एक नई सोच, एक नई धारा

मानगो : 256 दुकानों पर चला बुलडोजर, मानगो सीओ को रखा गया इन सब से दूर

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत जमशेदुपर के मानगो स्थित डिमना रोड में रविवार की शाम से देर रात तक अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चला। यहां डिवाइडर के बीच बनीं 256 दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। करीब 40 वर्ष से ज्यादा पुरानी दुकानों को शांंतिपूर्वक तोड़ने की बड़ी कार्रवाई की गयी। विरोध की उम्मीद के बीच जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान कड़ी सुरक्षा के साथ चलाया गया। मौके पर डीसी, एसडीओ, छह दंडाधिकारी, मानगो नगर निगम, जेएनएसी, जुस्को, चार कंपनी सशस्त्र पुलिस ने घेराबंदी की थी। यहां अधिकांश सब्जी, मछली, होटल, ढाबा, बांस-बल्ली, खैनी, पत्ता, मोटरसाइकिल रिपेयर शॉप आदि की दुकानें थीं। अभियान में रात 9.30 बजे तक 150 से ज्यादा दुकानों को तोड़ने का काम पूरा कर लिया गया था। मालूम हो कि एक दिन पूर्व डीसी और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी ने निरीक्षण किया था। इसके अलावा शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए माइकिंग भी करवायी गयी थी। लेकिन रविवार शाम को अचानक कार्रवाई शुरू कर दी गयी।

IMG 20230327 WA0006

पांच बुलडोजर, 12 डंपर, दर्जनों मजदूरों को लगाया

शहर में बड़े अभियानों में से एक मानगो नगर निगम के इस अभियान में पांच बुलडोजर, एक दर्जन डंपर, दर्जनों मजदूरों को अलग से लगाया गया था। अतिक्रमण तोड़ने के साथ-साथ मलवा को हटाने के लिए डंपर का इस्तेमाल भी साथ-साथ किया गया। कंपनी की टीम के अलावा पुलिस-प्रशासन ने लाठी पार्टी, महिला बल को अलग से तैनात कर रखा था।

मानगो सीओ को दूर रखा गया

डिमना रोड के डिवाइडर की बीच से अतिक्रमण हटाने को लेकर रविवार को की गयी कार्रवाई से मानगो के सीओ हरीष मुंडा को दूर रखा गया था। अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन-पुलिस के साथ खासतौर पर मानगो नगर निगम की पूरी टीम मौके पर मौजूद थी।

शाम को सजीं थी दुकानें, तोड़फोड़ शुरू होते ही मचा हड़कंप

रविवार शाम से देर रात तक डिमना रोड में प्रशासन ने बुलडोजर चला कर डिमना टू लेन रोड के बीच 256 दुकानों को जमींदोज किया। जुस्को व मानगो बिजली विभाग ने शाम में अचानक रोड की स्ट्रीट लाइट व अन्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी। कार्रवाई से दुकानदार अनभिज्ञ थे। लेकिन बुलडोजर के साथ प्रशासन की टीम के पहुंचते ही तोड़फोड़ शुरू हो गयी। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

डिमना रोड (दोनों लेन) रात तक रहा जाम

मुंशी मुहल्ला से लेकर मानगो मेन गोलचक्कर के बीच अतिक्रमण हटाने के दौरान रात तक डिमना रोड (दोनों लेन) में ट्रैफिक जाम रहा। डिमना रोड में तोड़फोड़ के बाद प्रभावित कई दुकानदार मानगो डिमना रोड स्थित पुराना तहसील कचहरी के खाली कराये जगह में घुस गये। मालूम हो कि मानगो सीओ व मानगो नगर निगम प्रशासन ने काफी मशक्कत कर जगह खाली कराया था। साढ़े पांच बजे मछली मार्केट से शुरू हुआ अभियान। अभियान शाम साढ़े पांच बजे मछली मार्केट से शुरू हुआ। मुंशी मुहल्ला मसजिद के ठीक सामने डिमना रोड में अतिक्रमण हटाने से पूर्व पुलिस फोर्स की घेराबंदी की गयी।

