जमशेदपुर : आज विश्व गौरैया दिवस के उपलक्ष्य पर अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हिन्दू पीठ द्वारा कैद पक्षियों की खरीद बिक्री के खिलाफ उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। हिन्दू पीठ ने अपने ज्ञापन में कहा कि झारखंड प्रदेश की गरिमा यहाँ के वन और उसमें रहने वाले जीव जंतु से है और यहाँ के नागरिक एवं सरकार वन और उसमें रहने वाले जीव जंतु की रक्षा के लिए सजग हैं, परन्तु पूर्वी सिंहभूम जिले के कई जगहों पर खुलेआम कैद पक्षियों की खरीद बिक्री हो रही है। साकची मिनी बस स्टैंड के समीप के दुकानों को उदाहरण स्वरूप अंकित करते हुए बताया।
उन्होंने ज्ञापन में लिखा कि भारत सरकार के एनिमल वेलफेयर बोर्ड ने राज्यों को पत्र लिखकर पशु पक्षियों को कैद करने वाले व अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश प्रीवेंशन आफ क्रुएलिटी टू एनिमल एक्ट 1960 के तहत दिया गया था। हिन्दू पीठ एवं उनसे जुड़े स्वयंसेवक सब ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई करने की माँग की है।
मौसेरे भाई ने जिस लड़की से शादी कराई, उससे 1 साल में ही तलाक हो गया। इस बात से नाराज शख्स ने अपने मौसेरे भाई पर ही गोली चलवा दी। बकायता इसके लिए शूटर को 3 लाख रुपये की सुपारी भी दे डाली।
मामला झारखंड के जमशेदपुर का है। गौरतलब है कि पिछले दिनों जमशेदपुर के सोनारी बैरझबरा बस्ती के रहने वाले बस चालक दीपक सिंह पर फायरिंग हुई थी।
पुलिस ने दीपक सिंह फायरिंग केस का किया खुलासा पुलिस ने दीपक सिंह पर हुए फायरिंग केस का खुलासा करते हुए बताया कि मौसेरे भाई रोहित ने गोली चलवाई थी। सिटी एसपी के विजयशंकर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शूटर्स ने दीपक सिंह की रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया। सिटी एसपी ने बताया कि अक्षय सिंह उर्फ बाला अपने गिरोह के नवनीत उर्फ लोहा यादव सहित 2 अन्य साथियों के साथ होली से पहले ही होटल अशोका पहुंचा था। यहां उन्होंने दीपक सिंह की रेकी की और मौका देख फायरिंग कर दी। रोहित ने 3 लाख रुपये की सुपारी दी थी जिनमें से 2 लाख रुपये एडवांस दिए थे।
रोहित का पत्नी से 1 साल में ही हो गया था तलाक मिली जानकारी के मुताबिक पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर रोहित की शादी उसके मौसेरे भाई दीपक ने एक लड़की से कराई थी। युवती बारीडीह की रहने वाली थी। हालांकि, यह शादी 1 साल भी नहीं चली और दोनों का तलाक हो गया। रोहित इसका जिम्मेदार दीपक को मानता था। दोनों भाइयों में इस पर विवाद हो गया। इसी विवाद में रोहित ने अपने भाई दीपक सिंह पर गोली चलवा दी।
पुलिस ने शूटर की निशानदेही पर हथियार बरामद किया पुलिस ने शूटर नवनीत की निशानदेही पर 1 पिस्तौल, 1 गोली और 2 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। उसके खिलाफ भोजपुर में फायरिंग और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि फायरिंग में 4 लोग शामिल थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर पाने में कामयाब होने वाली टीम में सोनारी थाना प्रभारी बिष्णु राउत, एसआई अंचित कुमार, पंकज कुमार सिंह, मोहन सिंह और कुलदीप मेहता शामिल थे। अभी भी 2 हमलावर फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।
10 मार्च 2023 को दीपक सिंह पर हुई थी फायरिंग बता दें कि यह पूरा मामला 10 मार्च का है। घटना वाले दिन सोनारी सिनेमा के समीप दीपक सिंह पर कार सवार अपराधियों ने फायरिंग की थी। दीपक सिंह को कमर और जांघ में 2 गोलियां लगी। उसका इलाज टीएमएच में चल रहा है। दीपक सिंह की पत्नी देवयंती देवी ने सोनारी थाना में दीपक के मामा, शिवशंकर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया। गौरतलब है कि अपराधियों ने 10 मार्च से पहले भी 2 बार दीपक सिंह पर हमला किया था। हालांकि, तब सफलता नहीं मिली थी।
गिरिडीह : डुमरी प्रखंड के चकरबरई गांव का युवक खूबलाल महतो के सऊदी अरब से सकुशल वतन वापसी पर स्वजनों में खुशी का माहौल है। शिक्षा मंत्री सह डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने प्रवासी मजदूर का पासपोर्ट सऊदी अरब में जला देने की बात को गंभीरता से लेते हुए कहा था कि सारे कागजात को अधिकृत अधिकारी को भेजते हुए दूतावास से बात कर वह जल्द खूबलाल की वतन वापसी को लेकर गंभीर थे। स्वजनों ने बताया कि खूबलाल शनिवार रात को घर पहुंचा। वायु मार्ग से वह दिल्ली पहुंचा। फिर वहां से ट्रेन से डुमरी आया।
पिछले साल सऊदी गया था खूबलाल
मंत्री ने दूतावास से संपर्क कर मजदूर की सकुशल वापसी में मदद की। स्वजनों का कहना था कि अब उसे मजदूरी के लिए विदेश नहीं भेजेंगे। उन्होंने देर रात खूबलाल की वतन वापसी की बात कही। इस पर स्वजनों ने उनका आभार व्यक्त किया।
18 दिसंबर, 2022 को वह सऊदी अरब कमाने के लिए गया था। जाने के कुछ दिन बाद ही उसके मालिक का बेटा हैवान बन चाबुक से उसके साथ मारपीट करता था। तड़पता हुआ खूबलाल अपने स्वजनों को पाकिस्तान के मोबाइल से फोन करता था और बचा लेने की गुहार लगाता था।
हक का पैसा मांगने पर मालिक करता था पिटाई
फोन पर ही उसने बताया कि यहां के मालिक की ओर से उससे गुलामों की तरह पोकलेन मशीन से काम लिया जा रहा है और दो महीने का पैसा मांगने पर पिटाई की जाती है। मालिक के बेटे ने उसके कपड़े, मोबाइल व पासपोर्ट सभी जला दिए। यह खबर सुन परिवार वाले सरकार से मदद की गुहार लगा रहे थे। खूबलाल की पत्नी धनेश्वरी देवी ने बताया था कि दो महीने पहले बिहार के एजेंट के माध्यम से पैसा कर्ज लेकर और 70 हजार ठेकेदार को देकर उसके पति सऊदी अरब गए थे।
सरकार से वापसी की लगाई थी गुहार
पासपोर्ट जलाने की बात सुनकर खूबलाल के पिता नुनूचंद महतो, मां भगिया देवी, बेटी एंजल कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने सरकार से पति कि सकुशल वापसी की गुहार लगाई थी। उसे तीन माह का पेमेंट नहीं दिया गया था। बिहार के रहने वाले एक युवक ने उसे अपने साथ रखकर खाना खिलाया। प्रवासी मजदूरों के हितार्थ कार्य करने वाले सिकंदर अली ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा है कि सरकार को राज्य में बड़े उद्योग लगाने चाहिए जिससे प्रवासी मजदूर अपने राज्य में ही कार्य कर सकें।
कोल्हान विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को 27 लाख 21 हजार रुपये वापस करेगा। यह राशि 5442 विद्यार्थियों को वापस की जानी है। यह राशि विश्वविद्यालय ने 49 कॉलेजों व विवि के पीजी विभागों के बैंक खाते में विद्यार्थियों को रिफंड करने के लिए भेज दी।
विश्वविद्यालय को यह रिफंड पांचवे दीक्षांत समारोह का बहिष्कार करने वाले विद्यार्थियों को करना है
कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. जयंत शेखर ने इस बाबत सूचना सभी कॉलेजों को भेज दी। अब प्रति विद्यार्थी 500 रुपये रिफंड करने की जिम्मेदारी कॉलेजों की होगी। 27 लाख 21 हजार रुपये उन विद्यार्थियों को वापस किए जाने हैं, जिन्हें विवि बैंक खाते में सीधे राशि वापस नहीं कर पाया। कोल्हान विवि के प्रवक्ता डॉ. पीके पाणी ने बताया कि अधिकतर छात्रों ने पिछले वर्ष दीक्षांत समारोह के लिए ऑनलाइन राशि दी थी। जिन विद्यार्थियों ने अपने बैंक खाते से ऑनलाइन पेमेंट किया था, उन्हें तो रिफंड की राशि खाते में भेज दी गई, लेकिन अधिकतर विद्यार्थी ऐसे थे, जिन्होंने साइबर कैफे संचालकों के आवेदन भरने के क्रम में साइबर कैफे संचालकों के बैंक खाते से ही राशि कटवाई थी। वैसे विद्यार्थियों को बैंक खाते में ऑनलाइन राशि नहीं भेजी जा सकी। डॉ. पाणी के मुताबिक वैसे ही विद्यार्थियों को ही अब कॉलेज के माध्यम सीधे राशि का भुगतान किया जाएगा। इस मद में प्रति छात्र 500 रुपये का भुगतान किया गया था।
