राँची : इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए समय मांगा है. इसको लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के महासचिव विनोद कुमार पांडे ने राष्ट्रपति के सचिव को पत्र लिखा है. पत्र में लिखा गया है कि झारखंड के मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं. अत: प्रतिनिधिमंडल को मिलने के लिए समय निर्धारित किया जाये. इसकी जानकारी खुद विनोद कुमार पांडे ने दी है.
विनोद पांडे ने बताया कि झारखंडी अस्मिता से जुड़े प्रमुख मांग और बिल जैसे सरना धर्म कोड, ओबीसी आरक्षण और 1932 खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति आधारित बिल झारखंड विधानसभा से पास कर राज्यपाल के पास भेजा गया था. जिसमें कुछ विधेयक को राजभवन ने वापस कर दिया. उसके बाद फिर से विधानसभा से इन विधेयकों को पास करके राज्यपाल के पास भेजा गया है. इन तमाम मांगों को लेकर इंडिया गठबंधन का एक प्रतिनिधि मंडल राष्ट्रपति से मिलना चाहता है.
जामताड़ा : जामताड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरि मोहन मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार को पूरी जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा का दामन थाम लिया. जमशेदपुर परिसदन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया. भाजपा में शामिल होने वालों में जामताड़ा के कई प्रखंड अध्यक्ष भी शामिल हैं. पार्टी मे शामिल होने के साथ ही हरि मोहन मिश्रा ने जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी पर संगठन के प्रति उदासीन एवं नकारात्मक व्यवहार का आरोप लगाया है.
भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर पार्टी में शामिल कराया. इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा भी उपस्थित थे. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभी नवागंतुकों का पार्टी में स्वागत करते हुए राष्ट्रनिर्माण में आगे आकर भाजपा में जुड़ने के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने से जामताड़ा ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी. यह सभी दायित्वों में थे, जिनमें कोई जिला अध्यक्ष, कोई प्रखंड अध्यक्ष, कोई महिला मोर्चा अध्यक्ष हैं. इनके पीछे कई कार्यकर्ता हैं. उन सभी कार्यकर्ताओं का योगदान भी जामताड़ा में सुनिश्चित किया जाएगा.
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज झारखंड में जिनकी सरकार है उस पार्टी के लोग, पार्टी की नीतियों एवं कार्यसंस्कृति से क्षुब्ध होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं. एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने को लेकर कृतसंकल्पित हैं, वहीं अन्य दलों की कोई विचारधारा नहीं है. उनका सिर्फ एक ही मकसद है कैसे अपने परिवार को बचाएं. अपने बच्चों की भविष्य को सुरक्षित करें. इसके लिए उनका सिर्फ एक लक्ष्य है मोदी को हटाओ. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि समाज की सेवा के लिए राजनीति के क्षेत्र में आगे आए हुए लोग आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं. पिछले दिनों चाईबासा में भी बड़ी संख्या में अन्य दलों के नेता एवं कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं.
श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में झामुमो-कांग्रेस की स्वार्थी गठबंधन सरकार की अकर्मण्यता और विकास विरोधी मानसिकता से कांग्रेस जनता के मन से उतरने लगी है. जनता से दूर जाने और झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार की लुटनीति से तंग होकर कांग्रेस पार्टी के नेतागण भाजपा का दामन थाम रहे हैं. उन्होंने सभी लोगों से लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए मिशन मोड में कार्य करते हुए विजयी लक्ष्य प्राप्ति में जुटने का आह्वान किया.
जामताड़ा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरि मोहन मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभूतपूर्व योगदान और देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं भाजपा की रीति-नीति से प्रेरित होकर वे भाजपा में शामिल हुए हैं. राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ झारखंड राज्य को बचाने और भाजपा को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार एक समर्पित सिपाही के रूप में वे जनसेवा और संगठन के कार्यों में जुड़े रहेंगे.
इससे पहले, अपने त्यागपत्र में उन्होंने जामताड़ा कांग्रेस पार्टी के जामताड़ा जिलाध्यक्ष पद एवं कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा है कि जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी का व्यवहार संगठन के प्रति उदासीन एवं नकारात्मक है. पूरे जामताड़ा क्षेत्र में विकास योजनाओं के कार्यों में विधायक इरफान अंसारी एवं उनके परिवार का कब्जा है. उन्होंने विधायक इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में विधायक के संरक्षण में भ्रष्टाचार एवं कमीशन का बड़ा खेल होता है.
