तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित ओम नगर बस्ती में सार्वजनिक छठ घाट की जमीन पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं की दबंगई का मामला अब सीधे जिला प्रशासन के चौखट तक पहुंच गया है। मंगलवार को स्थानीय युवाओं के साथ बस्ती की महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त (DC) और धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई।
दबंगई और भय का माहौल बनाने का आरोप
प्रशासन से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने बताया कि ओम नगर स्थित छठ घाट की जमीन को भू-माफिया अमूल्य कर्मकार और उसके पाले हुए असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है। विरोध करने पर बस्ती में डर और भय का माहौल पैदा किया जाता है।
पूर्व में CO की जांच में ‘बिहार सरकार’ की निकली थी जमीन
प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को याद दिलाया कि कुछ महीनों पूर्व भी अमूल्य कर्मकार और उसके सहयोगियों ने इस जमीन पर कब्जे का प्रयास किया था। उस समय अंचलाधिकारी (CO) मनोज कुमार ने स्थल की जांच की थी और अवैध निर्माण को ध्वस्त करवा दिया था। समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, जांच में यह जमीन ‘बिहार सरकार’ (सरकारी भूमि) पाई गई थी, जिस पर किसी भी निजी व्यक्ति का कोई दावा नहीं बनता है।
छठ घाट, पार्क और वॉकिंग ट्रैक के निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने डीसी और एसडीओ से मांग की है कि इस पूरे मामले की पूरी ईमानदारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि उक्त भूमि पर पूर्व में छठ घाट और पार्क का प्रस्ताव था, तो वहां बस्तीवासियों के लिए छठ घाट, सुंदर पार्क और बुजुर्गों के टहलने (जॉगिंग) के लिए ट्रैक का निर्माण कराया जाए ताकि सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सके।
उपायुक्त और एसडीओ ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त और एसडीओ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इस पर जल्द ही कड़ा संज्ञान लेगा। अधिकारियों ने कुछ दिनों का समय मांगते हुए कहा कि जमीन की पूरी जांच कराई जाएगी और यदि वहां छठ घाट व पार्क का प्रस्ताव है तो उसका निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, सरकारी जमीन का अतिक्रमण करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📌 तीसरी धारा न्यूज
जय छठी मैया: सार्वजनिक आस्था और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ, जनता के साथ खड़े!





















