जमशेदपुर : देश में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में इसबार नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना बहुत मुश्किल है मोदी काफी डरे हुए हैं। मोदी का डरना स्वाभाविक है उन्होंने छोटे-छोटे दलों को मिलाकर जीत की रणनीति बनाई है परंतु जनता मोदी सरकार के खिलाफ है। मोदी सरकार ने 10 वर्षों में ऐसा कुछ नहीं किया जिसके आधार पर जनता भाजपा को वोट दे। प्रधानमंत्री मोदी महंगाई बेरोजगारी सीमा की सुरक्षा पर कोई बात नहीं करते इसी डर से आज तक उन्होंने संवाददाता सम्मेलन नहीं बुलाया।
वह सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए मंदिर मस्जिद की बात करते हैं। इसबार जनता उनके झांसे में आने वाले नहीं है। अधिवक्ता एवं समाजवादी विचारधारा के सुधीर कुमार पप्पू ने एक बयान जारी कर उक्त बातें कहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार झारखंड बंगाल और उड़ीसा में भी भाजपा गठबंधन की हालत बहुत खराब है। जनता भाजपा प्रत्याशियों को कई स्थानों पर खदेड़ दी है। झारखंड में इंडिया गठबंधन काफी मजबूत स्थिति में है जबकि बिहार में राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव का बोल वाला है पिछले 30 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के कद का नेता खड़ा नहीं कर सका।
बिहार में भाजपा नीतीश कुमार का पालकी उठाकर चल रही है। यही स्थिति महाराष्ट्र बंगाल उड़ीसा तमिलनाडु आदि राज्यों में है जहां इंडिया गठबंधनकाफी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि लोगों का आकलन है कि भाजपा गठबंधन 200 सीट से आगे नहीं जाएगी 400 सीटों का जुमला दे रही है। भाजपा मतलब भ्रष्टाचारी जनता पार्टी अलीबाबा चालीस चोर सरकार का पतन होते ही जनता और मीडिया भी खुली हवा में सांस लेगी।
जमशेदपुर : उच्च न्यायालय के निर्देश पर अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर जमशेदपुर अक्षेस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. इसका नजारा शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना अंतर्गत डायग्नल रोड स्थित सोंथालिया भवन के समीप देखा गया।
जहां अतिक्रमण हटाने पहुंची अक्षेस की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा व्यवसायियों ने जैसे ही सिटी मैनेजर रवि भारती के साथ बदसलूकी की अतिक्रमण हटाने गई टीम ने भी उसका जवाब उसी भाषा में दिया इसके बाद माहौल बिगड़ गया और फिर व्यवसायों को खदेड़- खदेड़ कर पीटा गया। व्यवसाईयों ने आरोप लगाया की उनके साथ बदसलूकी की गई हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुछ व्यवसाईयों ने पहले सिटी मैनेजर रवि भारती के साथ अभद्र व्यवहार किया जिसके बाद मामला बिगड़ गया।
इधर मामले को लेकर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी अरविंद तिर्की ने बताया कि आज सुबह ही व्यवसाईयों को अपने- अपने अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी. शाम को जब हमारी टीम वहां पहुंची कुछ व्यवसाय वहां दबंगई करने लगे. इतना ही नहीं हमारे टीम के ऊपर उनके द्वारा हमला भी किया गया इसी दौरान हल्का बल प्रयोग किया गया है. कुछ व्यवसाईयों को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंपा गया है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जा रहा है।
जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के आध्यात्मिक स्थल शंख मैदान में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल कोर्ट एवं शंख निर्माण कार्य को लेकर मंदिर समिति ने आक्रोश व्यक्त किया है.
शुक्रवार को मंदिर परिसर में बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण की जानकारी मिलने पर मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अखिलेश चौधरी, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, रूबी झा, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, प्रेम झा, कंचन दत्ता, छक्कन चौधरी समेत काफी संख्या में सदस्यों व आमजनों ने इसका विरोध किया. साथ ही जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त एवं विशेष पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी और शंख मैदान एवं मंदिर परिसर में किसी भी तरह का निर्माण नहीं करने का आग्रह किया. समिति की ओर से पत्र देकर आध्यत्मिक स्थल शंख मैदान की महत्ता दर्शाते हुए निर्माण कार्य को अनुचित बताया गया है. वहीं अक्षेस के पदाधिकारी द्वारा पत्र लेने में असमर्थता जताये जाने पर जमशेदपुर अक्षेस के कार्यालय में जाकर पत्र सौंपा गया. इसके बाद जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारी वहां से चले गए.