भाजपा नेता ने तोड़फोड़ का किया विरोध

अतिक्रमण का भाजपा नेता विकास सिंह ने विरोध किया। दुकानों तोड़ने से पूर्व वैकल्पिक इंतजाम करने की मांग की। पर्व में दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की निंदा की। वहीं, दुकान तोड़ने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के भाई गुड्डू गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। अचानक कार्रवाई शुरू करने के संबंध में मौजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात की।

ये रहें मौजूद

डीसी विजया जाधव, एसडीओ पीयूष सिन्हा, मानगो निगम के ईओ सुरेश यादव, डीसीएलआर रवींद्र गागराई, आरइओ के कार्यपालक अभियंता राजेश, डीटीओ दिनेश, जुस्को सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा।

भगवान सिंह ने अध्यक्ष पद की बनायी हैट्रिक, मानगो गुरुद्वारा के तीसरी बार प्रधान बने

संगत के सहयोग से गुरुद्वारा के विकास कार्यों में और तेज़ी लायी जायेगी: भगवान सिंह


जमशेदपुर : सीजीपीसी के मौजूदा प्रधान सरदार भगवान सिंह ने मानगो गुरुद्वारा के प्रधान पद पर रहने की हैट्रिक बनाते हुए लगातार तीसरी बार मानगो गुरुद्वारा के प्रधान सर्वसम्मति से चुन लिये गये हैं ।
रविवार को गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो में आम सभा बुलायी गई थी जिसमें भगवान सिंह को तीसरी बार मानगो गुरुद्वारा का प्रधान सर्वसम्मति चुना गया। आनंद साहिब के पाठ के बाद श्रीगुरुग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास कर अगले तीन साल के लिए प्रधान बनाने की घोषणा की गई। इससे पूर्व गुरुनानक स्कूल व गुरुद्वारा कमिटी के कार्यों का लेखा जोखा आम सभा में पेश किया गया। जिसमें स्कूल के सचिव संतोख सिंह और गुरुद्वारा के महासचिव जसवंत सिंह जासू ने गुरुद्वारा और सिख समाज की भलाई के लिए किए कार्यों का हिसाब दिया। आयोजित आमसभा में चेयरमैन राजेंद्र सिंह भाटिया ने भगवान सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे आम सभा में उपस्थित सदस्यों ने जयकारों के साथ भगवान सिंह के नाम पर मुहर लगा दी। बोले सो निहाल के उद्घोष के साथ भगवान सिंह को सरोपा पहनाकर अगले तीन साल के लिए फिर प्रधान चुन लिया गया। प्रधान बनने के बाद भगवान सिंह ने श्रीगुरुग्रंथ साहिब के समक्ष संगत को विश्वास दिलाया कि जिस तरह से उन्होंने छः साल काम किया है आगे भी गुरु की सेवा में लगे रहेंगे। सरदार भगवान सिंह ने कहा कि जिस तरह से संगत ने उनपर विश्वास जताया है उसे वे शब्दों में बयान नहीं कर सकते। भगवान सिंह ने कहा कि वे प्रधान के रूप में नहीं, मुख्य सेवादार की हैसियत से गुरुघर की सेवा करेंगे।

IMG 20230327 WA0005


प्रधान चुने जाने के बाद मानगो गुरुद्वारा में सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह व मंच सचिव अमरजीत सिंह भामरा गुरनाम सिंह बेदी और सुखदेव सिंह बिट्टू ने गुरुद्वारा पहुँच कर उन्हें बधाई देते हुये उनका ने उनका स्वागत किया। आम सभा बैठक ट्रस्टी संता सिंह, किरपाल सिंह, प्रीतपाल सिंह के अलावा रक्षपाल सिंह, संतोख सिंह, राजेंद्र सिंह, जसवंत सिंह जस्सू, सुखवंत सिंह सुखू , हीरा सिंह, हरविंदर सिंह, अवतार सिंह, हरदयाल सिंह, दर्शन सिंह, मलकीत सिंह, रवीन्द्र सिंह, हरविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह और हरजिंदर सिंह आदि मुख्यरूप से मौजूद थे।

