राष्ट्रपति के झारखंड आगमन और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा- व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है. सुरक्षा-व्यवस्था की मॉनिटरिंग सीनियर आइपीएस अधिकारी करेंगे. इसके साथ ही अलग- अलग जिलों में स्थानीय पुलिस स्तर से पुलिस अफसर और जवानों की तैनाती की जायेगी. पुलिस मुख्यालय ने 74 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति से संबंधित आदेश दिया है. कार्यक्रम और आगमन को लेकर रांची जिला में 17 डीएसपी की तैनाती होगी. राष्ट्रपति का कार्यक्रम 28,29 और 30 दिसंबर को निर्धारित है. रांची, जमशेदपुर और सरायकेला में यह प्रतिनियुक्त 26 दिसंबर से होगी, जबकि यह प्रतिनियुक्त 28 दिसंबर से कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए की गयी है.
जमशेदपुर जिला में कार्यक्रम को लेकर 20 डीएसपी की तैनाती होगी. सरायकेला- खरसावां में 12 डीएसपी की तैनाती होगी, जबकि गुमला जिला में कार्यक्रम समाप्ति तक के लिए 24 डीएसपी की तैनाती की गयी है.
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अतिरिक्त पुलिस अफसरों की प्रतिनियुक्ति को लेकर जोनल आइजी की ओर से प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेजा गया था, जिसके आधार पर पुलिस मुख्यालय ने उक्त 74 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति संबंधित जिलों में की है.
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा, H1B वीजा, ऑस्ट्रेलिया टेरर अटैक और कनाडा में भारतीय छात्र की मौत मामले पर प्रतिक्रिया दी. बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के मामले को लेकर मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ जो हो रहा है वो चिंता का विषय है.
हम बांग्लादेश में हाल ही में एक हिंदू युवक की हत्या की निंदा करते हैं.
उन्होंने कहा कि उम्मीद करते हैं कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अपने संबंधों को मज़बूत करने के पक्ष में है. हम बांग्लादेश में शांति और स्थिरता चाहते हैं. हमने लगातार बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और भागीदारी वाले चुनावों की मांग की है.
H1B वीजा पर क्या बोला मंत्रालय
रणधीर जायसवाल ने H1B वीजा पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार को देश के नागरिकों से कई शिकायतें मिली हैं, जिन्हें अपने वीजा अपॉइंटमेंट को रीशेड्यूल करने में दिक्कतें आ रही हैं. वीजा से जुड़े मुद्दे किसी भी देश के संप्रभु अधिकार क्षेत्र में आते हैं, हमने इन मुद्दों और अपनी चिंताओं को अमेरिकी पक्ष के सामने उठाया है.
कई लोग लंबे समय से फंसे हुए हैं
मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, कई लोग लंबे समय से फंसे हुए हैं, जिससे परिवारों के साथ-साथ उनके बच्चों की पढ़ाई में भी काफी दिक्कतें हुई हैं. भारत सरकार अपने नागरिकों को होने वाली दिक्कतों को कम करने के लिए अमेरिकी पक्ष के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है.
रणधीर जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया में बोंडी बीच आतंकी हमले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हम इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की कोशिशों के बारे में जानते हैं. अधिकारी इस मामले में दूसरे अधिकारियों के संपर्क में हैं. हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि जो लोग भारत में कानून की नजर में भगोड़े और वांटेड हैं, उन्हें वापस लाया जाए.
उन्होंने कहा, इसके लिए हम कई देशों से बात कर रहे हैं और प्रक्रियाएं जारी हैं. इसमें कानूनी पेचीदगियां हैं लेकिन हम उन्हें देश वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. ताकि वो यहां की अदालतों में मुकदमे का सामना कर सकें.
कनाडा में भारतीय छात्र की मौत का मामला
उन्होंने कहा, कनाडा में भारतीय छात्र की मौत पर कहा, हम उनके परिवार के संपर्क में हैं. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हम मौत के कारणों के बारे में स्थानीय अधिकारियों के भी संपर्क में हैं. दूतावास परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है.
भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हर बदलते दिन के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं. सिर्फ 14 साल की उम्र में ही वैभव ने क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है और कई रिकॉर्ड अपने नाम लिखवा लिये हैं.
क्रिकेट पिच पर उनकी इस शानदार सफलता के लिए ही अब उन्हें भारत सरकार की ओर से भी सम्मानित किया गया है. वैभव सूर्यवंशी को देश के सबसे बड़े बाल पुरस्कार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक खास कार्यक्रम में बिहार के इस होनहार बल्लेबाज को अपने हाथों से ये अवॉर्ड दिया.
क्रिकेट में उपलब्धियों के लिए वैभव का सम्मान
शुक्रवार 26 दिसंबर को जब विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम अपने दूसरे मैच के लिए मैदान पर थी, उसी वक्त इस टीम के सुपरस्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मौजूद थे. मौका था प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार सम्मान का. हर साल की तरह इस बार भी देशभर के कई युवाओं और बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए ये अवॉर्ड दिया गया, जिसमें किसी को उनकी बहादुरी के लिए तो किसी को खेल या संगीत या विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव को क्रिकेट की दुनिया में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. IPL में सबसे छोटे खिलाड़ी और सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने जैसी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति मुर्मु ने वैभव को ये अवॉर्ड दिया. जैसे ही वैभव का नाम अवॉर्ड के लिए पुकारा गया, पूरे विज्ञान भवन में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी. वैभव भी इस दौरान नांरगी रंग का ब्लेजर और सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए जर आए.
वैभव के भाई ने जताया गर्व
वैभव को मिला ये अवॉर्ड सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए भी बड़े गर्व का पल था और उनके भाई ने निसंकोच होकर इस पल को सबके साथ साझा किया. वैभव के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वैभव की अवॉर्ड लेते हुए फोटो पोस्ट की और लिखा, “हमारे लिए गर्व का पल है. हमारे देश की राष्ट्रपति के हाथों आज वैभव को बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. हमारी राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ भी की.”
जमशेदपुर : मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार के प्रवेश पथ पर स्थित विकास गुप्ता की राशन के दुकान की बीती रात चोरों ने ताला और कुंडी काटकर नगद रुपया एवं घरेलू उपयोगी सामान लेकर फरार हो गए। विकास गुप्ता सुबह अपनी दुकान खोलने आए तो वह देखकर दंग हो गए दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी कटर के द्वारा काटा हुआ था, दुकान के भीतर सारा सामान अस्त व्यस्थ पड़ा हुआ था एवं गल्ला में रखा हुआ पैसा गायब था।
चोरों का शिकार हुए विकास गुप्ता ने मामले की जानकारी भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दिया सूचना मिलते ही मानगो बाजार विकास गुप्ता की दुकान जाकर यथा स्थिति से अवगत हुए। विकास सिंह को विकास गुप्ता ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वह रात के समय अपने दुकान में अच्छी तरह से ताला लगाकर सारा सामान भीतर रखकर अपने घर चले जाते हैं। महाजन को देने के लिए दुकान के ही गल्ले में उन्होंने लगभग बीस हजार रुपए रखे हुए थे, सुबह जब दुकान खोलने आए तो देख की दुकान के मुख्य द्वार का ताला काटा गया है साथ ही भीतर का सामान पूरा बिखरा हुआ है। गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखा हुआ पूरा रुपया को लेकर भाग गए हैं इसके साथ ही घरेलू उपयोगी सामान जिसकी कीमत लगभग दस हजार रुपए होगी वह भी कर लेकर भाग गए हैं।
मौके में पहुंचे विकास सिंह ने इसकी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को देते हुए बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल सर चढ़कर बोल रहा है अवैध नशे की कारोबार दिन पर दिन अपना पर पसारते जा रहे हैं जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
मानगो छोटा पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चालक नशे की हालत में बस को लेकर छोटे पुल पर जा घुसा। इस दौरान थोड़ी देर के लिए पुल पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हालांकि वह बस को पुल से निकालकर डिमना चौक की ओर चला गया। इस दौरान बस ने एक कार और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने बस का पीछा किया और डिमना चौक के पास उसे पकड़ लिया। लोगों ने बस चालक श्रवण कुमार की पिटाई भी कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को थाना ले गई।
पूरा झारखंड सर्द हवाओं की चपेट में है। तापमान लगातार गिर रहा है। इसके कारण कनकनी में भी इजाफा हो रहा है। गुरुवार को गुमला राज्य में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को दिन के दौरान चल रही बर्फीली हवा की रफ्तार से अधिकतम पारा 17.4 डिग्री पर आ गया है।
इस बीच, शुक्रवार को भी राज्य के 12 जिलों रांची, खूंटी, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा में शीतलहर चलने के आसार हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। रांची में तीन डिग्री तक पारा गिर गिर सकता है। इससे कनकनी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, रांची, मेदिनीनगर, गढ़वा, कोडरमा आदि जिलों में दिन में भी कनकनी रही। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे के दौरान हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, खूंटी में 6, लातेहार में 7.9, सिमडेगा में 7.9 और मेदिनीनगर में 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पूरे राज्य में ठंड बढ़ रही है। सर्द हवा चलने के कारण तापमान में कमी आ रही है। राज्य के पश्चिमी भाग के जिलों में शीतलहर के असर हैं। शुक्रवार को भी गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