जिला उपाध्यक्ष मुस्तफा अंसारी, जिला महासचिव विमल कुमार भैया, महिला जिलाध्यक्ष बेबी पासवान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विक्रांत सिंह, प्रखंड अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह, असलम अंसारी, युवराज सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेका रंजन सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया.
इस दौरान ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री सह जमशेदपुर लोकसभा के संयोजक नंदजी प्रसाद, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजन सिंह, नीरज सिंह, जटाशंकर पांडेय, जिला महामंत्री राकेश सिंह, अनिल मोदी, जिला मंत्री मंजीत सिंह, विजय तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय व अन्य उपस्थित थे.
घाटशिला : कशीदा पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव की मनमानी रवैया के खिलाफ गुरुवार को उप मुखिया लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में वार्ड सदस्यों ने पंचायत सचिवालय में जमकर हंगामा किया. पंचायत सचिव तथा मुखिया से वार्ड सदस्यों ने 14वीं और 15वीं वित्त आयोग की राशि से संबंधित किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी मांगी गई थी. परंतु पंचायत सचिव के मनमानी रवैया के कारण वार्ड सदस्यों को कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई.
यह भी आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा कभी भी वार्ड सदस्यों को किसी तरह की कोई जानकारी नहीं देते हैं. किसी भी तरह पंचायत कीनाराज वार्ड सदस्यों ने उप मुखिया लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी युनिका शर्मा को पंचायत सचिव एवं मुखिया के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने का मांग किया है. इस संबंध में पंचायत सचिव लक्ष्मीकांत महतो से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वार्ड सदस्यों द्वारा लगाया जा रहा है आरोप पूरी तरह गलत है.
मुखिया तारामणि मुंडा से पूछे जाने पर उन्होंने किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से साफ इंकार कर दी. विरोध करने वालों में मुख्य रूप से वार्ड सदस्य बृजेश सोरेन, अमर पूर्ति, बैद्यनाथ सोरेन, ज्योति महतो, माधुरी गोराई अरुप मन्ना, सोम हेंब्रम, सरिता पूर्ति, बाबूलाल बानरा सहित ग्राम प्रधान मदन गोपाल पांडा एवं दिलीप पांडा शामिल थे.
जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर चार निवासी विकास कुमार मंडल बीते दो दिनों से लापता है. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर वह नहीं मिला. अंत में परिजनों ने मानगो थाना में इसकी लिखित सूचना दी है. विकास चालक का काम करता था. परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार देर रात घर आया और खाना खाकर अपने कमरे में गया.
इसी बीच उसे किसी साथी ने फोन किया जिसके बाद वह देर रात घर से निकल गया. वह डिमना रोड में अपने किसी साथी के यहां गया. वह रात 1.30 बजे वहां से निकला पर वापस घर नहीं लौटा. परिजनों ने बताया कि दूसरे दिन विकास की काफी तलाश की पर वह नहीं मिला. अंत में वे लोग थाने को सूचना देने पहुंचे. इधर, पुलिस ने विकास की तलाश शुरु कर दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को श्रीनगर में पहुंचे हुए हैं। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में पीएम बड़ी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। इस दौरान स्टेडियम जाते हुए उन्होंने एक जगह रुक कर पहाड़ी पर बसे शंकराचार्य मंदिर को निहारा और हाथ जोड़कर नमन किया।
शंकराचार्य पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित है भगवान शिव का मंदिर
शंकराचार्य मंदिर श्रीनगर में जबरवान रेंज पर शंकराचार्य पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित है। यह मंदिर हिंदू भगवान शिव को समर्पित है। कश्मीरी हिंदुओं का दृढ़ विश्वास है कि इस मंदिर में आदि शंकराचार्य ने दौरा किया था और तब से यह मंदिर उनके साथ जुड़ा हुआ है। इस तरह मंदिर और पहाड़ी का नाम शंकराचार्य पड़ा। कश्मीरी पंडितों की इस मंदिर में गहरी आस्था है। शिवरात्रि के पर्व पर जिसे कश्मीर में हेराथ के नाम से भी जाना जाता है, यहां पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
मंदिर घाटी तल से 300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस मंदिर से पूरे श्रीनगर शहर को देख जा सकता है। मंदिर और निकटवर्ती भूमि राष्ट्रीय महत्व का स्मारक है। इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तहत केंद्रीय रूप से संरक्षित किया गया है। जम्मू कश्मीर के धर्मार्थ ट्रस्ट ने क्षेत्र के अन्य लोगों के साथ मिलकर 19वीं सदी से इस मंदिर का प्रबंधन करता आ रहा है।
अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीर दौरे पर हैं। श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम में ‘विकसित भारत, विकसित जम्मू कश्मीर’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। पीएम मोदी रैली के दौरान 6400 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ व लोकार्पण किया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि तीन दशक तक जिस कश्मीर की घाटी को लहूलुहान किया गया, आज वहां तिरंगा लहरा रहा है। बख्शी स्टेडियम को लेकर कहा कि इस स्टेडियम में 35 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है और फीफा के मानक के रूप में इसका निर्माण हुआ है।
जमशेदपुर : अप्रैल 2023 में कदमा शास्त्रीनगर जटाधारी मंदिर उपद्रव मामले में विश्व हिन्दू परिषद जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, समेत विहिप अधिकारीगण दीपक वर्मा, सुभाष चटर्जी और प्रदीप सिंह को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मंजूर होने के बाद जमशेदपुर निचली अदालत से जमानत मिल गई। विहिप के सदस्यों ने बताया कि धर्म की रक्षा हेतू संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। ऐसे मामलों से किसी भी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरने वाला नही है, कई विहिप अधिकारी और कार्यकर्तागण कोर्ट मे इस मौके पर मौजूद रहे।
रांची डोरंडा गौरी शंकर नगर के रहने वाले भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार रॉय जी मोदी जी का मिशन अगली बार 400 पार के नारे के साथ बिहार के बक्सर जिला पहुंचे वहा उन्होंने चुनाव प्रचार प्रसार का काम जोरो शोर से शुरू किय। वही उन्होंने मोदी जी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाने को लेकर पूजा अर्चना किया और गंगा स्नान भी किया। मौके पर उनके साथ गौतम कुमार रॉय भीम कुंवर, विशाल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है कि मैं ‘विकसित भारत विकसित जम्मू कश्मीर’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कल यानि 7 मार्च को श्रीनगर में रहूंगा।
विभिन्न विकास कार्य भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। उनमें से उल्लेखनीय रुपये से अधिक मूल्य के कार्य हैं। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में एक समारोह में प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर में कृषि-अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए लगभग 5,000 करोड़ रुपये के ‘समग्र कृषि विकास कार्यक्रम’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
I will be in Srinagar tomorrow, 7th March to take part in the ‘Viksit Bharat Viksit Jammu Kashmir’ programme. Various development works will also be dedicated to the nation. Notable among them are works worth over Rs. 5000 crore relating to boosting the agro-economy. Various…
पीएमओ ने बताया कि वह स्वदेश दर्शन और प्रसाद (तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान) योजना के तहत 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यटन क्षेत्र से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें ‘हजरतबल तीर्थ का एकीकृत विकास’ भी शामिल है। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री 52 पर्यटन क्षेत्र की परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे। बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ‘देखो अपना देश पीपुल्स च्वॉइस टूरिस्ट डेस्टिनेशन पोल’ और ‘चलो इंडिया ग्लोबल डायस्पोरा अभियान’ भी शुरू करेंगे। पीएमओ ने कहा कि वह चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के तहत चयनित पर्यटन स्थलों की भी घोषणा करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के लगभग 1,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। इन लाभार्थियों में महिला अचीवर्स, लखपति दीदी, किसान, उद्यमी आदि शामिल हैं।
दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से दौड़ लगा रही भारतीय इकोनॉमी के लिए अब 7 समंदर पार से एक शानदार खबर आई है. दरअसल, ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मूडीज ने 2024 के लिए भारत की विकास दर के अनुमान में भारी इजाफा किया है.
मूडीज के ताजा अनुमान के मुताबिक कैलेंडर ईयर 2024 में भारत का GDP ग्रोथ रेट 6.8 फीसदी रह सकता है. इससे पहले रेटिंग एजेंसी ने इस साल के लिए 6.1 फीसदी की विकास दर का अनुमान लगाया था.
मूडीज ने अपना ये अनुमान अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के उम्मीद से बेहतर आंकड़ों के सामने आने के बाद लगाया है. अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर इस तिमाही में हुए कमाल के बाद कैलेंडर इयर 2023 में भारत की विकास दर 7.7 फीसदी रही है. चौथी तिमाही में भारत का ग्रोथ रेट 8.4 परसेंट था.
ग्लोबल सुस्ती के बीच दमदार रफ्तार! मूडीज इन्वेस्टर्स सर्विस के मुताबिक सरकार का कैपिटल एक्सपेंडीचर पर बढ़ता खर्च और मजबूत मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ ने 2023 में भारत की विकास दर को इस बुलंदी पर पहुंचाया है. भारत की ये रफ्तार इसलिए भी काबिलेतारीफ मानी जा रही है, क्योंकि बीते साल ग्लोबल आर्थिक सुस्ती से लेकर भू-राजनीतिक तनाव तक वैश्विक परिस्थितियां ग्रोथ के लिहाज से माकूल नहीं थीं. मूडीज के मुताबिक खराब परिस्थितियों में भारत के इस प्रदर्शन के बाद सुधरते ग्लोबल हालातों के बीच भारत की आर्थिक ताकत इस साल ज्यादा मजबूत हो सकती है. ऐसे में भारत के लिए इस साल 6-7 फीसदी की विकास दर हासिल करना मुश्किल नहीं होगा.
