तीसरी धारा न्यूज | 6 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
पारंपरिक तरीके से हुआ शिक्षकों का भव्य स्वागत
बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से मानगो डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन पूरी सादगी और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में संघ के संयोजक विकास सिंह एवं सदस्यों ने सभागार में प्रवेश कर रहे करीब 500 सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी स्कूलों तथा डिग्री व इंटर कॉलेजों के शिक्षकों के चरण धोकर और माथे पर कुमकुम लगाकर उनका पारंपरिक अभिनंदन किया। समारोह का औपचारिक शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षकों द्वारा दिया गया ज्ञान पीढ़ियों तक रहता है जीवित: विकास सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि शिक्षक का पद अमर होता है, जबकि अन्य पद क्षणिक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दिया हुआ ज्ञान पीढ़ी-दर-पीढ़ी चमकता रहता है, इसलिए समाज में सम्मान के असली हकदार केवल शिक्षक ही हैं। विकास सिंह ने वर्तमान व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि अक्सर बड़े आयोजनों में शिक्षक अंतिम पंक्ति में बैठकर ताली बजाने को मजबूर होते हैं, इस सोच को बदलना अत्यंत आवश्यक है।
पेपर लीक और नशामुक्त समाज पर हुई गंभीर परिचर्चा
समारोह के दौरान हाल ही में केंद्र व राज्य सरकार की प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक प्रकरण पर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने इसे प्रतिभाओं का दमन करने वाला जघन्य अपराध और देश को पीछे धकेलने की साजिश करार दिया। इसके साथ ही बढ़ते नशे के चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि नशा देश की आर्थिक, मानसिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को खोखला कर रहा है। इस दौरान सरस कवि शेषनाथ सिंह ने नशे के दुष्प्रभावों पर अपनी कविता प्रस्तुत की।
मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर स्थगित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण शोक व्यक्त करते हुए पूर्व निर्धारित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली नृत्य और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं को स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. सुदिव्य कुमार सोनू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विशिष्ट अतिथियों एवं आयोजकों की रही सम्मानजनक मौजूदगी
इस गरिमामयी समारोह में एनआईटी मैकेनिकल विभाग के एचओडी डॉ. बी. कुमार, जेकेएस कॉलेज के संस्थापक डॉ. ए.पी. सिंह, डॉ. आरती निछावन, डॉ. निधि घई, हरि सिंह राजपूत, छोटेलाल सिंह, डॉ. पुष्कर बाला, डॉ. यू.पी. सिंह, दीपक चरण दत्ता, डॉ. जटाशंकर पांडे, अमर सिंह, बलराम शर्मा, शंभू शरण सिंह, सविता गोस्वामी और प्रीति बोस सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षाविद एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तीसरी धारा न्यूज





