सभी 49 कालेजों को केयू के 23 अलग-अलग पीजी विभागों के बैंक खाते में विवि की ओर से राशि भेज दी गई। गौरतलब हो कि पिछले साल विद्यार्थियों ने दीक्षांत समारोह का बहिष्कार कर दिया था। छात्रों ने यह बहिष्कार कोल्हान विवि की ओर से आयोजित मुख्य दीक्षांत समारोह में मेडल व प्रमाणपत्र नहीं बांटे जाने के कारण किया था। पिछले साल अलग-अलग जगह एक साथ दीक्षांत का आयोजन किया गया था। टाटा कॉलेज को सर्वाधिक 4.93 लाख का भुगतान कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों को जो राशि भेजी गई, उसमें सर्वाधिक राशि टाटा कॉलेज चाईबासा के खाते में गई। टाटा कॉलेज को चार लाख 95 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया। इसका यह मतलब है कि इसी कॉलेज के सर्वाधिक विद्यार्थियों को रिफंड नहीं मिला है। यहां कुल 987 विद्यार्थियों को पांचवे दीक्षांत का शुल्क रिफंड किया जाना है। इसी तरह करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर को भी 171500 रुपये का भुगतान किया गया है। करीम सिटी के 343 विद्यार्थियों को राशि वापस की जानी है। ग्रेजुएट कॉलेज को 1 लाख 88 हजार 500 रुपये दिए गए हैं। यहां 377 विद्यार्थियों को रिफंड दिया जाना है। को-ऑपरेटिव कॉलेज को 1 लाख 48 हजार रुपये दिए गए हैं तो एलबीएसएम को मात्र 21 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
रांची : राज्य सरकार ने आरक्षण रोस्टर प्रणाली जारी कर दिया है वहीं आर्थिक रूप से पिछड़ों को आरक्षण के साथ-साथ एसटी, एससी समेत पिछड़ों को आरक्षण दिए जाने को लेकर जिलेवार सूची जारी हुई है। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 फीसद आरक्षण दिया गया है। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस को मिलाकर जिलावार सभी पदों में 60 प्रतिशत आरक्षण लागू हो गया है। नए आरक्षण रोस्टर के मुताबिक लोहरदगा, गुमला, लातेहार, सिमडेगा, खूंटी, दुमका और पश्चिमी सिंहभूम में पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग को आरक्षण नहीं दिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में सियासत भी शुरू हो गई।
आरक्षण रोस्टर प्रणाली जारी
झारखंड सरकार ने आरक्षण रोस्टर प्रणाली जारी कर दिया है। वहीं आर्थिक रूप से पिछड़ों को आरक्षण के साथ-साथ एसटी, एससी समेत पिछड़ों को आरक्षण दिए जाने को लेकर जिलेवार सूची जारी हुई है। इसके साथ ही आरक्षण को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने सरकार को घेरते हुए कहा है कि कई जिलों से पिछड़ों का आरक्षण छीन लिया गया है। वहीं सत्ता पक्ष जेएमएम और कांग्रेस ने युवाओं के अविलंब नियुक्ति का हवाला देते हुए रोस्टर का स्वागत किया है।
आरक्षण को लेकर सियासत शुरू
बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि संविधान में जिन वर्गों को आरक्षण देने का प्रावधान है उनको दिए जाना चाहिए लेकिन सरकार की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। एक तरफ पिछड़ों को सत्ता नौकरी और भागीदारी देने की बात करते हैं। वहीं दूसरी तरफ पिछला विरोधाभास का चेहरा साफ नजर आ रहा है। इस रोस्टर से पिछड़ों का आरक्षण छीन गया। वही झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि हम जनता के प्रति उत्तरदायी हैं जनता के अनुरूप सरकार ने निर्णय लिए हैं। 2010 के संकल्प को आगे बढ़ाया गया है। इसमें सभी वर्गों का समायोजन है। वहीं कांग्रेस के शमशेर आलम ने कहा कि युवाओं के नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, विपक्ष भी सहयोग करें सरकार युवाओं की उम्मीद पर खरा उतर रही है।
