मेराल/गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र स्थित लातदाग के शिवनंदन फ्यूल पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया और मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को एहतियातन सील कर दिया है। इसके साथ ही पंप संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।
₹200 अतिरिक्त मांगने का वीडियो हुआ था वायरल
शिकायत के अनुसार, उक्त पेट्रोल पंप पर गैलन में पेट्रोल-डीजल लेने आने वाले उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक की अवैध वसूली की जा रही थी। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें पेट्रोल पंप कर्मी गैलन में तेल देने के एवज में उपभोक्ताओं से लगभग 200 रुपये अतिरिक्त मांगते नजर आ रहे थे।
मामला संज्ञान में आते ही उपायुक्त (डीसी) अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया और मामले की सत्यता जांचने के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त टीम का गठन किया।
जांच में सही पाए गए आरोप, मौके पर ही हुई कार्रवाई
एसडीएम के निर्देश पर मेराल के अंचल अधिकारी (CO), थाना प्रभारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने लातदाग स्थित पेट्रोल पंप पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान मौके पर ही उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलने के आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में स्पष्ट पाया गया कि कर्मियों द्वारा प्रति गैलन ₹200 की अवैध वसूली की जा रही थी। रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया और पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके साथ ही संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: एसडीएम
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं का शोषण और नियमों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता के हितों से खिलवाड़ करने वाले डीलरों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के एरिया सेल्स मैनेजर को भी दे दी गई है ताकि विभागीय स्तर पर भी डीलरशिप के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
इस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी यशवंत नायक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
– तीसरी धारा न्यूज











