जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने बिहार विस चुनाव में भाजपा गठबंधन की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह जीत केवल राजनीतिक परिणाम नहीं, बल्कि बिहार की जनता द्वारा विकास, स्थिरता और सुशासन के प्रति अभूतपूर्व विश्वास का प्रतीक है. अमित ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने धरातल पर जो विकास कार्य किए, उनकी वास्तविक गूंज जनता तक पहुंची और जनता ने उसी विश्वास को जनादेश की सुनामी में बदल दिया. आज बिहार की जनता ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जो विकास करेगा, वही शासन करेगा.

उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित समाज के लिए अभूतपूर्व योजनाएँ चलाईं. हर वर्ग की आवाज़ को सुना, हर दरवाज़े तक सेवा पहुंचाई, और इसी सेवा भाव ने जनता के दिल में गहरी जगह बनाई. बिहार ने जंगलराज को सदा के लिए समाप्त करने का संकल्प लिया है. यह चुनाव परिणाम अपराध और अराजकता की राजनीति के खिलाफ जनता का कठोरतम निर्णय है.










