तीसरी धारा न्यूज | धनबाद | 25 अगस्त 2026
शहर से बाहर शिफ्ट होगी जेल
धनबाद के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित मंडल कारा को अब शहर से दूर गोविंदपुर अंचल के पंडुकी में स्थानांतरित किया जाएगा। इस बड़े प्रशासनिक फैसले के तहत उपायुक्त आदित्य रंजन ने पंडुकी मौजा की 25.25 एकड़ सरकारी भूमि गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित कर दी है। वर्ष 2023 के सर्किल दर के अनुसार इस जमीन का कुल मूल्यांकन लगभग 159.48 करोड़ रुपये है।
वर्तमान जेल में विस्तार की कमी और सुरक्षा चुनौतियां
वर्तमान धनबाद मंडल कारा शहर के व्यस्त क्षेत्र में अदालत और प्रमुख बाजारों के पास स्थित है। बंदियों की पेशी के दौरान यातायात और सुरक्षा की गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसके अलावा 850 बंदियों की स्वीकृत क्षमता वाले इस कारागार में विस्तार की कोई गुंजाइश नहीं बची है, जिसके कारण लंबे समय से इसे शहर से बाहर भेजने की मांग उठ रही थी।
आधुनिक सुविधाओं और बहुस्तरीय सुरक्षा से होगी लैस
पंडुकी में बनने वाला नया मंडल कारा अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था से युक्त होगा। विशाल भूखंड मिलने से यहां हाई सिक्योरिटी बैरक, वॉच टावर, 24 घंटे सीसीटीवी, बायोमीट्रिक प्रवेश, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, अस्पताल, कौशल विकास केंद्र और कर्मियों के लिए आवास की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
भूमि हस्तांतरण के लिए तय हुईं कड़ी शर्तें
राजस्व विभाग के नियमों के अनुसार हस्तांतरित भूमि पर छह महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करना अनिवार्य होगा। साथ ही 12 महीने के अंदर भूमि का उपयोग सुनिश्चित करना होगा, अन्यथा तय अवधि में उपयोग न होने पर यह जमीन स्वतः वापस राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के खाते में चली जाएगी।
तीसरी धारा न्यूज — निष्पक्ष खबर, सटीक विश्लेषण।




































