राज्य के 28 पुलिसकर्मियों पर एक साथ विभागीय कार्रवाई होगी। इस सम्बन्ध में आईजी ट्रेनिंग ने आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि टीटीएस जमशेदपुर में 16 फरवरी को आयोजित द्वितीय पाली पीटीएस प्रशिक्षण के पेपर सात (मैनेजमेंट ह्यूमन बिहेवियर एंड एटीट्यूड विषय) के दौरान केंद्र अधीक्षक डीएसपी जयश्री कुजुर ने कुल 28 पुलिसकर्मियों को कदाचार करते हुए पकड़ा था। इसके बाद आईजी ट्रेनिंग ने इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ इनके संबंधित जिला और इकाई में विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने का आदेश दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर तिवारी, अमित कुमार सिंह, पुष्पा कुमारी, अजय कुमार सिंह, मोहम्मद शाहिद हैदर, प्रियंका कुमारी, सुधाकर कुमार, हरिपद महतो, परमेश्वर उरांव, संदीप प्रताप सिंह, रूपसेन प्रमाणिक, चंद्रशेखर राव, हरेन्द्र कुमार, लोदरो हेंब्रम, अनमोल कुमार, विनय कुमार पासवान, शैलेश कुमार, प्रताप साहू, मोहम्मद इरफान खान, सुजीत कुमार चौबे, ओम प्रकाश, विनय रंजन उपाध्याय, मनीष कुमार, संटू कुमार, उषा रानी महतो, मुकेश कुमार झा, सुरेश दांगी और सुधीर कुमार पर विभागीय कार्रवाई होगी।
चांडिल: सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर चार दिनों के भीतर तीसरी मौत से इलाके में दहशत का माहौल है. शनिवार को चांडिल थाना अंतर्गत गोलचक्कर के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के गांगुडीह निवासी नरेश हांसदा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि मृतक कामकाजी युवक था. यह दुर्घटना है या आत्महत्या पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बता दें कि चांडिल थाना क्षेत्र में चार दिनों के अंदर तीन लोगों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई है. पहली घटना बुधवार को चांडिल दो नंबर फाटक के पास घटी थी. इस दुर्घटना में ईचागढ थाना क्षेत्र के पातकुम निवासी पेलाराम पोद्दार की मृत्यु हुई थी. वहीं दूसरी घटना शुक्रवार को मानीकुई रेलवे पुल पर घटी थी. जहां ठेका मजदूर पंश्चिम बंगाल के वर्धमान निवासी 32 वर्षीय राजा पंडित की मृत्यु हुई थी. वहीं तीसरी घटना शनिवार को घटी जहां चांडिल थाना क्षेत्र के गांगुडीह निवासी नरेश हांसदा की मृत्यु हुई. चार दिनों में ट्रेन की चपेट में आकर तीन की मृत्यु होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
भाजपा 2024 की मिशन में जुट गई है। इसको लेकर भाजपा सांगठनिक मजबूती की कवायद में जुटी है। शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा जमशेदपुर महानगर की ओर से प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह आयोजन मानगो डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन में संपन्न हुआ। जिसमें ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत यादव, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष गुंजन यादव, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए 2024 की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस प्रशिक्षण के जरिए कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्तियों तक कैसे पहुंचाई जाए, इसकी जानकारी दी जा रही है। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती कैसे ,मिले इसका मार्गदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता 365 दिन चुनावी मोड में रहते हैं 2024 में पार्टी के कार्यकर्ता पूरे उत्साह से जुटेंगे और फिर से केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर जमशेदपुर महानगर भाजपा के तमाम मंडल एवं मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
