जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत भाटिया बस्ती स्थित एक गैरेज में सोमवार की देर रात आग लग गई। इस घटना में गैरेज में रखे तीन साइकिल, तीन बाइक समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गए। इससे गैरेज मालिक जगन्नाथ महतो को लाखों का नुकसान हुआ है। जगन्नाथ महतो ने बताया कि सोमवार की रात वे गैरेज में गाड़ियों को खड़ी कर पास ही स्थित घर पर चले गए। थोड़ी देर बाद कुछ लोगों ने उन्हें फोन पर आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद वह भागते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग जब तक कुछ कर पाते तब तक गैरेज में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की एक दमकल घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जगन्नाथ महतो के अनुसार आग कैसे लगी इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, परंतु अगलगी की इस घटना में उन्हें चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया में हैं। आज उनका सिडनी में बड़ा कार्यक्रम शेड्यूल है। प्रधानमंत्री का इस दौरान भव्य स्वागत किया गया। रिक्रियेश्नल एयरक्राफ्ट की मदद से पीएम के स्वागत में आसमान में ‘वेलकम मोदी’ लिखा। प्रधानमंत्री के तौर पर उनका यह दूसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा है। प्रधानमंत्री इससे पहले पापुआ न्यू गिनी में थे, जहां आइलैंड देश के पीएम जेम्स मारापे ने उनके पैर छुए थे। वहीं जापान के हिरोशिमा में जी7 शिखर सम्मेलन में पहुंचे जो बाइडेन ने प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ मांगा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई सुपर के सीईओ पॉल श्रोडर, फोर्टेस्क्यू फ्यूचर इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष एंड्रयू फॉरेस्ट, हैनकॉक प्रॉस्पेक्टिंग की कार्यकारी अध्यक्ष जीना राइनहार्ट से मुलाकात करेंगे। इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ भी पीएम मोदी मीटिंग करेंगे।
सिडनी के स्टेडियम में पीएम मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिडनी में कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज भी मौजूद होंगे। रिपोर्ट की मानें तो 20 हजार सीटर वाले इस स्टेडियम के सभी टिकट्स बिक चुके हैं। इस कार्यक्रम की मेजबानी इंडियन ऑस्ट्रेलियन डायस्पोरा फाउंडेशन की जा रही है। इंडियन एक्सप्रेस ने द सिडनी मॉर्निंग पोस्ट के हवाले से बताया कि इस फाउंडेशन के निदेशक जय शाह और राहुल जेठी हैं।
रांची : रिम्स में महिला ने 5 बच्चों को एक साथ जन्म दिया है। पिछले महीने ही रांची के इसी रिम्स अस्पताल में महिला ने एक साथ चार बच्चे को जन्म दिया था। सभी बच्चों का वजन लगभग एक किलो से लेकर 750 ग्राम तक है। सभी नवजात को नियोनेटोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है।सभी बच्चों को गहन निगरानी में रखा गया है। प्री-मेच्योर बर्थ होने के कारण ही बच्चों का वजन थोड़ा कम है और उनकी देखभाल की जरूरत है। उन्हें कुछ समय के लिए एनआईसीयू में रखकर ही निगरानी और देखभाल की जाएगी। उसके बाद महिला को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया जाएगा।
रिम्स की तरफ से ही ट्विटर हैंडल पर महिला के एक साथ 5 बच्चे को जन्म देने की खबर शेयर की है। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। नवजात इस समय डॉक्टर की निगरानी में हैं। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे प्री-मैच्योर हैं। इनका जन्म 26-27 हफ्ते में ही हुआ है। ऐसे में अभी उनकी स्थिति को लगातार मॉनिटर करने की जरूरत है। बच्चों की सही से देखभाल की जा रही है।
