नई दिल्ली/जमशेदपुर (तीसरी धारा न्यूज़): नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन स्वामियों के लिए एक जरूरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने फास्टैग एनुअल पास (FASTag Annual Pass) की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

कितनी बढ़ी कीमतें?
NHAI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एनुअल पास की फीस में 75 रुपये का इजाफा किया गया है।
- पुरानी फीस: 3,000 रुपये
- नई फीस: 3,075 रुपये
- कब से लागू: 1 अप्रैल, 2026 से
गौरतलब है कि ‘तीसरी धारा न्यूज़’ ने पहले ही इस बढ़ोतरी की संभावना जताई थी, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।
क्या है फास्टैग एनुअल पास के फायदे?
यह पास उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है जो अक्सर हाईवे पर सफर करते हैं।
- लिमिट: एक बार फीस देने पर एक साल की वैलिडिटी या अधिकतम 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग की सुविधा मिलती है।
- झंझट से मुक्ति: इससे वाहन मालिकों को बार-बार FASTag रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।
- समय की बचत: टोल प्लाजा पर बिना रुके ‘फर्राटा’ भरने की सुविधा मिलती है।
कैसे लें यह पास?
यह पास केवल उन नॉन-कमर्शियल (गैर-व्यावसायिक) वाहनों के लिए मान्य है जिनके पास वैध FASTag है। इसे प्राप्त करना बेहद आसान है:
- राजमार्ग यात्रा ऐप (Rajmarg Yatra App) या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- एकमुश्त फीस का भुगतान करें।
- भुगतान के मात्र 2 घंटे के भीतर यह पास आपके मौजूदा फास्टैग पर एक्टिवेट हो जाएगा।
56 लाख से अधिक लोग उठा रहे लाभ
NHAI के आंकड़ों के मुताबिक, देश में वर्तमान में 56 लाख से ज्यादा वाहन मालिक इस एनुअल पास सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्राधिकरण ने बताया कि यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत किया गया है।