इस घटना को लेकर एक ओर जहां स्थानीय निवासियों, मंदिरों के पुजारियों एवं सूर्य मंदिर समिति के सदस्यों में रोष है, तो वहीं दूसरी ओर मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने इसे विधायक सरयू राय की की नकारात्मक राजनीति का परिचायक बताया है. उन्होंने कहा है कि विधायक सरयू राय शहर के प्रसिद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल सूर्यधाम परिसर को खेल के मैदान में बदलने की साजिश कर रहे हैं. शंख मैदान में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल कोर्ट और शंख बनाने की अनुशंसा कर सरयू राय एक धार्मिक स्थल के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने की लगातार कोशिश रहे हैं। वे बार-बार विकास कार्य के नाम पर सूर्य मंदिर में आस्था रखने वालों लाखों भक्तों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने में लगे हैं. भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि आध्यत्मिक स्थल शंख मैदान में प्रत्येक वर्ष श्री राम मंदिर स्थापना के वर्षगांठ पर कथावाचक के द्वारा संगीतमय श्रीरामकथा, लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में छठ महोत्सव पर सांस्कृतिक संध्या, जन्माष्टमी महोत्सव पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, छठ पूजा के दौरान सेवा शिविर, पंच कुंडीय महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा, गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती समेत विशाल महाभंडारा का आयोजन किया जाता है. इसके अलावा शंख मैदान में मंदिर समिति के तत्वावधान में प्रायः कोई न कोई धार्मिक अनुष्ठान होता है.
समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्दलीय विधायक द्वारा कुछ महीने पहले स्विमिंग पूल निर्माण कर बड़े जोर-शोर से इसका उद्घाटन किया गया था. जहां स्विमिंग पूल में ट्रेनर रखकर बच्चों को प्रशिक्षण देने और अन्य दावों से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया. आज उस स्विमिंग पूल को कोई देखने वाला नहीं है. स्विमिंग पूल का रख-रखाव न होने और विधायक सरयू राय की विवाद पैदा करने की राजनीति ने स्विमिंग पूल को कुछ महीने में ही जर्जर बना दिया है. उद्घाटन के बाद आज तक उसका पानी भी बदला नहीं गया है. इससे पहले चिल्ड्रेन पार्क में लगे झूले और पार्क रख-रखाव व उदासीनता के कारण जंगल के रूप में तब्दील हो गया है. इसकी साफ-सफाई सूर्य मंदिर समिति की ओर से की गई थी. विधायक सरयू राय सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, बने-बनाये सुदंर स्थानों को बर्बाद करना ही उनका मकसद बन गया हैं.
टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) कैंपस में एक से दूसरी बिल्डिंग तक जाने के लिए मरीज व उनके परिजनों को शुक्रवार से 10 रुपये प्रति व्यक्ति ई-शट्ल सर्विसेस की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है। इसमें कहा गया है कि सुबह 10 से शाम 7.30 बजे तक ई-शट्ल सर्विसेस की मिलेगी। दोपहर 2 से 3 बजे तक लंच ब्रेक रहने के कारण सेवा बंद रहेगी।
अस्पताल परिसर के ओल्ड बिल्डिंग एंट्री, लेबर रूम, बर्न केयर यूनिट, जेजीएमएच, सीसीयू और ओपीडी मेन गेट से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा मिलेगी। मालूम हो कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से अस्पताल में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दिया गया है। इससे आम मरीज व उनके परिजनों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक जाने में परेशानी होती है। नई सुविधा के शुरू होने से अस्पताल आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
जमशेदपुर : झारखंड की प्राचीन सभ्यता के अनमोल त्योहार सरहुल के पावन पर्व के शुभ अवसर में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के वरिष्ठ नेता श्री अभय सिंह सरहुल के जुलूस में शामिल होकर उरांव समाज, मुंडा समाज, हो समाज, तुरी समाज , भुइयां समाज समेत सारे लोगों को शुभकामनाएं दी और उन्होंने उपस्थित जनों को कहा यह पर्व झारखंड के प्रकृति की पूजा है। जिसमें आदिवासी समाज अपने प्रकृति को आराध्या मानकर पूजन करते हैं और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता आभार व्यक्त करते हैं।
आदिवासी समाज अपने अनंत काल से सरहुल के माध्यम से अपनी खुशियां अपने प्रेम प्यार को इजहार करते हैं और नृत्य करते हैं। समाज में बच्चे, बूढ़े, जवान ,महिलाएं सभी अपने सांस्कृतिक बेस भूसा से अपने को सवराते है साथ ही आदिवासी परंपरा का निर्वाह करते है। आज अभय सिंह के द्वारा जुलूस में चना गुड जलजीरा का वितरण भी किया गया साथी अखाड़ा के सारे उस्तादों से मिलकर कमेटी के सदस्यों को मिलकर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी साथ ही उनके जीवन निरंतर आगे बढ़े यह ईश्वर से प्रार्थना की।
जमशेदपुर : भाजपा नेता हरप्रीत सिंह को पितृ शोक हुआ है। उनके पिता एवं टायर डिस्ट्रीब्यूटर जसबीर सिंह का निधन इलाज के क्रम में हो गया है। अंतिम संस्कार शुक्रवार को बिष्टुपुर पार्वती घाट में होगा।
रामदास भट्टा निवासी जसबीर सिंह के निधन पर उड़ीसा के राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, तख्त श्री हरमंदिर साहिब जी पटना कमेटी के महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व अध्यक्ष गुंजन यादव, झारखंड सिख विकास सभा अध्यक्ष गुरदीप सिंह पप्पू, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष जसबीर सिंह छीरे, सिख नेता सतबीर सिंह सोमू कुलवंत सिंह बंटी, चंचल भाटिया, बिष्टुपुर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान एवं अन्य ने शोक जताते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जसबीर सिंह अपने पीछे दो बेटे हरप्रीत सिंह एवं मनमीत सिंह तथा बेटी दिया सैनी टीका और भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं बेटी दिल्ली से आ रही है और उसी का इंतजार है।
जमशेदपुर : ईद-उल-फितर नेकी, प्रेम व भाईचारे के संदेश व सेवइयों की मिठास को साझा करने वाला त्यौहार में सोनारी के दो मस्जिद कुम्हारपारा और खुटाडीह मे सुबह से ही सोनारी थाना के पदाधिकारी और सोनारी शांति समिति के अध्यक्ष डॉ अमल पात्रो और सचिव सुधीर कुमार पप्पू के मार्गदर्शन पर सभी सदस्य अपने-अपने गंतव्य स्थल पर उपस्थित होकर शांतिपूर्ण तरीके से नमाज को संपन्न करवाये और सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दिये।
सभी सोनारी शांति समिति के सदस्य और नमाजियों का देख रेख करने के लिए जमशेदपुर डीएसपी निरंजन तिवारी और सोनारी थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद दोनों जगह बारी-बारी से उपस्थित होकर स्थिति का जायजा लिए और हम सभी के साथ बैठकर हम सभी का हौसला अफजाई किये। ईद के नमाज संपूर्ण होने के पश्चात सभी लोगों ने मिलकर सेवई का लुफ्त उठाएं। सोनारी शांति समिति के सचिव सुधीर कुमार पप्पू ने सभी प्रशासनिक पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्यों को त्यौहार शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए बधाई और अपना आभार प्रकट किया।
लगातार सोलह दिनों तक चलने वाला गणगौर उत्सव गुरूवार की शाम गणगौर और जवारा विसर्जन के साथ हर्षोल्लास संपन्न हुआ. खरकाई एंव स्वर्णरेखा नदी के संगम सोनारी दोमुहानी नदी तट पर विधि-विधान के साथ सामूहिक गणगौर विसर्जन किया गया. इसमें सोनारी और कदमा सहित आसपास क्षेत्र से मारवाड़ी समाज की लगभग 400 महिलाएं एवं युवतियां अपनी-अपनी गणगौरों एवं जवारों का विसर्जित करने के लिए पहुंचीं. महिलाएं नृत्य-गीत, पूजा-पाठ कर गणगौरों एवं जवारों का हर्षाेल्लास विसर्जन किया. साथ ही एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मनायी. भायली महिला मंडल जमशेदपुर की अध्यक्ष कविता अग्रवाल और सचिव मंजू अग्रवाल के संयुक्त नेतृत्व में महिलाओं के लिए लगाये गये सेवा शिविर में नयी नवेली गणगौर पूजने वाली 21 बहू-बेटियों का बैंड बाजा एंव अंग वस्त्र के साथ स्वागत और उपहार देकर मनुहार किया गया.
