
ताजा खबर











जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार अबुआ आवास, बिरसा हरित ग्राम, मंइयां सम्मान योजना की समीक्षा बैठक की गई। उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित वी.सी में सभी बीडीओ, डीपीएम जेएसएलपीएस, एपीओ डीआरडीए, जिला समन्वयक- आवास, डीपीएम पंचायती राज, सभी प्रखंड समन्वयक, पंचायत सचिव तथा अन्य संबंधित जुड़े। बैठक में अबुआ आवास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवंटित लक्ष्य के आलोक में प्राथमिकता सूची के अनुसार लाभुकों को अद्यतन तिथि तक रजिस्ट्रेशन/स्वीकृति नहीं करने पर उप विकास आयुक्त ने अप्रसन्नता जाहिर की। उन्होने सभी प्रखडों को सख्त निर्देश दिया कि 26 सितंबर तक कुल आवंटित 29934 लक्ष्य के विरूद्ध शत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। तक समयावधि तक रजिस्ट्रेशन नहीं होने एवं प्राथमिकता से नीचे के लाभुकों का रजिस्ट्रेशन करने की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई की बात कही गई।


समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अबुआ आवास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृति लाभुकों को प्रथम किस्त/द्वितीय किस्त एवं तृतीय किस्त विमुक्त करने की गति सभी प्रखण्डों में धीमी है। अविलम्ब किस्त भुगतान हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारी/कर्मी को दिया गया। जिला द्वारा निर्गत की जा चुके प्रथम किस्त/द्वितीय किस्त के विरूद्ध आवासों में प्लिन्थ स्तर/लिंटेल स्तर का कार्य तीव्र गति से कराते हुए शतप्रतिशत आवासों का जियो टैग करने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारी/कर्मी को दिया गया।

बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त लक्ष्य के आलोक में 30 सितंबर तक शतप्रतिशत पौधारोपण कराने का निदेश दिया गया है। साथ ही 24 सितंबर से प्रखण्डवार स्थल निरीक्षण करने हेतु जिला स्तरीय टीम को निदेश दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के वैसे लाभुक जिनका बैंक खाता संख्या में त्रुटि/ केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण योजना के तहत राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, उक्त को लेकर बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए लाभुकों के खाते में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की राशि पुन: हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया।

जमशेदपुर : हर वर्ष की भांति मानगो बैकुंठ नगर वास्तु विहार कॉलोनी मे रवि शंकर केपी( मानगो वास्तु विहार साई सेवा समिति के अध्यक्ष) जी के अध्यक्षता में समिति के माध्यम से और बस्ती वासियों के सहयोग से दसवें साई महोत्सव का आयोजन भव्यता पूर्ण किया गया। इस कार्यक्रम में सुबह से ही साई नाथ की पूजा पाठ शाम को साई पालकी यात्रा और रात मे साई आरती भजन के साथ महा प्रसाद का आयोजन किया गया था।


साई महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता, विशिष्ट अतिथि स्वरूप जमशेदपुर शहर के जाने-माने अधिवक्ता सह समाज सेवी सुधीर कुमार पप्पू, सोनारी भाजपा के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी राहुल भट्टाचार्जी, जुगसलाई के समाजसेवी देवेंदर सिंह भाटिया उपस्थित हुए। सभी का सम्मान रवि शंकर केपी ने साई नाथ की अंग वस्त्र पहनाकर किया। अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू और समाजसेवी राहुल भट्टाचार्जी ने रवि शंकर केपी को अंग वस्त्र और साई नाथ की चित्र देकर सम्मानित किया।

दसवें साई महोत्सव कार्यक्रम में अतिथि स्वरूप सोनारी भाजपा के भोलानाथ साहू, बरुन झा, निरेन सरकार, मनसा गोप, कदमा भाजपा के युवा नेता विशाल राय, आकाश बेहरा, अभिषेक कुमार, सुमित जायसवाल और सर्वेश मौजूद हुए। सभी का स्वागत अंग वस्त्र पहना कर रवि शंकर केपी ने किया। पूजा अर्चना के पश्चात सभी लोगो ने मिलकर महाप्रसाद ग्रहण किया। रवि शंकर केपी को हृदय की गहराई से आभार प्रकट करते हुए साई नाथ से उनको और उनके पूरे परिवार पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखने की मंगल कामना की गई।

जमशेदपुर : राष्ट्रीय सनातन सिख सभा के राष्ट्रीय संयोजक अधिवक्ता कुलविंदर सिंह ने जुगसलाई की महान सिख संगत को उनकी शानदार विरासत, इतिहास, मर्यादा पर पहरा देने की अपील की है। कुलविंदर सिंह के अनुसार जुगसलाई और रिफ्यूजी कॉलोनी की सिख संगत की भावना समर्पण की दुहाई हर गुरुद्वारे में दी जाती है कि पंथ के प्रति प्यार समर्पण सीखना है तो इनसे सीखिए, लेकिन जुगसलाई की सिख संगत के अनदेखी के कारण देश-विदेश में जमशेदपुर की बदनामी हो रही है। जुगसलाई नहीं बल्कि सारी संगत जानती है कि शैलेंद्र सिंह को धर्म और पंथिक मर्यादा से कोई मतलब नहीं है बल्कि अपनी राजनीति चमकाते हैं। कभी कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन में वोट देने की अपील करते हैं और कब बीजेपी के बड़े नेताओं के पास जाकर सिखों के लिए टिकट मांगने लगते हैं। यह इतने कमजोर और याचक बन गए हैं कि सामने वाला सिखों को कमजोर समझने लगा है।


तभी तो जब झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनने पर हिदायतुल्लाह खान को बधाई देने गए उन्हें गुरु नानक देव जी की तस्वीर भेंट की, उसने पैरों में चप्पल पहन रखी है और सर भी नंगा है। जो इंसान अपने आप को झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रधान एवं तख्त श्री हर मन्दिर जी पटना साहेब जैसे पवित्र स्थल का पूर्व कार्यकारी प्रधान बताता है, उसकी करतूत से हर सिख का सर झुकता है और शर्मिंदगी का एहसास होता है।

शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा एवं दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल हुए और इन्होंने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की तस्वीर भेंट की।
उसकी फोटो प्रेस में आई है जो सिखों को शर्मसार कर रही है कि राज्य मंत्री ने सर नहीं ढका है और वह श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की फोटो ग्रहण कर रहा है। यहां नित्यानंद राय से यह सिख बहुल इलाका से टिकट देने की मांग करते हैं।

कुलविंदर सिंह के अनुसार उन्होंने हिदायतुल्लाह प्रकरण को सेंट्रल कमेटी के बैठक में उठाया था तो सरदार भगवान सिंह ने भी शैलेंद्र सिंह की हिमायत की थी और उन्हें धक्के मरवा कर बैठक से बाहर करवा दिया था। संगत को समझ जाना चाहिए कि इन्हें पद चाहिए, पंथिक मर्यादा तार तार होती रहे उसे इनको कोई मतलब नहीं है।
अगर जुगसलाई की संगत सही में धर्म प्रेमी है तो उन्हें कमेटी के प्रधान महेंद्र सिंह पर दबाव बनाना चाहिए कि शैलेंद्र सिंह को कमेटी से बाहर का रास्ता दिखाएं क्योंकि उनके कारण पंथ की बदनामी होती है।

जमशेदपुर : सोनारी शांति सद्भावना समिति के सचिव सह अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के पदधारियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि सारा काम जिला पुलिस एवं प्रशासन करती है। केंद्रीय समिति के पदधारी बस फोटो खींचने तथा अखबारों में समाचार देने के लिए झूठी वाह-वाही लेते हैं और अपनी पीठ खुद थपथपाते हैं।