जमशेदपुर और हजारीबाग के बाद भुरकुंडा में लगता है सबसे बडा रामनवमी मेला

रामगढ़ जिला अंतर्गत भुरकुंडा के लक्ष्मी टॉकीज मैदान में आठ दशक से अधिक समय से रामनवमी का मेला लगता आ रहा है. मेला में हजारों की संख्या में लोग जुटते हैं।इस मेले की भव्यता ऐसी है कि इसे हजारीबाग और जमशेदपुर के बाद राज्य का तीसरा सबसे बड़ा रामनवमी मेला माना जाता है।

1940 में मेले की शुरुआत

लक्ष्मी टॉकीज मैदान में मेले की शुरुआत 1940 में हुई थी. इससे पूर्व, 1939 तक भुरकुंडा कोयलांचल व भदानीनगर क्षेत्र के लोग महावीरी झंडे के साथ वर्तमान भुरकुंडा बाजार के खोपड़िया बाबा धर्मशाला के समीप जुटते थे. अब तक यहां भीड़ बढ़ने लगी थी। मैदान में जगह की कमी के कारण समितियों ने सर्वसम्मति से लक्ष्मी टॉकीज मैदान में मेला लगाने का निर्णय लिया। यह परंपरा आज तक चल रही है। हजारों लोगों की भीड़ के बावजूद आज तक यहां किसी प्रकार का कभी भी सांप्रदायिक उन्माद नहीं हुआ। लोग सौहार्द्रपूर्ण माहौल में रामनवमी मनाते रहे हैं।

दो दर्जन समितियों द्वारा निकाली जाती है भव्य झांकी

मेला के इतिहास के बारे में क्षेत्र के लोग बताते हैं कि उस वक्त के प्रधान बाबू चंद्रमोहन सिंह, सरपंच बालेश्वर तिवारी, खेमलाल साव, श्याम लाल, रामलाल साव, इंद्रनाथ साव, मुन्ना महतो, लेदर सिंह ने मेले को भव्यता देने की शुरुआत की थी। आज इस मेला में क्षेत्र के करीब दो दर्जन समितियों द्वारा भव्य झांकी निकाली जाती है, ऊंचे-ऊंचे महावीरी झंडे लेकर लोग पहुंचते हैं. यही वजह है कि मेल में हर वर्ष लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।

हर साल आकर्षक का केंद्र होता है यहां का रामनवमी मेला

अखाड़ों के खिलाड़ी पारंपरिक शस्त्र से खेल का प्रदर्शन करते हैं. मेला में हर वर्ष आकर्षक झांकी, ऊंचे व बड़े झंडे, अनुशासन, बेहतर खेल के लिए निर्णायक मंडली द्वारा समितियों को पुरस्कृत किया जाता है. इस वर्ष भी करीब दो दर्जन समितियों द्वारा झांकी निकालने की तैयारी चल रही है. इसमें कुरसे, देवरिया, मतकमा, लादी, चिकोर, लपंगा, रेलवे स्टेशन, महुआ टोला, चौकिया टांड़, सलगा गोला, जवाहर नगर, तीन नंबर चीफ हाऊस, नीचे धौड़ा, हुरूमगढ़ा, पटेल नगर, भुरकुंडा बाजार, हनुमानगढ़ी समिति द्वारा झांकी निकाली जायेगी।

देश में 34 हवाई अड्डों का होंगे विकसित, उड्डयन छेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं

भारत सरकार 2025 तक उड़ान योजना के तहत पूरे देश में 34 हवाई अड्डों का विकास करेगी. इसके बाद देश में हवाई अड्डों की संख्या भी बढ़कर 250 हो जायेगी।उक्त बातें एनआइटी, जमशेदपुर में एमएसएमइ मंत्रालय के पांच दिवसीय उन्नत प्रबंधन विकास कार्यक्रम के अंतिम दिन छात्रों, शोधार्थियों व उद्यमियों के मार्गदर्शन के लिए आये एयर इंडिया एयरपोर्ट सर्विसेज (एआइएएस) के सीइओ रामबाबू एसएच ने मीडिया से कही।

दिल्ली और मुंबई में बनने वाले हैं अत्याधुनिक हवाई अड्डे

उन्होंने बताया कि इस समय भारत में 110 हवाई अड्डे हैं. उनमें से 35 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं. उन्होंने बताया कि जहां पूरे साल यात्रियों की संख्या बनी रहती है, वहां हवाई अड्डा के विकास के लिए सरकार धन मुहैया करा रही है. अधिकांश हवाई अड्डों का संचालन प्राइवेट-पब्लिक पार्टनरशिप में किया जा रहा है। इस क्षेत्र में सरकार पर निर्भरता समाप्त हो रही है. प्राइवेट कंपनियां नियमों का पालन करते हुए तकनीकों का उपयोग कर रही है। दिल्ली व मुंबई में अत्याधुनिक हवाई अड्डे बनने वाले हैं।

उड्डयन के क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं

सीइओ रामबाबू ने बताया कि उड्डयन के क्षेत्र में रोजगार की विशाल संभावनाएं हैं. इसमें प्रशिक्षित पाइलट, केबिन क्रू व इंजीनियरोंं के अलावा कई प्रकार के अन्य कामों से संबंधित व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर हैं।एविएशन इंडस्ट्रीज में कई ऐसे काम हैं, जिसमें हम आगे बढ़ सकते हैं। एनआइटी में आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रतिभागियों ने एविएशन इंडस्ट्रीज के बारे में काफी उत्सुकता दिखायी। उनके कई शंकाओं का समाधान करते हुए उन्होंने उनके प्रश्नों के उत्तर दिये और बताया कि इस क्षेत्र में क्या-क्या अवसर हो सकते हैं. पांच दिनों में विशेषज्ञों के 18 व्याख्यान हुए।

सीटीटीसी से समझौता करेगा संस्थान

एनआइटी जमशेदपुर सेंट्रल टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर (सीटीटीसी) उद्यमिता कौशल विकास कार्यक्रम के माध्यम से नये उद्यमियों या स्टार्टअप के प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए समझौता करेगा। इसके लिए दोनों पक्ष एमओयू पर हस्ताक्षर के लिए सहमत हो गये हैं। क्लस्टर संगठन का हिस्सा बनेगा एनआइटी : एनआइटी जमशेदपुर पांच अप्रैल को एनआइटी राउरकेला, वीएसएसयूटी बुर्ला, एनआइएएमटी रांची व टाटा स्टील के सहयोग से विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रम के तहत क्लस्टर संगठन का हिस्सा बनेगा। यह संगठन शिक्षा, स्टार्टअप, निर्माण, उद्योग, अनुसंधान, व विकास प्रयोगशालाओं की सुविधा उपलब्ध करायेगा। यह ऊर्जा, पर्यावरण प्रदूषण, जल, वायु व मिट्टी प्रबंधन आधारभूत ढांचा विकसित करेगा।

हिन्दुओं के त्योहार पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं, जिला प्रशासन से आग्रह पुनः विचार करें- अभय सिंह, देखें वीडियो

जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रशासन द्वारा रामनवमी को लेकर कल (25 मार्च, शनिवार) दिशा निर्देश दी गयी थी। जिसमें डीजे बजाने और ट्रैलर का प्रयोग करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। जिसके विरुद्ध में भाजपा के धनबाद जिला प्रभारी और केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के संरक्षक अभय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिला प्रशासन से पुनः विचार करने का आग्रह किया।

