जमशेदपुर (रिपोर्ट: सुब्रतो सिंह): जमशेदपुर के मानगो में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। कांग्रेस नेता जितेन्द्र सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जितेन्द्र सिंह ने इसे ‘असली कांग्रेसी’ बनाम ‘नकली कांग्रेसी’ की लड़ाई करार दिया है।

“हार के डर से मुस्लिम जनता को कर रहे गुमराह”
जितेन्द्र सिंह ने दावा किया कि बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी की संभावित हार से डरे हुए हैं। उन्होंने कहा, “बन्ना गुप्ता को अपनी पत्नी की हार का डर सता रहा है। इसी बौखलाहट में वे अपने प्यादों के जरिए मेरे निष्कासन की चिट्ठी का प्रोपगेंडा फैला रहे हैं ताकि मुस्लिम मतदाताओं को गुमराह किया जा सके।”
मकान मालिक बनाम भाड़ेदार
प्रेस वार्ता के दौरान जितेन्द्र सिंह ने एक दिलचस्प उपमा देते हुए कहा कि यह लड़ाई ‘मकान मालिक’ और ‘भाड़ेदार’ की है।
”मैं कांग्रेस का पुराना वफादार यानी ‘मकान मालिक’ हूं और बन्ना गुप्ता सिर्फ एक ‘भाड़ेदार’ हैं। आज एक भाड़ेदार, मकान मालिक को ही बेदखल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन चुनाव के बाद स्थिति बदल जाएगी और बन्ना गुप्ता को पार्टी छोड़कर भागना पड़ेगा।”
“मानगो को आतंक से मिलेगी मुक्ति”
जितेन्द्र सिंह ने इस चुनाव को बन्ना गुप्ता के राजनीतिक ‘विसर्जन’ का चुनाव बताया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा:
- यह चुनाव मानगो की जनता को बन्ना गुप्ता के ‘आतंक’ से मुक्ति दिलाएगा।
- कांग्रेस मेरी पैतृक पार्टी है, मैं किसी फर्जी चिट्ठी से डरने वाला नहीं हूं।
- मैं अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ूंगा और जीत हासिल करूंगा।
- इस मामले को कांग्रेस के ‘दिल्ली दरबार’ (हाईकमान) तक ले जाया जाएगा।
जितेन्द्र सिंह ने अंत में विश्वास जताते हुए कहा कि मानगो की जनता ने अपना मन बना लिया है और 23 फरवरी को ‘वोट की चोट’ से इसका करारा जवाब दिया जाएगा।
तीसरी धारा न्यूज़ डेस्क