कांके क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम ठंडा रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा की गति 3.3 किमी प्रतिघंटे रिकॉर्ड की गई, भारी कुहासा और ठंडी हवा चलने के कारण मौसम ठंड रहा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक रमेश कुमार के अनुसार न्यूनतम तापमान ठंड रहा शीतलहरी और ठंड रहेगी। मैकलुस्कीगंज में लगातार तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान छह डिग्री रहा। सुबह साढ़े पांच बजे गोर्डन गेस्ट हाउस में बॉबी गोर्डन ने अपने घर लगे तापमान यंत्र में मापा। वहीं अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा।
झारखंड में शराब घोटाला सिर्फ प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए ही नहीं हुआ। थोक कारोबार का लाइसेंस लेने वाली कंपनी मेसर्स ओम साईं बिवरेजेज ने उत्पाद विभाग, जेएसीबीसीएल के अधिकारियों को प्रभाव में लेकर देशी और विदेशी ब्रांड की सप्लायी मेसर्स भाटिया वाइंस, छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी लिमिटेड को दी थी।
इन कंपनियों के साथ थोक शराब बिक्री की 2022 की नीति का पालन नहीं किया गया। रोमियो व महुआ नाम जैसी खराब क्वालिटी की शराब की बिक्री कर 136 करोड़ का नुकसान कराया गया।
शराब घोटाले की जांच में यह बात सामने आयी है कि भाटिया वाइंस के मालिक भूपेंद्र पाल सिंह भाटिया, छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी के निदेशक नवीन केडिया ने जेएसीबीएल के द्वारा किसी तरह का टेंडर निकाले जाने के पहले ही सिर्फ लिखित आवेदन देकर देशी व विदेशी शराब की सप्लायी का काम हासिल कर लिया। नियम के अनुसार, शराब की आपूर्ति के लिए जेएसबीसीएल को टेंडर करना चाहिए था, लेकिन ऐसा किए बगैर सिर्फ लिखित आवेदन लेकर तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे के प्रभाव से शराब के तय ब्रांड की आपूर्ति का काम हासिल कर लिया गया।
साजिशन तय ब्रांड की सप्लाई की
जांच में यह बात भी सामने आयी है कि होलसेल टेंडर लेने वाले मेसर्स ओम साई बिवरेजेज व दिशिता वेंचर्स ने उन्हीं शराब निर्माताओं की शराब की बिक्री की, जिनके द्वारा कमीशन दिया जाता था। यही वजह है कि इस दौरान पॉपुलर ब्रांड की शराब दुकानों में उपलब्धता नहीं होती थी। इस तरह कुल 136 करोड़ के राजस्व का नुकसान राज्य सरकार को उठाना पड़ा था।
सिद्धार्थ सिंघानिया ने पूछताछ में क्या स्वीकारा
एसीबी ने शराब घोटाले की जांच में यह पाया है कि मेसर्स ओम साई बिवरेजेज के मालिक अतुल सिंह व मुकेश मनचंदा के जरिए अवैध उगाही शराब आपूर्ति करने वाली कंपनियों की करायी गई। विनय कुमार चौबे के करीबी रहे सिद्धार्थ सिंघानिया ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि नवीन केडिया व भूपेंद्रपाल सिंह की कंपनियों के देशी व विदेशी शराब के प्रति कार्टून पर 300 से 600 रुपये की अवैध उगाही की जाती थी। महुआ व रोमिया नाम के ब्रांड से ये वसूली मेसर्स ओम साई बिवेरेजेज व दिशित वेंचर्स के जरिए की जाती थी। वसूली गई अवैध राशि विनय कुमार चौबे व अरुणपति त्रिपाठी को भेजी जाती थी।
पूरा देश आज बहादुर साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को याद कर रहा है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आज का दिन यानी वीर बाल दिवस श्रद्धा का दिन है, यह दिन श्री गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजादों के बलिदान की स्मृति को समर्पित है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इस दिन के लिए अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “वीर बाल दिवस श्रद्धा का दिन है, जो साहसी साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में सदैव समर्पित है। हम माता गुजरी की अडिग आस्था और श्री गोविंद सिंह जी की अमर शिक्षा को स्मरण करते हैं। यह दिन साहस, दृढ़ संकल्प और धर्मनिष्ठा से जुड़ा है और साहिबजादों का जीवन उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।”
वीर बाल दिवस के मौके पर भारत सरकार देशभर में सहभागिता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को साहिबजादों के अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से अवगत कराना और भारत के इतिहास के इन युवा वीरों के अदम्य साहस त्याग और पराक्रम को सम्मानित और याद करना है। देश भर में आयोजित इन कार्यक्रमों में कथन सत्र, पाठ-गायन, पोस्टर निर्माण और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं होंगी।
आपको बता दें, प्रधानमंत्री मोदी ने 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती के अवसर पर इस बात का ऐलान किया था कि 26 दिसंबर को सरकार वीर बाल दिवस के रूप में मनाएगी। यह दिन साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत के स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
ज्ञात हो कि दोनों साहिबजादों को तत्कालीन सरहिंद के नवाब ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा गया, लेकिन नन्हें साहिबजादों ने धर्म परिवर्तन करने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए नवाब ने दोनों को जिंदा दीवार में चुनवा दिया था।
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह में चल रहे भागवत कथा के तीसरे दिन पंडित नीरज मिश्रा के द्वारा बावन अवतार एवं नरसिंह अवतार का विस्तार रूप से वर्णन किया. उन्होंने बावन अवतार का वर्णन किया एवं साथ ही उसके साथ कथा का वर्णन किया गया. उन्होंने बताया कि अभी तक संसार में सबसे ज्यादा कष्ट कुंती ने पाया है. उनसे ज्यादा कष्ट किसी को नहीं हुआ है.