जमशेदपुर : गुरु तेग बहादुर ट्रस्ट एवं रिफ्यूजी कॉलोनी प्रबंधक कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 118 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। उपरोक्त रक्तदान शिविर का आयोजन ब्लड बैंक जमशेदपुर के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी शिवशंकर सिंह एवं मोहित विग ने किया। मौके पर विशिष्ट कई गणमान्य अतिथि गण उपस्थित थे। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से गुरु तेग बहादर ट्रस्ट के मुख्य सेवादार पलविंदर सिंह ,दमनप्रीत सिंह यशविंदर सिंह , मनदीप सिंह मनदीप सिंह , पवनदीप सिंह , तरनप्रीत सिंह , संदीप सिंह , रमनदीप सिंह , करणप्रीत सिंह सरबजीत सिंह , जसपाल सिंह , सतपाल सिंह , हनी परिहार की अहम भूमिका रही ।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने साफ कर दिया कि झारखंड भाजपा में 2024 चुनाव से पहले कोई सांगठनिक फेरबदल नहीं होगा। रविवार को लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रांची में एक सवाल के जवाब में साफ किया कि झारखंड भाजपा में बदलाव की चर्चा सिर्फ मीडिया में है। झारखंड भाजपा में मंडल से लेकर ऊपर तक संगठन में बदलाव की कोई चर्चा नहीं है।
चुनाव जीतने का मंत्र है भाजपा के पास:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि वर्तमान कमेटी और कार्यकर्ताओं के साथ ही पार्टी 2024 के चुनाव में जाएंगी। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव जीतने का मंत्र है नरेंद्र मोदी का करिश्माई नेतृत्व और बूथ स्तर पर संगठन की शक्ति, जिसके जरिए वे चुनाव जीतेंगे। प्रदेश भाजपा प्रभारी ने कहा कि अगर संघर्ष करने के लिए युवा तैयार हों तो उनका भविष्य उज्जवल होगा। भाजपा यूपीए नेताओं के बयानों का परवाह नहीं करती है। प्रदेश भाजपा प्रभारी ने कहा कि झारखंड में संवैधानिक तरीके से भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झारखंड आएं, इससे किसी को दिक्कत क्या है।
वहीं, अडानी के मामले पर प्रदेश भाजपा प्रभारी ने कहा कि जिस मुद्दे पर विपक्ष संसद को बाधित कर रहा है, वह मांग ही असंवैधानिक है। जिस मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय ने कमेटी बना दी है। उस पर अब संसद कैसे कमेटी बना सकती है।
वहीं, मुख्यमंत्री से घोटालों पर विधानसभा की कमेटी बनाकर जांच कराने की मांग करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वाभाविक है कि जब सत्र चल रहा है और सीएम चुप हैं। युवक सड़क पर हैं, आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शराब घोटाला, खनन घोटाला की अगर सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं कर सकते तो कम से कम विधानसभा की कमेटी बनाकर ही जांच कराने की घोषणा करें। पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान सरकार, चुनावी मोड में नहीं बल्कि लूट मोड में है।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उनकी पार्टी नियोजन नीति और रोजगार के मुद्दे पर युवाओं के साथ है।
झरिया थाना क्षेत्र की बस्ताकोला आउटसोर्सिंग के समीप कोयले के उठाव को लेकर सिंह मेंशन और रघुकुल समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडा और पत्थरबाजी हुई. तीन राउंड फायरिंग भी हुई. रविवार 19 मार्च की शाम हुई इस घटना में दो लोग घायल हो गए.
उनका इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है. सूचना मिलते ही बीसीसीएल बस्ताकोला एरिया की सीआईएसएफ टीम व झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को वहां से हटाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आउटसोर्सिंग में तनाव की स्थिति है. दोनों पक्षों से किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.
