जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को सड़क दुर्घटना के बाद हुए हंगामे और सड़क जाम के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। इन सभी पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, अवैध रूप से भीड़ जमा करने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप करने का आरोप है।
विरोध के नाम पर पुलिस का घेराव और नारेबाजी
जानकारी के अनुसार, रविवार को हुए हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने आरडी टाटा गोलचक्कर को जाम कर दिया था। इस प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने न सिर्फ यातायात को पूरी तरह ठप किया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम का घेराव कर जमकर नारेबाजी भी की। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सामान्य कराया, लेकिन तब तक आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
पुलिस का बयान: “मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो फुटेज की मदद से हंगामा करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि रविवार दोपहर आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया था, जिसके बाद यह पूरा हंगामा खड़ा हुआ।
– तीसरी धारा न्यूज ब्यूरो





