जी-20 में भारत सबसे तेजी से बढ़ेगा मूडीज ने भरोसा जताया है कि जी-20 देशों में भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा. मूडीज ने 2025 में भारत की GDP ग्रोथ 6.4 परसेंट रहने का अनुमान लगाया है. रेटिंग एजेंसी ने कहा है कि आर्थिक इंडिकेटर्स से पता चल रहा है कि जुलाई-सितंबर और अक्टूबर-दिसंबर तिमाही की मजबूत रफ्तार 2024 की जनवरी-मार्च तिमाही में भी जारी है.
मूडीज ने कहा है कि मजबूत जीएसटी कलेक्शन, बढ़ती वाहन बिक्री, कंज्यूमर कॉन्फिडेंस और डबल डिजिट में हो रही क्रेडिट ग्रोथ से शहरी डिमांड में मजबूती का संकेत मिल रहा है. वहीं मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की PMI में इजाफा ठोस आर्थिक रफ्तार का सबूत है. इसी के साथ जिस तरह से सरकार ने अंतरिम बजट में कैपिटल एक्सपेंडीचर के लिए 11.1 लाख करोड़ रुपये यानी GDP के 3.4 फीसदी के बराबर खर्च करने का लक्ष्य रखा है इससे भी तेज रफ्तार के आगे जारी रहने का भरोसा है. 2023-24 के अनुमान के मुकाबले पूंजीगत खर्च 16.9 फीसदी ज्यादा है.
स्थिर सरकार बनेगा सुपरफास्ट रफ्तार की वजह मूडीज ने चुनावों के बाद देश में स्थिर सरकार बनने और पॉलिसी के मामले में निरंतरता जारी रहने की उम्मीद जताई है. वहीं रेटिंग एजेंसी को भरोसा है कि इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर भी सरकार भारी भरकम खर्च को जारी रखेगी. लेकिन मूडीज ने निजी निवेश की धीमी रफ्तार को चिंता की वजह करार दिया है. हालांकि दुनियाभर में सप्लाई चेन के डायवर्सिफिकेशन को लेकर जारी कसरत का फायदा भारत को मिलने का अनुमान रेटिंग एजेंसी ने जताया है.
इसके अलावा PLI स्कीम्स से भी निवेशकों की भारत में दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है. 2024 में भारत, इंडोनेशिया, मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे कई जी-20 देशों में चुनाव होने वाले हैं. मूडीज ने कहा कि चुनावों के नतीजों का असर देश की सीमाओं के भीतर ही नहीं बाहर भी दिखाई देता है. मूडीज के मुताबिक इन चुनावों में जो नेता चुने जाएंगे उसका असर अगले चार से पांच साल के दौरान घरेलू और विदेशी नीतियों पर साफ दिखाई देगा.
जमशेदपुर : सरायकेला – खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ ओपी आनंद के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ झारखंड सरकार की ओर से दायर याचिका को खारिज कर दी है. गौरतलब है कि अस्पताल के संचालक डॉ ओपी आनंद ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ बयानबाजी कर दी थी. इसके बाद उनके खिलाफ ताबड़तोड़ छापामारी की गयी थी. इसके बाद बन्ना गुप्ता के आदेश पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गयी थी. इसको लेकर एक एपआइआर दायर की गयी थी, जिसके बाद डॉ ओपी आनंद को जेल में रहना पड़ा था. बाद में इस केस को चुनौती देते हुए डॉ ओपी आनंद ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी.
इस याचिका के आलोक में झारखंड हाईकोर्ट ने केस को गलत बताते हुए एफआइआर को ही खारिज कर दी थी. इसके खिलाफ झारखंड सरकार हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. सुप्रीम कोर्ट में भाजपा के जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष बिनोद सिंह के बेटे अधिवक्ता प्रत्युष सिंह ने मामले में डॉ ओपी आनंद के केस की पैरवी की. उनके साथ राकेश रंजन और प्रतीक यादव भी थे. इन लोगों ने केस लड़ा, जिसके बाद जस्टिस ऋषिकेश राय, जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और अपरेश कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई हुई और झारखंड सरकार की याचिका को खारिज कर दिया गया.