तीसरी धारा न्यूज / जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी अब पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस के जिला महामंत्री संजीव रंजन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक को आड़े हाथों लेते हुए इस घटना को सुनियोजित साजिश और लोकतंत्र की हत्या करार दिया है.
महिला मोर्चा के प्रदर्शन में पुरुषों की मौजूदगी पर उठाए सवाल
कांग्रेस जिला महामंत्री ने सवाल उठाया कि जब यह कार्यक्रम पूरी तरह से भाजपा महिला मोर्चा का पूर्वघोषित था, तो उसमें भाजपा जिलाध्यक्ष का असामाजिक तत्वों के साथ शामिल होना और पत्थरबाजी करना बेहद निंदनीय है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या भाजपा में पुरुष जिलाध्यक्ष भी अब महिला की श्रेणी में आने लगे हैं? संजीव रंजन ने कहा कि जिलाध्यक्ष अपने साथ तथाकथित गुंडों को लेकर क्यों आए और कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं पर अत्याचार व पत्थरबाजी क्यों की गई, इसका उन्हें जवाब देना चाहिए.
पूर्वी विधायक पर साधा निशाना, मणिपुर की घटनाओं का किया जिक्र
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पूर्वी विधानसभा की भाजपा विधायक पर हमला बोलते हुए संजीव रंजन ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली विधायक ने पत्थरबाजी करने आए भाजपा जिलाध्यक्ष को उकसाकर अपनी दोहरी और महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है. उन्होंने सवाल किया कि जब मणिपुर में सैकड़ों महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था और वहां अत्याचार हो रहे थे, तब ये विधायक कहां थीं? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को केवल पार्टी और गैर-भाजपा शासित राज्यों में ही महिलाओं का सम्मान याद आता है.
लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज दिल्ली से लेकर जमशेदपुर तक भाजपा छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विरोधियों पर बर्बरतापूर्ण अत्याचार कर रही है, जिसकी एक बानगी कल जमशेदपुर के कांग्रेस कार्यालय पर देखने को मिली. उन्होंने इसे संविधान पर सीधा प्रहार और लोकतंत्र की हत्या बताया है. अंत में, जिला महामंत्री संजीव रंजन ने इस पूरी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
📌 तीसरी धारा न्यूज
राजनीतिक बयानों और आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर तेज, हर सच्ची और निष्पक्ष खबर के लिए बने रहें तीसरी धारा न्यूज के साथ!





















