जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिटी एसपी के विजय शंकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए हैं। बताया जाता है कि सिटी एसपी के विजय शंकर ने झारखंड एवं केंद्र की सरकारों को आवेदन देकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में भेजने का आग्रह किया था। इसको लेकर सरकार ने मंजूरी दे दी, जिसके बाद उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीज कर दिया गया है। उनकी जगह पर अभी जमशेदपुर के सिटी एसपी के पद पर अभी किसी की पदस्थापना नहीं की गई है। जिले के सिटी एसपी के रूप में अब नये सिरे से पदस्थापन होगा। इससे पहले जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार का भी तबादला किया गया था जिसके बाद एसएसपी किशोर कौशल ने प्रभार लिया।
जमशेदपुर : मानगो स्थित गुरुनानक हाई स्कूल में ‘शिक्षा के उद्देश्य एवं महत्व’ विषय पर गुरुवार को संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित कर उत्साहपूर्वक हिंदी दिवस सह अन्तराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित अंतर विद्यालय निबंध लेखन प्रतियोगिता में डीबीएमएस गर्ल्स स्कूल, कदमा की छात्रा श्रद्धा कुमारी ने जूनियर और छोटानागपुर विकास हाई स्कूल, शिलपहारी के छात्र धनंजय गोराई ने सीनियर वर्ग में निबंध प्रतियोगिता में जीत हासिल की। स्कूल में हिंदी दिवस के मौके पर मैट्रिक परीक्षाओं में उम्दा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। (जारी…)
‘शिक्षा के उद्देश्य एवं महत्व’ विषय पर आमंत्रित विद्वानों ने अपने-अपने विचार रखते हुए कहा कि राष्ट्र भाषा होने के बावजूद भी हिंदी अपना वजूद तलाश रही है जो काफी गंभीर मसला है।
कार्यक्रम में सीसीआर एवं ट्रैफिक डीएसपी अनिमेष गुप्ता बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित थे जबकि जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार सह संपादक ब्रजभूषण सिंह विशिष्ट अतिथि थे। आमंत्रित अतिथि के रूप में टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन कुलविंदर सिंह पन्नू, बेस्ट संस्था के अध्यक्ष कैप्टन अनिल पांडे, सुनील हेम्ब्रम ने अपने-अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर अपनी बाते रखी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मानगो गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से चेयरमैन राजेंद्र सिंह भाटिया, मुख्य सलाहकार इकबाल सिंह, हरजिंदर सिंह, रविन्द्र सिंह, हरदीप सिंह, प्रोफेसर मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन स्कूल की शिक्षिका मधुलिका ने किया जबकि अन्त में धन्यवाद ज्ञापन स्कूल के सचिव संतोष सिंह जी ने किया। (जारी….)
द्वितीय अंतर विद्यालय निबंध लेखन प्रतियोगिता का परिणाम: जूनियर वर्ग- प्रथम: श्रद्धा कुमारी (डीबीएमएस गर्ल्स स्कूल, कदमा), द्वितीय: अश्मित ठाकुर (केरला पब्लिक स्कूल, कदमा), तृतीय: ख़ुशी कुमारी (केरला पब्लिक स्कूल, कदमा)
सीनियर वर्ग- प्रथम: धनंजय गोराई (छोटानागपुर विकास हाई स्कूल, शिलपहारी), द्वितीय: फलक परवीन (गुरु नानक हाई स्कूल स्कूल, मानगो), तृतीय: शिवांगी रे (डीएवी गर्ल्स हाई स्कूल, सोनारी)।
Ranchi: झामुमो सुप्रिमो एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की तबीयत स्थिर बनी हुई है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है. पहले की तुलना में काफी हद तक सुधार देखा जा रहा है.
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती शिबू सोरेन के किडनी का क्रिटाइन लेबल गिर गया था. सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. इसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया था. अपने पिता की सेहत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिलहाल दिल्ली में जमे हैं. वह अस्पताल में अधिक समय दे रहे हैं. चिकित्सकों से लागातार संपर्क में बने हुए हैं. आगे निर्णय उनकी सेहत को देखते हुए लिया जाएगा.
Ranchi : पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष बनाए गए हैं. इससे संबंधित आदेश सरकार द्वारा गुरुवार की शाम जारी कर दिया गया. जारी आदेश में कहा गया है कि नीरज सिन्हा को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में अध्यक्ष के पद पर 27 सितंबर 2023 के प्रभाव से नियुक्त किया जाता है.
