
ताजा खबर











एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनावों का अध्ययन करने के लिए गठित राम नाथ कोविंद की अगुवाई वाली उच्च-स्तरीय समिति अपने गठन के पांच महीने बाद आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
रिपोर्ट में एक साथ चुनावों की आर्थिक व्यवहार्यता पर 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्राची मिश्रा का एक पेपर भी शामिल है। रिपोर्ट में एक साथ चुनाव कराने के लिए जरूरी वित्तीय और प्रशासनिक संसाधनों का भी ब्यौरा होगा। इसने अपनी वेबसाइट के माध्यम से दिए गए फीडबैक और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों सहित विभिन्न हितधारकों से मिले फीडबैक पर विचार किया है।

समिति का सितंबर 2023 में हुआ था गठन
समिति का गठन पिछले साल सितंबर में किया गया था और इसके अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति कोविंद हैं। समिति राजनीतिक दलों, संवैधानिक विशेषज्ञों, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों और चुनाव आयोग और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ उनके विचार जानने और मामले पर जानकारी इकट्ठा करने के लिए परामर्श कर रही है। समिति के कार्यक्षेत्र में शासन, प्रशासन, राजनीतिक स्थिरता, खर्च, और मतदाता भागीदारी पर चुनावों के संभावित प्रभाव की जांच करना शामिल है। इसे सिफारिशें तैयार करने और इसके फायदे और नुकसान को बताते हुए एक व्यापक रिपोर्ट पेश करने का भी काम सौंपा गया है।
चुनाव कराने के बढ़ते खर्च पर चिंता
इससे पहले भी एक संसदीय स्थायी समिति, नीति आयोग और विधि आयोग ने एक साथ चुनाव के मुद्दे पर विचार किया है, जिसमें एक के बाद एक चुनाव कराने के बढ़ते खर्च पर चिंता जताई गई। साथ ही संभावित संवैधानिक और कानूनी समस्याओं का भी जिक्र किया गया है। कोविंद पहले ही संसदीय और राज्य विधानसभा चुनावों को एक साथ कराने के पक्ष में आ चुके हैं और सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय हित में इस विचार का समर्थन करने की अपील कर चुके हैं। पिछले साल नवंबर में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा था कि केंद्र में सत्ता में रहने वाली किसी भी पार्टी को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” से लाभ होगा और चुनाव खर्च में बचाए गए धन का इस्तेमाल विकास के लिए किया जा सकता है।

भाजपा के 2014 और 2019 घोषणापत्र में एक साथ चुनाव की वकालत
भारतीय जनता पार्टी के 2014 और 2019 के घोषणापत्र में पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने की वकालत की गई थी, लेकिन इसे लागू करने के लिए संविधान में कम से कम पांच अनुच्छेद और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम में बदलाव करना होगा। 20 फरवरी को भाजपा ने इस विचार का समर्थन करते हुए कोविंद के नेतृत्व वाले पैनल से कहा था कि भारत के चुनावों को नियंत्रित करने वाले कानून में बदलाव आम सहमति से लाया जाना चाहिए और आदर्श आचार संहिता का बार-बार लागू होना शासन को नुकसान पहुंचाता है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है। भाजपा के अलावा, जनता दल (यू), शिवसेना और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया – अठावले ने एक साथ चुनाव के विचार का समर्थन किया है।

पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के बाद उठापटक शुरू हो गई है। क्रिकेटर यूसुफ पठान को बहरामपुर सीट से उतारने पर पार्टी के भीतर विवाद हो गया है।

मुर्शिदाबाद के भरतपुर से तृणमूल विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि अगर उम्मीदवार नहीं बदला गया तो वह बहरामपुर से निर्दलीय लड़ेंगे।
कबीर ने कहा, दूसरे राज्य से किसी को लाकर कांग्रेस के अधीररंजन चौधरी को नहीं हराया जा सकता। कबीर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रहे हैं कि पार्टी ने तृणमूल के जिला नेतृत्व से बिना बातचीत के ही यूसुफ पठान के नाम की घोषणा कर दी। मैं इसे स्वीकार नहीं करता। चुनाव की तारीखों की घोषणा होने दीजिए और आप मेरी अगली कार्रवाई देखेंगे। मैं उनके खिलाफ मतदान सुनिश्चित करूंगा।
ममता ने छोटे भाई ने भी उम्मीदवार चयन पर उठाए सवाल
वहीं, हावड़ा सीट से प्रत्याशी प्रसून बनर्जी के चयन पर सवाल उठाने पर सीएम ममता बनर्जी ने छोटे भाई बाबुन बनर्जी से सारे संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी। ममता ने कहा, हर चुनाव से पहले वह (बाबुन) समस्या पैदा करते हैं। मुझे लालची लोग पसंद नहीं हैं। मैं वंशवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती, जो उन्हें टिकट दे दूंगी। मैंने उनके साथ सभी रिश्ते खत्म करने का फैसला किया है।

बाबुन ने हावड़ा से दो बार सांसद रहे प्रसून बनर्जी को टिकट देने पर नाराजगी जताते हुए कहा, प्रसून सही विकल्प नहीं हैं। कई सक्षम उम्मीदवार थे, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। प्रसून ने मेरा जो अपमान किया, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने भाजपा में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह हावड़ा से निर्दलीय लड़ सकते हैं। हालांकि, ममता की नाराजगी सामने आने के बाद सुर बदल गए। चुनाव नहीं लड़ने की बात कहते हुए कहा, ममता दीदी मेरी अभिभावक हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार) जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह योजना के तहत दिल्ली के पांच हजार स्ट्रीट वेंडरों समेत एक लाख स्ट्रीट वेंडरों को ऋण वितरित करेंगे।

मेट्रो फेज 4, बनेंगे 45 नए मेट्रो स्टेशन
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के चरण-4 के दो अतिरिक्त कॉरिडोर लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ की की आधारशिला भी रखेंगे। ये गलियारे कुल मिलाकर 20 किमी से अधिक लंबे होंगे और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और यातायात की भीड़ को कम करने में मदद करेंगे।
लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक कॉरिडोर पर स्टेशनों में लाजपत नगर, एंड्रयूज गंज, ग्रेटर कैलाश-1, चिराग दिल्ली, पुष्पा भवन, साकेत जिला केंद्र, पुष्प विहार, साकेत जी-ब्लॉक शामिल होंगे। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के स्टेशनों में इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खान पार्क, नबी करीम, नई दिल्ली, एलएनजेपी अस्पताल, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय, इंद्रप्रस्थ शामिल होंगे।

62 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को मिला अब तक फायदा
पीएम स्वनिधि योजना के तहत अब तक देश में 62 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को 10,978 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के 82 लाख से अधिक ऋण वितरित किया जा चुका है। अकेले दिल्ली में लगभग 2 लाख ऋण वितरित किए गए हैं, जिनकी राशि 232 करोड़ रुपये है। बयान में कहा गया है कि यह योजना उन लोगों के लिए वित्तीय समावेशन और समग्र कल्याण का प्रतीक बनी हुई है, जो ऐतिहासिक रूप से वंचित रहे हैं।

झारखण्ड में विदेशी महिला से गैंगरेप के बाद भी यहां दुष्कर्म के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे. ताजा मामला पश्चिम सिंहभूम जिले का है. यहां 13 साल की लड़की से पांच लोगों ने गैंगरेप किया.

वो भी तब जो वो पास की नदी में स्नान के लिए गई थी. पहले से वहां घात लगाए बैठे 5 हैवान उसका नदी से बाहर आने का इंतजार करने लगे. फिर उसे बहला फुसलाकर अपने साथ सुनसान जगह ले गए.
वहां ले जाकर पांचों ने लड़की के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया. फिर उसे धमकाकर वहा से भेज दिया. कहा कि अगर वो इस बारे में किसी को भी बताएगी तो उसके परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा. लेकिन घर आकर लड़की ने आपबीती अपने घर वालों को बताई. जिसके बाद परिवार के साथ जाकर थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया.
मामला जगन्नाथपुर थानाक्षेत्र का है. पुलिस अधिकारी राकेश नंदन मिंज ने बताया कि किशोरी जब स्नान करके घर के लिए जाने लगी तो आरोपियों ने उसे रोक लिया. बहला फुसलाकर अपने साथ सुनसान जगह ले गए. फिर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल, पांचों आरोपी फरार है. उनकी तलाश की जा रही है. लड़की की हालत भी सही नहीं है. इसलिए उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गुमला में मानसिक रूप से कमजोर महिला से रेप
इससे पहले गुमला से भी रेप का मामला सामने आया था. यहां मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ गांव के मुखिया के पिता ने रेप किया. यही नहीं, कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जिसके बाद मामले में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया. मामला बसिया थाना क्षेत्र का है. सभी आरोपियों को पूछताछ के उपरांत कोर्ट में पेश किया गया. फिर वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