होली पर्व को मद्देनज़र अभिहित अधिकारी – सह – अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम के निर्देशानुसार फूड सेफ्टी ऑफिसर ने साकची स्थित मेसर्स गंगा रेजेंसी से पनीर एवं एएमवाई परसुडीह बाजार से काला घोड़ा सरसों तेल, बेस्ट च्वाइस सरसों तेल, कलश बेसन, कलश मैदा, देवरथ बेसन, फार्चून सरसो तेल का नमूना संग्रहण किया ।
उन्होने बताया कि सभी नमूने को रासायनिक जांच हेतु खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकूम, रांची भेजा जायेगा। यदि मानक पर सही नहीं पाये जाते हैं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत् विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बिरसानगर थाना में आज एक मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक 50 वर्षीय अधेड़ तीन महिलाओं को दे रहा था धोखा। पहली पत्नी के रहते हुए पांच साल से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद इस अधेड़ ने अपने से 30 साल छोटी एक दूसरी युवती से शादी रचा ली।
जानकारी मिलते ही लिव-इन में रह रही महिला बिरसानगर थाना जा पहुंची और मामले की लिखित शिकायत की। दरअसल, मूल रुप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी अब्दुल्ला शेख जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर 2 में एक किराए के मकान में रहकर राज मिस्त्री का काम करता है। इस दौरान वह एक महिला के संपर्क में आया और महिला के साथ लिव- इन में रहने लगा। कुछ दिनों से वह पड़ोस की रहने वाली एक युवती के संपर्क में था। अब युवती के परिजनों ने अब्दुल्ला के साथ उसकी शादी करा दी। जिसके बाद मामला थाना पहुंचा। महिला ने बताया कि अब्दुल्ला पूर्व से शादी शुदा है। उसने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा। अब वह दूसरी युवती के साथ शादी कर अलग रहता है। इसकी सूचना उसने भाजयूमो महिला मोर्चा को दी। जिसके बाद सभी थाने में शिकायत करने पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने विपक्ष के हंगामे के बीच सदन में बजट पेश किया। उम्मीद जताई जा रही थी कि राज्य सरकार बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान देगी और हुआ भी ऐसा ही। झारखंड का इस बार का बजट खास तौर पर ग्रामीण विकास पर केंद्रित रहा। इसमें युवाओं किसानों के अलावा महिलाओं के हित में भी कई घोषणाएं की गई। सरकार की योजनाओं में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का विजन दिखा। जहां सरकार ने बजट में तमाम क्षेत्र वर्ग के लिए बंपर घोशणाएं की। वित्त मंत्री ने 1 लाख 16 हजार 418 करोड़ का बजट पेश किया। जो पिछले साल की तुलना में 15 फीसदी ज्यादा है। बेरोजगारी की मार झेल रहे झारखंड के युवाओं के कौशल रोजगार पर बजट में फोकस रहा है।
किसानों के लिए ख़ास :
◆ किसानों के आर्थिक सहयोग के लिए नई योजना की घोषणा की। ◆ किसान ऋण माफी योजना के तहत 4.5 लाख किसानों को राहत। ◆ किसानों के खाते में 1,427 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। ◆ खाद का इस्तेमाल कम करने पर जोर। ◆ मोटे अनाजों के उत्पाद पर सरकार का जोर। ◆ मिलेट मिशन के लिए 50 करोड़ का प्रवाधान। ◆पशुधन विकास योजना के लिए 300 करोड़ का प्रावधान। ◆ दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ी।
युवाओं के लिए ख़ास :
◆मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देने की घोषणा हुई। ◆राज्य के 1 लाख 40 हजार युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। ◆ गुरूजी क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना एकलव्य प्रशिक्षण योजना में 37000 बच्चों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया। ◆ राजकीय विश्वविद्यालय में इनोवेशन कम स्टार्टअप सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा गया। ◆ बरही, बुंडू, पतरातू, चाईबासा, जमशेदपुर, खूंटी में नए पॉलिटेकनिक कॉलेज खुलेंगे। ◆ राज्य के स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दिया जाएगा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाएं जाएंगे। ◆ स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग के लिए 12 हजार 446 करोड़ रुपये का प्रावधान। ◆ श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के लिए बजट में 67% की बढोतरी की गई। ◆ श्रम नियोजन के लिए 985 करोड़ का बजट प्रस्तावित है।
