
ताजा खबर











जमशेदपुर : देश के शीर्ष उद्योगपति टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष व पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन से जमशेदपुर वासी काफी दुखी और मर्माहत है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राजकीय शोक की घोषणा की है। शहर में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल के आयोजकों से आग्रह है कि इस शोक की घड़ी में एक दिन साउंड सिस्टम गाना बजाना बंद रखें।


देश के उद्योग जगत में उनका नाम आदर के साथ लिया जाता है। उन्होंने टाटा समूह को देश ही नहीं विदेशों में भी बुलंदियों तक पहुंचा। रतन टाटा सामाजिक उत्थान के लिए काफी कुछ किया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान है। उन्होंने रांची में 100 करोड़ की लागत से कैंसर अस्पताल का निर्माण करवाया। देश में जहां भी विपदा आई रतन टाटा ने सहयोग दिया।

अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उक्त बातें कही है। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि जमशेदपुर शहर टाटा समूह की धरोहर है। टाटा समूह ने रतन टाटा के नेतृत्व में लाखों लोगों को रोजगार दिया और करोड़ों लोगों को रोजी-रोटी मिली। उनके जैसे महान हस्ती को बार-बार नमन करता हूं।

जमशेदपुर : देश के रत्न, उद्योगपति और संवेदनशील व्यक्ति, टाटा संस के चेयरमैन एमेरिटस श्री रतन टाटा जी के निधन पर साकची गुरूद्वारा प्रबंधक कमिटी और सिख बीजेपी नेता सतबीर सिंह “सोमू” द्वारा गुरूद्वारा साहिब साकची में श्रद्धांजलि हेतु अरदास की गई और प्रशाद वितरण हुआ। जिसमे मुख्य रूप से सेंट्रल गुरूद्वारा कमिटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, साकची गुरूद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह समेत समाज के कई वरिष्ठ जन शामिल हुए।


सतबीर सिंह “सोमू” ने दुःख जाहिर करते हुए कहा कि उनका जाना न केवल उद्योग जगत, बल्कि संपूर्ण भारत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके कुशल नेतृत्व में टाटा ग्रुप की कंपनियों ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग को गति देने के साथ ही युवा उद्यमियों को भी उन्होंने काफी बढ़ावा दिया। राष्ट्र सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। जमशेदपुर में बहुत जल्द श्री रतन नवल टाटा जी की प्रतिमा स्थापित करूँगा। वाहेगुरु उनको अपने चरणों में स्थान दें।

इस में मुख्य रूप से बीजेपी सिख नेता सतबीर सिंह “सोमू” अध्यक्ष सरदार निशांन सिंह जी, महासचिव सरदार परमजीत सिंह काले, कोषाध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह गांधी, अर्जुन वालिया, अमरपाल सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, सुरिंदर सिंह सिंदा, हरजीत सिंह, वीरजी खालसा सेवा दल हरवीर सिंह, जगतार सिंह, जोगिंदर सिंह जोगी, सिख स्त्री सत्संग सभा साकची और काफ़ी संखिया में उपस्थित थे।
सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था, अमन सिंह, इंद्रजीत सिंह, स्कूल सचिव सुखविंदर सिंह निक्कू, उपाध्यक्ष सरदार त्रिलोचन सिंह तोची, सरदार मनोहर सिंह मिते, सरदार बलबीर सिंह, सरदार बलबीर सिंह धंजल की भी उपस्थिति रही।

जमशेदपुर : भारत के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन की खबर से पूरा देश मर्माहत है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी रविंदर सिंह रिंकू ने दुःख व्यक्त करते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। उन्होंने कहा कि देश ने एक अनमोल रत्न को खोया है और खास कर जमशेदपुर शहर ने अपने अभिभावक को आज खो दिया है।


रविंदर सिंह रिंकू ने कहा कि रतन टाटा जितने बड़े उद्योगपति थे उससे कई गुना बड़े साधारण व्यक्तित्व के धनी और दरियादिल इंसान थे। पद्मभूषण और पद्मविभूषण से सम्मानित रतन टाटा जी भारत के सच्चे बेटे और राष्ट्रभक्त होने का कर्तव्य सदा निभाया है। आज उनके निधन की खबर से पूरा देश गमगीन है। मैं ईश्वर से कामना करता हूँ कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और टाटा समूह परिवार के सभी सदस्यों को इस दुःख को सहने की असीम शक्ति प्रदान करें।


जमशेदपुर : मशहूर उद्योगपति रतन टाटा ने 86 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के आते ही जमशेदपुर में जैसे एक सन्नाटा से छा गया। दुर्गा पूजा के अवसर पर मेले घूमने निकले सभी लोग स्तब्ध हो गया और माहौल गमगीन हो गया।

इस दुःखद खबर के मिलते ही भाजपा नेता अभय सिंह ने अपने पूजा पंडाल ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह दुर्गा पूजा समिति के तरफ से सभी लोगों को इसकी जानकारी देते हुए अपना शोक व्यक्त किया। उन्होंने रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए यह घोषणा की कि एक दिन के लिए पूजा पंडाल में गीत, संगीत एवं ढोल नगाड़े नहीं बजेंगे।

अभय सिंह ने अपने सोशल मीडिया लाइव के जरिये जमशेदपुर के सभी पूजा पंडालों के कमेटी से अपील करते हुए कहा कि जमशेदपुर ने अपने अभिभावक को खोया है इसलिए आप सब भी अपने पूजा पंडालों में एक दिन के लिए गीत, ढोल- नगाड़ों को न बजाए यही हमारी तरफ से सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस दुःखद खबर और अभय सिंह के अपील के बावजूद शहर भर के लगभग सभी पूजा पंडालों में गीत और संगीत बजता हुआ ही दिखा। सिर्फ एक काशीडीह ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह दुर्गा पूजा पंडाल में ही किसी तरह का कोई गीत या ढोल नगाड़ों की आवाज़ नहीं सुनने को मिली, उन्होंने अपने स्तर से रतन टाटा जी को पूर्ण श्रद्धांजलि दी।

मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार देररात निधन हो गया। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया को जानकारी दी कि रतन टाटा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा।
उनका पार्थिव शरीर देररात ही अस्पताल से कोलाबा स्थित उनके घर लाया गया। आज उनका पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक साउथ मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) के हॉल में लोगों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। रतन टाटा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। बीती रात हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल की इंटेसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आज शाम उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

हर्ष गोयनका ने दी निधन की सबसे पहली जानकारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रतन टाटा के निधन की जानकारी देश को सबसे पहले उद्योगपति हर्ष गोयनका ने दी। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा कि आज घड़ी की टिक-टिक बंद हो गई। बिजनेस के टाइटन नहीं रहे। रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार के प्रतीक थे। इसके बाद टाटा ग्रुप के चेयरमैन चंद्रशेखर ने X हैंडल पर ट्वीट लिखकर पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि आज टाटा ग्रुप को अत्यंत भारी क्षति पहुंची। भारी मन से रतन टाटा को विदाई दे रहे हैं। ग्रुप के लिए रतन टाटा एक चेयरपर्सन से कहीं ज्यादा थे। वे मेरे गुरु, मार्गदर्शक और दोस्त थे। इसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति मुकेश अंबानी अस्पताल पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री शिंदे ने मीडिया से बात करके उनके अंतिम संस्कार की जानकारी दी।

7 अक्टूबर को भी भर्ती हुए थे अस्पताल में
बता दें कि पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित रतन टाटा गत 7 अक्टूबर को भी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उस रात भी उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल की इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती किए जाने की और उनकी हालत नाजुक होने की खबर थी, लेकिन उन्होंने खुद ही इस खबर का खंडन कर दिया था। उन्हें ट्वीट लिखा कि वे बिल्कुल ठीक हैं। रूटीन चेकअप कराने के लिए अस्पताल आए हैं। उम्र ज्यादा हो गई है, लेकिन चिंता की बात नहीं है।


जमशेदपुर : मशहूर उद्योगपति रतन टाटा नहीं रहे. 86 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली. कुछ दिनों पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वे आईसीयू में एडिमट थे. तीन दिन पहले भी उनके निधन की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में उन्होंने खुद इसे खारिज कर दिया था. सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये बताया था कि वे बिल्कुल फिट और दुरुस्त हैं.


टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा का पूरा नाम रतन नवल टाटा था. 28 दिसंबर 1937 को मुंबई में पैदा हुए रतन टाटा, नवल टाटा और सूनी कमिसारीट के बेटे थे. जब रतन टाटा 10 साल के थे, तब वे अलग हो गए थे. उसके बाद उन्हें जेएन पेटिट पारसी अनाथालय के माध्यम से उनकी दादी नवाजबाई टाटा ने औपचारिक रूप से गोद ले लिया था. रतन टाटा का पालन-पोषण उनके सौतेले भाई नोएल टाटा (नवल टाटा और सिमोन टाटा के बेटे) के साथ हुआ.
रतन टाटा जितने मशहूर उद्योगपति थे, उतने ही फेमस दानवीर भी. उनके कार्यकाल में टाटा समूह ने रोज नई ऊंचाई को छुआ. आज चाय से लेकर जैगुआर लैंड रोवर कार और नमक बनाने से लेकर जहाज उड़ाने और होटलों का ग्रुप चलाने तक जिंदगी के विभिन्न क्षेत्रों में टाटा का जलवा नजर आता है.

पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित रतन टाटा का जीवन सबके लिए प्रेरणास्रोत रहा. वे कहते थे, मैं सही निर्णय लेने में विश्वास नहीं करता. मैं निर्णय लेता हूं और फिर उन्हें सही बनाता हूं. शक्ति और धन मेरे दो मुख्य हित नहीं हैं.

जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार चाकुलिया प्रखंड के बर्डीकानपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। सिविल सर्जन को गांव में कैंप लगाकर सभी ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांच एवं समुचित स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।


इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल की टीम ने बर्डीकानपुर में कैंप लगाकर सभी ग्रामीणों का हेल्थ चेकअप किया। चिकित्सकों ने बताया कि बर्डीकानपुर से डायरिया का पहला मामला 28 सिंतबर को आया था जिसमें 02 अक्टूबर तक 18 ग्रामीणों ने दस्त, उल्टी की शिकायत की। जांचोपरांत 10 मरीजों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जिसके बाद 2 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, 08 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। सभी मरीज की हालत सामान्य एवं स्थिर है। ग्रामीणों की शिकायत पर गांव के जल स्रोत का भी सैंपल जांच के लिए लिया गया है।


चाईबासा : झारखंड सरकार द्वारा झींकपानी लोकेसाई, टोन्टो रेंगड़ाहातु पथ का निर्माण की कैबिनेट से पास कराना मंत्री दीपक बिरूवा और जनता को श्रेय जाता है। यह बातें आज पश्चिमी सिंहभूम जिला के पूर्व झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने अपने प्रेस बयान जारी कर कही है। श्री लागुरी ने कहा कि यह सड़क झींकपानी लोकेसाई से टोन्टो प्रखंड कार्यालय चौक, बड़ा झींकपानी, भुइयांसाई, दुरुला, कुदामसादा, लिसिमोती चौक के बाद टोन्टो चौक से बांदाबेड़ा, टेंसेरा होते हुए रेंगड़ाहातु स्कूल चौक तक कुल 25 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। इसको लेकर टोंटो प्रखंड के झामुमो कार्यकर्ताओं ने जनता की मांग पर मंत्री दीपक बिरुवा के समक्ष हमेशा से अपनी बातों को मुखर होकर रखी थी।


जिसे मंत्री श्री बिरुवा ने जनता की समस्याओं को देखते हुए वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण किया इसके लिए टोन्टो प्रखंड के सभी झामुमो कार्यकर्ता और जनता मंत्री श्री दीपक बिरुवा के प्रति आभार व्यक्त किया है। श्री लागुरी ने कहा कि गत दिनों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोल्हान की निरीह आम जनता को बरगला कर पदयात्रा में शामिल कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया है। जिसे आम जनता अच्छी तरह से जानती है कि मंत्री श्री बिरुवा के कार्यकाल में जिस तरह से कोल्हान क्षेत्र में विकास कार्य हुआ है वह किसी भी पूर्व के मुखिया या विधायकों ने नहीं किया है। आज अपने चाईबासा विधानसभा क्षेत्र में श्री विरूवा ने सड़क, पूल पुलिया समेत आम जनों की ज्वलंत मुद्दों को अपने विधानसभा सदन में मुखर होकर आवाज बुलंद करने का काम किया है।


जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार आसन्न विधानसभा निर्वाचन-2024 के मद्देनजर उड़नदस्ता, चेकनाका टीम, वी.वी.टी (वीडियो व्यूइंग टीम) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र को पी.डी आई.टी.डी.ए श्री दीपांकर चौधरी एवं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अनिकेत सचान ने संबोधित किया तथा प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह उपस्थित रहीं।


उड़नदस्ता दल (एफएसटी) को व्यय लेखा नियंत्रण के तहत की जाने वाली कार्रवाई के अतिरिक्त आदर्श आचार संहिता के मामले पर भी कैसे नियंत्रण रखना है? इस विषय पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। सी विजिल एप के बारे में भी बताया गया। चेकनाका टीम को चुनाव के दौरान भारी मात्रा में नकद लेन- देन पर पैनी नज़र कैसे रखा जा सकता है? इस विषय पर ट्रेनिंग दी गई। चेक नाका पर जांच के क्रम में अवैध हथियार के साथ आसामाजिक तत्वों की पहचान करना व उनपर कार्रवाई करने से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। वहीं वीडियो व्यूइंग टीम को भी उनके दायित्वों से अवगत कराया गया तथा सफलतापूर्वक चुनाव कार्यों एवं दायित्वों के संपादन के निमित्त आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


जमशेदपुर : आईटीडीए कार्यालय सभागार, जमशेदपुर में परियोजना निदेशक, आई.टी.डी.ए श्री दीपांकर चौधरी की अध्यक्षता में आसन्न विधानसभा निर्वाचन-2024 के लिए निर्वाचन कार्य में संलग्न कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हेतु सभी बैंक के नोडल पदाधिकारी, यूसीआईएल, एचसीएल आदि के प्रतिनिधि के साथ बैठक की गयी। पीडी आईटीडीए द्वारा निदेश दिया गया कि अपने संस्थान में कार्यरत सभी कर्मियों की सूचि विहित प्रपत्र में निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत कार्मिक कोषांग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।


बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए पीडी आईटीडीए ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला अंतर्गत गठित विभिन्न कोषांगों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के अलावा उन्हें ससमय प्रशिक्षण भी दिया जाना है। कोषांगों में ससमय प्रतिनियुक्ति से प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा सकेगा जिससे चुनाव कार्यों को संपादित करने में काफी सहूलियत सभी होगी। बैठक में एलआरडीसी श्री गौतम कुमार, एलडीएम व अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे।
