बहरागोड़ा/जमशेदपुर: झारखंड के बहरागोड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर एक बेहद शक्तिशाली और जिंदा बम मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह बम “अमेरिकन मेड” बताया जा रहा है, जिसकी पहचान AN-M-64 (500 LB) मॉडल के रूप में हुई है। बम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी के किनारे स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध धातु की वस्तु देखी, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और विशेषज्ञ टीम ने जब इसकी जांच की, तो पता चला कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का या किसी पुराने सैन्य ऑपरेशन का एक शक्तिशाली बम है। 500 पाउंड (लगभग 227 किलो) वजन का यह बम काफी विनाशकारी क्षमता रखता है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, इलाका सील
झारखंड पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्वर्णरेखा नदी तट के आसपास के बड़े हिस्से को सील कर दिया है। आम लोगों के वहां जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।
निष्क्रिय करने के लिए सेना से संपर्क
बम की अत्यधिक क्षमता और तकनीक को देखते हुए, झारखंड पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने इसे स्थानीय स्तर पर निष्क्रिय करने के बजाय भारतीय सेना से विशेषज्ञ मदद मांगी है। सेना की ‘ऑर्डनेंस कोर’ या बम निरोधक टीम के जल्द ही बहरागोड़ा पहुंचने की संभावना है, जो इस ‘जिंदा’ बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज (निष्क्रिय) करेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज










