जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में सत्ता के नशे में चूर एक नेता द्वारा आम नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता के परिवार को प्रताड़ित करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि भाजपा के बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापोंन बैनर्जी ने न केवल एक परिवार के साथ गाली-गलौज की, बल्कि बाहरी लड़कों को बुलाकर उनके घर पर पथराव भी करवाया।
विवाद की जड़: घर के पास बैनर और शराबखोरी
पीड़ित विकास डे (अध्यक्ष, युवाशक्ति) के परिजनों के अनुसार, बापोंन बैनर्जी ने उनके घर के पास भाजपा का बैनर लगा दिया था। आरोप है कि बैनर की आड़ में आरोपी अक्सर वहां बैठकर शराब पीता था। जब विकास के परिजनों ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की अनैतिक गतिविधियों का विरोध किया और बैनर हटाने को कहा, तो आरोपी मंडल अध्यक्ष आगबबूला हो गया।
झूठा मुकदमा और बुजुर्ग महिला से अभद्रता
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर बापोंन बैनर्जी ने अपनी राजनीतिक पहुंच का इस्तेमाल करते हुए विकास डे के खिलाफ थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। हद तो तब हो गई जब बीच-बचाव करने पहुंची विकास की बुजुर्ग माता जी के साथ भी आरोपी ने शर्मनाक व्यवहार किया। आरोप है कि उनके साथ भद्दी गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
बाहरी लड़कों से पथराव: इलाके में दहशत
मामला यहीं नहीं थमा, आरोप के मुताबिक बापोंन बैनर्जी ने क्षेत्र के बाहर से लड़कों को बुलाकर विकास डे के घर पर पथराव करवाया। इस हमले से परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं और इलाके में तनाव का माहौल है।
युवाशक्ति ने की सुरक्षा की मांग
इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए युवाशक्ति के संस्थापक पीयूष ठाकुर ने प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा:
”हमारे संगठन के अध्यक्ष विकास डे पर जानलेवा हमला किया गया है और उनके परिवार को डराया जा रहा है। विकास डे की जान को गंभीर खतरा है। हम जिला प्रशासन और पुलिस से मांग करते हैं कि उन्हें तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए और आरोपी भाजपा नेता पर सख्त कार्रवाई हो।”
पुलिस की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि एक राजनीतिक पद पर बैठा व्यक्ति किस तरह कानून को अपने हाथ में ले रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है।
तीसरी धारा न्यूज डेस्क











