एक नई सोच, एक नई धारा

IMG 20230407 WA0020
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो हुए पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गये। बोकारो जिला के चंद्रपुरा प्रखंड के भण्डारीदह के समीप दामोदर नदी घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समेत हजारों की संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जगरनाथ महतो के अलारगो स्थित पैतृक आवास पर पहुंच कर शोकाकुल परिजनों से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से कहा, ‘दुख की इस घड़ी में हम सभी आपके साथ खड़े हैं। भगवान दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’

अंतिम दर्शन को उमड़ी जनता

दिवगंत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर बोकारो पहुंचने पर बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक उमड़ पड़े। मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर लेकर काफिला बोकारो जिले के सीमा क्षेत्र में पेटवार स्थित चरगी घाटी पहुंचा। वहां डीसी कुलदीप चौधरी, एसपी चंदन झा, बोकारो विधायक विरंची नारायण, गोमिया के पूर्व विधायक योगेन्द्र प्रसाद ने शिक्षा मंत्री के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किये और उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
इससे पहले आलरगो स्थित उनके निवास स्थान पर हिन्दू रीति-रिवाज से पार्थिव शरीर को स्नान करा कर हल्दी चंदन का लगा कर अंतिम विदाई दी गयी। पार्थिव शरीर को कंधा के सहारे दामोदर नदी का तट ले जाया गया, जहां पर पुत्र राजू उर्फ अखिलेश कुमार ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर भाजपा, झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा के जिला एवं प्रखंड अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित हजारों ग्रामीण उपस्थित थे। इससे पहले उनका शव पैतृक गांव अलारगो पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व सांसद रवीन्द्र कुमार पाण्डेय ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

IMG 20230407 WA0019
रांची सिविल कोर्ट ने जारी किया ऐक्ट्रेस अमीषा पटेल का वारंट, ये आरोप लगा

अमीषा पटेल बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्रियों में शुमार हैं, लेकिन उनका नाम अक्सर कॉन्ट्रवर्सीज में फंसता रहता है। जहां अभिनेत्री इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘गदर 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। वहीं आज उनको लेकर एक ऐसी खबर आ रही है, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में अभिनेत्री की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। एक्ट्रेस के खिलाफ अरगोड़ा के रहने वाले एक शख्स अजय कुमार सिंह ने साल 2018 में केस दर्ज किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि म्यूजिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने उनसे ढाई करोड़ रुपये लिए। पर यह म्यूजिक वीडियो बन नहीं पाया और अमीषा ने पैसे वापस नहीं किए।

इसी मामले में रांची के सिविल कोर्ट ने वॉरन्ट जारी किया है। अमीषा के खिलाफ समन जारी होने के बावजूद वह कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा रही हैं। न ही अपने वकील को भेज रही हैं। ऐसे में अमीषा पटेल के खिलाफ दर्ज मामले में यह वॉरन्ट जारी हुआ है। अगली सुनवाई 15 अप्रैल को होगी। बता दें कि यह मामला अजय कुमार सिंह की ओर से अमीषा पटेल और उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल के खिलाफ है।

अमीषा पटेल और उनके पार्टनर के खिलाफ शिकायत करने वाले अजय कुमार सिंह झारखंड के फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने अभिनेत्री और उनके पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया था। समन के बावजूद अमीषा कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखने नहीं आई थीं, जिसकी वजह से कोर्ट नाराज हो गई।

IMG 20230407 WA0018
पीएम मोदी और सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाला नाबालिग लखनऊ से गिरफ्तार

कुछ दिनों पहले एक निजी समाचार चैनल को एक इमेल आता है। इस इमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी लिखी होती है। समाचार चैनल तुरंत इस मेल के बारे में पुलिस को सूचना देते हैं और पुलिस मामला दर्ज करके हाईलेवल की जांच शुरू कर देते हैं। जांच के दौरान पता चलता है कि ईमेल लखनऊ से भेजा गया था।