महिलाओं के लिए ख़ास :
◆ विधवा पुनर्वास योजना में महिलाओं को कई फायदे दिए जाएंगे। ◆ आंगनबाड़ी चलो योजना शुरू की जाएगी। ◆ 800 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। ◆ आंगनबाड़ी केंद्र के लिए 100 करोड़ का बजट का प्रावधान। ◆ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 6000 प्रतिमाह उपलब्ध करायी जाएगी। ◆ आंगनबाड़ी महिलाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। ◆ आंगनबाड़ी सेविकाओं को स्मार्ट फोन दिया जाएगा।
प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) द्वारा झारखंड के हजारीबाग में छापेमारी की गई। इस दौरान मोहम्मद इजहार अंसारी के ठिकानों से 3 करोड़ रुपये की बरामदगी की गई। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा यह छापेमारी आईएएस पूजा सिंघल मामले में हुई, जिनकी गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। बता दें कि आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के खनन से जुड़े मामलों में यह छापेमारी की गई। गौरतलब है कि ईडी ने पूजा सिंघल को झारखंड के कुछ जिलों में मनरेगा के वित्तीय गबन के आरोप में गिरफ्तार किया था।
हालांकि जांच में पता चला कि जब सिंघल झारखंड में बतौर खनन सचिव कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों का फायदा पहुंचाया था। ईडी ने व्यापारी मोहम्मद इजहार अंसारी के घर इसलिए छापेमारी की क्योंकि उन्होंने कुछ शेल कंपनियां स्थापित की थी, जिन्हें कथित तौर पर पूजा सिंघल से मदद मिली थी। बता दें कि ईडी ने शुक्रवार के दिन झारखंड के 4 जिलों में 14 ठिकानों पर छापेमारी की। रांची, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग में छापेमारी के दौरान ईडी ने 3 करोड़ रुपये कैश बरामद किया। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद इजहार अंसारी कहकशा समूह की कंपनियों को नियंत्रित करता है। मो. इजहार को लेकर बताया जा रहा है कि वह तत्कालीन खनन विभाग की सचिव पूजा सिंघल की ओर से कट मनी को इकट्ठा और प्रतिबंधित करने का काम करते थे। बता दें कि मनरेगा घोटाले के सिलसिले में उन्हें पिछले साल ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। हालांकि इसके बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें अस्थायी जमानत दी गई है।
टाटा स्टील के स्थापना दिवस के अवसर पर 3rd मार्च के लिए जुबली पार्क सहित शहर को भी दुल्हन की तरह सजाया जा चुका है। जुबिली पार्क 3 से 5 मार्च तक लाइटिंग आम लोगों के लिए खोला जायेगा। इसमें कंपनी के कई डायरेक्टर भी हिस्सा लेने आ रहे हैं। इस साल संस्थापक दिवस की थीम ग्रीनोवेशन-मेक टुमॉरो ग्रीन है। इस वर्ष के समारोह की प्रमुख विशेषताओं में से एक जमशेदपुर में 40 से अधिक ऐतिहासिक स्थलों को रोशन करना होगा, जिसमें हेरिटेज बिल्डिंग, पूजा स्थल, दर्जनों गोल चक्कर आदि शामिल हैं. शहर की सुंदरता दिखाने के लिए रंग-बिरंगी रोशनी का उपयोग किया जा रहा है, ताकि यह पल नागरिकों एवं आगंतुकों के लिए यादगार रहे।
इस वर्ष के मुख्य आकर्षण
◆ जमशेदपुर नेचर ट्रेल और कोविड वॉरियर पार्क होगा.
◆ जमशेदपुर वर्क्स में स्थापना दिवस समारोह को टाटा स्टील के आधिकारिक हैंडल पर फेसबुक लाइव प्रसारण होगा
◆ थर्ड मार्च को जमशेदपुर वर्क्स में संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन.
◆ पोस्टल पार्क, बिष्टुपुर में कार्यक्रम आयोजित होंगे.
◆ जमशेदपुर वर्क्स के अंदर स्टीलेनियम हॉल में प्रदर्शनी लगेगी
◆ 2 से 5 मार्च तक बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआइ में टेक एक्स 2023, 13वीं विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी लगेगी
◆ 2 से 3 मार्च को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और गोपाल मैदान में संस्थापक दिवस खेल का आयोजन.
जाने स्थापना दिवस का इतिहास
टाटा स्टील द्वारा पहली बार संस्थापक दिवस समारोह 3 मार्च 1932 को मनाया गया था. इसकी परिकल्पना सबसे पहले डीएम मदन ने की थी. शुरुआत से ही इस समारोह ने समग्र रूप से कंपनी के प्रति व्यापक वफादारी के साथ विभागीय उत्साह भरने के पैटर्न का अनुसरण किया. संस्थापक दिवस ने पूरे स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को उस दूरदर्शी की स्मृति के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया, जिनकी आस्था और निर्णय, ऊर्जा और दृढ़ता का स्थायी गवाह जमशेदपुर है. यह दुखद लेकिन दिलचस्प है कि 1939 में जब पूरा देश हमारे संस्थापक के शताब्दी समारोह में व्यस्त था, तब जमशेदपुर में तीन मार्च को श्रमिक संघ द्वारा पैदा की गयी गड़बड़ी के कारण कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ था.
अगला महत्वपूर्ण वर्ष 1958 था, जो टाटा स्टील की स्वर्ण जयंती का वर्ष था. प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे. स्वर्ण जयंती समारोह 1 और 2 मार्च, 1958 को आयोजित हुआ. 1967 डायमंड जुबिली वर्ष था. 1982 में टाटा स्टील 75 साल की हो गयी. इस अवसर पर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी मुख्य अतिथि थीं. टाटा स्टील ने 1989 में जेएन टाटा की 150वीं जयंती मनायी. इस साल के संस्थापक दिवस को अभी भी टाटा स्टील के इतिहास में सबसे दुखद दिन माना जाता है. आग लगने की एक घटना ने कई लोगों की जान ले ली. 2007 शताब्दी वर्ष था. इसी साल कोरस टाटा स्टील का हिस्सा बना था. फिलिप वरिन और जिम लेंग जैसे वरिष्ठ कोरस अधिकारी संस्थापक दिवस समारोह में शामिल हुए.
रामगढ़ में हुए उपचुनाव में एनडीए की प्रत्याशी आजसू नेत्री सुनीता चौधरी भारी मतों से चुनाव जीत गई हैं। उनके चुनाव जीतने पर भाजपा और आजसू के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। वहीं महागठबंधन को एक जोरदार झटका लगा। सुनीता चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी को लगभग 22000 मतों से हराकर विजयी हुई है।
वहीं आजसू के पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस के नेतृत्व में भाजपा व आजसू कार्यकर्ताओं ने साकची में जुबली पार्क गेट के पास लोगों में लड्डू का वितरण किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि जनता ने बता दिया है कि एनडीए सरकार ही उनकी हितैषी सरकार है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव का नतीजा आगामी साल 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव का संकेत है। आगामी चुनाव में जनता झूठे वादे कर सत्ता में आने वाली हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
सनातन उत्सव समिति के अध्यक्ष हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह और आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी को कोलकाता के एक होटल से गिरफ़्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों की गिरफ़्तारी जुगसलाई में दर्ज एक आपराधिक मामले में हुई है।
आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि भी हो चुकी है, प्रशासन द्वारा बताया गया कि बुधवार शाम को प्रशासनिक कार्य मे बाधा देने के मामले में जब चिंटू सिंह को कोर्ट द्वारा बेल दिया गया, उसी समय जुगसलाई थाना उसे गिरफ़्तार करने के लिए कोर्ट के बाहर थी, किन्तु चिंटू सिंह किसी तरह पुलिस की नज़रों से बच कर निकलने में सफल रहा, लेकिन यह खेल ज्यादा देर तक चल नहीं पाया और आखिरकार जुगसलाई थाना द्वारा देर रात कोलकाता के एक होटल से गिरफ़्तार कर लिया गया।