जानकारी के मुताबिक, पंचायत के मुखिया विकास इंदवार के पिता रामू इंदवार ने मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ रेप किया. इस दौरान कुछ लड़कों ने महिला की मदद करने के बजाय उसका वीडियो बनाया. फिर उसे वायरल कर दिया. जैसे ही वीडियो वायरल हुआ तो आरोपियों को डर सताने लगा कि पुलिस उन्हें पकड़ लेगी. इसलिए पीड़िता को मौत के घाट उतारने की प्लानिंग बनाकर उन्होंने उसका किडनैप किया. गाड़ी में महिला को बैठाकर वे किसी सुनसान जंगल में ले गए. लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां गिरफ्तार कर लिया.
स्पेनिश महिला से गैंगरेप
वहीं, दुमका जिले से भी इसी महीने विदेशी महिला से गैंगरेप की घटना सामने आई थी. यहां भारत भ्रमण पर आई एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि, जल्द ही पुलिस ने मामले में आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. गैंगरेप की शर्मनाक घटना दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमहाट इलाके की थी. यहां भारत घूमने आई स्पेनिश महिला पति के साथ टैंट लगाकर वहीं रात गुजारने के लिए रुक गए. इसी बीच 8 दरिंदों ने पहले इस विदेशी जोड़े से मारपीट की. फिर महिला से गैंगरेप किया और उनका सामान लूटकर फरार हो गए. जैसे-तैसे विदेशी जोड़े ने पुलिस के पास जाकर मामला दर्ज करवाया.


रांची : लोसकभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने झारखंड के 14 आईपीएस को पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर्स) बनाया है. इसको लेकर 11 मार्च को शो मस्ट गो ऑन की तर्ज पर 2150 से ज्यादा ऑब्जर्वर्स की बैठक दिल्ली के विज्ञान भवन में हुई थी. इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी ऑब्जर्वर्स को सख्त निर्देश दिये हैं.

झारखंड के इन 14 आईपीएस को बनाया गया पर्यवेक्षक

टी कांडासामी, ए विजया लक्ष्मी, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, सुरेन्द्र कुमार झा, कार्तिक एस, संध्या रानी मेहता, अनुरंजन किस्पोट्टा, अंबर लकड़ा, अंजनी कुमार झा, आनंद प्रकाश, अश्विनी सिन्हा, शैलेन्द्र प्रसाद वर्णवाल, चंदन झा, मो. अर्शी

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग चुनाव से पहले पूरी प्रक्रिया यानी काला धन, नशीले पदार्थ, कीमती धातुओं या फिर नकदी की आवाजाही और वितरण को रोकने के लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑब्जर्वर तैनात किये जायेंगे. ऑब्जर्वर अपने लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की सीमा में अपनी जिम्मेदारी निभायेंगे. साथ ही सभी ऑब्जर्वर हमेशा अपने फोन, ईमेल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रियता से उपलब्ध रहेंगे.

राँची : पंडरा ओपी क्षेत्र के ओझा मार्केट स्थित जनक नगर में अज्ञात अपराधियों ने बिरसा उरांव और उसकी पत्नी सोनी मुंडा की गोली मारकर बीते 21 फरवरी की देर शाम हत्या कर दी थी. एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी युवक राम मुंडा और उसे हथियार उपलब्ध कराने वाले अलाउद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया है.

उसके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक गोली समेत कई अन्य सामान बरामद किया है. घटना के संबंध में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवक राम मुंडा, बिरसा उरांव की पहली पत्नी की बेटी का प्रेमी है और उससे वो शादी करना चाहता था. लेकिन बिरसा इसके लिए तैयार नहीं था. बिरसा उरांव अपनी बेटी के प्रेम संबंध को लेकर युवक राम मुंडा को डराता धमकाता था. इसी बात से युवक गुस्से में रहता था.
घटना के दिन राम मुंडा ने अलाउद्दीन अंसारी से पिस्टल और गोली ख़रीदा और उसी पिस्टल से बिरसा उरांव को गोली मारकर हत्या कर दी. गोली मारने के बाद बिरसा की पत्नी सोनी मुंडा ने युवक को देख लिया था. इस वजह से उसने सोनी को भी गोली मार दी. बुधवार अपने ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसएसपी ने पूरे मामले की जानकारी दी.

बिरसा उरांव घटना से कुछ देर पहले अपने घर लौटा था और उसकी पत्नी घर के बाहर खाना बना रही थी. इसी दौरान आरोपी युवक बगल के खेत के रास्ते मौके पर पहुंचा और दोनों को गोली मार दी. बिरसा उरांव हत्या के मामले में जेल से सजा काटकर, कुछ दिनों पहले ही बाहर निकला था. बिरसा ने तीन शादियां की थी. सोनी मुंडा बिरसा उरांव की तीसरी पत्नी थी.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पता चला है कि मृतक बिरसा उरांव कई बार अपनी बेटी के साथ आरोपित युवक को पकड़ चुका था. बिरसा ने कई बार युवक को पीटा भी था. इस हत्याकांड में बिरसा की बेटी की कितनी संलिप्ता है, इसकी भी जांच की जा रही है.

हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर स्थित हाजी मोइनुद्दीन अंसारी के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 36 लाख रुपये नकद और 10 लाख के जेवरात सहित अन्य सामान की चोरी कर ली. कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल मो. आदिल और फैसल आलम को गिरफ्तार किया. उसके पास से पुलिस ने चोरी किए गये जेवरात और 49 हजार रूपया बरामद किया. इस घटना की जानकारी बीते दस मार्च को परिवार के सदस्यों को तब मिली, जब वे चाईबासा से निजामनगर अपने घर पहुंचे थे.

राँची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के बाहर अपनी समस्या लेकर अभ्यर्थी खड़े रहे, लेकिन इन अभ्यर्थियों से जेपीएससी के किसी अधिकारी ने मिलना जरूरी नहीं समझा. 17 मार्च को होने वाली सिविल सेवा परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहा है.

कल यानी 12 मार्च से ही अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने को लेकर परेशान हैं. अपनी इसी परेशानी को लेकर अभ्यर्थी जेपीएससी कार्यालय गए. गेट के बाहर से गार्ड ने समझाकर भेज दिया. तकरीबन तीन घंंटे तक अभ्यर्थी खड़े रहे. इस दौरान अलग-अलग जिले के अधिकारी कार्यालय के अंदर जाते रहे, मगर किसी ने अभ्यर्थियों की समस्या जानने की कोशिश नहीं की.

गेट के बाहर खड़े अभ्यर्थियों ने बताया कि कल से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर रहे हैं, लेकिन डाउनलोड नहीं हो रहा, अब जिनका रांची के बाह सेंटर है वो अपने सेंटर के बारे में पहले से नहीं जानेंगे तो वहां तक कैसे पहुंचेंगे. इस समस्या को लेकर हम जेपीएससी कार्यालय आए, लेकिन हमारे बातों को किसी ने नहीं सुना. ऐसा लग रहा है कि जेपीएससी परीक्षा लेने के लिए काफी जल्दबाजी में है. फॉर्म भरने के बाद ना सुधारने की तिथि दी और न ही रिजेक्शन लिस्ट जारी किया.

अब पता ही नहीं चल रहा है किसका रिजेक्ट हुआ और किसका नहीं. किसी भी परीक्षा में कम से कम 45 दिन पढ़ने का समय दिये जाने का नियम है, लेकिन जेपीएससी ने यह भी नहीं दिया. अभ्यर्थियों में से एक ने कहा कि अगर एडमिट कार्ड डाउनलोड होने की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कल हमलोग जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेंगे. जेपीएससी कार्यालय जाने वालों में योगेश चन्द्र भारती, रवि कुमार, कहकसा कुमारी, रवींद्र कुमार समेत अन्य शामिल रहे.

गढ़वा : गढ़वा जिले का कुख्यात नक्सली पांच लाख का इनामी टुनेश उरांव सहित 6 नक्सली को छत्तीसगढ़ के जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. नक्सलियों के पास से एके 47, गोला बारूद और हथियार बरामद किया गये है. जशपुर पुलिस ने उसके साथ अन्य 5 नक्सली को भी गिरफ्तार किया है. गढ़वा एसपी, बलरामपुर एसपी और जशपुर संभाग के आईजी ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी. गढ़वा एसपी दीपक पांडेय मौके पर मौजूद थे.


छत्तीसगढ़ के सरगुजा आईजी अंकित गर्ग ने बताया की झारखंड और छत्तीसगढ़ में टुनेश उरांव पर 31 मामले दर्ज हैं. लगातार पुलिस ऑपरेशन चलाकर कुख्यात नक्सली टूनेश उरांव के साथ उसके दस्ते को धर दबोचने की प्रयास जारी था. इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर गढ़वा पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस ने मिलकर ये सफलता पाई है. टुनेश उरांव 10 वर्ष जेल की सजा काटकर निकलने के बाद फिर से नक्सली धारा में काम शुरू कर दिया था. वह पुलिस मुठभेड़ सहित आगज़नी, लेवी सहित कई मामले में शामिल था. गढ़वा पुलिस में मार्च 2024 में टुनेश उरांव पर 5 लाख का इनाम भी रखा था.