डॉक्टर शशि बाला सिंह के नेतृत्व में सफल प्रसव कराया गया। बच्चों का वजन काफी कम है। पांच बच्चों को जन्म देने वाली महिला इटखोरी, चतरा की बताई जा रही है। फिलहाल, जच्चा और बच्चों का स्वास्थ्य ठीक है। डॉक्टरों की टीम जच्चा और बच्चों की निगरानी कर रही है। डाक्टरों के मुताबिक सभी बच्चे की स्थिति अभी ठीक है। हालांकि उनका अभी कुछ हफ्तों तक देखभाल लिया जायेगा।
जमशेदपुर : जिला व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर परिसर में जिला बार एसोसिएशन के तत्वावधान में छबील लगाई गई और पांचवें गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। हयूम पाइप गुरद्वारा के बाबा हरजिंदर सिंह जी ने सभी के भलाई की अरदास की। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा एवं समस्त न्यायिक पदाधिकारियों ने वकीलों और आम लोगों के साथ बड़े ही श्रद्धा के साथ चना, हलवा एवं शरबत का प्रसाद ग्रहण किया।
राष्ट्रवाद एवं विविधता में एकता की मजबूती : डीजे
इस मौके पर न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से देश की विविधता से अवगत होते हैं और राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रवाद की भावना मजबूत होती है। एसोसिएशन स्टेरिंग कमेटी के संयोजक मंडली सदस्य लाला अजीत कुमार अम्बष्ठ के अनुसार सिखों के महान गुरुओं ने अपने जीवन आचरण आदर्श सिद्धांत जीवन मूल्य से आने एक आदर्श गढ़े हैं और देश के भावी इतिहास को उनके बलिदान ने बदल कर रख दिया है जिस रूप में आज हम आधुनिक और मजबूत भारत को देख रहे हैं।
अधिवक्ता अमरजीत कौर विश्वास एवं अधिवक्ता मलकीत सिंह सैनी के अनुसार गुरुओं के बलिदान से देश एवं नई पीढ़ी को अवगत कराना है जिससे हम प्रेरणा लेकर देश की मजबूती अखंडता में अपना योगदान दे सकें। अधिवक्ता कुलविंदर सिंह के अनुसार अमीर खुसरो को संरक्षण देने के आरोप में मुगल बादशाह जहांगीर ने उन्हें यशा कानून के तहत शहीद करने का हुक्म दिया था जिसके तहत उन्हें गर्म पानी में उबाला गया, उनके शरीर पर गरम रेत डाली गई और उन्हें गर्म तवा पर बैठाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के संपादन से उस समय के रूढ़िवादी मौलवी एवं पंडित आक्रोशित थे और भाई पृथी चंद ने साजिश रचकर गुरुजी को सजा दिलवा दी थी। अधिवक्ता हरजीत सिंह, अधिवक्ता नरेंद्र सिंह, अधिवक्ता जेके राजू , अधिवक्ता राजीव सिंह सैनी, अधिवक्ता नंद किशोर राय, अधिवक्ता कमलजीत सिंह, अधिवक्ता एनके मिश्रा, अधिवक्ता बोलाई पंडा, बार एसोसिएशन के रिसीवर मनोरंजन दास, अधिवक्ता भवेश कुमार, अधिवक्ता मानिक सरकार, हरदीप सिंह सिद्धू, जसवीर सिंह आदि की सराहनीय भूमिका रही।
रविवार को गिरफ्तार होने के बाद प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच टेरर फंडिंग मामले में एनआईए टीम ने स्पेशल कोर्ट में पेश किया। एनआईए ने दिनेश गोप से पूछताछ के लिए 14 दिनों की रिमांड कोर्ट से मांगी। दिनेश गोप के वकील की ओर से विरोध दर्ज करने के बाद अंत में कोर्ट ने दिनेश गोप को 8 दिनों के लिए एनआईए की रिमांड में सौंप दिया। गौरतलब है कि दिनेश गोप के खिलाफ एनआईए ने नोटबंदी के दौरान रुपये की बरामदगी मामले में चार्जशीट दायर की थी। एनआईए ने आरसी-02/2018/एनआईए/डीएलआई दर्ज किया है। उसके पास से 25.38 लाख बरामद हुए थे।
दिनेश गोप के खिलाफ 102 से ज्यादा आपराधिक मामले
