एक नई सोच, एक नई धारा

जमशेदपुर में सनसनी: चोरी के विवाद में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, हालत नाजुक

1002361905

जमशेदपुर | साकची:

लौहनगरी जमशेदपुर में चापड़बाजी की बढ़ती घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-1 का है, जहां गुरुवार तड़के 21 वर्षीय युवक प्रेम पासवान पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल प्रेम को आनन-फानन में MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।

1002361905

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बुधवार देर शाम एक मोबाइल चार्जर और नकदी की चोरी से हुई थी। घायल के मामा बबन पासवान ने बताया कि प्रेम की मां का चार्जर और कुछ पैसे चोरी हो गए थे, जिसका आरोप पड़ोस में रहने वाले राहुल पासवान पर लगा था।

​चोरी की इस बात को लेकर बुधवार रात प्रेम और राहुल के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए राहुल ने गुरुवार सुबह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर प्रेम को अकेला पाकर उस पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

शहर में दहशत का माहौल

​इस हमले के बाद काशीडीह इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में शहर में सरेराह हथियार चलाने और चापड़बाजी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी राहुल पासवान और उसके सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

“कल शाम चार्जर और पैसे चोरी होने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद राहुल ने आज सुबह अपने साथियों के साथ मिलकर मेरे भांजे पर हमला कर दिया।”

बबन पासवान (घायल का मामा)

error: Content is protected !!