जमशेदपुर/सुंदरनगर: शनिवार की शाम सुंदरनगर थाना क्षेत्र के मर्चागोड़ा गांव के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर की रफ्तार को 17 घंटे तक थामे रखा। एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवार युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने हाता से लेकर बिष्टूपुर तक करीब 30 किलोमीटर लंबा सड़क जाम कर दिया।

मॉल से घर लौट रहे थे युवक
मृतकों की पहचान सुंदरनगर के केड़ा गांव निवासी दुर्गा हेंब्रम और मार्शल सोरेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कलियाबेड़ा स्थित 99 मॉल से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार स्टंट कर रहे थे, तभी वे सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
ट्रक में तोड़फोड़ और चालक को बनाया बंधक
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने भाग रहे ट्रक चालक को खदेड़कर पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया। भीड़ ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर बैठ गए। मौके पर पहुंची सुंदरनगर पुलिस घंटों तक भीड़ के सामने मूकदर्शक बनी रही।


प्रशासनिक विफलता: 17 घंटे परेशान रहे वाहन चालक
प्रशासनिक लचर व्यवस्था के कारण शनिवार शाम 6:30 बजे से शुरू हुआ जाम रविवार सुबह 11:20 बजे तक जारी रहा। बिष्टूपुर से हाता मेन रोड तक सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस सक्रिय होती, तो भारी वाहनों को हाईवे पर ही रोका जा सकता था, जिससे आम जनता को इतनी परेशानी नहीं होती।

3 मुखियाओं की पहल पर खुला जाम
अंततः रविवार सुबह तीन पंचायतों के मुखिया—पलटन मुर्मू, नीरद सरदार और कान्हू मुर्मू—की मध्यस्थता के बाद समझौता हुआ। समझौते के तहत:
- एक परिवार को तत्काल 70 हजार रुपये नकद दिए गए और शेष 50 हजार रुपये 18 मार्च तक देने पर सहमति बनी।
- दूसरे मृतक के परिवार को कुल 60 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया।
- हालांकि, शुरुआती तौर पर ग्रामीण 50 लाख रुपये मुआवजे और ट्रक मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
समझौते और जाम हटने के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़