16 साल का है आरोपी लड़का

जिसके बाद नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को लखनऊ से एक किशोर को पकड़ा। सहायक पुलिस आयुक्त (नोएडा) रजनीश वर्मा ने बताया कि बिहार के रहने वाले 16 वर्षीय लड़के को शुक्रवार की सुबह राज्य की राजधानी के चिनहट इलाके से पकड़कर यहां लाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘यहां सेक्टर-20 थाने में पांच अप्रैल के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद मामले की जांच की गई। धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम को भी शामिल किया गया।’’

आरोपी नाबालिग को अब किशोर अदालत में पेश किया जाएगा

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के आधार पर, ईमेल भेजने वाले का पता लगाया गया और लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में उसकी मौजूदगी का पता चला। ई-मेल भेजने वाला एक स्कूली छात्र निकला, जिसने अभी-अभी अपनी 11वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी की है और इस सत्र में 12वीं कक्षा में पढ़ाई शुरू करेगा।’’ वर्मा ने कहा कि लड़के को यहां एक किशोर अदालत में पेश किया जा रहा है। एक मीडिया हाउस के प्रतिनिधि ने अपनी शिकायत में कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की हत्या की धमकी देने वाला एक ई-मेल मिला है। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

IMG 20230407 WA0017
कर्नाटक इलेक्शन 2023 – कांग्रेस में पनपी अंदरूनी कलह, लिस्ट में नाम न होने से कई नेता नाराज

कर्नाटक में कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनावों से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारी में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने चुनाव को लेकर कल 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में पार्टी ने तीन ऐसे उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है जिन्होंने अपनी मूल पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने हाल ही में बीजेपी और जनता दल (एस) छोड़कर पार्टी में शामिल तीन नेताओं को भी टिकट दिया है। लेकिन, सूची जारी किये जाने के बाद पार्टी की स्टेट यूनिट में असहमति दिखाई दे रही है। केवल यहीं नहीं टिकट नहीं मिलने पर कई नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी भी जाहिर की है।

पार्टी की राज्य यूनिट के एक वर्ग में असंतोष

कांग्रेस की कर्नाटक यूनिट ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा कर दी है जिसके बाद से पार्टी की राज्य यूनिट के एक वर्ग में असंतोष दिख रहा है और कुछ नेताओं ने टिकट नहीं मिलने पर सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई है। कुछ नेताओं ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है और कुछ नेताओं ने कहा है कि वे अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करेंगे एवं भविष्य के कदम को लेकर फैसला करेंगे।

सुनिश्चित करेंगे कि कांग्रेस को जिले की सभी सीट पर हार मिले

चित्रदुर्ग से टिकट नहीं दिए जाने से नाराज विधान परिषद के पूर्व सदस्य रघु अचार ने कहा कि वह जनता दल (सेक्युलर) में 14 अप्रैल को शामिल हो जाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी चित्रदुर्ग जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करे। जद (एस) नेता टी. ए. श्रवण ने अचार से मुलाकात करने के बाद कहा कि उन्होंने कोई मांग नहीं रखी है, लेकिन वह उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाए जाने के कारण यह सुनिश्चित करेंगे कि कांग्रेस को जिले की सभी सीट पर हार मिले।

अचार से मुलाकात की और उनका सहयोग मांगा

इससे पहले के सी वीरेंद्र ने अचार से मुलाकात की थी और उनका सहयोग मांगा था, जिस पर उन्होंने कहा था- अब बहुत देर हो चुकी है। मैं पहले ही 17 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की घोषणा कर चुका हूं। वीरेंद्र एक अच्छे मित्र हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची में वीरेंद्र का नाम भी शामिल है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चित्रदुर्ग से टिकट के एक अन्य दावेदार एस के बसवराजन ने पार्टी से इस्तीफा देने और अपने समर्थकों एवं शुभचिंतकों की बैठक बुलाने का फैसला किया है, ताकि वह इस पर निर्णय ले सकें कि उन्हें आगे क्या करना है।

कांग्रेस ने मांड्या से पी. रविकुमार को टिकट दिया

मांड्या से टिकट मिलने की उम्मीद कर रहे के. के. राधाकृष्ण ने अपने समर्थकों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह एक सप्ताह के लिए पूरे निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करेंगे और फिर अपने अगले कदम को लेकर फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अब भी पार्टी में हैं और वह पार्टी के नेताओं एवं उनके समर्थकों से मिलेंगे। उन्होंने कहा- मैं 13 अप्रैल के बाद अपने समर्थकों की बैठक बुलाऊंगा और अपने फैसले की घोषणा करुंगा. कांग्रेस ने मांड्या से पी. रविकुमार को टिकट दिया है।

हमारे स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई गई

वाई एस वी दत्ता को कडूर से टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं होने पर उन्होंने भी रविवार को अपने समर्थकों की एक बैठक बुलाई है। उन्होंने समर्थकों को पत्र लिखकर कहा है- हमारे स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई गई है। इस सीट से कांग्रेस ने आनंद के एस दत्ता को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने 41 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची कल जारी की थी। (भाषा इनपुट के साथ)

IMG 20230407 WA0015
कल राँची बंद, सरना झंडा के अपमान के खिलाफ झारखंड पहान महासंघ ने निकाला मशाल जुलूस

राँची : झारखंड पहान महासंघ, केंद्रीय सरना समिति, राजी सरना प्रार्थना महासभा एवं विभिन्न आदिवासी संगठनों के द्वारा सरना झंडा जलाने एवं अपमानित करने को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक 8 अप्रैल को रांची बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मशाल जुलूस निकाला गया। मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में पहान पूजार, महिला, पुरुष हाथों में मशाल एवं हाथों में तख्तियां लिए हुए सरना झंडा जलाने को लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग की गयी।

8 अप्रैल को रांची बंद

झारखंड पहान संघ के अध्यक्ष जगदीश पहान ने बताया कि सरना झंडा को अपमानित किया जाना निंदनीय है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो। इसी मांग को लेकर आज शुक्रवार को रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया और विरोध दर्ज कराया गया। शनिवार 8 अप्रैल को रांची बंद का आह्वान किया गया है। सिर्फ आवश्यक सेवाओं को बंद से छूट रहेगी।

बंद से आवश्यक सेवाओं को छूट

केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि आदिवासी अपनी परंपरा व संस्कृति के प्रति जागरूक हो चुके हैं एवं अपने सम्मान बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। 8 अप्रैल को रांची बंद ऐतिहासिक होगा। बंदी में एंबुलेंस, स्कूल बस, दूध, दवा दुकान को बंदी से छूट दी गई ह।. मौके पर केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुनेश्वर लोहरा, महासचिव संजय तिर्की, उपाध्यक्ष प्रमोद एक्का, सचिव विनय उरांव, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के महासचिव विमल कच्छप, बाना मुंडा, महिला शाखा अध्यक्ष नीरा टोप्पो, सुखवारो उरांव, धर्म कुमार, दीपक जायसवाल, जय आदिवासी के केंद्रीय परिषद की अध्यक्ष निरंजन हेरेंज टोप्पो, कांके सरना समिति के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, शिवा कच्छप, राजी‌ पड़हा प्रार्थना सभा के संजय कुजूर, आदिवासी सरना विकास समिति के अध्यक्ष अशोक मुंडा, डब्लू मुंडा एवं अन्य शामिल थे।

1680883167503
मानगो : हथियार दिखाकर कार समेत भालुबासा के दो युवकों का अपहरण

जमशेदपुर :- मानगो थाना क्षेत्र के आजादबस्ती में हथियार का भय दिखाकर दो युवकों का कार समेत अपहरण कर लेने का एक मामला सामने आया है। यह मामला शुक्रवार को तब सामने आया जब भालुबासा के एग्रिको मुस्लिम बस्ती के रहनेवाली मेराज परवीन ने थाने में शिकायत की। शिकायत में कहा गया है कि उनके बेटे कैफ अंसारी और उसके साथी को पिस्टल का भय दिखाकर लाल भाई और डाबर भाई ने 2 अप्रैल की देर रात 11 बजे कार समेत अपहरण कर लिया। दोनों की रातभर पिटाई करने के बाद दूसरे दिन सुबह छोड़ दिया गया।

