तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
स्मार्टफोन और व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए एक बेहद जरूरी और चेतावनी भरी खबर सामने आ रही है। इन दिनों व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबरों और संदिग्ध लिंक के जरिए खतरनाक ‘APK’ (एंड्रॉयड एप्लिकेशन पैकेज) फाइल भेजने का नया साइबर फ्रॉड खेल चल रहा है। साइबर अपराधियों द्वारा डिजिटल शादी का निमंत्रण (Wedding Card), आरटीओ चालान (RTO Challan), डिस्काउंट या किसी लुभावने ऑफर का झांसा देकर ये फाइलें भेजी जा रही हैं, जो आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।
एक क्लिक और मोबाइल का पूरा कंट्रोल हैकर्स के हाथ में
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, व्हाट्सएप पर ‘शादी का कार्ड.apk’ या ‘RTO_Challan.apk’ जैसी दिखने वाली फाइलों पर जैसे ही यूजर क्लिक या इंस्टॉल (Install) करते हैं, उनके फोन में एक गुप्त मालवेयर (Malware) डाउनलोड हो जाता है। इसके डाउनलोड होते ही हैकर्स के पास यूजर के मोबाइल का पूरा एक्सेस चला जाता है। इसके बाद हैकर्स आपके फोन के मैसेजेस, ओटीपी (OTP), पर्सनल फोटोज, कॉन्टैक्ट्स और बैंक ऐप्स तक आसानी से पहुंच बना लेते हैं और पलक झपकते ही बैंक खाता खाली कर देते हैं।

अज्ञात नंबरों से आई फाइलों को भूलकर भी न करें डाउनलोड
साइबर पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि अगर व्हाट्सएप या किसी अन्य मैसेजिंग ऐप पर कोई अज्ञात व्यक्ति या अनजाने नंबर से ऐसी फाइल आती है, तो उसे गलती से भी टच या इंस्टॉल न करें। इसके अलावा केवल आधिकारिक गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) से ही आवश्यक ऐप्स डाउनलोड करें। यदि किसी परिचित के नंबर से भी शादी के कार्ड या चालान की कोई संदिग्ध फाइल आती है, तो पहले उनसे फोन करके पुष्टि जरूर कर लें कि उन्होंने ही वह मैसेज भेजा है या नहीं।
ठगी का शिकार होने पर तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
यदि गलती से ऐसी कोई फाइल डाउनलोड हो जाती है, तो तुरंत अपने फोन का इंटरनेट बंद कर दें और मोबाइल को रीसेट या फॉर्मेट करें। इसके साथ ही अपने बैंक खातों व डिजिटल वॉलेट्स को तुरंत ब्लॉक कराएं। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में अविलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
📌 तीसरी धारा न्यूज
सतर्कता ही सुरक्षा है, साइबर अपराधों से बचें और सुरक्षित रहें!






