उन्होंने बताया कि जब परेशानी आती है तो हमें सब्र रखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जीवन में अनुराग एवं वैराग्य भी आता है. उस समय हमें सब्र रखने की जरूरत है. भजन से सराबोर पूरा माहौल भक्तिमय हुआ हुआ था एवं हमेशा कोई कार्य को धीरे धीरे करने की जरूरत है तो निश्चित रूप से हमेशा जीवन में सफल होंगे. जीवन में सबसे बड़ी विपत्ति है भगवान का भजन न होता हो तो, एवं अगर हो उसका महात्म्य भी बताया. कथा का वर्णन के उन्होंने भीष्मपितामह एवं द्रौपदी जी के बीच हुए संवाद का वर्णन किया एवं उन्होंने ये सब उस समय कहा जब भीष्म पितामह अपने अंतिम में शैय्या पर थे. उन्हें जो 54 दिनो से हो रहे.
कष्ट का वर्णन किया एवं सभी संत कहते है कभी गलत व्यक्ति के साथ नहीं रहना चाहिए एवं गलत तक अर्जित धन कभी ग्रहण नहीं करना चाहिए. उन्होंने 52 अवतार के जन्म होते ही साधारण तरीके से बैठे हुए और उन्होंने वर्णन किया कि भगवान का दर्शन पहले किया फिर उनका जन्म हुआ. द्वारिकाधीश जी ने आकर नाम परीक्षित दिया. युधिष्ठिर ने तीन बात परीक्षित को बताया कभी भी कोई दुश्मन भी तुम्हारे दरबार में आए तो उसे क्षमा करना, कभी किसी के साथ अन्याय होते मत देखना सृष्टि एवं सभी को एक समान इज्जत देना, परीक्षित जी उस समय खुश होकर नाचने लगे जब उन्हें मृत्युदंड देने की घोषणा दिया गया. उन्होंने बताया कि विधुर को साम्राज्य से बाहर कर दिया गया था. इस तरह उन्होंने कथा का वर्णन किया. श्रद्धालु पूरे झूमते नजर आ रहे थे. सभी मंत्रमुग्ध हमेशा हमें सम्मुख बैठकर कथा सुनना चाहिए. कथा के अंतिम में आरती एवं भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से पश्चिम विधायक सरयू राय,जिला परिषद सदस्य डॉ कविता परमार , मंजू सिंह , सुधीर सिंह, पवन सिंह उपस्थित रहे. सफल बनाने में शत्रुघ्न प्रसाद, संजय गुप्ता,रूपा गुप्ता, स्वाति गुप्ता, अमर भूषण, देवाशीष झा आदि सक्रिय रहे
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर रोड नंबर-4 स्थित क्वार्टर नंबर-14 में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. लाफार्ज कंपनी में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत कृष्णा प्रसाद के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकद रुपये समेत करीब तीन लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. यह घटना बीती रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी बुधवार तड़के करीब चार बजे मिली. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ उसी क्वार्टर में रहते हैं. मंगलवार की रात वे अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ दूसरे तल्ले पर एक साथ सो रहे थे.
इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर क्वार्टर के मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए. चोर सीधे पहले तल्ले में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और वहां मौजूद सभी कमरों को खंगाल डाला. बताया गया कि चोरों ने अलमीरा का लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. अनुमान के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है. घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब बुधवार तड़के करीब चार बजे कृष्णा प्रसाद की पत्नी तीसरे तल्ले से नीचे पहले तल्ले में पहुंची. वहां पहुंचते ही उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा देखा और शोर मचाया, जिसके बाद पूरे परिवार को चोरी की जानकारी हुई. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान पर गोविंदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. वहीं, कृष्णा के भाई योगेंद्र प्रसाद, जो टाटा मोटर्स में ठेकाकर्मी हैं, ने बताया कि रात में सभी लोग एक साथ सो रहे थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।।