दोस्त के घर जाते समय घटी थी घटना

घटना के बारे में बताया गया कि घटना की रात अरशद खान को छोड़ने के लिये बेटा कैफ अंसारी गया हुआ था। इस बीच ही 20-25 की संख्या में आये लोगों ने उसके कनपट्टी पर पिस्टल सटा दिया और कार की चाभी छीन ली। इसके बाद दोनों को लेकर आजादबस्ती रोड नंबर 16 में चला गया. वहां पर रातभर मारपीट की गयी। लाल भाई और डाबर भाई के बारे में मेराज परवीन का कहना है कि उनके दूर का बहनोई हीरा है. हीरा ने आरोपियों से किसी काम से रुपये लिया था और वह फरार हो गया है। जब आरोपियों को पता चला कि मेराज उसकी रिश्तेदार है तब उसकी कार पर कब्जा जमाने के लिये इस तरह की हरकत की गयी है. मेराज का कहना है कि कार उनकी है और इसे तीन माह पूर्व ही फाइनांस में खरीदी थी।

IMG 20230407 WA0014
जेल से चला रहा था वसूली का रैकेट, महाठग सुकेश चंद्रशेखर को लेकर हुआ बड़ा खुलासा

जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि सुकेश चंद्रशेखर रोहिणी जेल से वसूली का रैकेट चला रहा था। जेल से वसूली रैकेट चलाने में तीन जेल अधिकारी मदद कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार सुकेश ने प्रोटेक्शन मनी के रूप में करोड़ो रुपये जेल अधिकारियों को दिए थे। सूत्रों के अनुसार अधिकारी इस रिश्वत के बदले सुकेश को जेल में सुविधाएं देते थे।


सूत्रों के अनुसार दो अधिकारियों सुंदर बोरा को हर महीने 1.5 करोड़ रुपए और महेंद्र प्रसाद सुंदरीलाल को 25 लाख रुपए मिले थे। सूत्रों के अनुसार सुकेश चंद्रशेखर ने कथित तौर पर डीजी जेल को हर महीने करीब 2 करोड़ देने की बात कबूल की। सुकेश जेल से आईफोन 12 प्रो के ज़रिए वसूली करता था, यह फोन उसने पैरोल के दौरान चेन्नई से खरीदा था।

जेल अधिकारियों ने दिया था सिम कार्ड

सूत्रों के अनुसार जेल अधिकारियों ने सुकेश को एयरटेल सिम कार्ड मुहैया कराया था, जिससे वह जेल में इंटरनेट का इस्तेमाल करता था। सूत्रों के मुताबिक सुकेश चन्द्रशेखर जेल में टेलीग्राम और व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करता था। सूत्रों ने बताया कि सुकेश को जेल में अलग बैरक में रखा गया था, कोरोना काल में भी उसको अलग बैरक में रखा गया था।
सूत्रों की मानें तो सुकेश ने सेल में CCTV को पानी की बोतलों और पर्दों से ढक दिया था। इतना ही नहीं वह जेल में वकीलों से बात करने के लिए जेल अधीक्षक का ऑफिस इस्तेमाल करता था।

सूत्रों के अनुसार धर्म सिंह मीणा दीपक से पैसे लेता था और उसको जेल अधिकारियों के बीच बांटता था। जेल अधिकारियों को पैसे बाटने के लिए धर्म सिंह मीणा को अलग से पैसे मिलते थे। सूत्रों के मुताबिक सुकेश से मिलने वालों का पैसों का इस्तेमाल अधिकारी घरेलू खर्च, फ्लैट खरीदने और डाकघर बचत खाते समेत अन्य जगहों पर निवेश करते थे।

IMG 20230407 WA0013
विश्व स्वास्थ्य दिवस : आनंद मार्ग एवं पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से पांच मोतियाबिंद रोगियों का कल निशुल्क ऑपरेशन

जमशेदपुर :- विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग एवं पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से आज गदरा आनंद मार्ग जागृति में 309 वा सप्ताहिक नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया था आज लगभग 50 लोगों की आंखों का जांच हुआ 5 लोग आज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए पूर्णिमा नेत्रालय भेजा गया जिनका ऑपरेशन कल 8 अप्रैल  को किया जाएगा निशुल्क लेंस लगाया जाएगा
   प्रीवेंशन आफ क्रुएलिटी एनिमल्स एंड प्लांट्स की ओर से लग्भग 100 निशुल्क पौधा का वितरण किया गया

9 अप्रैल रविवार को 310 वा मासिक नेत्र जांच शिविर का आयोजन सोनारी कबीर मंदिर के पास किया गया है जो लोग भी मोतियाबिंद  के लिए चयनित होंगे उनका ऑपरेशन 10 अप्रैल को ही किया जाएगा

IMG 20230407 WA0011
पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़ा…पत्नी परेशान।

जमशेदपुर/गोविंदपुर :- एयर फ़ोर्स में काम करने वाला पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़ा,पत्नी ने प्रसाशन से मदद की लगाई गुहार। वहीं पत्नी ने कहा मेरा पति तपन कुमार महतो आगरा में एयर फ़ोर्स में करते हैं काम।जमशेदपुर गोविंदपुर के रहने वाली पीड़ित महिला गीतांजलि महतो ने कहा की हमारी शादी का 24 साल हो चूकी हैं और पिछले आठ महीने से पति तपन कुमार महतो ने हमें और मेरे दोनों बेटों को छोड़ दिया हैं,और घर से भी निकाल दिया हैं ,मुझको काफी दिक्क़त का सामना करना पड़ रहा हैं, हमने जिला के तमाम जगह अपने पति के खिलाफ शिकायत किये हैं ताकि मुझे न्याय मिल सकें।

सामाजिक महिला सह कांग्रेस नेत्री संध्या दास ने कहा की हम प्रशासन से मांग करते हैं कि पीड़ित महिला गीतांजलि महतो को न्याय मिले।…..वहीं पीड़ित महिला साथ दे रही संध्या दास,शशि कश्यप भी उपस्थित थी।

IMG 20230407 WA0008
सीजीपीसी में सम्मान समारोह का दौर जारी, कदमा के प्रधान बलदेव सिंह व शैलेन्द्र सिंह को मिला सम्मान

जमशेदपुर :

सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) में सम्मान समारोह का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार को कदमा के नवनियुक्त प्रधान सरदार बलदेव सिंह व झारखण्ड गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार शैलेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया।
जमशेदपुर में सिखों की सर्वोच्च संस्था सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने दोनों शख्सियतों को शॉल और सरोपा भेंट कर सम्मान किया। भगवान सिंह ने सीजीपीसी के महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार गुरचरण सिंह बिल्ला, गुरनाम सिंह बेदी, कुलविंदर सिंह पन्नू, सुरेंदर सिंह छिंदे और सुखविंदर सिंह राजू सहित अन्य सदस्य संग सरदार बलदेव सिंह को कदमा गुरुद्वारा जाकर सम्मनित किया।

IMG 20230407 WA0009


झारखण्ड गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सह सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह को कार्यालय में प्रधान भगवान सिंह ने सरोपा व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान दिया गया। सरदार शैलेंदर सिंह को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही एवं महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह ने विभिन्न स्थानों पर होने वाले निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए तीन सदस्य निर्माण को-ऑर्डिनेटर कमेटी में शामिल किया जो एक उपलब्धि है।
इस अवसर पर संरक्षक गुरदीप सिंह पप्पू के अलावा सीजीपीसी के महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार गुरचरण सिंह बिल्ला, परविंदर सिंह सोहल, सुरेंदर सिंह छिंदे, जगजीत सिंह गाँधी, सुखदेव सिंह बिट्टू और अमरजीत सिंह भामरा समेत अन्य सदस्य रहे। इस अवसर पर बोलते हुए भगवान सिंह ने सरदार शैलेन्द्र सिंह को बधाई दी और सिख समाज के हित में कार्य और कौम की और अधिक सेवा की उम्मीद जताई। सरदार शैलेंदर सिंह ने कहा की दी गयी सेवा का वे पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे।
गौरतलब है कि तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब कमेटी द्वारा सरदार शैलेंद्र सिंह को पत्र भेजकर उन्हें तख्त साहिब से सटे दीवान हाल की जमीन, लंगर हॉल के सामने वाली जमीन, रस्तोगी भवन वाली जमीन एवं लंगर हाल के पीछे वाली जमीन यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जाने वाले कमरे, कंगन घाट वाली जमीन पर स्कूल का निर्माण करने के लिए कार्रवाई करने की सेवा दी गई है।

error: Content is protected !!