उन्होंने केंद्रीय समिति के अध्यक्ष और महासचिव से पूछा है कि वह बताएं कि जनहित में या पूजा समिति के हित में उन्होंने कौन से काम किए हैं जो उल्लेखनीय रहे हैं।
जब किसी तरह का काम नहीं करना है तो नया सदस्य बनने एवं पूजा समिति से तीन हजार रूपए क्यों लिए जाते हैं और लगभग जमशेदपुर में 400 पूजा समिति से वार्षिक सहयोग शुल्क तीन सौ रुपए क्यों लिया जाता है?
जिला प्रशासन ही घाट की साफ सफाई से लेकर व्यवस्था बनाना और टावर बनाने का काम करता है।

केंद्रीय समिति के पद धारी सिर्फ वहां प्रशासन के सामने अपना चेहरा चमकाते हैं, संगठन के नाम पर अपने हित साधते हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की तत्परता नहीं होने के कारण गत वर्ष में बेली बोधन वाला घाट में घटना घट चुकी है जबकि स्थानीय स्तर पर सारा काम थाना स्तरीय शांति सद्भावना समिति करती है। शांति समिति के पदधारी एवं सदस्य मनोयोग से माँ के श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं।

माँ के आगमन से लेकर विजया दशमी तक जिला प्रशासन के पदाधिकारी और पुलिस के जवान दिन रात अहर्निश सेवा में लगे रहते हैं, जिससे माँ के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। जबकि केंद्रीय समिति के पदाधिकारी अपने राजनीतिक आका के कहने के अनुसार चलते हैं और यहां भी दलीय राजनीति से ऊपर नहीं उठते हैं। क्षेत्र में बैठक के वक्त थाना स्तरीय शांति समिति को अनदेखी कर निर्णय लेते हैं एवं केंद्रीय शांति समिति एवं थाना स्तरीय शांति समिति से भी किसी प्रकार का भी समन्वय स्थापित नहीं किया जाता है।

अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने अध्यक्ष को सलाह दी है कि समितियों एवं श्रद्धालुओं के हित में जितने काम किया जा रहे हैं उन कामों को सार्वजनिक करें, आय व्यय को भी सार्वजनिक करें और इस प्रकार से चंदा लेने का काम बंद करें। नए सदस्यता एवं वार्षिक सहयोग राशि को लेकर पूर्व अध्यक्ष चंद्रनाथ बनर्जी के द्वारा अपने कार्यकाल में विरोध भी किया गया था परंतु अभी वर्तमान केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की कार्यशैली से असंतुष्ट होकर एक समानांतर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति कार्य कर रही है।

जमशेदपुर : बिहार पटना केंद्र स्थित विहिप बिरसा सेवा प्रकल्प झारखंड के अलावा भारत के अनेक राज्य में कार्यरत है। विहिप जमशेदपुर महानगर अंतर्गत धर्म प्रसार आयाम द्वारा सात दिवसीय आरोग्य रक्षक प्रशिक्षण वर्ग जुगसलाई के राजस्थान शिव मंदिर में 22 सितंबर से प्रारंभ हो गया।

मुख्य अतिथि के के रूप में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वर्तमान में पद्मश्री भूषण अवार्ड सम्मानित तथा बिरसा सेवा प्रकल्प के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नारायण सिंह जी द्वारा उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण में लगभग बिहार झारखंड के 50 पंचायत के सुदूर प्रखंडों से महिला प्रशिक्षु प्रशिक्षण में सम्मिलित हुए हैं। वर्ग का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा, संस्कार, आत्मरक्षा, सेवा, योग तथा स्वावलंबन के संदर्भ में प्रशिक्षण देना है। चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण देने वालों में डॉ भोला लोहार, डॉ जे. एन. दास, पुनम रेड्डी, सविता सिंह के अलावा जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से चिकित्सक द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बिरसा सेवा प्रकल्प के राष्ट्रीय मंत्री श्री संजय सिंह जी, बिहार झारखंड क्षेत्रीय मंत्री आनंद जी, डॉ रविंद्र नारायण जी ने प्रकल्प के माध्यम से समाज में महिलाओं की सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समाज की महिला अगर प्रस्तुत होती है, तो पूरा परिवार और समाज प्रशिक्षित होता है। ग्रामीण क्षेत्र मे परिवार के लोग स्वस्थ कैसे रहे छोटी-छोटी जानकारी देने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

उद्धाटन कार्यक्रम मे प्रांत मठ मंदिर प्रमुख देवेंद्र गुप्ता जी, जिला मंत्री चंद्रिका भगत, विभाग संगठन मंत्री श्री मिथिलेश महतो, घाटशिला संगठन मंत्री सुभाष चटर्जी जी, सविता सिंह, मीना सिंह, संजय सिंह, दुर्गावाहिनी रितु शर्मा, धर्म प्रसार प्रमुख एम साईं पदमजा, सह प्रमुख विवेक सिंह जी के अलावा सभी सदस्यगण उपस्थित रहे।

जमशेदपुर : लौह नगरी को शत् प्रतिशत साफ सफाई रखने के लिए टाटा स्टील यूटिलिटी इंफरासटकचर सर्विसेज लिमिटेड के तत्वाधान में साफ-सफाई अभियान के तहत पार्क, स्मारकों, पर्यटक स्थलों को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। इस दौरान कोविड वारियर्स पार्क, जेआरडी कांप्लेक्स क्षेत्र के इर्द-गिर्द, कीनन स्टेडियम परिक्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान के तहत श्री जगन्नाथ महापात्रा मैनेजर, सिनियर सुपरवाइजर क्रमशः सुरेश कुमार, के के राय, धनंजय मुखी, मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के संघ मित्र रंजन कारूवा, सुपरवाइजर रवि मुर्मू, अजय मुखी, वेंडर सुपरवाइजर समस्त, जेआरडी में मैच देखने आए दर्शकगणों एवं कर्मचारियों ने शपथ लिए कि जमशेदपुर लौह नगरी को पूरे भारतवर्ष का सर्वप्रथम स्थान प्राप्ति के लिए अपने कार्य के प्रति पूरी निष्ठापूर्वक सजग होकर अपने आवास परिक्षेत्रों एवं कार्य स्थल पर साफ सफाई हेतु शत् प्रतिशत योगदान देंगे।


साथ ही लोगों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखने का आग्रह करेंगे। अपने घरों के कूड़ा, कर्कट, कचरों को डस्टबिन में डालने के प्रति जागरूक करेंगे। स्वच्छता ही सेवा है 2024 के तहत जमशेदपुर लौह नगरी को शत् प्रतिशत साफ सफाई रखेंगे।


जमशेदपुर : जेएसएससी सीजीएल के एग्जाम होने के कारण जमशेदपुर में कई जगह सेंटर बने है, राज्य के कई जिलों से नौजवान एवं बहने आई है। जिसके कारण उन सब को रात्रि विश्राम की समस्या हो रही थी। कई युवा होटलों के लिऐ परेशान थे। जब इसकी जानकारी युवा सिख नेता सतवीर सिंह सोमू को मिली तो उन्होंने तुरंत साकची गुरूद्वारा कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह एवं महासचिव परमजीत सिंह काले से बात कर साकची कमिटी के सहयोग से साकची गोविंद भवन में रात्रि विश्राम के लिए व्यवस्था की एवं सुबह के लिऐ अल्प आहार की भी व्यवस्था करवाई।


युवाओं को रात्रि विश्राम की जगह मिल जाने पर उन्होंने सतवीर सिंह सोमू का धन्यवाद किया। सरदार सतवीर सिंह सोमू ने कहा की धन्यवाद गुरु महाराज का है, गुरु घर से कोई निराश नही जाता है। गुरु महाराज से सभी के उज्वल भविष्य की कामना की अरदास करता हूँ।


जमशेदपुर : पूर्वी क्षेत्र की समृद्धि का भाव मन में लेकर जनसेवा के उद्देश्यों को पूर्ण करने में सतत प्रयासरत भाजपा नेता शिव शंकर सिंह द्वारा संचालित चलित कार्यालय से लोग लाभान्वित हो रहे हैं। आज सी ब्लॉक बागुनहातु में चलित कार्यालय के माध्यम से वोटर आईडी कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना कार्ड, राशन कार्ड इत्यादि बनवाने सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों के आवेदन प्राप्त हुए।