ज्ञात हो कि बस्ताकोला ट्रांसपोर्टिंग सेंटर पर हाइवा से दो गुटों के लोग अवैध तरीके से कोयला उतारने का कार्य करते हैं. यह काम सहाना पहाड़ी और बस्ताकोला 7 नंबर के लोग करते हैं. अवैध कोयले को बेड़ा का सागर व सुल्तान दोबारी का टाइगर नामक व्यक्ति स्टॉक कराते हैं, जिसके बाद तस्कर छोटा हाथी व 407 वाहन से बलियापुर व गोविंदपुर के भट्ठों में खपाते हैँ
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के सरडीहा पंचायत के अंतर्गत पाकुड़िया निवासी बातापी महतो, जो कई सालों से पूर्ण रूप से देख पाने में असमर्थ हैं व पाकुडीया गांव के ही प्यारे लाल महतो, पद्दोलोचन महतो, जो कि चलने फिरने में असमर्थ थे उन सभी के परिवार ने समाजसेवी कमलेश घटवारी से संपर्क कर पीड़ितो की समस्या बताई। इसके बाद कमलेश घटवारी ने पूर्व विधायक तथा नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी को इस बात की सूचना दी और उन्होंने वल्लभ यूथ ऑर्गेनाइजेशन की तरफ से स्मार्ट स्टिक और नाम्या स्माइल फाउंडेशन के तरफ से बैसाखी का इंतजाम करवाकर तीनों को मुहैया कराया।
स्मार्ट स्टिक एवं बैसाखी मिलने से अब उनका जीवन आसान बनेगा और वे छोटी-मोटी ज़रूरतों के लिए आत्मनिर्भर हो सकेंगे। तीनों ने नाम्या स्माइल फाउंडेशन और वल्लभ यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में संस्था ने उनकी परेशानी समझकर मदद की। इसे कभी भी भूला नहीं जा सकता है।
इस मौके पर मुखिया दांगी सोरेन, पंचायत समिति सदस्य तापस महतो, कमलेश घटवारी, दिनेश महतो, पांडू महतो, चंडी चरण साधु, सुमन दास, नाम्या स्माइल फाउंडेशन से पूर्णेन्दु पात्र समेत कई लोग मौजूद रहे।
झारखंड में इंफ्यूएंजा वायरस H3N2 ने दस्तक दे दी है। यहां इंफ्यूएंजा वायरस से पीड़ित दो मरीज मिले हैं। इनमें एक बुजुर्ग महिला और चार साल का बच्चा शामिल है। इफ्यूएंजा वायरस का पहला मामला जमशेदपुर से मिला। यहां एक 68 साल की महिला में इंफ्यूएंजा वायरस की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरा मामला रांची का है जहां एक चार साल का बच्चा इंफ्यूएंजा वायरस पीड़ित है। इंफ्यूएंजा वायरस से पीड़ित महिला का टाटा मेन हॉस्पिटल और बच्चे का इलाज रांची के रानी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में चल रहा है। दोनों को आइशोलेन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
महिला H3N2 वायरस से संक्रमित
जानकारी के मुताबिक, महिला को सर्दी, खांसी, बदन दर्द और गले में परेशानी थी, जिसके बाद वो 16 मार्च को टीएमएच हॉस्पिटल में भर्ती हुई। इसके बाद लक्षण के आधार पर उसके सैंपल को एमजीएम सेंटर के माइक्रोबॉयलॉजी डिपार्टमेंट भेजा गया, जहां उसकी जांच की गई। महिला की जांच रीपोर्ट कल यानी शनिवार को आई। जिसमें वो इंफ्यूएंजा वायरस पॉजिटिव पाई गई। वहीं बच्चे को तीन दिन पहले निममोनिया की शिकायत थी। इसके बाद उसके परिवार वालों ने उसे रानी चिल्ड्रन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। लक्षण के आधार पर उसकी भी जांच एक प्राइवेट लैब में कराई गई। जिसमें वो भी इंफ्यूएंजा वायरस से पीड़ित पाया गया।
स्वास्थय विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बता दें प्रदेश के स्वास्थय विभाग ने भी इंफ्यूएंजा वायरस H3N2 को लेकर सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही प्रदेश में H3N2 के मामले सामने आने के बाद टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की रणनीति को अपनाने का निर्देश दिया है। एक हफ्ते पहले सरकार ने भी H3N2 के खतरे को देखते हुए गाइडलाइन जारी की थी। इसमें सभी डीसी और सिविल सर्जन को वायरस के खतरे के निपटने के लिए तैयार रहने को कहा था।