नीरज सिन्हा पदभार करने की तिथि से अधिकतम 65 वर्ष की आयु पूरी करने तक आयोग के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत रहेंगे
रांची शहर के कांके इलाके में गुरुवार सुबह अपराधियों ने एक कारोबारी अवधेश कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग की। उन्हें सात गोलियां मारी गई हैं। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए रांची के पल्स हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
बताया गया कि दो अपराधी पैदल आये थे और घटना को अंजाम देने के बाद एक बाइक लूटकर फरार हो गये। ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
अवधेश कुमार जमीन और प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े थे। माना जा रहा है कि व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता या फिर रंगदारी की मांग को लेकर उन्हें निशाना बनाया गया है।
पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि बीते दो महीने के भीतर रांची में दो कारोबारियों की हत्या दिनदहाड़े की गई है। दो अन्य के ऊपर फायरिंग की गई है।
जमशेदपुर, ब्रजेश सिंह : लौहनगरी जमशेदपुर में पर्यावरण के नियमों का लगातार उल्लंघन हो रहा है, जिससे प्रदूषण की रफ्तार बढ़ रही है. लेकिन इसे लेकर अब तक कोई ठोस कदम प्रशासन ने नहीं उठाया है.
एक्यूआइ (एयर क्वालिटी इंडेक्स) लेवल की जांच मशीनें भी बंद कर दी गयी हैं, जिससे हवा में प्रदूषण का पता नहीं चल पा रहा है. नदियों का पानी भी जहरीला हो रहा है. वहीं, पेड़ों को बचाने को लेकर भी प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है. नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने तीन बड़े आदेश पिछले दिनों दिये थे. इन आदेशों को प्रशासन ठेंगा दिखा रहा है. इसको लेकर अब तक कोई ठोस उपाय या सुगबुगाहट तक नहीं है.
केस 1 : पेड़ों के आसपास से कंक्रीट या टाइल्स हटाने की हुई खानापूर्ति
जमशेदपुर में पेड़ों की जड़ों के आसपास टाइल्स और कंक्रीट का जाल बिछाया गया है. इसके खिलाफ पर्यावरण प्रेमी अवधेश पांडेय ने एनजीटी में याचिका दाखिल की थी. एनजीटी ने आदेश दिया था कि प्रशासन पेड़ों के आसपास से कंक्रीट और टाइल्स को हटाये, लेकिन कोई काम नहीं हुआ. 11 सितंबर तक आदेश का अनुपालन करते हुए शपथ पत्र दायर करने को कहा गया था. एक कमेटी गठित की गयी थी, जिसमें उपायुक्त के अलावा जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी, डीएफओ जमशेदपुर, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सीनियर साइंटिस्ट को शामिल किया गया था. कमेटी ने कुछ जगहों पर कार्रवाई कर तस्वीरें खिंचाई थी.
केस 2 : नदी में गंदा पानी गिराने को लेकर नहीं उठाया गया ठोस कदम
जमशेदपुर और आसपास सुवर्णरेखा नदी में बिना ट्रीटमेंट के नालों को पानी बहाने के मामले में एनजीटी ने मार्च में हाइलेवल एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया था. इसमें एसीएस इनवायरमेंट, झारखंड सरकार के प्रतिनिधि, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के प्रतिनिधि, रांची के समेकित प्रदूषण पर्षद के ऑफिस के प्रतिनिधि और जमशेदपुर के डीसी को शामिल किया गया था. कमेटी को कहा गया था कि 15 दिनों में जांच कर फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट समर्पित करें. इसे लेकर रिपोर्ट जरूर भेजी गयी, जिसमें कहा गया कि टाटा स्टील और टाटा मोटर्स की ओर से प्रदूषण नहीं फैलाया गया है. आज भी 18 नाला नदियों में बहाये जा रहे है.
केस 3 : सोनारी यार्ड में कचरा का हो रहा डंपिंग, रिसाइक्लिंग की व्यवस्था नहीं
सोनारी मरीन ड्राइव स्थित कचरे के ढेर को छह माह के भीतर बायो माइनिंग और रिसोर्स रिकवरी के जरिये खत्म करने का जमशेदपुर अक्षेस ने गुरु रामदास कंस्ट्रक्शन को ठेका दिया था. लेकिन यह तय नहीं हो पाया है कि अगर सोनारी में कचरे की डंपिंग बंद हो जायेगी, तो आखिर कचरे की डंपिंग कहां होगी? सोनारी में मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस के कचरे की डंपिंग होती है. दोनों नगर निकायों की करीब 10 लाख की आबादी से रोजाना करीब 387.98 मीट्रिक टन कचरा निकलता है जबकि प्रति व्यक्ति औसतन 0.59 किलोग्राम कचरा निकलता है. कचरे को शिफ्ट करने को लेकर अब तक नयी जगह तय नहीं हो पायी है. ऐसे में कचरे का छह माह में कोई स्थायी समाधान हो पायेगा, इसको लेकर संशय है. जमशेदपुर अक्षेस के मुताबिक, सोनारी के डंपिंग साइट पर पार्क बनाया जायेगा. एनजीटी में भी समय लिया गया है. लिखित में दिया गया है कि सोनारी में कचरे की डंपिंग बंद की जायेगी. लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाये गये हैं. नतीजतन, कचरा वहीं डंप कर दी जा रही है.
जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा द्वारा प्रकाशोत्सव को समर्पित निकाली गयी शोभा यात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मान में ‘धन्य है धन्य है धन्य है पंथ खालसा धन्य है’ और ‘सब सिख्खण को हुक्म है गुरु मान्यो ग्रन्थ’ के जयकारे के साथ संगत ने साकची गुरुद्वारा की नयी पालकी में गुरु ग्रन्थ साहिब को विराजमान किया। बुधवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाशोत्सव के मौके पर साकची गुरुद्वारा में अरदास उपरांत एक शोभा यात्रा निकाली गयी जहाँ सिख संगत ने पुरे उत्साह, श्रद्धा भाव और सत्कार से शामिल होकर शोभा यात्रा को सफल बनाया। (जारी…)
शोभा यात्रा साकची गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर कालीमाटी रोड, बसंत टॉकीज गोलचक्कर, काशीडीह मोड़ गोलचक्कर होते हुए वापस साकची गुरुद्वारा में संपन्न हुई। शोभा यात्रा की अगुवाई स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब जत्था की बीबियों ने किया। प्रधान निशान सिंह, ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू-अवतार सिंह फुर्ती-जगजीत सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, जोगिन्दर सिंह जोगी, सतनाम सिंह घुम्मन, देवेंद्र सिंह मारवाह, जगमिंदर सिंह, ताज सिंह, मनमोहन सिंह, जसबीर सिंह गाँधी, महेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, त्रिलोचन सिंह तोची, बलबीर सिंह, अवतार सिंह, अमरपाल सिंह, नानक सिंह, कीताडीह के अर्जुन सिंह वालिया समेत साकची कमिटी के सभी सदस्य शोभा यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जबकि मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में नौजवान सभा के युवकों ने ट्रैफिक कंट्रोलर की भूमिका बखूबी निभाई। शोभा यात्रा समाप्ति की अरदास के बाद गुरु ग्रन्थ साहिब को श्रद्धा भाव और सम्मानपूर्वक नयी पालकी साहिब में विराजमान किया गया। साकची गुरुद्वारा के ग्रंथी अमृतपाल सिंह मन्नण ने अखंड पाठ आरम्भ किया जिसमे सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सुखदेव सिंह बिट्टू, सरबजीत सिंह ग्रेवाल, जसपाल सिंह और सुखविंदर सिंह राजू भी शामिल हुए। (जारी…)
बाद में साकची के प्रधान निशान सिंह और महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि अखंड पाठ की समाप्ति 15 सितम्बर को होगी तथा 15 और 16 सितम्बर को दो-दिवसीय विशेष कीर्तन समागम का आयोजन किया जायेगा जहां दोपहर में दोनों दिन गुरु का अटूट लंगर बरताया जायेगा। दरबार साहिब, अमृतसर के कीर्तनीये हजूरी रागी जत्था भाई साहब भाई संदीप सिंह और भाई साहब भाई दिलजीत सिंह भोपालवाले अपने रसभरे कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे जबकि भाई साहब भाई भूपिंदर सिंह जोगी ढाढ़ी जत्था मोहाली संगत को धार्मिक बयार से मंत्रमुग्ध करेंगे। इनके अलावा साकची गुरुद्वारा के ग्रंथी ज्ञानी अमृतपाल सिंह मनन और सरदार करतार सिंह भी गुरु ग्रन्थ साहिब की महिमा का बखान संगत के बीच करेंगे। निशान सिंह ने अपील की है कि जमशेदपुर की तमाम सिख संगत कीर्तन दरबार में हाजिरी भरकर गुरु घर की खुशियां जरूर प्राप्त करे।
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े कारोबारी और उद्यमी संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव को लेकर माहौल गर्माता नजर आ रहा है। मंगलवार और बुधवार को नामांकन होना है। मंगलवार को दो लोगों ने नामांकन किया। सिंहभूम चेंबर के महासचिव के पद पर मुकेश मित्तल ने दावेदारी कर माहौल को नये सिरे से गरम कर दिया है। हालांकि, वे अध्यक्ष का भी नामांकन फार्म लिये थे। वे अभी चैंबर में उपाध्यक्ष के पद पर है। बुधवार को अंतिम दिन है। बुधवार को चेंबर के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया और वर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका नामांकन करेंगे। (जारी…)