भाजपा नेता शिव शंकर सिंह ने कहा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए इस ध्येय के साथ लगातार चलित कार्यालय एवं नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है और उन्हें योजना का लाभ लेने में मदद पहुंचाया जा रहा है।

रांची : झारखंड में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के कारण राज्य में इंटरनेट सेवा बंद किये जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है. जिस पर शनिवार को हाईकोर्ट के न्यायधीश जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस अनुधा रावत चौधरी की बेंच ने सुनवाई की. सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार से पूछा कि इंटरनेट बंद करने के लिए क्या पॉलिसी है. क्या सभी परीक्षाओं में इसी तरह इंटरनेट बंद कर दीजियेगा. कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार को चार सप्ताह में एफिडेविट के माध्यम से जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस मामले को लेकर झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राजेंद्र कृष्णा ने इस मामले में याचिका दायर की थी. इसके आलोक में उन्होंने रजिस्ट्रार जेनरल के माध्यम से एक्टिंग चीफ जस्टिस को पत्र लिखा था, जिस पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई.

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता राजेंद्र कृष्णा ने अपना पक्ष रखा और कहा कि इंटरनेट बंद होने से बैंकिंग से लेकर तमाम कार्य प्रभावित हो गया. इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ. इस पर हाईकोर्ट ने कहा है कि अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी. चार सप्ताह में सरकार को जवाब दाखिल कर देना है और यह बताना है कि इसकी नीति क्या है. हाईकोर्ट में कहा कि एक माह में अगर पांच परी3ा होपगे तो क्या पांच बार इंटरनेट सेवा बंद कर दी जायेगी. इस पर खंडपीठ ने कहा कि कोर्ट इस विषय को देखेगी. किन परिस्थितियों में झारखंड में इंटरनेट सेवा बंद की जा सकती है, इस पर कोर्ट फैसला लेगी. हाईकोर्ट ने इंटरनेट सेवा को बंद करने के फैसले पर रोक लगाने से यह कहते हुए इनकार किया और कहा कि आइटी एक्ट 69ए के तह राज्य सरकार को यह अधिकार है कि इंटरनेट सेवा को वह बंद कर सके.

रविवार को भी बंद रहेगी इंटरनेट सेवाएं
रविवार को भी जेएसएससी की परीक्षा है. लिहाजा, पूरे राज्य में सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 3.30 बजे तक इंटरनेट सेवाओं को बंद रखा जायेगा. दो दिनों के लिए इंटरनेट सेवा को बंद किया गया था. शनिवार को भी इंटरनेट सेवाएं बंद थी. शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद थी, लेकिन अब रविवार को ज्यादा समय के लिए इंटरनेट सेवाओं को बंद रखा जायेगा. इससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है.


राँची : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ लगातार प्रदर्शन जारी है और इसी क्रम में रांची में शुक्रवार को हुए प्रदर्शन में जमशेदपुर के सिखों ने जबर्दस्त भागीदारी दी।
इस प्रदर्शन में युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने सिखों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सिख और पंथ को लेकर कांग्रेस हमेशा ही नफरत की धारणा बनाती रही है। 1984 का जख्म भरने नहीं देते हैं। कांग्रेस के बड़े और छूटभैया नेता अपने पियानो से सिखों के जख्म को कुरेद कर उसमें मिर्च डालते रहते हैं।
मंत्री बन्ना गुप्ता की हरकत भी यही दर्शती है, उक्त माफी नहीं मांगते हैं तो एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल से मिलकर उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने का मांग करेगा।


इस मौके पर मुख्य रूप से सतवीर सिंह ‘सोमू’ के नेतृत्व में चंचल भाटिया, रविंद्र सिंह रिंकू, जगतार सिंह, अमरदीप भाटिया, तरविंदर भाटिया, दलजीत सिंह, परमजीत सिंह रोशन, हरजीत सिंह, हरविंदर सिंह, अजायब सिंह, सन्नी सिंह, अमनदीप भाटिया, कमलजीत सिंह ,सन्नी खान, उज्वल कुमार, अवतार सिंह, राजदीप सिंह समेत सैंकड़ों की संख्या में सिख भाई उपस्थित थे।
