जमशेदपुर : जुगसलाई थाना अंतर्गत पार्वती घाट के निकट नदी तट से युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान जुगसलाई नया बाजार निवासी 40 वर्षीय हेमंत शर्मा के रूप में हुई है जो विगत 23 अगस्त से घर से लापता था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। (जारी…)
23 अगस्त से जुगसलाई नया बाजार निवासी 40 वर्षीय हेमंत शर्मा अपनी मोटरसाइकिल से दोपहर के वक्त खाना खाकर निकले और फिर लौटकर नहीं आए। परिजनों ने इस संबंध में काफी खोजबीन की पर युवक का कहीं पता नहीं चल पाया, आज अचानक परिजनों को सूचना मिली कि एक युवक का शव नदी में तैर रहा है, परिजनों ने नदी तट पर पहुंचकर शव की पहचान 40 वर्षीय हेमंत शर्मा के रूप में की। (जारी…)
जानकारी देते हुए मृतक के भतीजे केशव शर्मा ने बताया कि उनके ऊपर कुछ लोन था जिसकी वजह से कई दिनों से वे डिप्रेशन में रह रहे थे। 23 अगस्त को दोपहर के वक्त वे निकले फिर लौटकर नहीं आए। शाम में उनकी पत्नी से एक बार बात हुई और फिर उनका फोन स्विच ऑफ हो गया, जहां लास्ट लोकेशन खरकाई नदी का बता रहा था। उन्होंने बताया कि बाइक से वे घर से निकले काफी खोजबीन के बाद उनका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। आज सुबह पता चल रहा है कि एक शव नदी से मिला है, कपड़े के आधार पर उनकी पहचान हेमंत शर्मा के रूप में की गई है।
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जलापूर्ति प्लांट की मोटर शुक्रवार को ठीक हो गई है। मोटर ठीक होने के बाद अधिकारी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना में आज से जलापूर्ति शुरू हो सकती है। कहा जा रहा है कि शुक्रवार की शाम से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के 1140 घरों में जलापूर्ति होगी। गौरतलब है कि लगभग एक हफ्ते से मोटर खराब होने से बागबेड़ा कॉलोनी में जलापूर्ति ठप थी।
जमशेदपुर : कदमा जय प्रकाश नगर के रहने वाले 7 वर्षीय लक्ष्मण मछुआ कल यानी गुरुवार को कदमा स्थित स्वर्णरेखा नदी में डूब गया है। जिला प्रशासन के द्वारा किसी तरह का परिजनों को लक्ष्मण मछुआ को खोजबीन करने का मदद नहीं मिल रहा है। रोज कमाने खाने वाला परिवार कल से ही टकटकी लगाकर नदी के तट पर बैठा हुआ है। परिजनों ने भाजपा नेता विकास सिंह को फोन कर बताया कि कोई अधिकारी अथवा रेस्क्यू टीम अभी तक मदद को नहीं आए। परिजनों को पुरा भरोसा था की मामले की जानकारी प्रशासन को मिलते ही जिला प्रशासन आएंगे और मेरे बेटे को जीवित अथवा मृत खोज कर देंगे। विकास सिंह ने नदी के तराई पर रहने वाले किसी भी व्यक्ति को जीवित अथवा मृत लक्ष्मण मिलने पर उनके मोबाइल नंबर 9334141644 में सूचित करने का आग्रह किया।
जमशेदपुर : सीतारामडेरा के प्रधान के चुनाव को लेकर बीते कई समय से माहौल गरमा गर्मी का था, लेकिन आज गुरुद्वारा के प्रधान को चुना गया। जिसको लेकर सोनारी गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार तारा सिंह ने कहा कि सीजीपीसी द्वारा गुरुद्वारा टिनप्लेट और सोनारी प्रधान का चुनाव महीनों पहले हो चुका है, दोनों चुनाव में मतपत्रों द्वारा संगत ने प्रधान चुना है फिर क्यों सीतारामडेरा गुरुद्वारा में लॉटरी के द्वारा चुनाव करवाने की कोशिश की जा रही है। दबाव और मानसिक प्रताड़ना से डरा धमका कर अपने उम्मीदवार के पक्ष में ज़बरदस्ती करना सरासर ग़लत और असंवैधानिक है। जिसका सीतारामडेरा ही नहीं बल्कि पूरे जमशेदपुर की संगत इस कुकृत्य और अन्याय का पुरज़ोर विरोध और निंदा करेगी। (जारी…)
सीजीपीसी के प्रधान पद में चार उम्मीदवार दावेदार थे , भगवान सिंह , हारमिंदर सिंह मिन्दी,हरविंदर सिंह मंटू, महिंदर सिंह . वहाँ लॉटरी का प्रावधान क्यों नहीं लागू किया गया। चुनाव क्यों कराया गया ? जबकि चुनाव कराने का कोई तुक नहीं था, क्योंकि हरविंदर सिंह चुनाव से हट गये थे। महिंदर सिंह ने किसी के पक्ष में हट गये थे और हारमिंदर सिंह मिंदी ने चुनाव बहिष्कार का नारा दिया था। ऐसे में भगवान सिंह का निर्विरोध चुना जाना स्वाभाविक था। चुनाव करा कर निरर्थक पैसों की बर्बादी करना कहाँ तक उचित था ? (जारी…)
सीजीपीसी का सीतारामडेरा गुरुद्वारा की गुरु की गोलक कई एक महीनों से खोलना यह कहाँ तक उचित है,जबकि गुरुद्वारा की प्रबंधक कमिटी प्रधान बलबीर सिंह के नेतृत्व में भलीभाँति काम कर रही है। सीजीपीसी का दखल देना पूरी तरह से ग़लत और असंवैधानिक है एवं कमिटी के अधिकारों का हनन है। भविष्य में अन्य गुरुद्वारों पर भी यह प्रक्रिया लागू हो सकती है। (जारी…)
हम जमशेदपुर की समूह न्याय प्रिय और संविधान की रक्षक संगत को अपील करते हैं कि इस ग़ैर संवैधानिक और अन्याय पूर्ण कार्यों के विरोध में आगे आयें ताकि भविष्य में गुरुद्वारों के अधिकार एवं कर्तव्यों से वंचित न होने पाएँ। जागरूक और सजग रहें, न्याय पुर्ण लोगों का साथ आगे बढ़ कर करें।
ये प्रेस विज्ञप्ति लिखते लिखते ही विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि आनन फानन में सीतारामडेरा गुरुद्वारा कमेटी का प्रधान संगत के मर्जी के खिलाफ चुन लिया गया है, जो कि एकदम गलत है और असंवैधानिक है। लगता है कि सत्ता पक्ष के उम्मीदवार को बहुत दबाव में लेकर या उसको कोई लालच देकर ये फैसला किया गया है।
झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार बोर्ड-निगम व आयोग के खाली पदों को भरना शुरू कर दिया है। आवास बोर्ड, हिंदू न्यास बोर्ड, गौ सेवा आयोग, झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद, युवा आयोग काम करने लगे हैं। अब अल्पसंख्यकों के सबसे महत्वपूर्ण आयोग को भी बहुत जल्द अध्यक्ष मिल जाएगा। यानि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग का भी नोटिफिकेशन जल्द निकल जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के सेंट्रल कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य हिदायतुल्लाह खान के झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बनने की हरी झंडी दे दी है। (जारी…)
फाइल कल्याण विभाग से भी निकल गया है। यानि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के टीम का वेरिफिकेशन के लिए फाइल विजिलेंस के पास चला गया है। इसी हफ्ते इसका नोटिफिकेशन निकल जाने की पूरी उम्मीद है। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्लाह खान के अलावा वाइस चेयरमैन शमशेर आलम, ज्योति सिंह मथारू का नाम फाइनल हो गया है। इसके अलावा सदस्यों के नाम भी फाइनल है। वारिस कुरैशी, तौसिफ का नाम सदस्य के रुप में शामिल है। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के गठन के बाद अब महिला आयोग, वक्फ बोर्ड, पिछड़ा आयोग, खादी बोर्ड को भी जल्द भर दिया जाएगा।
सन्नाटा पसरा रहता है आयोग के दफ्तर में
झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के दफ्तर में आयोग का गठन नहीं होने के कारण सन्नाटा पसरा रहता है। कभी- कभार प्रभारी सचिव (यह कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव) कार्यालय आ जाया करते हैं। इसके अलावा एक सहायक, एक लिपिक, एक सफाईकर्मी, एक चालक और एक गार्ड के भरोसे दफ्तर चल रहा है।
कई योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा
आयोग के गठन नहीं होने से मुस्लिम समाज, ईसाई समुदाय, सिख समुदाय व अन्य के मामले का कोई निराकरण नहीं हो पा रहा है। कब्रिस्तानों की घेराबंदी, अल्पसंख्यक छात्रावास, अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति, अल्पसंख्यक ऋण का भुगतान के अलावा राज्य और केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक विकास की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा।
