एक नई सोच, एक नई धारा

चंपाई सोरेन के पैतृक गांव जिलिंगगोरा में शोक की लहर: पोते वीर सोरेन का पार्थिव शरीर पहुंचते ही भावुक हुआ जनसैलाब

1002448945

सरायकेला/जिलिंगगोरा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पोते वीर सोरेन के निधन के बाद आज जैसे ही उनका पार्थिव शरीर जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) से पैतृक आवास जिलिंगगोरा पहुँचा, पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसर गया।

1002448945

गमगीन माहौल में अंतिम दर्शन

​वीर सोरेन का शव गांव पहुँचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अपने पोते को खोने के गम में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी खुद को संभाल नहीं पाए और बेहद भावुक नजर आए। गांव के हर घर में चूल्हा नहीं जला और लोग अपने चहेते नेता के परिवार को ढांढस बंधाने उनके निवास स्थान पर उमड़ पड़े।

सांसद जोबा मांझी ने दी सांत्वना

​इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार से मिलने सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी जिलिंगगोरा पहुँचीं। उन्होंने चंपाई सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके अलावा राज्य के कई अन्य जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में समर्थक भी अंतिम विदाई देने पहुँचे हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलिंगगोरा गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ पर नियंत्रण बना रहे।

आज होगा अंतिम संस्कार

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन का अंतिम संस्कार आज ही पूरे विधि-विधान के साथ उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। इस दुखद घड़ी में तीसरी धारा न्यूज परिवार भी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता है।