एनआईए रांची शाखा दिनेश गोप से जुड़े दो मामलों की जांच कर रही है। उसके खिलाफ झारखंड, बिहार और ओडिशा में हत्या, अपहरण, धमकी, जबरन वसूली और पीएलएफआई के लिए धन जुटाने से संबंधित 102 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड सरकार ने दिनेश गोप पर 25 लाख के इनाम की नाम की घोषणा की थी। एनआईए द्वारा भी 5 लाख के इनाम का ऐलान किया गया था।
झारखंड : जमशेदपुर से राँची जाने के क्रम में बुंडू स्थित टोल प्लाजा से गुजरने वाले यात्रियों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे 33 (NH33) स्थित इस टोल प्लाजा से गुजरने वाले यात्रियों के फास्टैग से एक बार की जगह 2 बार पैसे कट रहे हैं और टोल प्लाजा में पूछे जाने पर कोई समाधान भी नहीं किया जाता, उल्टा जनता से बहस किया जाता है, जिसकी वजह से जाम भी लग जाती है।
यात्रियों से बात करने पर यह बात सामने आई है कि इस तरह की घटना ज्यादातर आईसीआईसीआई बैंक के फास्टैग से होता है। इन सब से पीड़ित एक यात्री ने बताया कि उनका इस रूट पर आना जाना होता रहता है और अक्सर 2 बार पैसे कट जाते हैं। कभी कभी तो तुरंत और कभी कभी यहाँ से निकलने के 1-2 घण्टे बाद कटते हैं। टोल प्लाजा या बैंक में शिकायत करने पर भी कोई फायदा नहीं होता है। आखिर दो बार टैक्स हम क्यों दें। 1033 पर भी शिकायत करने के बाद कोई समाधान अब तक नहीं हो पाया है, सब कुछ राम भरोसे ही चल रहा। आम जनता को होने वाली तकलीफ पर किसी का भी ध्यान नहीं ।
जमशेदपुर : सीतारामडेरा में सोमवार को गेडू परिवार की ओर से गुरू अर्जुन देव जी की शहादत को समर्पित छबील लगाई गई। श्री अखंड पाठ के भोग के उपरान्त सुखमणि साहिब जी का पाठ और कीर्तन प्रवाह चला। समस्त जीवों के कल्याण की अरदास के बाद राहगीरों के बीच चना, हलुवा और शरबत का वितरण किया गया। हरपाल सिंह के अनुसार मुग़ल बादशाह जहांगीर के आदेश पर गुरू जी ने शहादत दी और किसी के खिलाफ कुछ नहीं कहा, उसे कुदरत की रज़ा समझा और सिखों को प्रेरित कर गए कि सत्य, सच, मानवता, बहुलतावाद की रक्षा करने के लिए सर्वस्व निछावर कर देना है।
गेडु परिवार के हरजिंदर सिंह, दीदार सिंह, सतपाल सिंह पिंकी, हरपाल सिंह, परमवीर सिंह, अमरदीप सिंह, जगवींदर सिंह, नीतू कौर, अंशु, प्रिया, नेहा, राजबीर सिंह, चंदन, तरणदीप सिंह, जगदीप सिंह आदि ने सेवाएं दी।
जमशेदपुर : कदमा के शास्त्रीनगर हिंसा मामले में गिरफ्तार भाजपा नेता अभय सिंह की सुनवाई आज 22 मई को एडीजे 2 आभाष वर्मा की अदालत में हुई। जहाँ उनकी जमानत याचिका को खारिज़ कर दिया गया। बता दें कि इससे पहले 15 मई को अदालत ने 17 मई की तारीख दी थी और उस दिन अधिवक्ता चंदन चौबे सहित 7 लोगों को जमानत मिली थी और अभय सिंह को 22 मई की तारीख दी गयी थी। जिसके बाद आज कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। अब अगले चरण में अभय सिंह की जमानत याचिका उच्च न्यायालय में दाखिल की जाएगी।
इन लोगों की हुई जमानत याचिका खारिज
अभय सिंह के साथ साथ भाजपा नेता सुधांशु ओझा, रंजीत कुमार पंडित, उमेश सिंह, संदीप पांडेय, मुकेश कुमार मिश्रा, जावेद शेख, रफीक मंडल, जितेन्द्र कुमार पांडेय और गोपी प्रमाणिक की भी जमानत याचिका खारिज की गई है। इसके पहले अदालत ने जीतेश झा की जमानत नामंजूर की थी।
क्या कह रहे अभय सिंह के समर्थक
वहीं अभय सिंह के समर्थकों में थोड़ी मायूसी देखने को मिली, किन्तु समर्थकों ने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास है और उन्हें उम्मीद है कि उच्च न्यायालय से अभय सिंह को जमानत जल्द ही मिल जाएगी, क्योंकि प्रशासन के पास अभय सिंह के विरुद्ध कोई भी ठोस साक्ष्य मौजूद नहीं है।
सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी पर लेख लिख सुर्खियां बटोरनेवाली झारखण्ड की बेटी तन्नू साहू को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) ने सम्मानित किया। सीजीपीसी कार्यालय में सोमवार को प्रधान सरदार भगवान सिंह ने तन्नू साहू तथा उसके परिवार को शॉल ओढ़ा एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मान किया।
भगवान सिंह ने कहा- तन्नू ने सिख इतिहास, गुरुओं और उनकी शहीदी का मान बढ़ाया
सरदार भगवान सिंह ने शाबासी देते हुए कहा कि तन्नू साहू ने सिखों के इतिहास और उनके गुरुओं की शहीदीगाथा को वर्णित कर झारखण्ड राज्य ही नहीं बल्कि पुरे सिख कौम का नाम ऊँचा किया और सिख बच्चे भी तन्नू की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर सिख इतिहास को जन-जन तक पहुचायें। सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह और साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने तन्नू के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा उन्होंने सिख गुरुओं का मान बढ़ाया है।
सीजीपीसी के सम्मान से मनोबल बढ़ा, सरकार से शिक्षा में मदद की उम्मीद: तन्नू
वहीँ, सम्मानित होने के बाद तन्नू साहू ने कहा कि सीजीपीसी के सम्मान से उसका और उसके परिवार का मनोबल ऊंचा हुआ है परन्तु वह झारखण्ड सरकार से भी उम्मीद करती है कि सरकार उसकी आगे की शिक्षा-दीक्षा में उसकी मदद करेगी। तन्नू के माता-पिता क्रमशः हराधन साहू व रूबी साहू के आलावा पारिवारिक सदस्य उपेन्दर को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह, सीजीपीसी उपाध्यक्ष चंचल सिंह, गुरदीप सिंह पप्पू, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, महासचिव अमरजीत सिंह, मानगो गुरुद्वारा प्रधान हरजिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, परमजीत सिंह काले, सुखदेव सिंह बिट्टू व नरेंद्रपाल सिंह भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि, चांडिल की 10वीं की छात्रा तन्नू साहू को 9 मई को संसद भवन में सम्मान किया गया था जहाँ समस्त भारत से कुल 22 प्रतिभागी पहुंचे थे। तन्नू साहू ने सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी पर लेख लिखा था जिस कारण उन्हें नई दिल्ली के संसद भवन में 17वें लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया था।
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है, बावजूद इसके ना तो वाहन चालक यातायात नियमों का पालन कर रहे, ना ही ट्रैफिक पुलिस या परिवहन विभाग हादसों को रोकने का कोई ठोस प्रबंध कर रही है। नतीजतन हर दिन जिले की सड़कों पर हादसे हो रहे हैं। खासकर कांड्रा – चौका, कांड्रा – सरायकेला मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। सोमवार अहले सुबह कांड्रा थाना अंतर्गत कांड्रा चौका मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर काली मंदिर से हाईवा संख्या जेएच 05 बीवाई – 6953 और ट्रक संख्या जेएच 05 सीएम – 7606 के बीच ज़ोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा और ट्रक के परखच्चे उड़ गए और हाइवा और ट्रक दोनों के चालकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। दोनों वाहनों के चालकों का शव गाड़ियों में ही फंस गया। जिसे निकालने का प्रयास जारी है। सूचना मिलते ही। कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार बालू लदा हाईवा चौका से कांड्रा की ओर। आ रही थी और ट्रक कांड्रा से चौका की ओर जा रही थी। इसी दौरान रघुनाथपुर काली मंदिर के समीप दोनों में जोरदार टक्कर हो गई।