जमशेदपुर : सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) ने सभी गुटों और आम संगत की सर्वसम्मति से सीतारामडेरा गुरुद्वारा का चुनाव संपन्न कराने में सफलता प्राप्त कर ली। गुरुवार को सीतारामडेरा गुरुद्वारा में सरदार हरजिंदर सिंह सर्वसम्मति से प्रधान चुन लिए गए जबकि अविनाश सिंह को महासचिव चुना गया। अनुभवी बलबीर सिंह को चेयरमैन व अमरजीत सिंह और सरबजीत सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। (जारी…)
सुरजीत सिंह, जसवंत सिंह, गुरदीप सिंह लाडी, गुरदीप सिंह और सतिंदर सिंह बंटी को सलाहकार बनाया गया है। प्रधान बनने के बाद संगत को सम्बोधित करते हुए हरजिंदर सिंह ने कहा कि सीजीपीसी के प्रयास से चुनाव संपन्न हो पाया है और वे प्रयास करेंगे की सबको साथ लेकर चलें। उन्हें प्रधानगी की सेवा नवाजने के लिए हरजिंदर सिंह ने तमाम संगत धन्यवाद किया और कहा बहुत जल्द चुनी गयी कमिटी के साथ बैठक कर पूरी कमिटी की घोषणा करेंगे।
वर्षों से लंबित चुनाव संपन्न होने का श्रेय चारो प्रत्याशी और संगत को: भगवान सिंह
देर शाम गुरुद्वारा परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने का पूरा श्रेय सीजीपीसी की चुनाव कमिटी को जाता है। चुनाव कमिटी के सदस्य परबिंदर सिंह सोहल, गुरचरण सिंह बिल्ला, अमरजीत सिंह भामरा, सुखविंदर सिंह राजू और सुरजीत सिंह खुशीपुर ने बड़ी शालीनता से चुनाव संपन्न करवाया। हालांकि स्त्री सत्संग सभा की कुछ बीबीयों ने शुरू में नाराजगी व्यक्त की थी लेकिन बाद में उन्होंने ने भी चुनाव को अपना समर्थन दे दिया। सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने नए प्रधान हरजिंदर सिंह को विशेषकर सीतारामडेरा की संगत को बधाई देते हुए संगत और सिख धर्म को नयी उचाईयों पर ले जाने की नसीहत भी दी। भगवान सिंह ने कहा कि वर्षों से लंबित चुनाव को संपन्न करवाने में चारो प्रत्याशियों हरजिंदर सिंह, अविनाश सिंह, सुरजीत सिंह सबलोक और जसवंत सिंह ने जो संवदेनशीलता का परिचय देते हुए समाज हित को ध्यान में रखते हुए जो विवेकपूर्ण निर्णय लिया है उनके वे शुक्रगुजार है।
चुनाव सम्पन्नता के लिए सीतारामडेरा की संगत के फैसले पर वाहेगुरु की परवानगी: शैलेन्द्र सिंह
चेयरमैन सरदार शैलेंदर सिंह ने भी संगत का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह संगत का फैसला है जिसे वाहेगुरु ने परवानगी दी है। उन्होंने नए प्रधान और नयी कमिटी को सबको साथ लेकर चलने की सलाह दी। चुनी गयी कमिटी 2026 तक चलेगी। चुनाव प्रक्रिया का संचालन सरदार शैलेन्द्र सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सरदार भगवान सिंह ने किया।
मौके पर सीजीपीसी के महासचिव अमरजीत सिंह-गुरचरण सिंह बिल्ला, संरक्षक गुरदीप सिंह पप्पू, मानगो गुरुद्वारा के प्रधान हरजिंदर सिंह, सुरेंदर सिंह छिंदे, सुखविंदर सिंह राजू, अमरजीत सिंह भामरा, सुरजीत सिंह खुशीपुर समेत सीतारामडेरा गुरुद्वारा के पदाधिकारी और संगत चुनाव के गवाह बने।
सरायकेला : यौन शोषण के आरोपों से घिरे कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विशु हेम्ब्रम के पद से हटाए जाने के बाद से पार्टी का अगला जिलाध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर पार्टी के अंदरखाने में हलचल तेज हो गयी है। उधर विशु हेम्ब्रम को हाईकोर्ट से झटका लगा है। हाईकोर्ट ने हेम्ब्रम की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही विशु के गिरफ्तारी के कयास तेज हो गए हैं। (जारी…)
कौन होगा अगला जिलाध्यक्ष लॉबिंग तेज, खिरोद के नाम की चर्चा