साथ ही सभी के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गयी थी. इससे पहले सुबह सात बजे से मंडल की ओर से सोनारी स्थित महिला सत्संग भवन में समाज की महिलाओं के लिए सामूहिक गणगौर पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. पूरे कार्यक्रम में सुमन अग्रवाल, मैना अग्रवाल, काव्या शर्मा आदित्यपुर, बिमला वर्मा, नीलम नागेंलिया, उमा डांगा, संजना अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, कविता अग्रवाल कदमा, सीमा डंगबाजिया, लता अग्रवाल, झुमकी अग्रवाल, राधा अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल, काजू अग्रवाल, प्रीति झाझरिया, रीमा अग्रवाल, रीना अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, कविता अग्रवाल, कंचन अग्रवाल, गुरप्रीत अग्रवाल, खुश्बू शर्मा, रेखा अग्रवाल, बबिता पुरिया, संतोष अग्रवाल, डोली अग्रवाल, राजश्री हरुपका, स्वाति अग्रवाल, भारती अग्रवाल समेत अन्य की सराहनीय भूमिका रही.
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत स्लैग रोड में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने सात माह की बच्ची और उसके 10 वर्षीय भाई को रौंद दिया. धक्के से बच्चा कार की विंडशील्ड पर जा गिरा. भागने के क्रम में कार बच्चे को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गई. कार को रोक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कार सवार तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया और पिटाई करते हुए बंधक बना लिया. लोगों ने कार में तोड़फोड़ की. घायल बच्ची को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
इधर सूचना पाकर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए युवकों को अपने साथ जीप में बिठाने के ले जाने लगी पर गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस के समक्ष ही युवकों को पीटना शुरू कर दिया. पुलिस ने किसी तरह तीनों युवकों को जीप में बिठाया पर भीड़ ने जीप पर भी हमला शुरू कर दिया और जीप को घेर लिया. फिलहाल स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया है.
मतदान करनेवाले मतदाताओं को शॉपिंग में छूट मिलेगी. शहर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत डिस्काउंट ऑफर की घोषणा करने पर सहमति जतायी है.
जिला समाहरणालय सभागार में गुरुवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरुकता कार्यक्रम के संचालन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट, मॉल व कोचिंग सेंटर संचालकों के साथ बैठक हुई. उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह वरीय पदाधिकारी स्वीप कोषांग मनीष कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की. इसमें सभी व्यासायिक संस्थानों को अपने स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए शहरी मतदाताओं में मतदान के प्रति उदासीनता दूर करने को लेकर विशेष जिम्मेदारी दी गई. विशेष बात यह रही कि शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शॉपिंग पर छूट की घोषणा करने का प्रस्ताव डीडीसी ने रखा. ताकि मतदान के दौरान उंगली पर लगाई गई स्याही दिखाकर लोग शॉपिंग में छूट प्राप्त कर सकें. इस पर सभी व्यवसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अपनी सहमति जताई तथा मतदाता जागरूकता अभियान में परस्पर सहयोग को लेकर आश्वस्त किया.
इस अवसर पर सभी को मतदाता शपथ दिलाते हुए अपने साथ कम से कम 10 अन्य लोगों को बूथ तक लाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई. डीडीसी ने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत 25 मई को मतदान दिवस है. इसके लिए अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करें. होटल व रेस्टोरेंट संचालक मिठाई के डब्बों या खाने के पार्सल में मतदाता जागरुकता स्टीकर लगाकर घर-घर तक मतदान दिवस के संदेश को पहुंचाएं. साथ ही मॉल, कोंचिग, होटल रेस्टोरेंट में सेल्फी प्वाइंट, पोस्टर, बैनर लगाकर भी मतदान के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदातओं को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएं या अन्य कोई भी गतिविधि संचालित करें जिसमें बड़ी सहभागिता हो.
कोचिंग सेंटर संचालकों से वैसे सभी 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवा मतदाता, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है उन्हें 15 अप्रैल तक फॉर्म 6 भरवाते हुए सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया. सभी उपस्थित सदस्यों से भी मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापन किए जाने की अपील की गयी, ताकि मतदान दिवस को वे आश्वस्त होकर बूथ तक पहुंचें और मतदान करें. बैठक में जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, जिल खेल पदाधिकारी समेत 50 से ज्यादा संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.