नई दिल्ली / ब्यूरो। मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सनसनीखेज बात यह है कि धमकी देने वाले शख्स के पास मंत्री का वह गोपनीय आधिकारिक शेड्यूल भी मौजूद है, जो केवल जिला प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों के पास होता है।

PA के फोन पर आया मौत का संदेश
जानकारी के अनुसार, यह धमकी जयंत चौधरी के निजी सहायक (PA) विश्वेंद्र शाह को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए दी गई है। आरोपी ने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी “इस्माइल” के रूप में बताई है।
विश्वेंद्र शाह ने बताया कि जब मंत्री जी संसद के लिए निकले थे, तब लगातार तीन-चार कॉल आए। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से सीधे गोली मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सएप पर एक फोटो देखने को कहा।
गोपनीय शेड्यूल लीक होने से सुरक्षा एजेंसियां हैरान
मामला तब और गंभीर हो गया जब व्हाट्सएप पर आए फोटो में जयंत चौधरी के आगरा दौरे का आधिकारिक शेड्यूल पाया गया।
- सुरक्षा में चूक: यह शेड्यूल केवल संबंधित जिले के आला अधिकारियों के पास होता है।
- सीधी धमकी: शेड्यूल के साथ भेजी गई फोटो में स्पष्ट रूप से ‘गोली मारने’ की बात लिखी गई थी।
- बंगाल कनेक्शन: बताया जा रहा है कि जयंत चौधरी हाल ही में बंगाल दौरे पर गए थे, जिसके बाद यह धमकी भरा कॉल आया है।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच तेज
इस गंभीर मामले की शिकायत दिल्ली के तुगलक रोड थाने में दर्ज कराई गई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ‘इस्माइल’ की गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस से भी संपर्क साधा जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी बड़ी साजिश है।
केंद्रीय मंत्री को मिली इस धमकी के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और अलर्ट जारी कर दिया गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज











