
ताजा खबर












आदित्यपुर : जदयू के प्रदेश सचिव सत्यप्रकाश उर्फ टियाईं ने अपने बचपन के मित्र और क्षेत्र के जानेमाने व वरिष्ठ पत्रकार गणेश सरकार को दस लाख का चूना लगा दिया है. अब वह पैसे मांगने पर गुंडागर्दी की धौंस दिखा रहा है. उधर दोस्त की गद्दारी से आहत पत्रकार गणेश सरकार अपने पैसे वापस पाने के लिए कोर्ट का रुख करने की तैयारी के लिए अपने वकील से सलाह कर रहे हैं.

इस संबंध में पीड़ित पत्रकार गणेश सरकार ने बताया कि पिछले ढाई साल से वे अपने बचपन के दोस्त सत्यप्रकाश उर्फ टियाईं की गद्दारी से घुट-घुटकर जी रहे हैं. उसके पिता की समाज में प्रतिष्ठा है, यह सोचकर अनुनय-विनय कर अपने पैसे लौटाने की टियाईं से गुहार लगाते रहे, मगर अब वह गुंडागर्दी पर उतर आया है, इसलिए अब वे कोर्ट की शरण में जाने का मन बना रहे हैं. अपने वकील से राय-मशविरा कर रहे हैं.

बता दें कि सत्यप्रकाश स्व रामपारस सिन्हा के पुत्र हैं. राम पारस बाबू की समाज में अलग प्रतिष्ठा थी. लोग आज भी उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करते हैं. श्री सरकार ने बताया कि साल 2021 में सत्यप्रकाश ने दो साल में पैसे डबल करने का झांसा देकर 10 लाख रुपए दोस्ताना कर्ज के रूप में लिये थे. दो साल पूरे होने पर जब पैसों की मांग की तो टाल-मटोल करने लगा. बहुत कहने पर उसने मात्र 2.5 लाख रुपये वापस किये, बाकी के पैसे देने से मुकर गया. उसके दिये 17 लाख रुपये के तीन चेक बाउंस हो गए हैं. उन्होंने बताया कि सत्यप्रकाश जमीन के कारोबार से भी जुड़ा है. स्नेहा कंस्ट्रक्शन का मालिक है और जमीन में पैसा लगाने के उद्देश्य से ही उसने उनसे पैसे उधार लिए थे. इसके लिए बजाप्ते उसने एग्रीमेंट भी किया था. मगर उसमें भी फर्जीवाड़ा किया है. शुरू से ही उसकी नीयत में खोट थी. दोस्त और प्रतिष्ठित परिवार का होने के नाते वे अब तक खामोश रहे, मगर अब पानी सर से ऊपर जा चुका है, इसलिए उन्होंने कोर्ट की शरण में जाने का निर्णय लिया है. इस मामले को लेकर सत्यप्रकाश से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.



जमशेदपुर : काशीडीह हाई स्कूल द्वारा 19 अप्रैल से 22 अप्रैल 2024 तक पृथ्वी दिवस उत्सव सप्ताह मना रहा है। धरती माता को बचाने के बारे में जागरूकता लाने के लिए छात्रों के बीच शैक्षिक यात्रा, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन और भाषण प्रतियोगिताओं जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


इस कार्यक्रम के एक भाग के रूप में काशीडीह हाई स्कूल के एटीएल क्लब ने सीडीएम स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवा के मार्गदर्शन में टाटा स्टील यूटिलिटीज और इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के विभिन्न अपशिष्ट प्रबंधन विभागों के लिए एक शैक्षिक दौरे का आयोजन किया। 60 छात्रों के साथ शिक्षक श्री कमलेश ओझा, रीता मैरी पिल्ले और ट्विंकल जग्गी शामिल थे। बच्चों ने न केवल अपने अलग-अलग कचरे का प्रबंधन और पृथक्करण करना सीखा, बल्कि पुनर्चक्रण, पुन: उपयोग और कम करने की अवधारणा भी सीखी।




जमशेदपुर : राष्ट्रीय जनता दल के नेता एवं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू अपने समर्थक वकीलों के जत्था के साथ रांची ऊलगुलान रैली में शामिल होंगे।
सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का 400 पार का सपना चूर हो चुका है। गया और जुमूई की जनता ने बता दिया है कि यह देश तानाशाही और झूठे वादे बर्दाश्त करने वाला नहीं है। जनता सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ गोलबंद हो चुकी है।

जनता की अदालत में नरेंद्र मोदी और बीजेपी हार चुकी है और इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेजस्वी यादव, लालू यादव अरविंद केजरीवाल अखिलेश सिंह, स्टालिन जैसे विपक्षी दल के नेताओं को ईडी, सीबीआई इनकम टैक्स के सहारे बदनाम और परेशान किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जनता की बुनियादी समस्या बढ़ती बेलगाम बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा खर्च, स्वास्थ्य सुविधा पर बोलने की बजाय धर्म के आधार पर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनमत तैयार करने का काम कर रहा है और चुनाव आयोग धृतराष्ट्र की भूमिका में है।

सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार इस देश में रहने वाला हर सनातनी हिंदू है और बेवजह हमारे आराध्य प्रभु श्री राम प्रभु श्री कृष्ण को विवाद में लपेट जा रहा है और ऐसा करने वाले सत्ता के लोभी हैं। सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार झारखंड में जनता इंडी गठबंधन के पक्ष में गोलबंद हो चुकी है और यहां भाजपा आजसू पार्टी का झांसा चलने वाला नहीं है।

इसके साथ ही बिहार सारण के तरैया गांव के निवासी अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू तकरीबन एक सप्ताह बिहार के दौरे में रहेंगे और विशेष कर सारण छपरा से राजद उम्मीदवार रोहिणी आचार्य एवं महाराजगंज में इंडी गठबन्धन प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे।


जमशेदपुर : ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह द्वारा शुक्रवार को बड़े ही धूमधाम से रामनवमी का विसर्जन जुलूस निकाला गया। इस विसर्जन जुलूस में लोगों ने भक्तिमय माहौल को स्थापित किया जो देखने लायक थी। रामनवमी विसर्जन जुलूस काशीडीह मैदान से होते हुए साकची गोलचक्कर और उसके बाद मानगो की ओर प्रस्थान कर विसर्जन सम्पन्न किया गया।
पुरानी परंपरा की वजह से शुक्रवार को हुआ विसर्जन


गौरतलब हो कि रामनवमी का विसर्जन शहर भर में गुरुवार को मनाया गया, किन्तु पुरानी परंपरा और संस्कृति की वजह से ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब ने इसे गुरुवार की जगह शुक्रवार को मनाया। इस बाबत क्लब के संरक्षक श्री अभय सिंह ने इसकी जानकारी पहले ही प्रशासन को दे दी थी और प्रेसवार्ता के माध्यम से जमशेदपुरवासियों को भी कार्यक्रम की रूप रेखा से अवगत कराया था।
राम के नाम पर झूमा शहर


इस विसर्जन जुलूस में हज़ारों की तादाद पर भक्तगण शामिल हुए और इसे सफल बनाने में अपना महत्पूर्ण भूमिका भी निभाई। जुलूस के दौरान राम गीत और प्रभु राम के जयकारों ने भक्तों के अंदर एक उत्साह और उमंग की नई ऊर्जा भर दी। जय श्री राम के गगनचुंबी नारों से पूरा माहौल ही राममय हो चुका था। बूढ़े, जवान, बच्चे, पुरुष, महिलाएं सभी प्रभुराम के नाम पर झूमते हुए इस जुलूस यात्रा को सफल बना रहे थे।
झांकियों और डंका ने मोहित किया लोगों को


ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब की रामनवमी हो या दुर्गा पूजा यह शहर भर के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा है। यहाँ की भव्यता लोगों के बीच अक्सर चर्चा का विषय बना और इस बार भी रामनवमी जुलूस में राम दरबार की झांकी, बंगाल का डंका ने लोगों को ऐसे मोहित किया यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। राम के वनगमन से लेकर राज्याभिषेक की झांकियों ने लोगों के दिल और दिमाग में अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। राम दीवानों के करतबों ने भी लोगों को खासा प्रभावित किया और एक से बढ़कर एक करतबों का आनंद लेते हुए एवं जय श्री राम के नारों के साथ विसर्जन जुलूस को सम्पन्न किया गया।
राम अस्तित्व के प्रतीक हैं – अभय सिंह

विसर्जन जुलूस के दौरान मीडियाकर्मी से बात करते हुए अभय सिंह ने कहा कि लोगों के प्यार और प्रभु राम के प्रति जो आस्था है यह उसी का नज़ारा है कि हजारों की संख्या में लोग उपस्थित होकर इस यात्रा को भव्यता प्रदान करने का शुभकार्य कर रहें हैं। श्री सिंह ने कहा कि भगवान राम सिर्फ आस्था के प्रतीक नहीं है बल्कि यह हमारे अस्तित्व के भी प्रतीक है और यही वजह है कि प्रभु राम के लिए देशभर में लोग खुद ब खुद निकल आते हैं और उनके नाम के कार्य को सफल बना देते हैं।


जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइंयाडीह बस स्टैंड के पीछे छायानगर निवासी करण भुइंया पर चाकू से हमला कर दिया गया. घायल अवस्था में परिजनों ने करण को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल मे भर्ती कराया. जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. करण के पेट और छाती पर चाकू से कई बार वार किया गया है. परिजनों ने बताया कि करण बैंगलौर में पाइप फिटिंग का काम करता है. वह कुछ दिनों पूर्व ही छुट्टी में घर आया है. वह दोपहर को घर से बाहर निकला था. इसी बीच सूचना मिली की उसे किसी ने चाकू मारकर घायल कर दिया है. परिजनों ने इसका आरोप बस्ती के ही साहिल भुइंया पर लगाया है. परिजनों के अनुसार साहिल कई मामलों में जेल जा चुका है. वह एक माह पूर्व ही जेल से बाहर आया है. कुछ दिनों पूर्व ही करण और साहिल से बीच विवाद हुआ था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





जमशेदपुर : साकची स्थित सीजीपीसी कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया, ज़ब यहां बारिडीह गुरूद्वारे के विवाद के मसले पर दोनों पक्ष को लेकर बैठक बुलाई गई थी. इसी दौरान टिनप्लेट के प्रधान सुरजीत सिंह ख़ुशीपुर के साथ बारिडीह के प्रधान कुलविंदर सिंह के बीच बहस शुरू हो गई, जो हाथपाई तक नौबत पहुंच गई.

कुलविंदर ने बैठक से खुशीपुर और अमरजीत भामरा को बाहर करने की मांग की थी. इस मामले में बारिडीह गुरुद्वारा की ओर से बीबी कमलजीत कौर भी इसमें शामिल हुई थी. उनके साथ जब बात बढ़ गई, तो मामला बिगड़ गया. कमलजीत कौर का बेटा घटना की जानकारी पाकर अपने समर्थकों के साथ सीजीपीसी पहुंच गया. इस घटना में कुलविंदर को टारगेट किया गया, जिसके कारण वह घिर गए.

उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के आने पर वह सुरक्षित बाहर निकले. बहरहाल, मामला साकची थाना पहुंच गया है. जहां कुलविंदर ने लिखित शिकायत की है. मालूम हो कि कुछ गुरुद्वारों का विवाद आपसी गुटबाजी को लेकर थम नहीं रहा है, जिसके फ्लस्वरूप यहां आये दिन विवाद होते रहते हैं.



जमशेदपुर:- सोनारी थाना शांति समिति के सचिव अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने लौहनगरी में रामनवमी पर्व के सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया है। इसके साथ ही शहर की शांतिप्रिय जनता को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया है कि उन्होंने प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव को मर्यादा के साथ मना कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

शहर की विभिन्न अखाड़ा समितियां के लाइसेंसी एवं उस्तादों ने भी अपनी भूमिका का अच्छा निर्वाह किया और राम भक्तों को प्रभु श्री राम की भक्ति के साथ जोड़ रखा। अखाड़ा एवं आम श्रद्धालुओं के लिए चना शरबत एवं अन्य सुविधाओं का शिविर आयोजित करने वाले सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं ने अपनी संवेदना का परिचय देते हुए अच्छी सेवा की है।
अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू के अनुसार इसी तरह से सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए लोकतंत्र के महान पर्व लोकसभा चुनाव में बतौर मतदाता अपने कर्तव्य का पालन करना है।
इस अधिवक्ता के अनुसार दोपहर गर्मी से चौक चौराहे में तैनात पुलिसकर्मी एवं कार्यपालक दंडाधिकारी देर रात अपनी ड्यूटी में जम रहे और नागरिकों के साथ सहयोग करते रहे, जिसके लिए जिला उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एसडीओ आदि बधाई के पात्र हैं जिन्होंने अपनी सक्रियता शहर में बनाए रखी और आम नागरिकों का भरोसा जीतने में कामयाब रहे हैं।




जमशेदपुर:- पड़ोसी देश बांग्लादेश के ढाका में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों का दर्शन जमशेदपुर सहित देश के विभिन्न इलाकों की संगत करेगी। भाजपा युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने बताया कि बांग्लादेश के चटगांव एवं ढाका में प्रथम गुरु नानक देव जी एवं नवें गुरु तेग बहादुर जी गए थे और उनके श्री चरण जहां पड़े थे वहां ऐतिहासिक गुरुद्वारे हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब दिल्ली एवं देश के विभिन्न इलाकों से संगत कोलकाता पहुंचेगी और सभी एक साथ जाएंगे। लौहनगरी से गुरदयाल सिंह, यशवंत सिंह, कृष्णा कौर, मनजीत कौर, रविंदर कौर, सुरजीत कौर, जोगिंदर कौर, राजवंत कौर आदि को टाटानगर में सिरोपा देकर विदा किया गया।





रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने दुमका से भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन पर हमले की आशंका जतायी है. उन्होंने कहा है कि पिछले दिनों सिंहभूम की सांसद और पार्टी प्रत्याशी गीता कोड़ा पर हुए हमले की तरह सीता सोरेन पर भी झामुमो कार्यकर्ता जानलेवा हमला कर सकते हैं. श्री मरांडी ने सोशल मीडिया पर अपनी आशंका जताते हुए कहा है कि सीता सोरेन ने लगभग डेढ़ दशक तक झामुमो विधायक के रूप में पार्टी की सेवा की, यदि उन्होंने अपने साथ हो रहे अपमानजनक व्यवहार और साजिश के विरोध में पार्टी छोड़ी तो क्या झामुमो उन पर जानलेवा हमला करा देगा। मीडिया में दुमका से झामुमो प्रत्याशी और विधायक नलिन सोरेन के उस बयान को लेकर छपी खबर पर उन्होंने चिंता जाहिर की है जिसमें नलिन ने झामुमो के विरोध में बोलने पर सीता के साथ भी गीता जैसा हाल होने की चेतावनी दी है. बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि नलिन सोरेन जैसे वरिष्ठ नेता का यह वक्तव्य झामुमो के उस अंदरूनी खूनी मानसिकता को भी उजागर करता है, जिसमें हेमंत सोरेन का विरोध करनेवालों पर जानलेवा हमला भी कराया जा सकता है.

कहीं दुर्गा सोरेन की मौत भी इसी खूनी मानसिकता का परिणाम तो नहीं है. बाबूलाल मरांडी ने झारखंड पुलिस और चुनाव आयोग से आग्रह करते हुए कहा है कि वजह जो भी हो, झामुमो द्वारा भाजपा की महिला प्रत्याशियों पर हमले की धमकी देना उनकी कायरता और चुनाव के पूर्व ही पराजय को दशार्ता है इसलिए चुनाव आयोग और पुलिस से आग्रह है कि गीता कोड़ा जैसा प्रकरण सीता सोरेन के साथ भी ना हो. इसके लिए उचित कारवाई सुनिश्चित करें,डीजीपी इसका संज्ञान ले. गौरतलब है कि पिछले दिनों सरायकेला जिले के मोहनपुर गांव में सांसद गीता कोड़ा के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गयी थी. उन्हें एक घंटे से अधिक समय तक बंधक बना कर रखा था. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से उन्हें सुरक्षित निकाला गया था. इस मामले में भाजपा की ओर से प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी थी. बाबूलाल ने भी इस केस में झामुमो के हाथ होने का आरोप लगाया था.




धनबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी अनुपमा सिंह और उनके पति बेरमो से विधायक अनुप सिंह महादशमी के दिन जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय से मिलने के लिए पहुंचे. इन लोगों ने यहां आने के बाद सरयू राय से उनके जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित आवास गये. इन लोगों ने श्री राय से समर्थन मांगा और आर्शीवाद लिया. करीब एक घंटे तक उनके घर पर दंपत्ति रहे. उनके साथ उनको जानने वाले लोग पहुंचे. बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए अनुपमा सिंह ने कहा कि धनबाद में चुनाव लड़ने के लिए मैदान में है. सरयू राय हमारे अभिभावक है, लिहाजा, उनका आर्शीवाद हमारे लिए जरूरी है. इस कारण उनका आर्शवाद लेने आये है. इन लोगों ने वहां विधायक सरयू राय को तोहफा भी दिया. बाद में विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने कहा कि सरयू राय उनके पिता राजेंद्र सिंह के साथ रहे है और हमेशा से उनका आर्शीवाद मिलता रहा है.


आने वाले लोकसभा चुनाव में भी आर्शीवाद लेने के लिए हम लोग उनके पास आये थे. विधायक सरयू राय ने कहा कि हम धनबाद में चुनाव लड़ने के लिए आतुर नहीं थे. हम तो भाजपा के वैसे प्रत्याशी के विरोध में थे, जो अपराधी किस्म का है, उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है. उनका दहशत है. लोगों को डर और दहशत से निकालने के लिए गये है. हमने कांग्रेस, झामुमो, राजद सभी पार्टी से आग्रह किया है कि कम से कम वैसे उम्मीदवार दें, जो ऐसे प्रत्याशी का मुकाबला कर सके. अगर प्रत्याशी कोई नही है तो हम भी बिल्ली के गले में घंटी बांधने को तैयार है.


उन्होंने कहा कि बेटा और बहु घर पर आया है. आर्शीवाद लेने आये है, उनको पूरा प्यार और आर्शीवाद होगा. जहां तक चुनाव में समर्थन की बात है तो अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बाद ही कोई फैसला लिया जायेगा क्योंकि यह कोई पार्टी की लड़ाई या पार्टी के खिलाफ लड़ाई नहीं थी, यह लड़ाई सबके साथ मिलकर आपराधिक प्रवृति के खिलाफ थी, जिसको लेकर फैसला सभी मिलकर लेंगे. इसके बाद वे अपनी जमशेदपुर के कदमा निवासी बहन टाटा स्टील की एचआर अधिकारी रुपा सिंह से भी जाकर आर्शीवाद लिया. इसके बाद वापस लौट गये. जमशेदपुर पहुंचने पर उनका स्वागत कांग्रेसी नेता और जिला परिषद सदस्य पारितोष सिंह, संजीव रंजन, सुरेश धारी, अम्बुज कुमार, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य लोगों ने किया.