पार्टी का अगला जिलाध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर पार्टी के अंदरखाने में हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों की माने तो झारखंड आंदोलनकारी सह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता खिरोद सरदार को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया पर उठने लगी है। पार्टी के राजू लोहार, एसपी राय, रमेश बलमुचू, बैजयंति बारी, अजय सेन आदि ने श्री सरदार के नाम पर सहमति जताई है। बता दें कि खिरोद सरदार झारखंड आंदोलनकारी के साथ आदिवासी भूमिज समाज से आते हैं। पार्टी की ओर से संथाल, हो, गौड़ एवं सामान्य वर्ग के कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पहली बार भूमिज समुदाय के नेता की दावेदारी ने पार्टी आलाकमान को सोच में डाल दिया है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से खिरोद ने दावेदारी नहीं की है। खिरोद पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं। (जारी…)
बता दे कि खिरोद इससे पूर्व तत्कालीन जिला अध्यक्ष दिलीप प्रधान की कमेटी में सचिव, देबू चटर्जी के कमेटी में उपाध्यक्ष, छोटेराय किस्कू की कमेटी में उपाध्यक्ष और वर्तमान में पार्टी के महासचिव हैं। ऐसे में उनकी दावेदारी को पार्टी आलाकमान सिरे से खारिज नहीं कर सकती है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पार्टी के अंदरखाने से उठे चिंगारी की धमक कहां तक पहुंचती है। क्या पहली बार भूमिज समुदाय के नेता को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, या कोई थोपा हुआ जिला अध्यक्ष पार्टी को मिलेगा।
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ स्थित मुस्लिम बस्ती में पिछले तीन दिनों से पेयजल के लिए हाहाकार मचा है। बस्ती के पंप घर नंबर चार पिछले तीन दिनों से खराब है। गुरुवार को नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टैंकर से पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों को नहाने के लिए भी भटकना पड़ रहा है। बच्चे भी बर्तन लेकर पानी के लिए भटक रहे हैं। गुरुवार सुबह से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टैंकर से बस्ती में पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टैंकर से पानी की आपूर्ति कराने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
राँची : भाजपा अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी ने चन्द्रयान-3 के सफल लैंडिंग के बाद पूरे देश को बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि आज पूरे देश की दुआ एक साथ कबूल हुई है और हमारा चन्द्रयान चाँद के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर सफलता पूर्वक लैंडिंग कर गया। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी होना ही एक गौरवान्वित अनुभव है जिसे पूरा देश महसूस कर रहा है और इस अनुभव के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और उनकी पूरी टीम जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में अपनी ऊर्जा लगाई उन्हें अनंत शुभकामनाएं और बधाई। साथ ही हर भारतीयों को भी बहुत बहुत बधाई जिन्होंने इस पल का बेसब्री से इंतज़ार किया।
चन्द्रयान-3 की सफल लैंडिंग होने पर आज पूरा भारत खुशियाँ मना रहा है और बधाईयाँ दे रहा। इस मौके पर पूर्व डीआईजी सह भाजपा नेता राजीव रंजन सिंह ने इसरो और देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि चंद्रयान 3 के चाँद पर सफल लैंडिंग के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को बहुत बहुत बधाई। हम सभी भारतीयों का इसरो के वैज्ञानिकों ने पूरी दुनिया में सर गर्व से ऊंचा कर दिया है। जिस मुक़ाम को पाने के लिए आज पूरा विश्व लालायित उसे हमने पाया है। चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर भारत की सफल लैंडिंग एक इतिहास बनेगा जिसे स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने सभी भारतीयों से कहा कि आइए इस मौके पर हम गर्व से कहें “हमारा देश महान” , जो आज विश्व पटल पर चमक रहा है।