बोड़ाम/जमशेदपुर (सुब्रतो सिंह): पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जाडीह इलाके में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि यह अनैतिक देह व्यापार एक आइसक्रीम फैक्ट्री की आड़ में धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि सरगना समेत दो आरोपी भागने में सफल रहे।

गुप्त सूचना पर दोपहर में हुई छापेमारी
बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार को मिर्जाडीह स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दोपहर सवा तीन बजे अचानक फैक्ट्री परिसर में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरे के भीतर से महिला-पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण (3 राज्यों से जुड़े तार)
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 7 आरोपियों में झारखंड के पड़ोसी राज्यों के लोग भी शामिल हैं, जो इस रैकेट के अंतरराज्यीय नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं:
- शांतनु कुमार – सासाराम, बिहार
- अभिषेक दास – मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल
- सरहुल विश्वास – कल्याणी, पश्चिम बंगाल
- अनुसुइया दास – नंदापा, ओडिशा
- रिंकू दास – बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल
- आयनु लका – सोनाखली, पश्चिम बंगाल
- रेखा शेख – न्यू गुड़िया, पश्चिम बंगाल
मास्टरमाइंड और मकान मालिक फरार
इस मामले में पुलिस ने कुल 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य आरोपियों में मानगो मुंशी मोहल्ला (इमामबाड़ा के पास) का रहने वाला परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू और फैक्ट्री का मकान मालिक फिलहाल फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी के बयान पर मामला दर्ज
घटना के संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार के बयान पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह रैकेट कब से चल रहा था और इसमें स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
तीसरी धारा न्यूज की रिपोर्ट – सुब्रतो सिंह










