जमशेदपुर (तीसरी धारा न्यूज):
टाटा स्टील के अंतर्गत कार्यरत वेंडर कंपनी SNS इंडस्ट्रीज में कार्यरत एक ठेका मजदूर की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने और फिर अस्पताल में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। इस दुखद घटना के बाद बर्मामाइंस के भक्तिनगर निवासी मृतक मजदूर सत्य नारायण निषाद के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू ने कड़ा रुख अपनाया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, विगत मंगलवार को सत्य नारायण निषाद ‘बी’ शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर कंपनी गेट से आउट पंच करके बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। कंपनी के सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल टी.एम.एच (TMH) पहुँचाया, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विधायक की त्वरित कार्रवाई और प्रबंधन से वार्ता
घटना की सूचना मिलते ही विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल SNS इंडस्ट्रीज के प्रबंधन से टेलीफोनिक वार्ता की और स्पष्ट शब्दों में मांग रखी कि मृतक के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा, आर्थिक सहयोग और भविष्य की सुरक्षा प्रदान की जाए।
बैठक में हुआ बड़ा फैसला: मुआवजा और नौकरी पर बनी सहमति
विधायक के निर्देशन में आज भक्तिनगर, बर्मामाइंस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में SNS इंडस्ट्रीज प्रबंधन के प्रतिनिधि, मृतक के परिजन, बस्तीवासी, पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, और मंडल अध्यक्ष रितेश झा उपस्थित रहे।

बैठक के मुख्य निर्णय:
- 13 लाख रुपये की कुल सहायता राशि मृतक के परिजनों को प्रदान की जाएगी।
- दाह संस्कार और श्राद्धकर्म के लिए तत्काल आर्थिक सहयोग दिया गया।
- मृतक के पुत्र को SNS इंडस्ट्रीज में स्थायी नौकरी देने पर प्रबंधन ने सहमति जताई है।
क्षेत्र में विधायक की सराहना
मजदूर की असामयिक मृत्यु से बस्ती में शोक की लहर थी, लेकिन विधायक की सक्रियता से पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिलने पर बस्तीवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नेताओं ने कहा कि विधायक के हस्तक्षेप के कारण ही प्रबंधन इतनी जल्दी सम्मानजनक मुआवजे के लिए तैयार हुआ।
रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज डेस्क