IMG 20230326 WA0002

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जुलूस में मोटर साइकल स्टंट करने वालों के ऊपर कारवाई करने का स्वागत करते है यह जोखिम है किसी के जीवन से खिलवाड़ नहीं होनी चाहिए। डीजे पर फिल्मी गीत, फूहड़ गीत, अश्लील गीत न बजे अगर बजते है तो उस पर भी कारवाई होनी चाहिए। सारे अखाड़ा कमेटी जल्दी विसर्जन हो प्रयास भी करेगी, किन्तु ट्रेलर में कोई झांकी या कुछ चीजों पर प्रतिबंध करना उचित नहीं । देश में दो कानून नहीं होने चाहिए। उन्होंने कुछ उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में 3 मार्च को टाटा स्टील द्वारा झांकी निकाली गई क्या तब वह जायज था। 15 अगस्त में दिल्ली के परेड में ट्रेलर में झांकी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की मौजूदगी निकाली जाती है तो क्या वह गलत है।
मैं जिला प्रशासन को जानकारी देना चाहता हूं कि पहले जमशेदपुर में बैल गाड़ियों से अखाड़ा जुलूस निकाला जाता था, बैल गाड़ियों से झांकी बनाई जाती थी लेकिन बैल गाड़ियों की परंपरा खत्म हुई तो लोग छह छक्के ट्रक में झांकियां बनाई जाने लगी। अब जमशेदपुर में 6 चक्का ट्रक का अभाव है, तब मजबूरन वर्तमान व्यवस्था में लोगों ने ट्रेलर में झांकी बनाना शुरू किया अगर ट्रेलर इतनी पाबंदी है तो यह शहर में भीड़भाड़ वाले जगह में ट्रेलर घुसना ही नहीं चाहिए। यह परंपरा सबों के लिए करनी होगी। इस शहर में केवल ट्रैफिक व्यवस्था के कारण 6 वर्ष के अंदर लगभग 1000 लोग मारे गए उन पर अंकुश नहीं लगा और हिंदुओं की परंपरा पर अंकुश लगाना उचित नहीं है।

हिन्दू विरोधी सरकार अपने वोट बैंक के लिए यह कर रही है

झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए अभय सिंह ने कहा कि डीजे पर फिल्मी, अश्लील, फूहड़ गीत बजाने वालों पर कार्रवाई हो, इसका मैं भी स्वागत करता हूँ, लेकिन हिंदुओ द्वारा अपने इष्ट देव, अपने भगवान का भजन बजाने पर रोक नहीं लगनी चाहिए। हाँ डीजे एक उचित ध्वनि में बजनी चाहिए जिससे आम जन को परेशानी नहीं हो। परन्तु यह सरकार बड़ी अजीब है जब भी हिंदुओ का त्योहार आता है तब ही यह परंपरा की दुहाई दी जाती है। यदि डीजे से इतनी ही समस्या है तो इस सरकार को किसी भी तरह के शादी,ब्याह,फंक्शन में डीजे बजने पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा देना चाहिए। प्रशासन किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में है, जब से यह सरकार बनी है अपने वोट बैंक की राजनीति करने के लिए और दूसरे समुदाय को खुश करने के लिए जानबूझकर रामनवमी हो या दुर्गा पूजा इस पर एकतरफा कार्रवाई करने की बाध्यता पैदा करती है, जो उचित नहीं है।

अभय सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस मामले को संवेदनशीलता के साथ पुनर्विचार करें। जिस प्रकार दुर्गापूजा में शांति के साथ कार्य हुआ उसी प्रकार रामनवमी भी बीतेगा, यह आश्वासन है। यह शहर अच्छे कार्यों का समर्थन करेगी और कोई भी गलत होगा उसका लोकतांत्रिक ढंग से विरोध करेगी।

अखाड़ा समिति वालों से भी उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव के साथ यह पूजा संपन्न हो यह प्रशासन की ही नहीं बल्कि सबकी जिम्मेदारी है, जिसे अखाड़ा समिति वालों को कठोरता के साथ पालन करना होगा।

