तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस महकमे में सख्ती का असर दिखने लगा है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता बरतने के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें पुलिस लाइन क्लोज किया गया है। कार्रवाई के बाद सीतारामडेरा थाने के लिए नए प्रभारी की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समीक्षा बैठक के बाद सामने आई गंभीर खामियां
मिली जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के संधारण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय स्तर पर हुई समीक्षा और जांच के दौरान थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को कार्य में गंभीर लापरवाही का दोषी पाया गया। जांच में कर्तव्य के प्रति लापरवाही के साथ-साथ अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी सामने आने के बाद एसएसपी ने यह सख्त दंडात्मक कदम उठाया।
एसएसपी का कड़ा संदेश: पुलिसिंग में शिथिलता बर्दाश्त नहीं
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करना होगा। थाना प्रभारी के निलंबन के बाद अब सीतारामडेरा थाने की कमान किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इसे लेकर विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी की इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
तीसरी धारा न्यूज
सत्य, निष्पक्षता और अपराध मुक्त समाज के प्रति संकल्पबद्ध!



