2024 में एप्पल कंपनी iPhone 16 सीरीज लॉन्च करने वाली है. हर साल की तरह इस साल भी सितंबर के महीने में एप्पल अपनी अगली आईफोन सीरीज को लॉन्च कर सकती है, लेकिन उससे पहले कंपनी ने अपने दो साल पुराने iPhone 14 को सस्ता कर दिया है. कंपनी ने इस फोन की कीमत में करीब 26% की कटौती की है. आइए हम आपको इस फोन के बारे में बताते हैं.
आईफोन 14 की असली कीमत 79,900 रुपये है, लेकिन अब इस फोन को अमेजन की वेबसाइट पर 59,999 रुपये में लिस्ट कर दिया गया है. वहीं, फ्लिपकार्ट पर इस आईफोन के तीन वेरिएंट्स – 128GB, 256GB और 512GB वाले मॉडल्स की कीमत क्रमश: 56,999, 68,999 और 86,999 रुपये है.

यूज़र्स एप्पल के इस आईफोन को रेड, ब्लू, येलो, पर्पल, व्हाइट और ब्लैक कलर्स के विकल्पों में खरीद सकते हैं. एप्पल ने इस आईफोन की अमेज़न और फ्लिपकार्ट दोनों प्लेटफॉर्म पर कीमत कर दी है. इसके अलावा इन दोनों प्लेटफॉर्म पर कई डिस्काउंट और ईएमआई ऑफर्स भी उपलब्ध हैं. यूज़र्स उन ऑफर्स के साथ इस फोन को और भी कम कीमत में खरीद सकते हैं.
आईफोन 14 में कंपनी ने 6.1 इंच की सुपर रेटिन एक्सडीआर डिस्प्ले दिया गया है. इस फोन का डिस्पले 60Hz की रिफ्रेश रेट के साथ आता है. इस फोन में प्रोसेसर के लिए कंपनी ने A15 Bionic चिपसेट का इस्तेमाल किया है, जो अब दो साल पुराना प्रोसेसर हो गया है. इस आईफोन में यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट मौजूद नहीं है, क्योंकि एप्पल ने iPhone 15 से इस चार्जिंग पोर्ट का इस्तेमाल करना शुरू किया है.

iPhone 14 के पिछले हिस्से में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है. इस कैमरा सेटअप का पहला कैमरा 12MP और दूसरा कैमरा एक अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस दिया गया है. इस फोन के कैमरा फीचर्स अच्छे हैं. इसके अलावा यह फोन IP68 रेटिंग के साथ आता है. कंपनी का दावा है कि यह आईफोन 6 मीटर तक 30 मिनट पानी में डूबे रहने के बाद भी खराब नहीं होगा. यह फोन 5G कनेक्टिविटी, डुअल सिम सपोर्ट (एक फिज़िकल और एक eSIM) के साथ आता है.


जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत रोड नंबर 1 स्थित सीएस इलेक्ट्रॉनिक में बीती रात चोरों ने फिर से चोरी की घटना को अंजाम दिया है. दूसरी बार घटी इस घटना से पीड़ित दुकानदार ने बागबेड़ा थाना की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है. बताया जा रहा है कि दुकानदार चंदन कुमार मंगलवार रात 10 बजे अपनी दुकान को बंद कर घर चले थे, सुबह जब दुकान खोलने आए तो देखा कि दुकान के शटर का दोनों ताला टूटा हुआ था.


अंदर जाकर उन्होंने पाया कि उनके दुकान के अंदर लगभग रखे 11 नए स्मार्ट फोन, 6 से 7 रिपेयर वाले फोन और एसेसरीज गायब है. देर ना करते हुए पीड़ित दुकानदार ने इसकी जानकारी बागबेड़ा थाने को दी. जानकारी मिलते ही बागबेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने लगी.

जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदार चंदन कुमार ने बताया कि 2 वर्ष पहले यानी 2021 में उनके दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लगभग 2 लाख के समान पर हाथ साफ किया था. इस संबंध में उनके द्वारा एफआईआर दर्ज भी कराया गया है, पर आज तक उस मामले में पुलिस को किसी तरह की कोई सफलता हाथ नही लगी बल्कि उन्हें ही परेशान किया गया. इधर एकबार फिर से दुबारा दोबारा उनके दुकान को निशाना बनाया गया है और लगभग डेढ़ से 2 लाख के सामान पर हाथ साफ किया गया है. उन्होंने कहा कि पास में ही बागबेड़ा थाना है.