टिनप्लेट गुरुद्वारा चुनाव : काँटे के टक्कर में 11 वोटों से सरदार सुरजीत सिंह की हुई जीत

टिनप्लेट गुरुद्वारा के प्रधान पद के लिए रविवार को मतदान हुआ। शाम 6.20 बजे रिजल्ट आया। जिसमें शेर छाप सुरजीत सिंह खुशीपुर गरज गए, जबकि तराजू झूल गया। सुरजीत को 548 मत मिले, जबकि गुरदयाल को 533 मत मिले। सुरजीत 11 मतों से विजयी हुए। सुबह 8 बजे से शाम 4.40 बजे तक छिटपुट हंगामे के बीच मतदान चलता रहा। उम्मीदवार गुरदयाल सिंह मानावाल (तराजू छाप) और सुरजीत सिंह खुशीपुर ने सबसे पहले मतदान किया। उसके बाद धीरे धीरे वोटर उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचते रहे। मतदान स्थल से गुरदयाल सिंह के समर्थक कुलवंत सिंह खलेरा बाहर निकल गए, जिसके बाद दूसरे गुट ने हंगामा कर दिया और वोटिंग बंद करनी पड़ी। 1483 वोट से 1128 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। 15 रिजेक्ट जबकि 28 ब्लैक घोषित किये गए। शांति पूर्ण मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जेएनएसी के नगर प्रबंधक जॉय गुड़िया की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जबकि सिदगोड़ा थाना से दारोगा रवि रंजन कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और जवानों ने मोर्चा संभाल रखा था। वहीं, मुख्य चुनाव पदाधिकारी की भूमिका टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट परविंदर सिंह सोहल निभा रहे थे। उनके साथ दस सदस्यीय टीम चरणजीत सिंह गांधी, सुखदेव सिंह मल्ली, सुरजीत सिंह छितते, सुखविंदर सिंह राजू, परमजीत सिंह, सुखदेव सिंह, सरबजीत सिंह, मंजीत सिंह संधू, कश्मीर सिंह शेरों, कश्मीर सिंह चीमा, बलविंदर सिंह आदि सहयोग कर रहे थे।

d3bc45ee21cf2a9ce8fc3fbd19a0d2d69d8e2d29586aff0304e38f9eb025dc16.0

सुरजीत समर्थकों ने मनाई दिवाली

रिजल्ट की घोषणा के बाद सुरजीत के समर्थकों ने दिवाली मनाई। आतिशबाजी करते हुए सुरजीत, बिल्ले को समर्थकों ने उठा लिया और विजयी रैली निकालने लगे। वहीं गुरदयाल समर्थक निराश होकर अंत वेला घर चल दिए।

उम्मीदवारों के तम्बू में डटे रहे समर्थक

सुबह से ही उम्मीदवारों के तम्बू में समर्थक डटे रहे, जो मतगणना होने तक डटे रहें। खुशीपुर की ओर से बिल्ला, कुलदीप ज्ञानी, करमजीत कम्मे, शिंदे आदि ने मोर्चा संभाला हुआ था, जबकि गुरदयाल की ओर से जसबीर पदरी, दलजीत सिंह दल्ली, प्रताप सिंह, नानक सिंह, मलकीत सिंह आदि ने मोर्चा संभाल रखा था. लोगों के खाने पीने की सेवा भी रखी गई थी।

जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उड़नदस्ता दल द्वारा हटाया गया अतिक्रमण

आगामी पर्व त्यौहार के मध्यनजर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी श्री संजय कुमार के निदेशानुसार शहर में विभिन्न रास्तों का अतिक्रमण एवं हवा में अवैध बैनर पोस्टर को हटाने के लिए उड़नदस्ता दल के द्वारा बड़ी करवाई की गई ।
ज्ञात हो की इस प्रकार से अवैध रूप से प्रचार प्रसार के लिए पेड़, दीवार, पोल एवं हवा में लटकाने से राजस्व की नुकसान के साथ साथ दुर्घटना की संभावनाएं बनी रहती है ।


