पर अपना सवाल और जवाब दें ?
आदिवासियों की जमीन को बांग्लादेशी घुसपैठियों के द्वारा जबरन हथियाया जा रहा है आप अपनी राय दें ?
जिस प्रकार संथाल परगना में डेमोग्राफी चेंज हो गया है डॉ अजय कुमार को इसका जवाब देना चाहिए।
इसलिए आज के दिन में मैं ज्यादा कुछ नहीं कहते हुए मुझे दुख हो रहा है की एक राजनीतिक चोला ओढ़ने से आदमी के संस्कृति और संस्कार कैसे परिवर्तन हो जाते हैं यह अब लोग समझ रहे हैं, इसलिए आरएसएस को गाली देने से पहले अपने आका को गाली दे दो तभी राष्ट्रपति कहलाओगे।
जमशेदपुर : तमुलिया स्थित आस्था वैली में आज सावन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिल्पी सिंह द्वारा की गई थी। जहाँ महिलाओं में सावन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। सावन महोत्सव होने के कारण कार्यक्रम का थीम सावन स्पेशल ही था, जिसमें महिलाएं हरे रंग की ड्रेस, हरी चूड़ियां और मेहंदी लगाकर उपस्थित हुई और महोत्सव की शोभा बढ़ाई।
इस महोत्सव में महिलाओं द्वारा नृत्य, गायन एवं रैप वॉक इत्यादि जैसी मनोरंजक प्रस्तुति दी। आयोजन कर्ता शिल्पी सिंह ने सबको संबोधित करते हुए कहा कि सावन एक पवित्र माह होने के साथ साथ महिलाओं के लिए काफी विशेष भी होता है। मेहंदी लगाना, हरी चूड़ियां पहनना इस माह की विशेषताएं हैं और इन्हीं विशेषताओं को एक साथ मिलकर मनाना ही सावन महोत्सव है। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से शिल्पी सिंह, मिन्की सिंह, पिंकी सिंह, नेहा पांडे सहित सभी महिलाओं का विशेष योगदान रहा।
जमशेदपुर : केन्द्रीय मुखी समाज मूलनिवासी झारखंड के अध्यक्ष श्री हरि मुखी के अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा की गई। इस अवसर पर केन्द्रीय मुखी समाज मूल निवासी झारखंड के अध्यक्ष श्री हरि मुखी ने स्वर्गीय बैजू मुखी के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर संबोधित करते हुए कहा कि स्व. बैजू मुखी हमारे सहपाठी, मार्गदर्शक, कर्मठ सुलझे हुए समाज के सचेतक थे। वे समाज के उत्थान एवं शोषित – पीड़ितों को हक अधिकार न्याय दिलाने के लिए हमेशा आगे रहते थे। स्व बैजू जी की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। आज भी हमारे समाज को उसकी कमी महसूस हो रही है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सहायक श्री रंजन कारूवा ने भी पुष्प अर्पित कर कहा कि स्व बैजू मुखी जी हमारे प्रेरणा स्रोत, आदर्श थे, वे समाज सुधारक, न्याय और हक़ अधिकार के लिए हमेशा तत्पर रहते थे, किसी समस्या का समाधान असानी पूर्वक कर लेते थे। आज भी उनकी कमी हमें महसूस हो रही है। उनको सच्ची श्रद्धांजलि तब पूर्ण होगी जब उनके अधूरे कार्यो को पूर्ण करने का हमलोग प्रयास करेंगें।
भालूबासा के मुखिया पोरेश मुखी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हमारे समाज के लोग एक मंच पर नही आयेंगे तब तक स्वर्गीय बैजू मुखी के सपने पूरे नहीं होंगें। आज भी कुछ स्वार्थी तत्व अपने स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे हैं, लेकिन समाज का जमीनी स्तर पर विकास नगण्य है। हमें बहुत दुःख के साथ कहना पड़ रहा है आज भी अगर समाज के लोग नहीं जागेंगे तो हमारी जाति का आस्तित्व लुप्त हो जायेगा।
इस अवसर पर सचिव धीरज मुखी, कोषाध्यक्ष विकास मुखी उपाध्यक्ष जानी मुखी, कमलेश मुखी, धातकीडीह मुखी समाज के महामंत्री संजय कंसारी, भालूबासा के देवचरण सागर, अजय गुप्ता, केबुल से गुरूचरण मुखी, मनोज मुखी, रमेश मुखी, राकेश मुखी, पोरेश मुखी, धनेश्वर मुखी, बीपीन मुखी, कमलेश मुखी, संजय मुखी, हड़हड़गूटू से गुरूचरण मुखी उपस्थित थे।
जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल ने रांची लोकसभा के सांसद भारत सरकार में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ जी का आज लोहनगरी जमशेदपुर आगमन पर बिष्टुपुर स्थित परिसदन में शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत और हार्दिक अभिनंदन किया।
अमित अग्रवाल को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बनाये जाने पर नवजोत सिंह सोहल ने दी बधाई
जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष अमित अग्रवाल जी को युवा मोर्चा प्रदेश के द्वारा बनाए गई कमेटी में प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल ने उन्हें अंग वस्त्र एवं पुष्पगुछ देकर बधाई एवं ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
जमशेदपुर : देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के समक्ष भारतीय जनता पार्टी के युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने चाईबासा बड़बिल रोड की बदहाल स्थिति से अवगत कराया और संबंधित विभाग को शीघ्र मरम्मत करने का आदेश जारी करने का आग्रह किया।
दो दिवसीय दौरे पर जमशेदपुर पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री से जमशेदपुर ट्रेलर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल सतबीर सिंह “सोमू” जसबीर सिंह “सीरा” के नेतृत्व में मिला। रक्षा राज्य मंत्री को बताया गया कि चाईबासा, हाटगम्हरिया उड़ीसा बलबिल सड़क में जहां भी रेलवे क्रॉसिंग अथवा पुल है वहां सड़क की स्थिति बदहाल है। सड़क के टूटने के कारण कीचड़ ही कीचड़ है और बड़े व्यावसायिक वाहनों और बसों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वहां लगातार हादसे हो रहे हैं। जिसे प्राथमिकता के आधार पर नवीकरण एवं मरम्मत किया जाना जरूरी है। लेकिन जिला प्रशासन रेलवे एरिया बता पल्ला झाड़ रहा है।
इस पर मंत्री ने भरोसा दिया कि वह संबंधित विभाग के मंत्री एवं पदाधिकारी को इस आशय का निर्देश देंगे। मौके पर उपस्थित जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यद्यपि वह इलाका उनका नहीं है परंतु झारखंड राज्य के लोगों के व्यापक हितों की रक्षा के लिए वह रेलवे प्रशासन के समक्ष मामले को रखेंगे और शीघ्र निदान करने का आग्रह करेंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में सतबीर सिंह सोमू, जसबीर सिंह “सीरा”, मिराज ख़ान, गुंजन यादव, बादल कुमार, आक्लेश कुमार सिंह आदि शामिल थे।
नई दिल्ली : श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति मामले की सुनवाई में डाली गई एक और बाधा के दूर होने पर विश्व हिन्दू परिषद ने स्वागत करते हुए मुस्लिम पक्ष से कहा है कि वह अन्याय के साथ ही नहीं, सत्य और न्याय के साथ खड़ा हो। विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय महामंत्री श्री बजरंग बागड़ा ने आज कहा है कि पावन तीर्थ नगरी मथुरा में जो सब कुछ नंगी आँखों से भी प्रत्यक्ष दिख रहा है, आज कुछ लोग, उसे भी नकारने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में प्लेसेज ऑफ वरशिप ऐक्ट की अथवा अवधि सीमा की कृत्रिम आड़ में जितनी बार भी मामले की सुनवाई को रोकने या उसमें अड़ंगा डालने का प्रयास किया गया, उतनी ही बार उन्हें न्यायालय से मुंह की खानी पड़ी है।अब समय या गया है कि एक ही मुद्दे पर बार बार, माननीय उच्च न्यायालयों व सर्वोच्च न्यायालय का समय बर्बाद कर न्याय में रोड़ा बनने वालों पर कोई रोक लगाई जाए।
श्री बागड़ा ने यह भी कहा कि बात चाहे काशी विश्वनाथ की हो या श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति की, तथ्य व सत्य सामने होने के बावजूद भी उनसे आँखें मूँद लेने की वृत्ति से बाहर आकर राष्ट्रीय धारा के साथ रहने और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने में सहभागी बनना चाहिए।