एक नई सोच, एक नई धारा

जमशेदपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: सीतारामडेरा बस स्टैंड से 26 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

1002514559

जमशेदपुर: लौहनगरी में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड के पास छापेमारी कर 26 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

1002514559

साढ़े तीन लाख का गांजा बरामद

​वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास कुछ लोग भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर कहीं निकलने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की गई और दो संदिग्धों को दबोच लिया गया।

उड़ीसा से बिहार-बंगाल तक फैला नेटवर्क

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान विश्वजीत विश्वास और मो. ताबीज के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तस्करों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वे यह खेप उड़ीसा से लेकर आए थे और इसे बिहार एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की योजना थी।

पूरे सिंडिकेट को खंगाल रही पुलिस

​एसएसपी पीयूष पांडे ने अंदेशा जताया है कि इस तस्करी के पीछे एक बड़ा और संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अब इन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि उड़ीसा में यह माल किसने दिया और बिहार-बंगाल में इसके रिसीवर कौन थे।

​”नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। हम इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।” – पीयूष पांडे, एसएसपी

​इस सफल कार्रवाई के बाद से शहर के अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज