तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
मानवता और तत्परता की एक बेहद सराहनीय मिसाल पेश करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने शुक्रवार को पांच वर्षीय मासूम सात्विक मांझी को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता भेजने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। बच्चे की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया, जिससे एम्बुलेंस बिना किसी ट्रैफिक बाधा के तेज रफ्तार में डिमना चौक तक पहुंच सकी।
सड़क हादसे के बाद कोमा में था मासूम
जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय सात्विक मांझी बीते 18 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे कोमा की हालत में इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था। मासूम की लगातार नाजुक बनी हालत को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाने का फैसला किया।
3 थानों की ट्रैफिक टीम ने मिलकर संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में बिष्टुपुर, साकची और मानगो ट्रैफिक थाने की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने पूरे रास्ते में मुस्तैदी से ट्रैफिक को रोककर एम्बुलेंस के लिए रास्ता पूरी तरह साफ रखा।
महज 15 मिनट में डिमना चौक पहुंची एम्बुलेंस
शुक्रवार सुबह 11:50 बजे एम्बुलेंस टीएमएच अस्पताल से कोलकाता के लिए रवाना हुई और ट्रैफिक पुलिस की त्वरित व्यवस्था के चलते महज 15 मिनट में (दोपहर 12:05 बजे) बालीगुमा होते हुए डिमना चौक पहुंच गई। इसके बाद एम्बुलेंस को एनएच-33 के रास्ते तेजी से कोलकाता के लिए रवाना कर दिया गया। जमशेदपुर पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल की पूरे शहर और आम जनता में खूब सराहना की जा रही है।
📌 तीसरी धारा न्यूज
मानवता, पुलिस प्रशासन और जनसरोकार से जुड़ी हर सटीक खबर — तीसरी धारा न्यूज





















