एक नई सोच, एक नई धारा

विद्युत सेवा एक बिजनेस मॉड्यूल है, क्वालिटी सर्विस जितनी अच्छी होगी बिजनेस उतना ही अच्छा होगा – अर्जुन मुंडा

सरायकेला जिला समाहरणालय के सभागार में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की अध्यक्षता में शनिवार को सरायकेला-खरसावां व पश्चिमी सिंहभूम की डिस्ट्रिक्ट लेवल इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक हुई। बैठक में सरायकेला एवं चाईबासा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं जर्जर तार एवं खंभों की स्थिति से अवगत कराते हुए यथासंभव निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश विद्युत पदाधिकारियों को दिया गया।
विद्युत विभाग के जीएम श्रवण कुमार ने विद्युत आपूर्ति, विद्युत खपत, डिमांड, सब विद्युत स्टेशन एवं जिलावार उपस्थित ट्रांसफार्मर, खराब ट्रांसफार्मर, मरम्मत कार्य, 100 यूनिट फ्री योजना का लाभ समेत विभिन्न बिन्दुओं से सम्बंधित जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में डिमांड के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सेवा बहाल करने के साथ ही कृषि क्षेत्र में अलग ट्रांसफर्मर से विद्युत सेवा बहाल करें। विद्युत सेवा एक बिजनेस मॉड्यूल भी है अतः क्वालिटी सर्विस जितनी अच्छी होगी बिजनेस उतना ही अच्छा होगा।

केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित पदाधिकारियों को क्वालिटी विद्युत सेवा एवं क्वालिटी सर्विस पर विशेष बल देने की बात कही। उन्होंने कहा स्थानीय विद्युत सेवा के वरीय पदाधिकारी/ क्षेत्रीय पदाधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुगमता से विद्युत सेवा बहाल करने के साथ साथ अपूर्ति सेवा से संबंधित समस्या एवं समाधान पर निर्णय लिया जा सके। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संरक्षण के संदर्भ में विभिन्न माध्यम से जागरूक करने की आवश्यकता है। बिजली, पानी की बर्बादी देश के रेवेन्यू की बर्बादी है।
बैठक के क्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, मंत्री चंपई सोरेन के आप्त सचिव के द्वारा विभिन्न क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति एवं तार-खंभों की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए उक्त मामलो के त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु सम्बन्धित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। आज की बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपायुक्त सरायकेला खरसावां अरवा राजकमल, उप विकास आयुक्त सरायकेला प्रवीण कुमार गागराई, उप विकास आयुक्त पश्चिमी सिंहभूम, अपर उपायुक्त सरायकेला, अपर उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम, मुख्य अभियंता विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर, अधीक्षण अभियंता विद्युत प्रमंडल जमशेदपुर, सभी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एससी/एसटी एक्ट में अभद्र भाषा कह देना मुकदमे के लिए काफी नहीं- सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के खिलाफ अभद्र या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ, यह एससी/एसटी अधिनियम के तहत किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पर्याप्त नहीं है। एक मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी की। जस्टिस एस रवींद्र भट और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(1)(x) के दंडात्मक प्रावधान को लागू करने के लिए यह साबित करना होगा कि इस तरह की टिप्पणी जानबूझकर सार्वजनिक स्थान पर की गई है या नहीं? चार्जशीट या एफआईआर की कॉपी में भी इस तरह की बातों का उल्लेख किया जाना आवश्यक है।

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने स्पष्ट किया कि एससी और एसटी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं है। कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधान के तहत किसी व्यक्ति पर मुकदमा चलाने से पहले सार्वजनिक दृश्य के भीतर किसी अभियुक्त द्वारा की गई बातों को कम से कम चार्जशीट में उल्लिखित किया जाए, इससे अदालत यह पता लगाने में सक्षम होंगी कि अपराध का संज्ञान लेने से पहले आरोप पत्र एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला बनता है या नहीं?

दरअसल, देश की शीर्ष अदालत एक ऐसे मामले की सुनवाई कर रही थी जिसमें एक व्यक्ति को कथित अपराधों के लिए चार्जशीट किया गया था, जिसमें अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम की धारा 3(1)(x) शामिल है, जो अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति सदस्य को जानबूझकर सार्वजनिक दृश्य के भीतर अपमान करने के इरादे से डराने-धमकाने से संबंधित है। अदालत ने मामले की सुनवाई में व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मामले को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि मामले में न प्राथमिकी और न ही आरोप पत्र में मौखिक विवाद के दौरान अभियुक्तों के बयानों या शिकायतकर्ता की जाति का कोई संदर्भ नहीं था। अदालत ने यह भी नोट किया कि कथित अपमानजनक बयान शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी और उसके बेटे की उपस्थिति में दिए गए थे और कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए इसे सार्वजनिक रूप से नहीं कहा जा सकता क्योंकि अन्य कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था।

जस्टिस एस आर भट और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि किसी व्यक्ति को अपमानित करने के लिए मंशा स्पष्ट प्रतीत होना जरूरी है। हर अपमान या धमकी अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3 (1) (x) के तहत अपराध नहीं होगी। पीठ ने कहा, “अगर आम तौर पर किसी व्यक्ति को अनुसूचित जाति या जनजाति के रूप में निर्देशित किया जाता है, तो यह धारा 3 (1) (x) के तहत मुकदमा दर्ज करने लिए पर्याप्त नहीं हो सकता है, जब तक कि इस तरह के शब्दों में जातिवादी टिप्पणी न हो।”

मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधायक सरयू रॉय पर दूसरी बार किया मानहानि का केस

जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शनिवार को पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित एमपी- एमएलए न्यायालय में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। विधायक सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर आराेप लगाया था कि उनके पास प्रतिबंधित पिस्तौल है। विधायक सरयु राय के इस बयान पर स्वास्थ्य मंत्री ने यह केस दायर किया है। जिसमें बन्ना गुप्ता ने यह कहा है कि बिना किसी प्रमाण के मंत्री की छवि को खराब किया गया है और उनके चरित्र का हनन कर मानहानि करने की कोशिश की गयी है। मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधायक सरयू राय पर यह दूसरा केस दर्ज़ किया है। इससे पहले मंत्री बन्ना गुप्ता पर प्रोत्साहन राशि को लेकर आरोप लगाया गया था, जिसको लेकर मंत्री ने सरयू राय पर मानहानि का केस दायर किया है, जो अभी कोर्ट के समक्ष विचाराधीन है।

ट्रस्टी के बेटे होने के कारण अविनाश सिंह प्रधान पद के उम्मीदवार कभी नहीं बन सकते – संगत

जमशेदपुर : सीतारामडेरा गुरुद्वारा के प्रधान पद के उम्मीदवार अविनाश सिंह खालसा की उम्मीदवारी रद्द करने की माँग करते हुए सीतारामडेरा संगत ने सीजीपीसी के प्रधान को खत लिखा। संगत ने अपने खत में अपनी बात रखते हुए लिखा कि – प्रधान साहिब जी, गुरु फतेह उपरंत बेनती है कि सीता राम डेरा गुरुद्वारा इलाके की सिक्ख निवासी आप जी को महत्वपूर्ण जानकारी देना चाहती है कि सरदार अविनाश सिंह को बतौर प्रधान कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और किसी हाल में भी। सरदार अविनाश सिंह खालसा को बतौर प्रधान नहीं स्वीकारने के कारण नीचे बिंदुवार प्रस्तुत कर रहे हैं।


1) ट्रस्टी सरदार गुरमीत सिंह के बेटे होने कारण सरदार अविनाश सिंह खालसा प्रधान पद के उम्मीदवार कभी नहीं बन सकते। कयोंकि पिता ट्रस्टी और बेटा प्रधान, एक घर से दो पोस्ट कतई बर्दाश्त नहीं।
2) पिछले बारह सालों से सरदार अविनाश सिंह खालसा ज्वाइंट कैशियर और उसके पिता जी गुरमीत सिंह ट्रस्टी पद पर आसीन रहे हैं। सरदार अविनाश सिंह खालसा अपने पिता जी की शह पर पहले से समानान्तर कमेटी का प्रधान के रूप में बन कर कमेटी चलाता रहा है l जिसकी शिकायत कार्यवाहक प्रधान सरदार बलबीर सिंह जी ने लिखित रूप में ट्रस्टियों एवम सीजीपीसी प्रधान सरदार महिंदर सिंह को की हुई है, जिसकी फोटो कॉपी हम दे रहे हैं इस चिट्ठी के साथ।
3) गुरुद्वारा साहिब जी की गोलख जो पहले एक डेढ़ लाख खुलती थी अब तीन सदस्यीय संचालन समिति के अधीन चार लाख की ऐवरेज से खुल रही है।


प्रधान साहिब जी आप से निवेदन है कि इसकी जांच पड़ताल में आगे बढ़ेंगे तो आप को और बहुत कुछ गड़बड़ियां दिखाई देंगी, जो सीतारामडेरा गुरुद्वारा के पिछ्ले बारह सालों एक महा घोटाला, जैसे कि एक करोड़ से जायदाद सात साल पहले सीता राम डेरा गुरुद्वारा कमेटी ने खरीदी थी। सिक्ख साध संगत की खून पसीने की कमाई से खरीदी गई संपत्ति का ब्योरा नोटिस बोर्ड में कभी नहीं आया। संपत्ति की कीमत कितने में खरीदी, संपत्ति गुरुद्वारा कमेटी के नाम से है, ट्रस्टियों के नाम से है या फिर किसी अन्य नाम से, अगर संपत्ति किसी अन्य नाम से तो क्या कारण।
प्रधान साहिब जी ट्रस्टी गुरमीत सिंह और सरदार अविनाश सिंह खालसा का मन इस कद्र बढ़ा हुआ है कि आने वाले समय में गुरुद्वारा साहिब की सारी संपत्ति हड़पने की नियत डाले हुए हैं। इसलिए आप से अनुरोध है कि बिना पक्षपात किए, नियम के तहत कारवाई की जाए और एक घर से दो सदस्य एक ट्रस्टी के रूप में और दूसरा प्रधान के रूप में कतई स्वीकार नहीं है इसलिए अविनाश सिंह का प्रधान पद का प्रत्याशी सीतारामडेरा की संगत को कतई मान्य नहीं है। आप से अनुरोध है कि अविनाश सिंह खालसा को प्रधान पद की उम्मीदवारी रद्द की जाए।

सौंदर्यीकरण के लिए स्त्री सत्संग सभा ने साकची गुरुद्वारा को भेंट की एक लाख सहयोग राशि

स्त्री सत्संग सभा, साकची की बीबीयों ने साकची गुरुद्वारा के सौंदर्यीकरण कार्य के लिये नकद सहयोग राशि एक लाख रुपये भेंट स्वरूप देकर एक मिसाल पेश की है।
शनिवार को गुरुद्वारा साहिब साकची में स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी गुरमीत कौर ने सभा की ओर से प्रधान निशान सिंह को नक़द एक लाख रुपए भेंट किए।स्त्री सत्संग सभा ने इसी तरह निरंतर सहयोग की बात कही साथ ही साथ सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्थे ने भी सौंदर्यीकरण के लिए अपना संभव सहयोग दिया। इस सहयोग के लिए प्रधान निशान सिंह व महासचिव परमजीत सिंह काले ने दोनों सभाओं का आभार प्रकट करते हूए धन्यवाद ज्ञापन किया।

“जपियो जिन अर्जन देव गुरु फिर संकट जोन गर्भ ना आयो” शब्द के साथ हुई 40 दिवसीय सुखमणी साहब पाठ की समाप्ति

इससे पूर्व शहीदों के सरताज सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी की शहीदी को समर्पित 40 दिनों से चल रहे सुखमणी साहिब के पाठ की समाप्ति भी “जपियो जिन अर्जन देव गुरु फिर संकट जोन गर्भ ना आयो”शब्द के साथ सम्पन्न हुई। पाठ की समाप्ति के बाद सिख स्त्री सत्संग सभा एवं भाई साहब भाई मनदीप सिंह जी हजूरी रागी द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन गायन किया गया। बाबा अमृतपाल सिंह ने सरबत के भले की अरदास की। एक सकारात्मक पहल के तहत सिख स्त्री सत्संग सभा साकची एवं सुखमणी कीर्तन जत्थे द्वारा संयुक्त रूप से सुखमणी साहिब के पाठ रोजाना सुबह किए जाते रहे तथा हर दिन संगत के सहयोग से नाश्ते की व्यवस्था की जाती थी।

IMG 20230520 WA0061

आज समापन के दौरान भी संगत के लिए चने का प्रसाद, मीठे जल एवं गुरु का लंगर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साकची एवं संगत के सहयोग से किया गया था। इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह, झारखंड प्रदेश गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह, सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान सुखजीत कौर, चेयरपर्सन बीबी कमलजीत कौर, बीबी दलबीर कौर, महासचिव बीबी रविंदर कौर, बीबी सुखजीत कौर आदि भी शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिख स्त्री सत्संग सभा साकची की अध्यक्षा बीबी गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष बीबी पिंकी कौर, बीबी मनजीत कौर, बीबी अमरीक कौर, बीबी जितेंद्र पाल कौर सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की ओर से बीबी बलविंदर कौर, बीबी रणजीत कौर, बीबी कमलजीत कौर, बीबी राजबीर कौर, बीबी गुरदीप कौर तथा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साकची की ओर से मुख्य सेवादार सरदार निशान सिंह जी, महासचिव सरदार परमजीत सिंह काले, कोषाध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह गांधी, मुख्य सलाहकार सरदार सुरजीत सिंह छीते, सरदार जयमल सिंह बरियार, सरदार मनोहर सिंह मित्ते, सरदार दलजीत सिंह, सरदार त्रिलोचन सिंह तोची, सरदार बलबीर सिंह, सरदार जसपाल सिंह जस्से, सरदार गुरपाल सिंह, सरदार जगमिंदर सिंह आदि ने अपना भरपूर सहयोग दिया।

IMG 20230520 WA0058
सिद्धारमैया ने ली कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, डीके बने डिप्टी सीएम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने शनिवार कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सिद्धारमैया दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने हैं वहीं डीके पहली बार डिप्टी सीएम बने हैं। बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में गांधी परिवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विपक्ष के बड़े नेताओं की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने शपथ लिया। सिद्धारमैया का राजनीतिक में 4 दशक का लंबा करियर रहा है।

बेंगलुरु में हुए नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार शामिल हुए। इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, मक्कल नीडि माईम के प्रमुख कमल हसन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मंच पर मौजूद थे।

वर्ल्ड रिकॉर्ड! चीन, जापान, US को पछाड़ा भारत ने, 100 घंटे में तैयार की 100 किमी सड़क, देखें वीडियो

दुनिया को पीछे छोड़ भारत ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया है। भारत में 100 घंटे में 100 किलोमीटर की सड़क बनाकर तैयार कर दी गई है। सड़क निर्माण में भारत ने चीन, अमेरिका और जापान को भी पीछे छोड़ दिया। गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेस वे के बीच NH 34 पर 15 मई को सुबह 10 बजे से इस सड़क को बनाने का काम शुरू हुआ था, जो 19 मई को 2 बजे 100 घंटे में 112 किलोमीटर बनकर तैयार हो गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी ट्वीट करके टीम को बधाई दी।

इस सड़क को 15 मई की तारीख सुबह 10 बजे से बनाना शुरू किया गया था। टारगेट था कि 100 घंटे में 100 किमी की सड़क तैयार करनी है। सड़क को बनाने के लिए 8-8 घंटे की शिफ्ट में मजदूर और इंजीनियर्स ने काम किया। इंजीनियर्स की टीम को लीड करने वाले अर्पण घोष बताते हैं कि एक शिफ्ट में कम से कम 100 इंजीनियर्स और 250 मजदूर काम करते थे। हर मिनट में 3 मीटर से ज़्यादा की रोड तैयार की गई। बड़ी बात ये कि षण गर्मी में मजदूर और इंजीनियर्स के लिए बहुत सारे एक्सट्रा इंतजाम करने पड़े। एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सबसे बड़ा चैलेंज ये भी था कि सड़क की दूसरा तरफ का ट्रैफिक लगातार चलता रहे।

एनएचएआई के रिजनल ऑफिसर संजीव कुमार शर्मा बताते हैं कि इस सड़क को बनाने में इंवायरमेंट का भी पूरा ख्याल रखा गया है। सड़क को रिसाइकल्ड मटेरियल से तैयार किया गया है। सड़क को बनाने के लिए पुराने मटेरियल का ही इस्तेमाल किया गया है। सड़क को बनाने में 51849 मैट्रिक टन बिटुमन कंक्रीट, 2700 मैट्रिक टन बिटुमन लगा है और 6 हॉट मिक्स प्लांट में इस मटैरियल को तैयार किया गया है।

Screenshot 2023 0520 121324

इस सड़क के निर्माण से भारत को एक मॉडल भी मिला है। इस मॉडल के जरिए आने वाले वक्त में हाइवे और एक्सप्रेसवे और जल्दी तैयार हो जाएंगे।

क्राइम अपडेट : टाटानगर रेलवे स्टेशन पार्किंग में चली गोलियां, पार्किंग ठेकेदार घायल, जाँच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन मुख्य गेट के सामने रेलवे पार्किंग के पेटी कांट्रेक्टर नीरज दूबे पर शुक्रवार की देर शाम ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। अपराधियों द्वारा बरसाई गई गोलियां नीरज की गर्दन, हाथ में लगी है। उसका इलाज टीएमएच में चल रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। नीरज पर गोली चलाने के दौरान भागने में आउट गेट के पास एक अपराधी को जीआरपी ने पकड़ लिया है। इस घटना के बाद रेल क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पाकर जीआरपी थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी, आरपीएफ के सहायक कमाडेंट एके नायक, आरपीएफ ओसी एसके तिवारी, बागबेड़ा थाना प्रभारी केके झा, जुगसलाई थाना प्रभारी कुणाल कुमार मौके पर पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है।

Screenshot 2023 0519 222632

नीरज दूबे स्टेशन पार्किंग के साथ साथ आरक्षण काउंटर पर खुले नाईट आउट होटल का भी संचालन कर रहा था। वैसे यह होटल गोल्डी तिवारी, जबकि पार्किंग शैल इंजीनियरिंग के राजेश सिंह के नाम पर है। पिछले दिनों ही पानी सप्लायर संतोष सिंह उर्फ फकीरा को रंगदारी के लिए नीरज दूबे ने अपने गुर्गों के साथ पिटाई की थी। उसके बाद से ही स्टेशन का माहौल गरमाया हुआ था। नीरज दूबे सीरियल क्राइम के मास्टर माइंड पंकज दूबे का चचेरा भाई है और बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर एक का रहने वाला है। साकची में कुछ साल पूर्व निरंजन सिंह की हत्या में नीरज दूबे जेल की हवा खा चुका है।

Screenshot 2023 0519 222709

नीरज दूबे जब से स्टेशन क्षेत्र में काम के लिए घुसा है। वह यहां वर्चस्व स्थापित करना चाहता है। सूत्रों के अनुसार स्टेशन के बाहर धंधा कर रहे कई लोगों से रंगदारी वसूली जाती है। होटल के नीचे ठेला, पार्किंग में पान गुमटी अपने वर्चस्व और रेल अधिकारियों की सांठ गांठ से खुलवा दी है, जो नियम के विरुद्ध है। बहरहाल, स्टेशन पार्किंग में अब तक फायरिंग, हत्या की घटनायें हो चुकी है। ये फायरिंग की घटना भी इतिहास में जुड़ गई।

आरबीआई का बड़ा फैसला, 30 सितम्बर तक वैध रहेंगे 2000 के नोट

आरबीआई ने 2000 रुपये के नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की है। भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों को सलाह दी है कि वे तत्काल प्रभाव से 2000 रुपये मूल्यवर्ग के बैंकनोट जारी करना बंद करें। हालांकि 2000 रुपये मूल्यवर्ग के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, क्लीन नोट पॉलिसी के तहत आरबीआई ने यह फैसला लिया है। आरबीआई ने कहा है कि यह नोट 30 सितंबर तक कानूनी रूप से वैध रहेंगे।

रविवार को सीजीपीसी कार्यालय में लगेगा पैन, आधार सहित अन्य सरकारी दस्तावेज त्रुटि सुधार शिविर

आगामी रविवार को साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) कार्यालय में पैन कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य जरुरी सरकारी दस्तावेजों में त्रुटि सुधार व अद्यतीकरण के लिए एकदिवसीय शिविर लगाया जायेगा।
सीजीपीसी जनसुविधा हेतु गैर सरकारी संस्था नाम्या स्माइल फाउंडेशन (एनएसएफ) के सहयोग से शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक करेगी।

सभी समुदाय के लोग त्रुटि सुधार सेवा शिविर का ले सकते हैं लाभ: भगवान सिंह

शिविर सम्बन्धी जानकारी देते हुए सीजीपीसी प्रधान सरदार भगवान सिंह ने बताया की रविवार को जमशेदपुर के नागरिक एक छत के नीचे आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, आधार के साथ पैन लिंक करना, त्रुटि सुधार और अद्यतीकरण जैसी सेवा का लाभ ले सकते हैं।
भगवान सिंह का कहना है कि सभी समुदाय के लोग इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने दस्तावेजों को संशोधन व अद्यतन करवा सकते है। उन्होंने कहा सुखवंत सिंह सुक्खु कार्य संपादन के लिए अधिकृत किया गया है साथ ही साथ पूरी सीजीपीसी की टीम सहायता के लिए मौजुद रहेगी।

error: Content is protected !!