इसको लेकर दोनों गुटों की ओर से बैठकों का दौर जारी है। बताया जाता है कि विजय आनंद मूनका पूरी टीम के साथ नामांकन करेंगे। शाम को पांच बजे का समय निर्धारित किया गया है। बुधवार को सामूहिक तौर पर सारे लोग अपना नामंकम करेंगे। वहीं, सुरेश सोंथालिया भी अपना नामांकन दाखिल करेंगे और अपनी दावेदारी पेश करेंगे। विजय आनंद मुनका ने बताया कि उनकी टीम में जोश और होश का सामंजस्य है। (जारी…)
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिदृश्य में उद्योग और व्यापार का परिवेश बदल रहा है। सूचना और तकनीक की दक्षता ही आज के दौर में उद्यमिता की संजीवनी है। इन्ही बातों को दृष्टिगत रखते हुए टीम ने अपने क्षेत्र के दक्ष युवाओं को जोड़कर एक संतुलित टीम तैयार की है। उन्होनें कहा कि वे वादा करने में विश्वास नहीं रखते अपितु काम में ज्यादा फोकस करते है। उन्होंने कहा कि उनका दो वर्षों का कार्यकाल इसकी मिसाल है। दूसरी ओर, सुरेश सोंथालिया ने कहा कि वे लोग चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। पूरी टीम जोश से लबरेज है। (जारी…)
चैंबर के सारे सदस्यों के साथ मिलकर हमने काम किया है, जिसका प्रतिफल भी सामने आयेगा। दूसरी ओर, महामंत्री के पद पर नामांकन करने वाले मुकेश मित्तल ने कहा है कि वे जनहित और व्यापारी उद्यमी हित की आवाज उठाते रहे है। चाहे जुगसलाई रेलवे ओवरब्रिज के लंबित कार्य को शुरू करने से संबंधित मुद्दों हो या सैरात बाजार की दुकानों का, हर किसी के मामले को उठाया गया है। जमशेदपुर में महिलाओं के विशेष उपयोग के लिए बाजारों में पिंक टॉयलेट, कानून-व्यवस्था की स्थिति, कॉरपोरेट कल्चर में दो दिवसीय चैम्बर क्रिकेट लीग, चैंबर परिसर में दिवाली और होली मिलन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के साथ-साथ आक्रामक तरीके से अपनी बात रखी और सभी मुद्दों पर बिना किसी डर के अपनी राय दी।
जमशेदपुर : आईआईटी के प्रोफेसर दिव्या द्वारा इंटरनेशनल न्यूज़ के एक साक्षात्कार में भारतीय संस्कृति और भारत के विश्व मे बढ़ते कद को मीडिया का प्रभाव बताए जाने के बाद पूरे देश मे इसकी आलोचना हो रही है और इस बाबत भाजपा कृषि मोर्चा, बारीडीह मंडल के महामंत्री कुमार विश्वजीत ने कहा कि G20 सम्मेलन की सफलता की चर्चा जहां पूरे विश्व में हो रही है और हमारा भारत अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है। (जारी…)
वहीं इस उल्लेखनीय उपलब्धि के चलते कईयों को मरोड़ उठ रहा है। दिल्ली आईआईटी में सोशल साइंस की एसोसिएट प्रोफेसर दिव्या ने “फ्रांस24” नामक न्यूज नेटवर्क को अपने साक्षात्कार के दौरान भारतीय सनातन संस्कृति के बारे में बहुत ही अशोभनीय बातें कहीं हैं। उन्होंने अपने “घृणित” वक्तव्य में कहा कि भविष्य में भारत से हिंदुत्व ही खत्म हो जाएगा। साथ ही भारत की टेक्नोलॉजी समेत अनेक क्षेत्रों में बढ़ती धाक और लोकप्रियता को उन्होंने मीडिया द्वारा गढ़ी गई कहानी बताया तथा भारत में कुछेक लोगों (10प्रतिशत) द्वारा आमजन को (90प्रतिशत) को दबाए, कुचले जाने की बात कही। उनके इस देश विरोधी बयान की मीडिया द्वारा कड़ी आलोचना तो हो रही है पर चिंतन की जरूरत है। (जारी…)
उन्होंने कहा कि आज जहां पूरा विश्व भारत के सामर्थ्य का लोहा मान रहा है वहीं देश के ही कुछेक घृणित मानसिकता वाले लोगों के चलते देश की इज्जत को बट्टा लगता है और मैं प्रोफेसर दिव्या के बयान की कड़ी भर्त्सना करता हूं और उन्हें सूचित करना चाहूंगा कि हमारा देश पुरातन सनातन संस्कृति के चलते जिंदाबाद था, है और रहेगा।
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित काशीडीह हाई स्कूल के 70 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत आईआईटी खड़गपुर का दौरा किया। कक्षा 11वीं और 12वीं के 70 छात्रों ने इस दौरा में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा किया और बहुत सारे कौशल सीखें। उन्होंने नेहरू संग्रहालय का भी दौरा किया और शोध देखा। यह यात्रा अटल प्रभारी कमलेश ओझा एवं लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।