रामनवमी के जुलूस में झंडा निकालने में भी परेशानी नहीं हो इसको ध्यान रखते हुए आज साकची तिनकोनिया, हांडी लाइन, हार्डवेयर लाइन, मोहमंडन लाइन, शीतला मंदिर, टैंक रोड, भुइयांडीह बस स्टैंड, भुइयाडीह लकड़ी टाल, लिट्टी चौक, एग्रिको सिग्नल, सिदगोड़ा बाजार, बारीडीह चौक, बारीडीह पेट्रोल पंप, काली मंदिर टिंपलेट, डी वी सी मोड़, ट्यूब डिवीजन, बर्मामाइंस, आर डी टाटा, गोलमुरी केरला पब्लिक स्कूल तक
तक 500 से ज्यादा बैनर पोस्टर हटाया गया । इसके साथ ही बारीडीह में अतिक्रमण कर बनाए गए बांस बल्ली के संरचनाओं को भी हटाया गया । डी वी सी मोड़ के पास फल एवं सब्जी वालो के द्वारा अतिक्रमण करते हुए मुख्य सड़क पर दुकान सजाने से रास्ते पर जाम होने एवं दुर्घटनाएं होने की संभावनाएं को देखते हुए पीछे हट कर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया इस संदर्भ में बर्मामाइंस थाना को भी स्थल से सूचना देते हुए कार्यवाई करने हेतु आग्रह किया गया । अवैध बैनर पोस्टर एवं अतिक्रमण हटाने का अभियान प्रातः 8:00 से 12:00 बजे तक नगर प्रबंधक रवि भारती के नेतृत्व में क्षेत्रीय कर्मी कृष्णा राम , प्रकाश भगत गणेश राम के साथ उड़न दस्ता दल जवान शामिल रहे।

गोल्डेन बेबी लीग 2023 के 5वे सप्ताह में 115 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

जमशेदपुर गोल्डन बेबी लीग 2023 में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में आयोजित टूर्नामेंट के पांचवें सप्ताह में कुल 115 खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह अब तक की सबसे बड़ी उपस्थिति रही। इस लीग की शुरूआत के बाद यह सबसे व्यस्त दिन था। जमीनी स्तर के कार्यक्रम के लिए पहले कुछ हफ्तों के सफल होने के बाद टूर्नामेंट के लिए अधिक टीमों के पंजीकरण हुए, जिसकी वजह से मैचों की संख्या में वृद्धि हुई है । जमशेदपुर पब्लिक स्कूल (जेपीएस) भी पिछले हफ्ते गोल्डन बेबी लीग में लोयोला स्कूल और कार्मेल स्कूल जैसे अन्य सहयोगी स्कूलों के साथ शामिल हुआ था । झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (जेएफए) और झारखंड स्पोर्टिंग एसोसिएशन (जेएसए) के साथ मिलकर जमशेदपुर एफसी ने जमशेदपुर गोल्डन बेबी लीग 2023 के दूसरे संस्करण में शहर भर के बच्चों को अंडर 5,7,9,11 और अंडर-13 श्रेणियों में विभाजित किया।5वें सप्ताह में अंडर13 श्रेणी में सबसे अधिक संख्या देखी गई, जिसमें 36 छात्रों ने इस आयु वर्ग में दो अलग-अलग मैचों में भाग लिया। रविवार की गर्म सुबह में एक्शन की शुरुआत पहले से कहीं अधिक उत्साह के साथ

हुई, जहां बच्चों के माता-पिता भी मौजूद थे, जो बच्चों का समर्थन करने के लिए बड़ी संख्या में आए थे।10 महीने तक चलने वाला यह टूर्नामेंट हर रविवार सुबह जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आर्चरी ग्राउंड में आयोजित किया जाता है, ताकि विकास को बढ़ावा दिया जा सके।

