सीनी/जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) श्री अनिल कुमार मिश्रा अपने एकदिवसीय दौरे पर सीनी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीनी क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान (ZRT) में नवनिर्मित ‘प्रतिरूप कक्ष’ (Model Room) का विधिवत उद्घाटन किया। उनके इस दौरे को लेकर रेल कर्मियों और स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह देखा गया।
जोरदार स्वागत और ‘ज्वलंत
‘ मुद्दों पर चर्चा
सीनी आगमन पर दक्षिण पूर्व रेलवे मेन्स यूनियन की सीनी शाखा द्वारा महाप्रबंधक का भव्य स्वागत किया गया। यूनियन के सचिव श्री विश्वजीत बड़ाईक ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किया और रेल कॉलोनियों व यात्रियों से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।
यूनियन ने उठाई ये प्रमुख मांगें:
मेन्स यूनियन ने महाप्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपकर निम्नलिखित आठ प्रमुख मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया:
- संबलेश्वरी एक्सप्रेस: इस ट्रेन का सीनी स्टेशन पर पुनः ठहराव सुनिश्चित करना।
- बिजली आपूर्ति: रेलवे कॉलोनियों में बिजली की लचर व्यवस्था में तत्काल सुधार।
- स्वास्थ्य सुविधा: रेल कर्मियों के लिए एम्बुलेंस की सुविधा बहाल करना।
- इंफ्रास्ट्रक्चर: रेलवे कॉलोनियों की जर्जर सड़कों की मरम्मत और नए रेलवे क्वार्टरों का निर्माण।
- सुरक्षा: पंपू तालाब की चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण कराना।
- रिजर्वेशन काउंटर: टिकट बुकिंग काउंटर का समय सुबह 9 बजे के स्थान पर 8 बजे से करना।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन और निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ चक्रधरपुर मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) तरूण हुरिया सहित मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यूनियन की ओर से अध्यक्ष संकू सरदार, कोषाध्यक्ष देवाशीष दास, रवि कुमार गुप्ता, संजय गांगुली, मितेंद्र सिंह, अभय, सूरज कुमार साहू और अन्य सदस्य मुख्य रूप से शामिल हुए।
महाप्रबंधक ने यूनियन की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उचित समाधान का आश्वासन दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़