सांसद विद्युत वरण महतो को लगातार दूसरी बार संसद रत्न पुरस्कार से नवाजा गया

जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो को आज लगातार दूसरी बार संसद रत्न पुरस्कार से नवाजा गया। आज नई दिल्ली केजी मार्ग स्थित न्यू महाराष्ट्र सदन में संसद रत्न सम्मान समारोह में सांसद श्री महतो को शाल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के लिए संसद रत्न का चयन करने के लिए गठित समिति ने गत दिनों चयनित सांसदों का घोषणा किया था । इन सांसदों का चयन केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस कृष्णमूर्ति की सह-अध्यक्षता में नागरिक समाज और सांसदों के समूह ने किया है। इस समिति में जाने-माने सांसद और नागरिक समाज के सदस्य शामिल थे। यह सम्मान 13 सांसदों को दिया गया है जिसमें 8 लोकसभा के 5 राज्य सभा के सदस्य हैं।

d7b7b6aa4ae6a6d78f533d501de9ca7a8772fd6ef302ede76d12bd6ce5063a23.0

सांसद श्री महतो को ओवरऑल परफारमेंस के आधार पर दूसरी बार चयनित किया गया है। पुरस्कारों की घोषणा किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन सभी सांसदों को अपनी ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी है और सदन के अंदर संसदीय प्रक्रिया को और समृद्ध करने की को कहा है।

पुरस्कार मिलने के उपरांत सांसद श्री महतो ने कहा की यह मेरे लिए गौरव और अनुभूति का क्षण है। यह पुरस्कार मुझे और जिम्मेदार बनाता है साथ ही लोकसभा में जनहित से जुड़े हर छोटे बड़े मुद्दों को रखने के लिए प्रेरित करता है। सांसद श्री महतो ने यह पुरस्कार अपने संसदीय क्षेत्र जमशेदपुर के सभी नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे जमशेदपुर लोकसभा के देवतुल्य मतदाताओं का सम्मान है जिन्होंने अपनी जिम्मेवारी मुझे सौंपी है ।उन्होंने कहा यह सम्मान में पूरे जमशेदपुर लोकसभा वासियों को समर्पित करता हूं।

टुइलाडूंगरी गुरुद्वारा के लंगर हॉल निर्माण में संगत ने की कारसेवा

सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधन को दिया बधाई सन्देश

टुइलाडूंगरी गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी द्वारा गुरुद्वारा परिसर में नए लंगर हॉल के निर्माण के मद्देनजर की छत की ढलाई की गयी जिसमे सिख संगत ने कारसेवा कर पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
शनिवार को टुइलाडूंगरी गुरुद्वारा में अरदास उपरांत गुरु महाराज श्री गुरु ग्रन्थ साहिब से आज्ञा लेकर लंगर हॉल के दूसरे तल्ले की छत ढलाई प्रारम्भ की गयी। इस मौके पर विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधान, महासचिव के आलावा सचखंड श्री पटना साहिब के महासचिव इंदरजीत सिंह सेंट्रल गुरद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह सहित सिख समाज के कई गणमान्य शख्सियतों ने सेवा में भाग लिया।

IMG 20230325 WA0013


इस अवसर पर सीजीपीसी अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह ने टुइलाडूंगरी गुरुद्वारा के प्रधान सुखराज सिंह को बधाई देते हुए कहा कि लंगर हॉल का दूसरा तल्ला बन जाने से संगत और कमिटी को काफी राहत होगी क्योंकि लंगर छकने के लिए संगत को कतार में आने की आवश्यकता नहीं होगी। सरदार इंदरजीत सिंह ने भी समस्त गुरुद्वारा कमिटी को निर्माण कार्य की बधाई दी। इस अवसर पर इंदरजीत सिंह और भगवान सिंह सहित कुलविंदर सिंह पन्नू, कुलविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह राजू, सतवीर सिंह सोमू , सुखविंदर सिंह, गुरनाम सिंह बेदी, चंचल भाटिया व रणजीत सिंह ने सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभायी।

IMG 20230325 WA0014
error: Content is protected !!